Page 674

ढ़ाई हजार स्कूली बच्चों को दिखाई बाल फिल्म

0

बाल फिल्म कार्यक्रम के तीसरे दिन बुधवार हाॅल सिलवर सिटी, पीवीआर सिनेमा, बिग सिनेमा, मूवी लांउग सिनेमा, मुक्ता सिनेमा, गिल्ट्ज सिनेमा तथा रामा पैलेस ऋषिकेश में लगभग 2500 स्कूली बच्चों को अलग-अलग बाल फिल्में दिखाई गयी ।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय केन्द्र सरकार की स्वायत संस्था ‘‘बाल चित्र समिति’’ द्वारा बच्चों को मनोरंजन के साथ ही भविष्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में 17 जुलाई से 22 जुलाई तक फिल्म बोनांजा का आयोजन किया जा रहा है। सिनेमाघरों में प्रतिदिन सुबह के शो में बाल फिल्म दिखाई जा रही है।
फिल्म बोनांजा में लगी शर्त,लुक्का छुप्पी, द गोल पप्पू की पगडंडी, आसमान से गिरा, हैप्पी मदर डे’ फिल्म दिखाई जा रही हैं।

मगरमच्छ के जबड़े से जीती जंग 

0
कहते हैं जाको राखे सांईयां मार सके ना कोय, इस कहावत को चरितार्थ कर दिया एक किसान के बेटे ने जो मौत के मुंह से निकल कर बाहर आया और वो भी मगरमच्छ से जंग करके। जी हां,खेत में काम कर र‌हे किसान के बेटे के पीछे चुपके से आए मगरमच्छ ने उसे जबड़े में दबाया और नाले में खींचकर ले गया। घटना ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता की है जहां खेत में काम कर रहे किसान के बेटे पर मगरमच्छ ने हमला किया और उसे जबड़े में दबाकर नाले में खींच ले गया।
लेकिन खेत में मौजूद परिवार वालों ने हार नहीं मानी और गुरचरन को मगरमच्छ के मुंह से सकुशल निकाल लिया। गुरचरन सिंह, बिडौरा खकरा नाले के समीप परिजनों के साथ खेत में गया था। इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला बोल दिया। मगरमच्छ ने गुरचरन को जबड़ों से पकड़कर नाले में खींच लिया, उसकी चीख पुकार सुनकर उसके पिता और आसपास के खेत में काम कर रहे किसानों ने नाले में छलांग लगा दी।  और जिसके हाथ जो लगा उससे मगरमच्छ पर वार करना शुरु कर दिया।
वार से घायल मगरमच्छ ने गुरचरन को छोड़ दिया और भाग निकला। ग्राम प्रधान जरनैल सिंह ने बताया कि गुरचरन के पैर, गर्दन व पेट में गंभीर घाव हो गए हैं। उसे स्वास्थ्य केंद्र नानकमत्ता में भर्ती कराया गया हैं, डॉक्टरों प्राथमिक उपचार के बाद उसे सितारगंज सामुदायिक केंद्र रेफर कर दिया। इ

हरीश रावत की सेल्फी बनी चर्चा का विषय

0

क्या मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की मुहिम का हिस्सा बन गये पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत या फिर ये उनका कोई राजनैतिक स्टंट हैं? मगर जो भी हो, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एकबार फिर से चर्चाओं में है। इस बार उनके चर्चाओं में रहने की वजह बनी है हरेला पर्व। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक मुहिम शुरू की थी ‘सेल्फी फ्रॉम मार्इ विलेज’। जिसमें उन्होंने सभी से अपील की थी कि वो अपने पैतृक गांव जाकर समय बिताए।

जिसके बाद पूर्व सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की इस अपील को स्वीकार कर अपने गांव मोहनरी, अल्मोड़ा जाकर हरेले में भागीदारी की है। सत्ता के गलियारे से बाहर रहते हुए भी पूर्व सीएम हरीश रावत हमेशा ही समुदाय के साथ सहभागिता और लोगों के बीच रहते हैं। आम, काफल और चाय पार्टी के बाद इस बार हरीश रावत गांव में हरेला पर्व मनाने को लेकर चर्चा में हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रावत ने शहरों और महानगरों में रहने वाले लोगों से 31 मई को अपील करते हुए कहा था कि गर्मियों में लोग अपने परिवार के साथ पैतृक गांव जाएं। सोशल मीडिया के माध्यम से की गई अपील में सीएम ने कहा था कि इससे गांवों में आवागमन बढ़ेगा और लोगों का अपने गांव, भाषा व संस्कृति से जुड़ाव होगा। इसके लिए सीएम ने ‘सेल्फी फ्रॉम माई विलेज’ हैशटैग का इस्तेमाल करने को कहा था। सीएम की अपील के बाद फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर लोगों ने फोटो शेयर करना शुरू भी कर दिया।

