काशीपुर की बेटी के बरसेंगे वियतनाम में मुक्के

0
562
काशीपुर की बेटी प्रियंका के मुक्के अब वियतनाम में बरसेंगे, मैरिकाम के साथ प्रियंका अपने मुक्कों का दम दिखायेगी। अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर प्रियंका चौधरी वियतनाम में होने वाली एशियन महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपने मुक्कों से प्रतिद्वंद्वियों को ढेर करेंगी। प्रियंका 60 किलो भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व  करेंगी। उनके साथ ओलंपियन मैरीकॉम समेत नौ और मुक्केबाज भारतीय टीम में शामिल हैं, यह प्रतियोगिता चार से 10 नवंबर के बीच वियतनाम में होगी।
आर्य नगर की प्रियंका ने बताया कि, “महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए 25 से 28 सितंबर तक दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में चयन प्रतियोगिता हुई थी, जिसमें 10 महिला मुक्केबाजों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि चयन के दौरान उनके भार वर्ग में काफी कठिन मुकाबला था।”
मालूम हो कि प्रियंका के पिता पूर्व कोतवाल विजय चौधरी भी एथलीट रहे हैं, मां आशा चौधरी ने बताया कि, “बेटा और बेटी में फर्क नहीं किया, यही वजह है कि आज प्रियंका इस मुकाम पर है, प्रियंका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। प्रियंका के बड़े भाई पुष्पेंद्र चौधरी देहरादून में सेल्स टैक्स कमिश्नर हैं, वहीं दूसरे भाई विडियोकॉन में मैनेजर।”
रोजाना आठ घंटे बहा रही पसीना
प्रियंका चौधरी ने बताया कि फुफेरी बहन और पंतनगर विवि असिस्टेंट डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स पूनम त्यागी से प्रेरणा लेकर मुक्केबाजी में करिअर बनाने की ठानी और 2003 से बॉक्सिंग सीखनी शुरू की। 2008 में स्पोर्ट्स स्टेडियम में साई कोच हरजिंदर सिंह संधू के प्रशिक्षण से उनकी प्रतिभा में और निखार आया। सफलता का श्रेय उन्होंने कोच संधू को दिया। प्रियंका अब तक वह कई पदक जीत चुकी हैं और 2014, 2015 और 2016 में नेशनल बॉक्सिंग चैंपियन भी रह चुकी हैं। खेलों को लेकर सुविधा को लेकर प्रियंका का कहना है कि दूसरे राज्यों के मुकाबले अभी प्रदेश बहुत पीछे है। अगर यहां सुविधाएं बढ़ाई जाएं तो यहां के बच्चे बहुत आगे जाएंगे।
भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ी
वियतनाम में होने वाली महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 48 किलोग्राम भार वर्ग में मैरीकॉम, 51 किग्रा में नीरज, 54 किग्रा में शिक्षा, 57 किग्रा में सोनिया, 60 किग्रा में प्रियंका चौधरी, 64 किग्रा में एल सरिता देवी, 69 किग्रा में लवलेना नॉट, 75 किग्रा में स्वीटी, 81 किग्रा में पूजा रानी, 81 से अधिक किग्रा में सीमा पूनिया भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।