Page 474

राशन डीलरों में फूट डालने में जुटा विभाग

0

देहरादून। राज्य खाद्य योजना की सब्सिडी सीधे उपभोक्ताओं के बैंक खाते में भेजने की व्यवस्था के विरोध में हड़ताल कर रहे राशन डीलरों को विभाग तोड़ने में जुट गया है। इसके लिए विभाग ने उन राशन डीलरों को जोड़ना शुरू कर दिया है जो फिलहाल हड़ताल में शामिल नहीं हैं।

दरअसल, उत्तराखंड उचित दर विक्रेता एसोसिएशन के बैनर तले गढ़वाल मंडल में रविवार से राशन डीलरों के एक गुट ने हड़ताल शुरू कर दी है। इसी संगठन की ओर से कुमाऊं मंडल में भी हड़ताल चल रही है। राशन डीलर मांग कर रहे हैं कि इस व्यवस्था को रद्द कर पुरानी व्यवस्था के तहत ही उपभोक्ताओं को खाद्यान्न का आवंटन किया जाए जबकि शासन स्पष्ट कर चुका है कि एक नवंबर से नई व्यवस्था को हर हाल में लागू कर दिया जाएगा। इसके चलते डीलरों ने हड़ताल शुरू कर दी है। अब शासन ने डीलरों में फूट डालना शुरू कर दिया है। इसके तहत विभाग फिलहाल उन डीलरों को सूची तैयार कर रहा है, जो अभी हड़ताल में शामिल नहीं है। साथ ही डीलरों से हड़ताल में न शामिल होने की अपील भी की जा रही है। अभी ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे राशन डीलरों को चिह्नित कर उनसे लिखित में पत्र मांगे जा रहे हैं। इसके बाद शहरी क्षेत्रों के ऐसे डीलरों से पत्र लिखवाकर डाटा एकत्रित किया जा रहा है।
शासन का उद्देश्य है कि यदि ऐसे राशन डीलरों की संख्या अधिक है जो हड़ताल में शामिल नहीं हैं, तो शासन हड़ताली डीलरों पर उनके लाइसेंस निरस्त करने का दबाव बनाएगा। उधर, एसोसिएशन के मुख्य महासचिव बीडी शर्मा का कहना है कि एसोसिएशन के साथ बड़ी संख्या में डीलर हड़ताल में शामिल है। हड़ताल पूरे उत्तराखंड में चल रही है। दून में मंगलवार से डीलर ट्रांसपोर्टनगर स्थित गोदाम में बैठकर प्रदर्शन करेंगे। 

आरएफसी कुमाऊं को सीएम ने किया बर्खास्त

0

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक(आर.एफ.सी.) कुमाऊं वीएस धनिक को बर्खास्त कर दिया गया है। सचिव खाद्य को इसकी भनक तक नही लगी, जबकि एसआईटी ने जांच रिपोर्ट उन्हें शनिवार को ही भेज दी थी। रिपोर्ट की एक प्रति सीएम को भेजी गई थी जिस पर उन्होंने एक्शन लिया।