‘अपणु उत्तराखंड, प्यारु उत्तराखंड’ नाम से शुरू की गई मुहिम से पूर्व सीएम हरीश रावत भी जुड़ गए। पूर्व सीएम रावत ने ट्विटर और फेसबुक पर अपने गांव मोहनरी से फोटो शेयर की है। हरीश रावत ने अपने पैतृक गांव में हरेला पर्व मनाकर वन विभाग की टीम के साथ पौधरोपण भी किया।

बर्ड-डे पार्टी बनी मौत का कारण

0

रानीबाग के अमृतपुर, हलद्वनी में एसएसबी कैम्प के पास दोस्तो के साथ नहा रहा एक युवक गोला नदी में बह गया। काठगोदाम और भीमताल थाना पुलिस ने युवक को तलाश शुरू कर दी है। अभी उसका पता नहीं चल सका है।

पंतनगर नगला के रहने वाले सात दोस्तों के यह युवक एक दोस्त की बर्थडे पार्टी मनाने अमृतपुर आया था। जवाहरनगर नगला पंतनगर में रहने वाले शुभम कुमार  का आज जन्मदिन है। बर्थडे पार्टी मनाने के लिए शुभम के साथ ही जवाहरनगर निवासी अभिषेक जोशी, गिरिश चंद्र, पवन कुमार, कमल साम्य, ओमप्रकाश जोशी और शिवम मौर्या अमृतपुर आये थे।

सभी एसएसबी कैम्पस के पास गोला नदी में नहा रहे थे। तैरना जानने की बात कहकर अभिषेक नदी के बीच मे चला गया। करीब 12.45 बजे वह पानी के तेज बहाव के साथ बह गया, आधा किलोमीटर तक नदी किनारे दोस्त उसके पीछे गए। बहाव के साथ अभिषेक के गायब होने पर दोस्तों ने एसएसबी जवानों को सूचित किया।

काठगोदाम थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से अभिषेक की तलाश की जा रही है। अभिषेक तीन भाई बहनों में इकलौता पुत्र था। उसकी दो छोटी बहने हैं। अभिषेक के पिता प्रकाश चंद्र जोशी बाजपुर शुगर मिल में काम करते हैं।

एटीएम साइबर अटैक : शिकायत में देरी पड़ेगी भारी

0

देहरादून में साइबर अटैक के चलते अभी तक लोगों को तकरीबन 25 लाख का चूना लग चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों का शिकार अगर आप भी बने हैं तो बेहतर होगा कि सबसे पहले संबंधित बैंक में शिकायत दर्ज कराएं। समय से शिकायत करने पर न सिर्फ आपकी शिकायत पर कार्रवाई होगी बल्कि आपका पैसा भी बैंक अपने स्तर पर लौटाने का कार्य करेगा।

देहरादून में लोगों के बैंक खातों से लगातार पैसे गायब हो रहे है। पुलिस और बैंक ही नहीं आरबीआई तक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। ऐसे में अगर आपके खाते से भी पैसा गायब हुआ है तो बेहतर होगा इसकी शिकायत जितनी जल्दी हो सके बैंक में कर दें, ऐसा न करना आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। दरअसल, आरबीआई के नियम के अनुसार अगर बैंक ग्राहक के साथ धोखाधड़ी होती है तो ऐसे तमाम ऑनलाइन ट्रांजेक्शन फ्रॉड का खामियाजा बैंक ही भुगतेगा। आरबीआई की जीरो लायबिलिटी पॉलिसी के तहत बैंक ऐसे मामलों में भुगतान करेंगे। हालांकि इसके लिए ठगी होने के तीन दिन के अंदर ग्राहक को अपने बैंक में शिकायत करनी होगी। ऐसा करने पर बैंक पूरी रकम की भरपाई करेगा। इसके अलावा यदि शिकायत में चार से सात दिन का समय लगात है तो इस स्थिति में रकम से 05 हजार रुपये की कटौती कर दी जाएगी।

