Page 367

ग्रामीण को बनाया बाघ ने निवाला

0

उधमसिंहनगर जिले के सितारगंज में बाघ द्वारा ग्रामीणों पर हमले के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। ताजा मामला बाराकोली रेंज के तुर्का तिसौर गांव का है। जहां घास काटने गए एक शख्स को बाघ ने अपना निवाला बना लिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गर्इ है। तुर्का तिसौर गांव के शकूर अहमद(50 वर्ष) और मोहम्मद रफी घास काटने के लिए गन्ने के खेत में गए थे। तभी वहां घात लगाकर बैठा बाघ शकूर अहमद को उठा ले गया। दूसरे खेत में घास काट रहे रफीक को इसकी भनक तक नहीं लग पार्इ।

बाघ ने शकूर को करीब पचास मीटर की दूरी पर लेजाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना का पता लते ही ग्रामीणों ने इसकी शिकायत वन विभाग को की। जिसके बाद वन दारोगा प्रेम राम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पेंशन के लिए अधिकारियों ने दी टेंशन

0

काशीपुर, बुजुर्गों और विकलांगों को सहारा देने के लिए शुरु की गयी पेंशंन योजना अधिकारियों की लापरवाही के चलते परवान नहीं चढ पा रही है, विभागों के चक्कर काटने को मजबूर विकलांगों की जहां हिम्मत टूट चुकि है तो विवधाओं की आंखे पेशन की आस में पथरा गयी है, समाज कल्याण विभाग के अफसर बुजुर्गो का कल्याण नहीं कर पा रहे हैं। एक साल से पेंशन के लिए ब्लॉक के चक्कर काट-काट कर थक चुके हैं। कई लाभार्थियों की आंखें भर आई। बोले कि पेंशन ही जीने का सहारा है। अधिकारियों की कार्यप्रणाली हमें इससे भी दूर कर रही है।

विकास खंड भवन में स्थित सहायक समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में अफसर सप्ताह में तीन दिन बैठते हैं। बाकी तीन दिन बाजपुर में बैठते हैं। यहां पर विधवा, विकलांग, वृद्धावस्था पेंशन आदि समस्याएं लेकर पात्र व लाभार्थी आते हैं। एक साल से विधवा पेंशन के लिए कार्यालय का चक्कर लगा रही महिला के तो चक्कर काट काट कर अब आंसू निकल आये हैं, मगर अभी तक पेंशन की स्वीकृति नहीं मिली। पेंशन स्वीकृति न होने से आवेदक सरकार की इस योजना से लाभ मिलने की उम्मीद बी छोड चुके हैं और कहने लगे कि पहले अफसर मिलते नहीं है। यदि मिल गए तो आज-कल में आने की बात कहकर वापस कर देते हैं।

एक बार कार्यालय में 30 से 40 रुपये टेंपो के किराये में खर्च हो जाते हैं। यही दर्द अन्य पात्रों व लाभार्थियों का है। योजनाओं का लाभ पाने के लिए लोग कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, मगर विभाग के अफसरों को इसकी कोई चिंता नहीं है। इससे लोगों में विभाग के प्रति रोष है।

यहां मुर्दे जिन्दा होकर कराते है बीमा

0
मुर्दे जिन्दा हो गये बीमा कराने के लिए और फिर बीमे की रकम लेने के लिए कुछ ही महिनों में मुर्दे जमींदोज हो गये, जो बीमे की रकम मुर्दों के जिन्दा होने लगाई गयी उनके मरने पर मिल बांट कर सभी ने ठिकाने लगा दी, शायद आप चौक रहे होंगे कि क्या है सम्भव है कि मुर्दों का बिमा होना, मगर उधमसिंह नगर जिले में सब कुछ सम्भव है, यहां खेती की जमीं पर भवन दिखाकर करोडों का घोटाला हो सकता है तो फिर मुर्दे को जिन्दा कर उनका बिमा भी हो सकता है और उनको फिर से मुर्दा दिखाकर कागजों का फर्जीवाडा भी हो सकता है।

