मायके से गई ससुराल, सुबह पहुंची मौत की खबर

0
735

गदरपुर। गदरपुर की एक युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती की मौत जहर के सेवन से हुई है। उसका पति उसे मृतावस्था में जिला अस्पताल लाया था। वह यहां शव छोड़ कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार गदरपुर निवासी अमन दो दिन पूर्व ही कल्लन के मकान में किराए पर आया था। अमन अभी 19 वर्ष का है, जबकि उसकी पत्नी कविता की उम्र 26 वर्ष के आस पास है। कविता पर दो लड़कियां हैं। बीती रात कविता की घर में ही हालत बिगड़ी तो उसे अमन जिला अस्पताल लेकर चला, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में कविता को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जाता है कि कविता ने कोई जहरीला पदार्थ खाया है। पति शव को छोड़ कर गायब हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। कविता का मायका गूलरभोज की केनाल कालोनी नंबर दो में है। बताया जाता है कि कविता कल सुबह अपने मायके गई थी, लेकिन शाम को अमन ने उसे वापस घर बुला लिया। घर पहुंच कर क्या बात हुई इसका पता किसी को नहीं है। कविता के पिता मुन्नी लाल को आज सुबह बेटी की मौत की खबर मिली। बताया जाता है कि अमन के मां बाप की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह अपनी रिश्तेदारों के यहां रहता रहा है। वह हलवाई का कार्य करता है। पोस्टमार्टम हाउस पर कविता के एक रिश्तेदार ही मिले, जिन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। गदरपुर पुलिस का कहना है कि उनके पास अभी इस घटना के बावत कोई जानकारी नहीं है।