रुद्रपुर, काशीपुर व किच्छा के गोदाम के सत्यापन के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से सस्ता खाद्यान्न (गरीबों का खाद्यान्न) में गंभीर अनियमितताएं और दस्तावेजों में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर यह कार्यवाही की गई है। इसके अलावा राईस मिल के तत्कालीन डिप्टी आर.एम.ओ. सहित अन्य सभी संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ दो दिन के भीतर कठोर कार्यवाही के लिए प्रमुख सचिव एवं आयुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति को निर्देशित किया गया है।
स्वच्छ भारत दिवस पर भ्रष्टाचार को जड से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने एक और बडा कदम उठाया है। राज्य के गरीब वर्ग को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से सस्ता खाद्यान्न न मिलने एवं घटिया गुणवत्ता की शिकायत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को मिली थी। इस पर मुख्यमंत्री ने 02 अगस्त, 2017 को एस.आई.टी. गठित करने के आदेश दिए थे। एस.आई.टी. की प्रारम्भिक जांच रिपोर्ट में सस्ता खाद्यान्न उपलब्ध न होने, दस्तावेजों में हेराफेरी करने के साथ ही अनेक स्तर पर गड़बड़ी व भ्रष्टाचार सामने आया है। यह अनियमितताएं पिछले 02 वर्षों में पाई गयी है। इससे सरकार को राजस्व में करोड़ो रूपये की हानि भी परिलक्षित हुई है। इस रिपोर्ट के अध्ययन के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से आर.एफ.सी. कुमाऊं को बर्खास्त करने के आदेश दिये है। रिपोर्ट की प्रारम्भिक जांच के आधार पर प्रमुख सचिव एवं आयुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति ने आर.एफ.सी.कुमाऊं को बर्खास्त करने के आदेश जारी कर दिये है। किसी भी प्रकार के विभागीय कार्य प्रभावित न हो इसके लिए अग्रिम आदेशों तक आर.एफ.सी.कुमाऊं का कार्यभार जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को दिया गया है। यह भी आदेश दिए गए है कि संपूर्ण खाद्यान्न व्यवस्था को राज्य में और अधिक पारदर्शी और सुदृढ बनाये जाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर डाॅ.नीरज खैरवाल ने इस संबंध में प्रमुख सचिव एवं आयुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति को दो दिन पूर्व ही जांच रिपोर्ट सौंपी थी। इस जांच में हर केन्द्र, खाद्यान्न गोदाम व मण्डी स्थल पर गंभीर अनियमितता व कई खामियां पायी गयी। जिससे सरकार को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करोड़ो रुपये की हानि तो हुई ही साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों एवं छोटे काश्तकारों को भी योजनाओं का लाभ नही मिल पाया। 

शादी का झांसा देने वाला गिरफ्तार

0

रात थाना पटेलनगर में लिखित तहरीर दी की एक व्यक्ति कुशान्त गुप्ता, निवासी मोहब्बेवाला के पास पंचायती मंदिर, पटेलनगर देहरादून वादनी को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया गया तथा वादिनी द्वारा शादी करने की बात कहने पर उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गयी।

लिखित तहरीर के आधार पर थाना पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 462/17 धारा 376/504/506 भादवि बनाम कुशान्त गुप्ता पंजीकृत कर विवेचना उ.नि. अनिता बिष्ट के सुपुर्द की गयी। जिसमे आज पुलिस ने अभियुक्त कुशान्त गुप्ता को गिरफ्तार किया गया, जिसे कल मा. न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के कपाट 17 अक्टूबर को होंगे बंद

0

पंच केदारों में से एक व चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के कपाट शीत काल के लिए 17 अक्टूबर को बंद होंगे।

रुद्रनाथ मंदिर के पुजारी जर्नादन प्रसाद तिवारी ने बताया कि, “पंचांग देखने के बाद यह शुभ मुहूर्त निकाला गया है। पंच केदारों में चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ के कपाट विधि विधान और परंपरा के अनुसार शीत काल के लिए बंद होंगे।” उन्होंने कहा कि उसी दिन भगवान की उत्सव डोली गोपीनाथ मंदिर में पहुंचेगी।

रुद्रनाथ उंचे बुग्यालों में गुफा में स्थित भगवान शिव का वह स्थान है जहां पर भगवान शिव के चहेरे के दर्शन होते हैं। भारत में यह एक मात्र स्थान है जहां पर भगवान शिव के मुख के दर्शन होते हैं।

हादसे में बाइक सवार की मौत, दो घायल

0

हरिद्वार, पथरी थाना क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर अज्ञात वाहन और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन युवक घायल हो गए। इसमें से एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर शाहपुर बस अड्डे के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि बाइक पर अर्जुन पुत्र मिशन सिंह, अक्षय कुमार पुत्र इंद्र सिंह निवासी नई कुंडी और दीपक पुत्र राजकुमार निवासी शाहपुर लक्सर से घर लौट रहे थे। शाहपुर बस अड्डे के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। डॉक्टरों ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। अक्षय और दीपक को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