कागजों का खेल इस कदर भी हो सकता है ये शायद किसी ने सोचा भी ना होगा, सरकारी दफ्तरों में कागजों का पेट भरने के लिए कुछ एसे एसे प्रमाण पत्र बना दिये गये जिसमे मुर्दे को पहले तो जिन्दा दिखाया गया फिर उसके नाम पर लाखों का बिमा किया गया, यही नहीं फर्जीवाडा करने वालों ने कुछ माह तक बिमें की रकम भी अदा की, फिर उसी मुर्दे को मरा हुआ बताकर बिमें की रकम हडप ली। ये खेल लम्बे समय से जिले के जसपुर क्षेत्र में चल रहा था, बिमे की रकम के बंदरबांट के इस खेल में परिवार के लोगों को भी शामिल किया जाता था, जिसका हिस्सा उनको भी दिया जाता था, मगर जिनको हिस्सा कम मिला उन्होने इसकी शिकायत पुलिस को की अब जसपुर पुलिस ने इस पुरे मामले की जांच शुरु कर दी है, जिसके लिए अब तक दो लोगों को जेल भेजा जा चुका है और बिमा कम्पनी के अधिकारियों सहित फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने वालों के गिरेबां तक पहुंचने के लिए भी पुलिस इस पुरे मामले की गहता से छानबीन कर रही है।

20 अक्टूबर को पुलिस ने राकेश सैनी उर्फ हरकेश पुत्र त्रिलोक सिंह, ग्राम नारायाणपुर व सिमरन जीत उर्फ हैप्पी पुत्र सूबा सिंह निवासी ग्राम मलपुरी को मुर्दो का बीमा कर लाखों रुपये हड़पने के मामले में जेल भेजा था। संबंधित मुकदमे में इनके अलावा ब्लॉक क्षेत्र के दस लोग नामजद हैं। पुलिस चाहती है कि उन पर भी शिकंजा कसा जाए। इसके लिए पुलिस को मजबूत साक्ष्य की तलाश है। मृत लोगों के बैंक खाते व उनके मृत्यु प्रमाण पत्र, बीमा कंपनी समेत मुकदमे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने तत्कालीन बैंक शाखा प्रबंधक बीमा कंपनियों के अधिकारियों को कोतवाली बुलाया। आरोपियों ने स्थानीय अल्मोड़ा अर्बन बैंक शाखा में मृतक रामसिंह का खाता खुलवाकर 42 हजार रुपये जमा कर 4 अप्रैल 2015 को बिरला लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से बीमा कराकर 14,900 रुपये की किस्त का 2 मई 2015 मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का बीमा कराकर 25,773 रुपये प्रधानमंत्री जनधन बीमा योजना से बीमा कराकर 330 रुपये की मृतक के खाते से किस्त दी थीं। इसके पश्चात 16 जून 2015 को राम सिंह को मृत घोषित कर दिया था।

एनएच-74 घोटालें के मुख्य आरोपी डीपी सिंह पर एस.आई.टी का शिकंजा तेज़

0

उत्तराखंड के चर्चित एनएच-74 घोटालें में मुख्य आरोपी डीपी सिंह एस.आई.टी का शिकंजा तेज़ हुआ, डीपी सिंह के देहरादून के अलग-अलग ठिकानों पर रुद्रपुर की एस.आई.टी टीम ने छापेमारी की, सुनने को आया है कि कुर्की की कार्यवाही भी तेज़ की जायेगी।

उत्तराखंड के चर्चित एनएच-74 भूमि घोटालें में 8 आरोपियों के गिरफ्तारी के बाद–अब मामलें की जांच कर रही एस.आई.टी  टीम ने घोटालें के मुख्य आरोपी डीपी सिंह पर भी शिकंजा तेज़ कर दिया हैं। रुद्रपुर से देहरादून पहुँची एस.आई.टी टीम ने डीपी सिंह के देहरादून स्थित अलग- अलग ठिकानों में ताबड़तोड़ छापेमारी की कार्यवाही की, हालांकि इस दौरान आरोपी के ठिकानों में कोई नहीं मिला।

वही डीपी सिंह के देहरादून के 65 A राजपुर रोड पर लोगों ने बताया कि वह दीपावली के बाद से इस ठिकाने में नहीं आये है। उधर इस दौरान एस.आई.टी जांच टीम को लीड कर रहे सी.अो. स्वतंत्र कुमार ने बताया कि, “आरोपी के सभी ठिकानों उसकी तलाश की जा रही हैं, साथ ही उनकी प्रोपर्टी को कुर्क करने की कार्यवाही भी की जा रही हैं।” एस.आई.टी सी.अो, रुद्रपुर, स्वतंत्र कुमार ने कहा कि उम्मीद हैं कि जल्द डीपी सिंह को गिरफ्तार किया जाएेंगे।

