Page 475

आरएसएस ने नगर में किया पथ संचलन

0

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पथ संचलन किया। स्टेडियम से शुरू हुआ पथ संचलन संघ कार्यालय गोपेश्वर तक पहुंचा। नये गणवेश और दंड तथा घोष के साथ आरएसएस के इस पथ संचलन में बाल स्वयंसेवक से लेकर हर उम्र के स्वयंसेवक मौजूद थे। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से निकला यह पथ संचलन मुख्य बाजार से गुजरते हुए गोपेश्वर मंदिर और संघ कार्यालय तक पहुंचा।

जिला बौद्धिक प्रमुख शंभुप्रसाद तिवारी ने बताया कि पथ संचलन संघ की परंपरा के अनुसार विजया दशमी के अवसर पर हर वर्ष निकाला जाता है। पथ संचलन का जगह-जगह स्वागत किया गया। इससे पूर्व संघ कार्यालय में पथ संचलन को कुशलता से निकलने पर विचार विमर्श हुआ।

राज्य आंदोलन की घटनाओं का छात्रों ने किया चित्रांकन

0

उत्तराखंड राज्य के लिए शहीद हुए आंदोलनकारियों और मुजफ्फरनगर कांड में शहीद हुए राज्य आंदोलनकारियों की याद में मुख्यालय गोपेश्वर में अलग तरीके से याद किया। बच्चों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन की घटनाओं को अपनी तुलिका से चित्रांकित किया तो राज्य आंदोलन के एतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी लगायी गई।

अगस्त्यमुनी रुद्रप्रयाग की प्रकृति संस्था व अजीमप्रेम जी फाउंडेशन गोपेश्वर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने राज्य आंदोलन की घटनाओं का सुंदर चित्रांकन किया। जो अद्भुत रहा। सिमरन नेगी, इशिता नेगी, आयुष बिष्ट, दिव्य रावत, अभिनव बिष्ट, निशिता नेगी, कुलदीप, चिराग, वैभव के चित्रों ने राज्य आंदोलन की घटना को हुबहु केनवास पर उतारा।

आयोजन स्थल पर दोे अक्टूबर की घटनाओं के दस्तावेज देखने के लिए भारी संख्या में लोग जुटे। राज्य आंदोलनकारी इंद्रेश मैखुरी, मनीष नेगी ने शहीदों के चित्रों का माल्यापर्ण व दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में गजेंद्र रौतेला, दिपक बैंजवाल, मंजू बिष्ट, रोशन लाल, जगमोहन चोपतियाल, शशि देवी, विजय वशिष्ठ आदि शामिल रहे।

विधायक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

0

रुद्रपुर। मारपीट और गाली-गलौज में विधायक ठुकराल की एनसीआर कटी रुद्रपुर। धमकी देने के आरोपी की कोतवाली में हुई पिटाई के मामले में पुलिस ने विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मेरठ निवासी सतीश शर्मा की ओर से दी गई तहरीर में उन्होंने कहा कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 28 सितम्बर को पूछताछ कर धारा-41 का नोटिस तामिल कराकर रिहा कर दिया था। इसके बाद वह बाहर आया तो विधायक राजकुमार ठुकराल ने उससे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। मामले में पुलिस ने धारा 323, 504 के तहत विधायक ठुकराल के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
एसएसपी सदानंद दाते ने बताया कि विधायक की एनसीआर काटी गई है। उधर, इस संबंध में विधायक ठुकराल का कहना है कि उन्हें पुलिस जांच में भरोसा है। जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

सबसे ऊंचाई पर फहरेगा तिरंगा झंडा

0

हल्द्वानी। शहर का मान-सम्मान बढ़ाने वाली एक बड़ी उपलब्धि रविवार सायं हल्द्वानी के खाते में जुड़ गई। उत्तराखंड का सबसे ऊंचा झंडा लगाने के लिए शहर के मध्य शहीद पार्क में पोल स्थापित कर दिया गया है। ‘परिवर्तन एक संकल्प’ संस्था की इस पहल को दो साल से अधिक समय बाद मूर्त रूप मिला। अभी तक जसपुर और हरिद्वार में 110 फीट ऊंचे तिरंगे लगे हैं। हल्द्वानी के तिरंगे का विधिवत उद्घाटन पार्क के सुंदरीकरण और लाइट लगने के साथ जल्द होगा।

 देश का सबसे ऊंचा झंडा हल्द्वानी में स्थापित करने की सोच के साथ शहर के छह लोगों ने जुलाई 2015 में परिवर्तन एक संकल्प संस्था बनाई। इस संस्था ने 251 फीट ऊंचे पोल पर झंडा लगाने की मुहिम सोशल व स्थानीय मीडिया के माध्यम से शुरू की। इस बड़े पायलट प्रोजेक्ट के लिए रकम भी बड़ी चाहिए थी। यानी 251 फीट ऊंचे झंडे के लिए करीब 1.25 करोड़ रुपये की जरूरत थी।