चौकी प्रभारी मनोज रावत ने बताया कि घायलों के परिजनों को खबर कर दी गई है। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं मिली है।

एकता कपूर की नई बेव सीरिज- मंगलयान

0

एकता कपूर की कंपनी ऑल्ट बालाजी ने अपनी अगले वेबसीरिज मंगलायन की घोषणा की है। ये शो मंगलायन तीन महिला वैज्ञानिकों के बारे में हैं। यह तीनों वैज्ञानिक इस्रो में मार्स ओरबिट मिशन पर काम करते हैं। जिससे भारत को वैश्विक मंच पर वाहवाही मिलती हैं।

यह कहानी इन तीन वैज्ञानिकों की निजी और व्यावसायिक जिंदगी पर रोशनी डालती हैं। उनकी परेशानियों और असफलताओं के साथ साथ इस मिशन को सफल बनाने के लिए हर मुश्किलों को पार करने के इन तीन वैज्ञानिकों के सफर की यह कहानी हैं। इस वेबसीरिज का निर्देशन नुपूर अस्थाना करनेवाली हैं।

टीवी शो ‘हिप हिप हुर्रे’ से निर्देशन में आई नुपूर अस्थाना यशराज के लिए मुझसे फ्रेंडशिप करोगे और सोनम कपूर-आयुष्मान खुराना की फिल्म बेवकूफियां का निर्देशन कर चुकी हैं। वे पहली बार बेव सीरिज बनाने जा रही हैं। इसमें काम करने के लिए अभी कलाकारों का चयन नहीं हुआ है।

आफिस बनाने के लिए 20 करोड़ का बंगला खरीदा कंगना ने

0

कुछ दिनों पहले रिलीज हुई फिल्म ‘सिमरन’ के बाक्स आफिस पर न चलने के बाद भी कंगना के हौसलों पर कोई असर नहीं हुआ है। इन दिनों वे रानी लक्ष्मीबाई पर बनने वाली फिल्म ‘मणिकर्णिका’ में बिजी हैं। ये फिल्म आधे से ज्यादा बन चुकी है और अगले साल अप्रैल में रिलीज होगी।

इस बीच कंगना ने फिल्म प्रोडक्शन में आने का फैसला किया है, जिसमें बनने वाली फिल्मों का लेखन और निर्देशन भी वही करेंगी। प्रोडक्शन में आने के लिए मुंबई के बांद्रा में दफ्तर बनाने के लिए एक बंगला खरीदा है, जिसकी कीमत 20 करोड़ से ज्यादा की बताई जा रही है। ये बंगला बांद्रा में पाली हिल रोड पर है और ये 3000 स्कावयर फिट का है।

सूत्रों के मुताबिक, इस बंगले पर आफिस की साज सज्जा का काम लगभग हो चुका है और दीवाली के मौके पर कंगना यहां आकर पूजा पाठ करेंगी और ये दफ्तर काम करना शुरु कर देगा। कंगना की प्रोडक्शन टीम की इंचार्ज उनकी बहन रंगोली होंगी। उनके अलावा टीम में 20 और लोगों को रखा गया है, जो कंगना की प्रोडक्शन फिल्मों की जिम्मेदारी निभाएगी। संकेत मिले हैं कि कंगना के निर्देशन में पहली फिल्म अगले साल मई तक शुरु होगी।

इम्तियाज की अगली फिल्म में रणबीर और आलिया ?

0

मुंबई में रणबीर कपूर के जन्मदिन का जश्न मनाया गया, इस मौके पर उनके ‘राक स्टार’ डायरेक्टर इम्तियाज अली भी पंहुचे और आलिया भट्ट भी आई। वहीं से ये खबर सुनने को मिली है कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की जोड़ी इम्तियाज की अगली फिल्म में काम करेगी।