मसूरी में लाँच हुई नई और आकर्षक ”पहाड़ी टोपी”

0

बदलते समय के साथ उत्तराखंढ भी 18 साल का हो गया और राज्य के आठारहवे जन्मदिन पर मसूरी में पिछले दो दशक से रहने वाले जोड़े ने राज्य को एक तोहफा दिया है।

समीर शुक्ला और उनकी पत्नी कविता शुक्ला जोकि मसूरी में ‘सोहम हैरिटेज और आर्ट सेंटर चलाते हैं’ दोनों ने अपने अनुभव और पहाड़ी परंपरा को एक पहाड़ी टोपी के रुप में पिरोया है, जिसमे किनारे पर रंगबिरंगी धारियां और उसपर प्रदेश पुष्प ब्रह्मकमल को बहुत ही खुबसूरती से लगाया गया है।

पिछले कई सालों से इस दंपत्ति ने मिलकर उत्तराखंड की परंपरा और यहां की जीवनशैली को बढ़ावा दिया है। चाहे वह उत्तराखंड की पारंपरिक गहने हो, या फिर पहाड़ी वाद्य यंत्र, पहाड़ी कला हो या फिर शिल्प। इस दंपत्ति द्वारा यह पहाड़ी टोपी को लोगों के बीच में लाना कोई चौकाने का विषय नहीं हैं क्योंकि पिछले दो दशक यह दोनों मिलकर उत्तराखंड की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं।

ec28ebef-927f-467c-8c30-36ffcfe423a4

समीर शुक्ला से टीम न्यूजपोस्ट की बातचीत में बताया कि, “इस टोपी को बनाने का मुख्य कारण था उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी को एक नए अवतार में लोगों के बीच लाना। उत्तराखंडी टोपी राज्य की पहचान है उसमें भी ये टोपी गांधी टोपी का ही रुप है।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हर उम्र के लोग बूढ़ा हो या जवान या फिर राजनितिज्ञ सब इस टोपी को पहनते हैं। यह टोपी उत्तराखंड राज्य के लोगों के लिए खास है, बस यही सोच कर सोहम हैरिटेज एंड आर्ट कल्चर के दंपत्ति ने पहाड़ की स्पेशल टोपी को बनाया।

समीर बताते हैं कि, “हालांकि हमे मालूम था कि लोगों को इसे पहाड़ी टोपी की तरह स्वीकार करने में थोड़ी मुश्किल होगी लेकिन आसान राह पर चलने में मजा भी नहीं आता, बस फिर गांधी टोपी में बदलाव के साथ हमने पेश किया ‘पहाड़ी टोपी’ जो अपने आप में राज्य का प्रतीक है।” टोपी में इस्तेमाल हुए चार रंगीन धागे राज्य के अलग-अलग संस्कृति को दर्शाते हैं वहीं पीतल का ब्रह्म कमल ना केवल राज्य पुष्प है बल्कि हिमालय राज्य का सबसे पवित्र फूल है।समीर ने बताया कि, “इस टोपी को बनाने में उन्हें लगभग तीन महीने लगे क्योंकि इसमें इस्तेमाल किया गया कपड़ा अलग-अलग मौसम और अलग क्षेत्रों से लाया गया है।”

इस टोपी को बनाने में सबसे ज्यादा ध्यान युवा और बूढ़े लोगों का रखा गया है और इसके अलावा पर्यटकों के अनुरुप भी इसका डिजाईन एकदम सटीक है।समीर कहते हैं कि टोपी बनाने में हमने कोई बेईमानी नही कि है और जल्द ही हम महिलाओं की पहाड़ी टोपी भी लेकर आऐंगे।

यह टोपी तीन तरह की हैः

  • ऊनी
  • सर्दियों के लिये
  • गर्मियों मे लिये

इन तीनों टोपियों के दाम 275 रुपये से लेकर 400 रुपये तक हैं।

दंपत्ति के 13 जिलों की यात्रा के दौरान राज्य की पोशाक और उनके पारंपरिक गहनों की गहन शोध ने उन्हें पहाड़ी टोपी बनाने में काफी मदद की।तो अगली बार जब आप मसूरी का रुख करें तो यहां से उत्तराखंड की यह सुंदर यादगार पहाड़ी टोपी ले जाना ना भूलें।