पीएनबी के सभी खाते इंश्योर्ड 
पंजाब नेशनल बैंक की बात करें तो यहां सभी खातों का बीमा कराया गया है। ऐसे में यदि किसी खातेधारक के साथ कोई इस प्रकार की ठगी हो जाती है तो यहां भी तीन दिन के अंदर उसे संबंधित शाखा में संपर्क कर शिकायत करनी होगी। ऐसा न करने पर बैंक उस राशि का क्लेम स्वीकार नहीं करेगा। बैंक के मंडल प्रमुख अनिल खोसला ने बताया कि शिकायत का तीन दिन का समय उस वक्त से शुरू हो जाएगा, जिस वक्त ग्राहक को उसके खाते से हुए ट्रांजेक्शन की जानकारी मिल जाएगी। ग्राहक को एसएमएस, ईमेल या बैंक स्टेटमेंट से इसकी जानकारी मान्य होगी। उन्होंने बताया कि सभी तरह के ई-ट्रांजेक्शन पर बैंक की यह नीति लागू होगी।

अब तक सामने आ चुके हैं 89 मामले 
देहरादून में एटीएम के जरिए खातों से उड़ाई गई रकम का आंकड़ा 25 लाख के पार पहुंच गया है। मंगलवार देर रात तक अलग-अलग थानों में कुल 89 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। लगातार घटित हो रहे इन मामलों को लेकर आरबीआई ने भी चिंता व्यक्त की है। साथ ही बैंकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने पर आरबीआई ने बैंकों को भी फटकार लगाई है। इतना ही नहीं ऐसे मामलों गंभीरता से न लेने वाले अधिकारियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पारिवारिक आय बढ़ाने को टाटा से करार

0

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति में बुधवार को सचिवालय में टाटा ग्रुप और राज्य सरकार के मध्य एक ज्वाइंट डिक्लेरेशन साइन किया गया। राज्य सरकार की ओर से मुख्य सचिव एस रामास्वामी एवं टाटा ग्रुप की ओर से सीओओ वी रामास्वामी ने घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किये।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने टाटा ट्रस्ट को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड विकास के लिए हर पहल का स्वागत करती है। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि राज्य में क्लस्टर चिन्हित कर के नियोजित तरीके से योजनाओं को लागू किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा विशेष रूप से कृषि, औद्यानिकी, कुटीर उद्योग, डेरी, पशुपालन में क्षेत्र विशेष की भौगोलिक परिस्थितियों और वहां की जलवायु के अनुसार योजना बनाई जाय। मुख्यमंत्री ने कौशल विकास के क्षेत्र में टाटा ट्रस्ट के द्वारा निर्धारित लक्ष्य को और बढ़ाने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि कैन्सर अस्पताल के लिए भूमि का प्रबंध भी शीघ्र कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने टाटा ट्रस्ट द्वारा प्रस्तावित सभी कार्याें के लिये सुस्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने की अपेक्षा व्यक्त की, जिससे एक समय सीमा के भीतर किये जा रहे कार्यांे का प्रभाव नजर आयें। मुख्य सचिव एस रामास्वामी ने कहा कि ज्वाइंट डेक्लरेशन के बाद शीघ्र ही एक विस्तृत एमओयू भी साइन किया जाएगा।
घोषणापत्र के अनुसार टाटा द्वारा राज्य में संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के साथ सहभागिता करते हुए प्रदेश के 05 जिलों में आगामी 05 वर्षों में 12,500 परिवारों की वार्षिक आय को एक लाख रुपए से अधिक किया जायेगा। टाटा द्वारा कौशल विकास के लिए अपनी महत्वाकांक्षी योजना ‘स्ट्राइव’ के अंतर्गत कुमाऊ में पिथौरागढ़ एवं गढ़वाल में चमोली जिले में कौशल विकास केंद्र स्थापित किया जायेगा। इन केन्द्रों में युवाओं को हॉस्पिटैलिटी, हेल्थ केयर, ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में रोजगार परक प्रशिक्षण प्रदान किये जाने के साथ ही 21वीं सदी के अनुसार शहरी क्षेत्रों के अनुरूप जीवन कौशल का भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिससे युवाओं को स्थाई आजीविका प्राप्त करने में सहयोग प्राप्त हो सके। राज्य सरकार द्वारा दोनों केन्द्रों के लिये भवन चयनित कर लिया गया है।
घोषणा पत्र में कहा गया है कि टाटा ट्रस्ट द्वारा राज्य सरकार के सहयोग से पूर्ण विकसित कैंसर केयर केंद्र स्थापित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र को डिजिटल विलेज में परिवर्तित करने का लक्ष्य भी रखा गया है। इसके अंतर्गत ग्रामीणों को नगदी डेबिट/क्रेडिट कार्ड आदि रखने की आवश्यकता नहीं होगी। सभी लेन-देन आधार से जुड़े बैंक खाते के माध्यम से किए जा सकेंगे। वर्तमान में टाटा द्वारा चमोली के कालेश्वर और देहरादून के थानों में डिजी कैश पर कार्य किया जा रहा है जहां ग्रामीणों को प्वाइंट आॅफ सेल पर भीम आधार ऐप हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है। टाटा द्वारा ओपन इग्नाइट योजना के अंतर्गत प्रदेश में विज्ञान के छात्रों को सॉफ्टवेयर स्किल्स में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिससे इन छात्रों को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव मनीषा पंवार, सचिव मुख्यमंत्री राधिका झा, पूर्व एफआरडीसी विभापुरी दास सहित शासन एवं टाटा ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