अभी तक चर्चा थी कि रणबीर और आलिया की जोड़ी पहली बार अयान मुखर्जी की फिल्म ‘ड्रैगन’ में परदे पर होगी, जिसमें अमिताभ बच्चन भी काम करने जा रहे हैं, लेकिन अब ये खबर सच होती जा रही है कि ड्रैगन अभी नहीं बनने जा रही है। इम्तियाज अली की हाल ही में शाहरुख खान के साथ आई फिल्म जब ‘हैरी मीट सेजल’ बाक्स आफिस पर असफल रही, तो रणबीर की पिछली फिल्म ‘जग्गा जासूस’ भी फ्लाप रही। र

णबीर के साथ इम्तियाज अली ने पहले ‘राक स्टार’ और फिर ‘तमाशा’ फिल्में बनाईं, जिनमें ‘राक स्टार’ को सफलता मिली, लेकिन ‘तमाशा’ फ्लाप रही। आलिया भट्ट ने इम्तियाज की फिल्म ‘हाईवे’ में काम किया था, जिसमें उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई थी

लूट का अभियुक्त देहरादून से गिरफ्तार

0

ऋषभ मधवल,निवासी हरबर्टपुर, देहरादून के द्वारा रात को लगभग 8:30 बजे 100 नंबर पर सूचना दी की वह कैनाल रोड पर बाला सुंदरी मंदिर के पास इवनिंग वॉक कर रहा था, तभी अचानक एक i20 गाड़ी उसके पीछे आकर रुकी। उसमें से एक युवक उतरा और उसको पिस्टल दिखाकर उससे ₹ 10,000/- लूटकर रायपुर की ओर भाग गया।

ऋषभ ने भागते समय कार i20 का नंबर UK 07 7880 नोट कर लिया। प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए कार i20 नंबर UK 07 7880 कि शहर क्षेत्र में नाकेबंदी करके सघन चेकिंग कराई गई।  घटना की गंभीरता को देखते घटना के अनावरण के लिये पुलिस अधीक्षक नगर महोदय के निर्देशन में तत्काल एक टीम का गठन किया गया तथा शहरी क्षेत्र में सघन चेकिंग के आदेश पारित किए गए।

i20 कार की तलाश करते हुए टीम को मुखबिर खास द्वारा सूचना मिली की यह i20 कार इस समय स्थान बद्रीपुर थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। इस सूचना पर तुरंत कार्यवाही करते हुए पुलिस ने अभियुक्त अंकुर अग्रवाल लूट में प्रयोग की गई कार व वादी से लूटे गए ₹ 10,000/- सहित गिरफ्तार किया गया।

अंकुर अग्रवाल ने पूछताछ पर बताया कि वह और उसका दोस्त कॉलेज के छात्रों को लड़कियां सप्लाई करने के बहाने से सुनसान जगह पर बुलाकर उनसे नगदी आदि लूटकर भाग जाते थे। अभियुक्त ने पूछताछ कर बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में और अपने महंगे शौक़ को पूरा करने के लिए वह कॉलेज के छात्रों को लड़कियों की फोटो भेज कर सुनसान जगह पर बुलाते थे और पैसा लूट कर भाग जाते थे।

ढाबा संचालकों के खिलाफ आबकारी टीम ने की कार्रवाई

0

हरिद्वार जिला में आबकारी अधिकारी के निर्देशानुसार ढाबों एवं रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब पिलाने वाले संचालकों के विरुद्ध जारी अभियान के अन्तर्गत दो रेस्टोरेन्ट संचालकों का आबकारी अधिनियम के अन्तर्गत चालान किया गया।

आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में एक टीम ने जगजीतपुर लक्सर मार्ग पर संचालित लगभग 10 ढाबों एवं रेस्टोरेन्ट पर छापेमारी की। इस दौरान दो ढाबों में संचालकों द्वारा ग्राहकों को पिलाई जा रही शराब पकड़ी गई, जिसके तहत दोनों का चालान किया गया।

आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि, “किसी भी ढाबे या रेस्टोरेन्ट में बिना लाइसेंस के शराब पिलाना कानूनन जुर्म है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा एवं उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई दो या तीन बार शराब पिलाते हुए पकड़ा गया तो जिलाधिकारी की अनुमति लेकर उसके ढाबे अथवा रेस्टोरेन्ट को बंद कराने की भी कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।”