जल्द ही उत्तराखंड पुलिस बॉडी वार्न कैमरे से होगी लैस

0

उत्तराखंड में अब पुलिस कर्मियों की निगरानी तीसरी आँख करेगी।जल्द ही उनकी वर्दी में बॉडी वार्न कैमरा लगा हुआ नजर आएगा जो सामने वालों के साथ पुलिस कर्मियों की हर गतिविधि को कैप्चर करेगा।पुलिस आधुनिकरण के तहत मित्र पुलिसकर्मियों की जवाबदेही बढ़ाने के मकसद से वर्दी में बॉडी वार्न कैमरे लगाने का प्रस्ताव बना कर भारत सरकार को भेज दिया गया हे।

इस बारे में बात करते हुए अनिल कुमार रतूड़ी डीजीपी उत्तराखंड ने कहा कि, “पुलिस एक कठिन काम कर रही है जिसमें बहुत बार लॉ इनफोर्स करना पड़ता है और कई बार ऐसा होता है कि पुलिस के सही काम करने के बाद भी लोग उन पर आरोप लगाते हैं।ऐसे में यह बता पाना मुश्किल हो जाता है कि सही कौन है और गलत है।इस बात का ध्यान रखते हुए पुलिस के काम में पारदर्शिता लाने के लिएआधुनिकता के इस दौर में जब हर चीज आधुनिक तत्वों से लैस है तो पुलिस क्यों पीछे रहेगी।” इसी सोच के साथ बॉडी वॉर्म कैमरे पुलिस को देने का प्रयास किया जा रहा जिससे पुलिस द्वारा की जी रही कार्यवाही सीधे-सीधे कैमरे में कैद हो सके। डीजीपी रतूड़ी ने बताया कि, “इस तरह की योजना को हमने राज्य सरकार से मंजूरी के भारत सरकार के सामने पेश किया है।” इसी मसले में बीते शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी प्रस्तुति की और आशा जताई कि भारत सरकार इसे अपने आधुनिकिरण योजना के अंदर मंजूर कर दे और अगर ऐसा हुआ तो इससे पुलिस के कार्यों में पारदर्शिता लाने में बहुत मदद मिलेगी।

अगर यह प्रस्ताव स्वीकार हो जाता है तो पहले चरण में उत्तराखंड पुलिस 500 बॉडी वार्म कैमरे खरीदेंगे।

उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार जल्द पहाड़ों को रोपवे से जोड़ेगी

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना के बाद अब पहाड़ों को रोप वे से जोड़ने का सपना पूरा होने जा रहा है, केंद्र सरकार जल्द ही राज्य को रोप वे परियोजना का तोफा दे सकती है,जिसके लिए प्रदेश सरकार ने तैयारी शुरू क्र दी है। परियोजना शुरू होने से उत्तराखंड में पर्यटन को नयी दिशा मिलेगी और यहाँ रोजगार के भी अवसर खुल सकेंगे।

उत्तराखंड पूरे विश्व में अपने पर्यटक स्थल और तीर्थ स्थल के लिए जाना जाता है जहां देश विदेश से लोग हर साल आते हैं ऐसे में उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों को अब रोप वे योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है जिसके लिए प्रदेश सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। आपको बता दें उत्तराखंड के 7 पर्यटक स्थलों को रोप वे से जोड़ा जाना है प्रदेश सरकार ने यह प्रस्ताव ब्रिडकुल ब्रिज रोप वे एंड अदर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन से तैयार कराए हैं इन सभी रुपए की लागत 1228.06 करोड़ रुपए लगाई गई है, प्रस्तावों पर केंद्र की मंजूरी के बाद ब्रिड कुल इन रोप वे का निर्माण कराएग।

