साइबर सेल और एसओजी टीम के हत्थे चढ़ा साइबर ठग

0
1385

अल्‍मोड़ा। पुलिस ने साइबर क्राइम करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को उत्तरप्रदेश के गोंडा से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से पंद्रह सौ रुपये की नगदी और वारदातों में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की गई है। एसएसपी ने पुलिस की इस सफलता पर टीम को ढ़ाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

अल्मोड़ा के पांडेखोला निवासी किरन साह के एसबीआइ बैंक के खाते से 1.83 लाख रुपये निकाले गए। इसके अलावा एक और व्यक्ति के पीएनबी के खाते से 43 हजार रुपये पर हाथ साफ किए थे। पांच नवंबर को पीडि़तों ने अल्मोड़ा कोतवाली में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद अल्मोड़ा साइबर सेल समेत एसओजी की टीम ने तफ्तीश शुरू कर दी थी।

पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से इस गैंग से जुड़े लोगों का उत्तर प्रदेश के गोंडा में होना पाया। टीम ने गोंडा पहुंचकर गैंग में शामिल राहुल त्रिपाठी (34) पुत्र चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, निवासी ग्राम जोगापुर, थाना मनकापुर(गोंडा) को हिरासत में ले लिया। एसएसपी पी रेणुका ने बताया कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। पकड़े गए अभियुक्त ने बताया कि नवनीत शुक्ला और शरद मिश्रा भी इन वारदातों में उसके साथ शामिल थे। इन तीनों शातिरों पर उत्तर प्रदेश में भी आइटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत हैं। इन मामलों में वह जमानत पर  है।