 संस्था के लोगों ने प्रयास जारी रखा, लेकिन राह मुश्किल दिखी। बाद में पोल की ऊंचाई 151 फीट रखी गई। सांसद, नगर निगम एवं अन्य संगठनों के माध्यम से मदद मिली और काम शुरू हो गया। निगम ने शहीद पार्क को विकसित कराया। रविवार को गाजियाबाद की झंडा स्थापित करने वाली टीम दो क्रेन के साथ पहुंचीं।

 

जूनियर देवानन्द ने बांधा समा, अनुपमा के गीतों पर झूमे

0

फिल्म इंडस्ट्री में जूनियर देवानंद और डुप्लीकेट देवानंद के तौर पर अनेक फिल्में कर चुके मशहूर फिल्मी कलाकार किशोर भानूशाली आज काशीपुर पहुंचे। काशीपुर के रामलीला मैदान में रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे किशोर भानूशाली ने बताया कि उन्होंने करन अर्जुन, आंटी नंबर 1, खतरों के खिलाडी, दिल समेत सौ फिल्मों में अभिनय किया है तथा अनेक फिल्मों के साथ साथ वर्तमान में काफी चर्चाओं में चल रहे सीरियल ” भाभी जी घर पर हैं  ” में काम किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा मज़ा रामगढ़ के शोले, आंटी नंबर 1 में गोविंदा के साथ काम करने में आया। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की जमकर तारीफ की और कहा कि यहाँ फिल्में करना अच्छा लगता है। युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृति के खिलाफ उन्होंने देवनद की फिल्म ” हरे रामा हरे कृष्णा ” के  ” देखो दीवानो तुम ये काम मत करो, राम का नाम बदनाम न करो ” नामक गीत गाकर युवाओं को नशे से दूर रहने का सन्देश भी दिया। देवानंद के बारे में उन्होंने कहा कि देवानंद कभी मरते नहीं हैं, दिलीप कुमार, किशोर कुमार, शम्मी कपूर, राज कपूर, राजेश खन्ना हमेशा अमर रहेंगे। देवानंद की वजह से उन्हें आज एक ख़ास पहचान मिली है और पूरी तरह से मैं उनकी कॉपी नहीं कर पाता हूँ। फिल्म लाइन के लिए उत्तराखंड का बड़ा महत्व है।

भागदौड़ भरा जीवन व अनियमित खानपान ने बिगाड़ा मानव जीवन का स्वरूपः आचार्य बालकृष्ण

0

भारत आए ताईवान तथा सिंगापुर के एरोमा थैरेपी स्पा विशेषज्ञों के 14 सदस्यीय दल ने पतंजलि योगपीठ में आचार्य बालकृष्ण से मुलाकात की। दल के प्रमुख दिआना ओलिविया लिम व दल के अन्य सदस्यों ने पतंजलि आयुर्वेद हाॅस्पिटल का दौरा किया तथा पतंजलि की चिकित्सा पद्धति विशेषकर पंचकर्म चिकित्सा पद्धति की सराहना की।

दल के सदस्यों के साथ मुलाकात के दौरान आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि हमारा शरीर हमें प्रकृति की सबसे अनमोल देन है। आज की भागदौड़ भरी जीवन पद्धति और अनियमित खानपान ने इसका स्वरूप ही बिगाड़ दिया है। बदलती परिस्थितियों में थकान, तनाव व रोगों से भरा शरीर जीवन के अहम हिस्से बन चुके हैं। इस तनाव व थकान से बचने के लिए एरोमा थेरेपी बड़ी कारगार सिद्ध हो रही है।

उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में लोगों का जीवन संयमित व नियमबद्ध था। लोग अपनी प्राकृतिक संपदा से जुड़े रहते थे तथा प्राकृतिक चीजों का उपयोग कर अपने शरीर की सारी व्याधियों का उपचार किया करते थे। शारीरिक त्वचा को और ज्यादा निखारने के लिए कई घरेलू औषधियों का उपयोग कर शरीर का कायाकल्प किया जाता था। आज इन्हीं प्राकृतिक चीजों के उपयोग को एरोमा थेरेपी का नाम दिया गया है।

ऐरोमा थेरेपी उपचार की वह पद्धति है, जिसमें खुशबू के द्वारा अनेक बीमारियों का निदान होता है। इसमें कई प्रकार के पेड़, पौधों की जड़ों, पेड़ो के तने, फल-फूल, सब्जियां और कुछ मसालों को मिलाकर डिस्टीलेशन पद्धति के द्वारा इसका अर्क निकाला जाता है। फिर इस अर्क की औषधि से शारीरिक उपचार किया जाता है, जिससे रोग एवं त्वचा संबंधी बीमारी तो दूर होती ही है। इसकी खुशबू से शारीरिक तनाव भी अपने आप दूर हो जाता है। 