पहले भी राज्य सरकार योजनाओं को पीपीपी मोड पर बनाने की सोच रही थी लेकिन निवेशकों में दिलचस्पी नहीं दिखाई प्रदेश सरकार ने इसका जिम्मा बिल्कुल के कंधों पर सौंपा है जिसको लेकर प्रदेश के पर्यटन मंत्री भी उत्साहित हैं उनका कहना है कि यह महत्वकांक्षी योजना उत्तराखंड वासियों के लिए तीर्थ स्थल और पर्यटन स्थल को जोड़ने का काम करेगा, जिसमें ऋषिकेश से कुंजापुरी, हाथीपांव से मसूरी, स्नोव्यू से नैना पीक, बीफ, खरसाली से यमुनोत्री, बरसू से दायरा, सोनप्रयाग से केदारनाथ, घांघरिया से हेमकुंड मौजूद हैं।

उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए यह प्रोजेक्ट काफी अहम मारा जा रहा है जिससे पर्यटन के क्षेत्र में काफी बढ़ावा होगा स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और साथ ही पहाड़ से हो रहे पलायन पर भी रोक लगेगी और पर्यटकों को जहां पहले उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों को करीब से दीदार नहीं कर सकते थे वह इसकी वजय से पहाड़ों की खूबसूरती को करीब से देख पाएंगे और जहां वह नहीं पहुंच सकते थे वहां रो रोपवे के जरिए आसानी से पहुंच सकेंगे। दूसरी ओर इस परियोजना से व्यापारियों में भी काफी खुशी है उनका मानना है कि रोप वे की मदद से पहाड़ी क्षेत्रों में भी सामान आसानी से पहुंचाया जा सकेगा, पहले ढुलाई के काफी पैसे लगते थे और वक्त भी काफी लग जाता था लेकिन इस परियोजना से यह बहुत आसान हो जाएगा और काफी फायदेमंद भी रहेगा।

उत्तराखंड में पर्यटन की असीम संभावनाएं है ऐसे में अगर केंद्र सरकार दवरा रोप वे प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिलती है तो इससे आने वाले समय में पर्यटन में तेजी होने के आसार बन जायेंगे और उत्तराखंड पर्यटन का एक नया हब बन सकेगा।

 

जारी है उत्तराखंड के संसाधनों की लूट

0

उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लंबा आंदोलन चलाने में अपने काम-धंधे के हर्ज से लेकर जान तक की कुर्बानियां तक जिन खांटी पहाड़ियों ने दीं उनकी आज न कोई पूछ है न ही कोई गिनती। उन्हीं के हाथों से चुनी गई सरकार उनके संसाधनों जैसे पानी, पर्यावरण, खनिजों तथा पर्यटन बढ़ाने के नाम पर आबोहवा तथा संस्कृति तक को बाहर वालों के हवाले करती जा रही है। दोनों हाथों से संजो कर देश को जीवनदायी गंगा और यमुना सौंपने के बदले उनके पल्ले सिर्फ प्राकृतिक आपदा और परेशानियां ही आ रही है।

गंगा और यमुना नदियों की बदौलत आज उत्तर प्रदेष से लेकर पष्चिम बंगाल ही नहीं हरियाणा और राजस्थान तक के किसान और फसलों के आढ़तिये मालामाल हैं मगर उनके बहुमूल्य पानी के बदले केंद्र सरकार उत्तराखंडियों को पांच पैसे का मुआवजा भी नहीं दिलाती। राजधानी दिल्ली सहित देश भर में कम से कम 35 करोड़ लोग अपने अस्तित्व के लिए गंगा और यमुना नदियों पर ही निर्भर है। केदारनाथ की ही आपदा को लें तो उसमें कम से कम पांच हजार उत्तराखंडियों को अपनी जान से हाथ धोने पड़े थे। उस काली विभीषिका में हजारों की तादाद में यात्री भी मारे गए थे। इतना ही नहीं हजारों यात्री और स्थानीय लोग आजतक लापता हैं।