केन्द्र की मध्यस्थता का मिला लाभ, उतराखंड को मिलेंगे 3000 हजार करोड़

0

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश ने परिसंपत्तियों के विवाद के निपटारे की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं। केंद्र सरकार की मध्यस्थता में दोनों राज्यों के आलाधिकारियों की बैठक में छह वर्षों से उत्तर प्रदेश से अटकी पड़ी पेंशन का मसला सुलझ गया है। उत्तराखंड को अब 31 मार्च, 2017 तक उत्तरप्रदेश से करीब 2933.13 करोड़ धनराशि के भुगतान का रास्ता साफ हो गया है।
राज्य सरकार इस फैसले से खासी राहत महसूस कर रही है। उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के मसले में उत्तराखंड के बैकफुट पर रहने के विपक्ष के आरोपों का जवाब देने में भी सरकार सक्षम हो गई है।
बतातें चले कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्तियों का विवाद लंबे अरसे से बरकरार है। इस विवाद को सुलझाने के लिए राज्य की सरकारों को अब तक कोई खास कामयाबी नहीं मिली है। बीते दिनों परिसंपत्तियों के मामले में उत्तराखंड के हाथ ज्यादा कुछ नहीं लगने के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार पर जमकर निशाना साधा था। अब केंद्र की पहल के बाद राज्य सरकार को राहत मिली है। दोनों राज्यों के बीच पेंशन दायित्वों के विभाजन के प्रकरण कई वर्षों से लंबित चल रहे थे। महालेखाकार, देहरादून की ओर से इस संबंध में कुछ आपत्ति उठाने के कारण एक अप्रैल, 2011 से उत्तर प्रदेश पेंशन राशि की प्रतिपूर्ति उत्तराखंड को नहीं कर रहा है।
राज्य की नई त्रिवेंद्र सरकार ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय से आवश्यक कार्यवाही का अनुरोध किया था। इसके बाद बीती 10 जुलाई को गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव की पहल पर दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि पेंशन दायित्व के भुगतान को लेकर कट ऑफ डेट तय नहीं की जा सकती।
यह भी तय हुआ कि उत्तर प्रदेश पेंशन की 2933.13 करोड़ राशि का भुगतान करेगा। इसके तहत निकट भविष्य में वित्त विभाग की ओर से पेंशन की लंबित राशि की मांग उत्तर प्रदेश सरकार से की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के साथ पेंशन भुगतान का मसला सुलझने से राज्य सरकार की बांछें खिली हुई हैं। राज्य सरकार की केंद्र की मध्यस्थता में की गई पहल कामयाब होने से सत्तारूढ़ भाजपा को भी कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार का मौका मिल गया है। अब पेंशन की बड़ी धनराशि मिलने से उत्तराखंड को बड़ी परेशानी से निजात मिल सकेगी। साथ ही इस मामले पर जारी सियासत में उसे बैकफुट पर नहीं जाना पड़ेगा।