पुलिस के जवानों ने ली शांति एवं अहिंसा की शपथ

0

देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती के अवसर पर सोमवार को पुलिस मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अनिल के. रतूड़ी महानिदेशक उत्तराखण्ड एवं उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधी व शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
वहीं, पुलिस लाइन देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद उपस्थित समस्त अधिकारी और कर्मचारी गणों को शांति एवं अहिंसा की शपथ दिलाई। दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को स्वच्छता अभियान के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय देहरादून एवं जनपद के समस्त थानों में माल्यार्पण कार्यक्रम के पश्चात पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर एवं थाना परिसर की साफ-सफाई की।
एक अन्य कार्यक्रम पुलिस लाइन में अधिवर्षता आयु पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्ति होने वाले दो अधिकारी/कर्मचारी के सम्मान में सोमवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत हुए पुलिस कर्मियों को शाल, स्मृति चिन्ह तथा उपहार देकर भाव-भीनी विदाई दी गई।
जिनमें गिरीश चंद्र ध्यानी, अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर जनपद देहरादून में नियुक्त थे, इन्होंने 37 वर्ष नौ माह की सेवा पुलिस विभाग को दी। इन्होंने अपनी सेवायें उत्तरकाशी, चमोली, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर, उधमसिंह नगर, विजिलेंस देहरादून तथा देहरादून में दी है। जबकि शेर सिंह, ये अर्दली (अनुचर) के पद पर जनपद देहरादून में नियुक्त थे, इन्होंने 40 वर्ष 11 माह की सेवा पुलिस विभाग को दी, इन्होंने अपनी सम्पूर्ण सेवा देहरादून में दी।

गांधी जयंती पर गांव को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प

0

गोपेश्वर। गांधी जयंती पर चमोली जिले के कंडारा गांव के ग्रामीणों ने आपातकालीन सेवा जेबीके के साथ मिलकर गांव को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
जेबीके द्वारा एक नई पहल करते हुए कंडारा गांव के ग्रामीणों को ‘मेरा गांव स्वच्छ गांव’ का स्लोगन लिखे रंग-बिरंगे कनस्तर कूड़ेदान के रूप में वितरित किए गए। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे अपने गांव को स्वच्छ रखने के साथ-साथ ही आसपास के गांवों में भी स्वच्छता का संदेश देंगे ताकि एक दूसरे की देखा-देखी हर गांव स्वच्छता के प्रति जागरूक हो। ग्रामीणों ने जेबीके की इस पहल का स्वागत किया। जेबीके के उप प्रबंधक भवान सिंह ने कहा कि गांधी जयंती पर स्वच्छता की शुरुआत के लिए कंडारा गांव को चुना गया ताकि एक छोटे से गांव से शुरू इस पहल को जनपद के सभी गांवों इस पहल के लिए आगे आएं।

धूमधाम से मनाई गई गांधी व शास्त्री की जयंती

0

गोपेश्वर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती चमोली जनपद में धूमधाम से मनाई गई। सभी सरकारी भवनों पर प्रातः 8 बजे ध्वज फहराया गया। जिला कार्यालय में जिलाधिकारी आशीष जोशी ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रपिता बापू एवं पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्कूली बच्चों के साथ मिल कर राम धुन का गायन किया। जिलाधिकारी ने सभी कार्मिकों को सत्य, अहिंसा, सदभावना एवं प्रेम की शपथ दिलाते हुए राष्ट्रपिता गांधी के पद चिन्हों का अनुश्रवण करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा पूरी कर्तव्य, जिम्मेदारी व लगन के साथ निभाने की बात कही ताकि राष्ट्र के विकास में कोई बाधा नहीं होगी।
इस मौके पर रोली में पौधरोपण किया गया। जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकरियों ने शहीद स्मारक पार्क में शहीदों को नमन करते हुए शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण किया। शैक्षिणिक संस्थानों द्वारा अपने-अपने विद्यालय में गांधीवादी जीवनदृष्टि पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, गोष्ठियों का आयोजन किया गया। वृद्धाआश्रम में वृद्धजनों तथा जिला कारागार पुरसाडी में बंदियों को फल वितरित किए गए।
दशोली ग्राम स्वराज मंडल गोपेश्वर के सर्वोदय भवन में खादी एवं ग्रामोद्योग तथा जिला उद्योग केंद्र के तत्वाधान में ऊन कताई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूलों में चित्रकला, निबन्ध प्रतियोगिता, प्रौढ़ शिक्षा व साक्षरता को बढ़ावा देने तथा सामाजिक विषमता के अभिशाप के उन्मूलन तथा भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर चर्चा की गई तथा पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर सीडीओ अपर जिलाधिकारी ईला गिरि, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

बच्ची के साथ दुष्कर्म, लोगों ने पौड़ी बाजार बंद करा जताया विरोध

0

पौड़ी। उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। तहसील पौड़ी क्षेत्र में एक चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम नेपाली मूल की बच्ची को अकेला देख पड़ोस में रह रहे बिहार के युवक ने दुष्कर्म का शिकार बना लिया। डरी सहमी बच्ची मां-बाप को कुछ बता नहीं पाई। रविवार को मां के कई बार पूछने पर लड़की ने मां को सब कुछ बता दिया। जिसके बाद मां ने कोतवाली पौड़ी में तहरीर दी। मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पौड़ी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि आरोपी नसीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया गया है। उनियाल ने बताया कि पोक्सो एक्ट व धारा 342 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है और हिंदूवादी संगठनों ने पौड़ी बाजार को बंद करा कर अपना विरोध जताया है।