देश के मैदानी प्रदूषण के कारण पहाड़ों में बढ़ रही बादल फटने की दुर्घटनाओं के कारण राज्य में हर साल कम से कम पांच सौ लोग हताहत होते हैं। उनके गांव-खेत उजड़ने और घरेलू सामान तथा मवेशियों की हानि अलग से है। बादल फटने की विभीषिका राज्य में हर साल पहले से अधिक विकराल हो रही है। नींद में सोते-सोते ही बेचारे पहाड़ी बाशिंदे बाढ़ में बह कर दम तोड़ रहे हैं। फिर भी उनके नाम पर बने उत्तराखंड के कथित पहाड़ी मुख्यमंत्री की सदारत वाली सरकार उन्हें बारिश के मौसम में सुरक्षित रखने का कोई भी उपाय नहीं कर रहीं। सारी नई टेक्नोलाॅजी उनके सचिवालयों के भीतर ही सिमटी हुई है। क्या बारिश में खतरनाक इलाकों के बाशिंदों को सरकार उनके मवेषियों सहित किन्हीं सुरक्षित ठिकानों पर लाकर नहीं रख सकती। आखिर पहाड़ों में अब आबादी ही कितनी बची है? इसी तरह बारिश में मानव जीवन के लिए खतरनाक सिद्ध होने वाले गांवों के आसपास क्या सेना के बंकरों की तरह सेफ हाउस नहीं बनाए जा सकते?

पीढ़ियों से दुरूह पहाड़ों में बसे लोगों को मौसम का मिजाज देख कर यह बखूबी समझ आ जाता है कि बारिश के दौरान कब बादल फटने की नौबत आ सकती है। लेकिन किसी आपात शरणस्थली के अभाव में उनके पास अपनी जान पर आसन्न खतरे को भांप लेने के बावजूद वहीं मर जाने के अलावा कोई चारा नहीं होता। यदि सेफ हाउस बन जाएं तो आसपास के 10-15 गांव के लोग अपने मवेशियों के साथ कयामत की रात अथवा दुपहरी सुरक्षित बिता कर बच सकते है। फिर मौसम सामान्य होने पर कुदरत के कहर से बची-खुची अपनी जिंदगी के सिरे तलाश कर फिर अपनी दिनचर्या शुरू कर सकते हैं। अफसोस यह है कि उत्तराखंड की पिछली पांच निर्वाचित सरकारों ने ही नहीं बल्कि किसी केंद्र सरकार ने भी उन्हें बचाने की कोई स्थाई व्यवस्था आज तक नहीं की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चारधाम यात्रा मार्ग को सदाबहार बनाने के लिए तो अपना खजाना खोल दिया मगर गरीब पहाड़ियों की जान बचाने को सुध भी नहीं ली। लेते भी क्यों चारधाम यात्रा पर तो उनके पैतृक राज्य और देश के अन्य अंचलों के लाखों तीर्थ यात्री हर साल दर्शन करने आते हैं और करोड़ों रूपए का कारोबार होता है। मगर बेचारे उत्तराखंडियों से तो शायद उन्हें वोट बटोरने तक ही वास्ता था, उनकी जानमाल बचाने से क्या लेना-देना!

ऐसा नहीं है कि सेफ हाउस बनाने की टेक्नोलाॅजी देश में उपलब्ध नहीं है। कश्मीर में बनी शनानी-श्रीनगर सुरंग ऐसी टेक्नोलाॅजी मौजूद होने का सबसे बड़ा सुबूत है। लेकिन भला उत्तराखंडियों को उसका लाभ कोई भी सरकार क्यों दिलाने लगी? इस लिहाज से देखें तो अलग पहाड़ी राज्य बनने के समय जो मुद्दे ज्वलंत थे वे आज भी उत्तराखंडियों के मन में सुलग रह हैं। उत्तराखंड ही नहीं अब तो यूपी में भी उत्तराखंडी मूल के व्यक्ति योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं मगर उन्होंने भी अपने छोटे भाई यानी उत्तराखंड को उसके हिस्से की परिसंपत्तियां सौंपने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उत्तराखंड के भीतर उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग इत्यादि की परिसंपत्तियों के बोर्ड राज्य में अनेक जगह आज भी लगे हुए हैं।

गैरसैंण में राजधानी आज सोलह साल बाद भी नहीं बनी। बस अंग्रेजों द्वारा अपनी बसाए गए देहरादून में ही राजधानी के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। हां इतना जरूर है कि पिछले सोलह साल में ही राजधानी बनने के बाद से देहरादून अपने पूरे शबाब पर आ गया है। बराए नाम भराड़ीसैंण में कुछ भवन जरूर खड़े कर दिए गए हैं ताकि आज नहीं तो कल राज्य की राजधानी गैरसैंण क्षेत्र में पहुंचने का भ्रम जनमानस में बना रहे। वैसे भी देहरादून की सरकारों को ज्यादा चिंता दायित्वधारियों की है जो अपने-अपने दलों की सरकार में जनता के पैसे पर ऐष करते हैं। वीरपुर-लच्छी से लेकर नानीसार और पोखरा तक से जनाधिकृत प्राकृतिक संसाधन जिस बेहयाई से पूंजीपतियों को सौंपे गए, उसमें नेता और नौकरशाह दोनों ही शामिल है। .