हंस फाउंडेशन के साथ शुरु होगा मिड डे मील पाइलेट प्रोजेक्ट

0

डोईवाला में मिड डे मील के लिये सेन्ट्रलाइज किचन पाइलट प्रोजेक्ट के रूप हंस फाउण्डेशन के सहयोग से आरम्भ किया जाएगा। हंस फाउण्डेशन राज्य में कम्युनिटी टाॅयलेटस बनाने, 95 माॅडल स्कूल विकसित करने, विद्यालयों में स्मार्ट कलासेज, लैब तथा लाइबे्ररी स्थापित करने, ई-लर्निग को प्रोत्साहित करने, 10 हजार घरों में विद्युतीकरण करने, कृषि को बढ़ावा देने में सहायता करेगीं।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से बुधवार को सचिवालय में हंस फाउण्डेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जनरल एस.एन.मेहता ने भेंट की। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार राज्य में पलायन  रोकने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार में सुधार पर विशेष फोकस कर रही है। राज्य में संतुलित विकास सुनिश्ति करने हेतु योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ सरकारी तंत्र में अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु सख्त रूख अपनाया जाएगा। श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आने वाले समय में कड़े फैसले लिए जाएगे, हमें जनता का साथ चाहिए।

पाकिस्तानी देशभक्ति गीत शेयर करने पर मसूरी में बीजेपी का हंगामा

0

मसूरी में एक व्यापारी के पाकिस्तान की पोस्ट शेयर करने पर हंगामा हो गया। बीजेपी नेता इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत करने पहुंच गई। मसूरी के कुलड़ी में एक व्यापारी, मंसूर अहमद जोकि 59 साल के है का कहना है कि ‘मेरा अकाउंट हैक हो गया था और उसके बाद पाकिस्तानी पोस्ट शेयर हो गया।’

ये पाकिस्तान का एक देशभक्ति गीत है जिसे एक बच्चे ने सार्वजनिक कार्यक्रम में गाया है और इसमें दर्शकों में सैन्य अधिकारियों को बैठा देखा जा सकता है।

इसकी ख़बर मिलते ही स्थानीय व्यापारी और बीजेपी नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने इस मामले में व्यापारी के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की।

बीजेपी की लिखित शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है,एसआई,राजीव रौथान,मसूरी ने कहा कि,”ऐसा बताया गया है कि एफबी आईडी हैक हो गई है ,इसकी जांच साइबर सेल से करवाई जाएगी”।

रिलीज से पहले लीक हुई ‘टॉयलेट एक प्रेमकथा’

0

अगस्त को रिलीज होने जा रही अक्षय कुमार की फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ के बारे में खबर मिली है कि फिल्म के रिलीज होने से पहले ही इंटरनेट पर इस फिल्म को लीक कर दिया है। फिल्म के निर्माताओं की ओर से क्राइम ब्रांच में ये मामला दर्ज करा दिया है और इस आधार पर पुलिस ने फिल्म से जुड़े एक ट्रेनर से पूछताछ की है।

इस ट्रेनर के बारे में कहा जा रहा है कि उसके पास से पैनड्राइव में ये पूरी फिल्म मिली है। पुलिस ने इस ट्रेनर से कड़ी पूछताछ की है और साथ ही साइबर क्राइम शाखा को भी इस केस में शामिल करते हुए निर्देश दिए गए हैं कि इस फिल्म की पाइरेसी रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं। महाराष्ट्र शासन द्वारा गठित एंटी पाइरेसी स्कॉवयड को भी इस मामले में चौकन्ना रहने को कहा गया है।

इससे पहले अनुराग कश्यप की फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ और फिर इंद्र कुमार की फिल्म ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’ के रिलीज होने से पहले ही लीक होने से काफी हंगामा हुआ था। अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर की मुख्य जोड़ी वाली इस फिल्म को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। फिल्म में सुधीर पांडे और अनुपम खेर भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।