राज्य के पानी अैेर नदियों पर कब्जे की साजिश तमाम पर्यावरणीय चेतावनियों के बावजूद जारी है। पनबिजली परियोजना लगाने की हड़बड़ी में आवश्यक जन सुनवाई तक प्रषासन नहीं होने दे रहा। पंचेश्वर पनबिजली परियोजना के बाबत हाल में ऐसा ही मंजर दिखा। उसके लिए जनसुनवाई के दौरान जनता और जागरूक प्रतिनिधियों को धकेल कर एक तरफ कर दिया गया। वहां मौजूद पत्रकारों और उत्तराखंड आंदोलन के सूत्रधार काशी सिंह ऐरी तक से धक्कामुक्की की गई। अफसोस यह है कि ऐसा राज्य में जनता का तीन चैथाई से अधिक बहुमत लेकर सत्तारूढ़ हुए दल के गुर्गों ने अपने आलाकमान के इषारे पर किया। इससे साफ है कि सरकार जनसुनवाई दरअसल हर कीमत पर पंचेश्वर बांध के पक्ष में ही करवाने पर आमादा थी।

इन हालात में साफ है कि गंगा-यमुना और चार धामों को अपने में समेटे मालामाल उत्तराखंड की गरीब जनता को जरूरत फिर से जनांदोलन छेड़ने की है जो लुटेरे और दलाल नेताओं की गिरफ्त से मुक्त करके राज्य की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थिति अपने हित के अनुकूल बदल सके।

शुरु हुई सलमान खान की रेस 3 की शूटिंग

0

सलमान खान की नई फिल्म रेस 3 की शूटिंग शुरु हो गई है। मुंबई में शुरु हुए फिल्म के पहले शेड्यूल में फिल्म की पूरी टीम हिस्सा ले रही है। टिप्स के रमेश तौरानी द्वारा बनाई जा रही रेस की तीसरी कड़ी में सलमान खान के साथ जैक्लीन फर्नांडिज, बाबी देओल, साकीब सलीम, डेजी ईरानी और फ्रेडी दारुवाता काम कर रहे हैं। रिमो डिसूजा इसका निर्देशन कर रहे हैं।

मुंबई में एक सप्ताह के शेड्यूल के बाद दिसंबर में फिल्म का अगला शेड्यूल अबू धाबी में होगा, जहां सलमान ने हाल ही में अपनी फिल्म टाइगर जिंदा है की शूटिंग की थी। रेस 3 अगले साल ईद के मौके पर रिलीज की जाएगी। इस साल सलमान खान की फिल्म टाइगर जिंदा है आगामी 22 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है, जिसमें कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी परदे पर लौट रही है।

अली अब्बास जाफर के निर्देशन में बनी इस फिल्म मे अंगद सिंह बेदी और परेश रावल भी नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर लांच हो चुका है और इसे अब तक 8 करोड़ लोग देख चुके हैं।

पद्मावती का नया गाना रिलीज हुआ

0

1 दिसंबर को रिलीज के लिए तैयार हो रही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ का एक नया गाना रिलीज किया गया है। ये रोमांटिक गाना शाहिद कपूर और दीपिका पादुकोण पर फिल्माया गया है, जो फिल्म में महाराजा रतन सिंह और पद्मावती की भूमिकाएं कर रहे हैं। फिल्म का संगीत खुद संजय लीला भंसाली ने तैयार किया है।

ये रिलीज होने वाला फिल्म का दूसरा गाना है और इसके शब्द हैं- एक दिल एक जान… इसके लिए भी एक भव्य सेट तैयार किया गया है। इससे पहले दीपिका पर फिल्माया गया गाना घुमरो रिलीज किया गया था। इस गाने को काफी पसंद किया गया है और सोशल मीडिया पर इस गाने को अब तक 5 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

विवादों में फंसी इस फिल्म में रणबीर सिंह भी हैं, जो अलाउद्दीन खिलजी के किरदार में हैं और उनकी पत्नी के रोल में अदिति राव हैदरी हैं।