Page 366

अब भी उत्तराखंड में 165 विद्यालय भवन विहीन

0

देहरादून। उत्तराखंड 17 साल का हो गया है। नौ नवम्बर को उसने 18 वें साल में प्रवेश कर लिया है, लेकिन अब तक राज्य में वर्तमान में 82 राजकीय प्राथमिक विद्यालय, 15 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा 60 राजकीय हाईस्कूल, एक राजकीय इंटर कॉलेज और सात राजकीय कन्या इंटर कॉलेज भवन विहीन हैं।

यही स्थिति किसी राज्य के लिए सुखद नहीं मानी जा सकती। इसी प्रकार सरकार द्वारा राजूहा स्कूलों का हाईस्कूल स्तर पर तथा राजकीय हाईस्कूलों का इंटर मीडिएट स्तर पर उच्चीकरण कि या जाता है, जिनमें भी भवनों की कमी होती है।

शिक्षामंत्री अरविंद पाण्डेय मानते हैं कि उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूलों में पूर्व से कक्ष उपलब्ध होते हैं। सरकार द्वारा इन विद्यालयों में आवश्यकतानुसार राज्य योजना एवं जिला योजना के अन्तर्गत कक्षों का निर्माण प्रतिवर्ष किया जाता है, जो एक सतत् प्रक्रिया है।जानकारी देते हुए शिक्षामंत्री अरविंद पाण्डेय ने कहा कि नए स्थापित होने वाले हाईस्कूलों व इंटर कॉलेजों में भूमि उपलब्ध होने पर जिला राज्य एवं बहुउद्देशीय विकास कार्यक्रम के अन्तर्गत भवन निर्माण होता रहता है,लेकिन विद्यालयों में भूमि उपलब्ध नहीं है वहां भूमि उपलब्ध होने पर संसाधनों की उपलब्धता के आधार कक्षों का निर्माण किया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट, सेंसर बोर्ड से पद्मावती को समर्थन

0

सेंसर बोर्ड के चेयरमैन प्रसून जोशी फिल्म पद्मावती के समर्थन में आगे आए हैं। प्रसून जोशी से इस फिल्म के साथ जारी विवादों के बीच कहा है कि दुर्भाग्य से अभिव्यक्ति की आजादी को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि सेंसर बोर्ड इस फिल्म को लेकर अपना काम करेगा, लेकिन एक गीतकार और सालों से फिल्म इंडस्ट्री के साथ काम करने के बाद इस परेशानी को समझा जा सकता है। उनका कहना है कि सेंसर बोर्ड में फिल्म के आने का इंतजार करना चाहिए।

प्रसून जोशी के मुताबिक, बोर्ड नियमानुसार इस फिल्म को देखकर कोई फैसला करेगा, लेकिन इससे पहले ही विरोध का कोई आधार नहीं बनता। उनका कहना है कि सेंसर बोर्ड अपनी जिम्मेदारी समझता है और इस फिल्म को लेकर भी अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि फिल्म अभी तक सेंसर बोर्ड में भी नहीं गई है और सेंसर बोर्ड का फैसला आने से पहले बैन करने की मांग आधारहीन है। राजपूत संगठन संजय लीला भंसाली की इस फिल्म का ये कहकर विरोध कर रहे हैं कि फिल्म में पद्मावती और आक्रामण करने वाले अलाउद्दीन के बीच रिश्तों को दिखाकर महारानी पद्मावती का अपमान किया गया है और राजपूत समाज की भावनाओं को ठेस पंहुचाई गई है।

उधर, भंसाली ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में फिर से साफ किया है कि फिल्म में पद्मावती और अलाउद्दीन के बीच ऐसा कुछ नहीं है, जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पंहुचे। 

नवाज के खिलाफ 2 करोड़ का केस

0

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की जिंदगी पर लिखी गई किताब को लेकर विवाद रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। एन आर्डिनरी लाइफ नाम से लिखी किताब में नवाज ने महिलाओं के साथ अपने अंतरंग रिश्तों को लेकर जो कुछ लिखा था, उसे लेकर इतना बवाल हो गया कि नवाज ने मार्केट से किताब वापस ले ली और दिल्ली में महिला आयोग में उनके खिलाफ केस भी दर्ज हो गया।

नवाज ने इस किताब में अपनी फिल्म मिस लवली की हीरोइन निहारिका के साथ रिश्तों की बात कही थी, तो निहारिका ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का नोटिस भेज दिया। इसी किताब में नवाज ने दिल्ली एनएसडी में अपने से एक साल जूनियर सुनीता राजबर को अपना पहला प्यार बताया था।

अब सुनीता राजबर ने भी नवाज को कानूनी नोटिस भेजा है। सुनीता ने नवाज पर 2 करोड़ का मानहानि का केस किया है। सुनीता ने नवाजुद्दीन के साथ साथ किताब का प्रकाशन करने वाली कंपनी के खिलाफ भी अलग से नोटिस भेजा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय परिसीमन पर सरकार को घेरा

0

काशीपुर। उत्तराखण्ड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांव से लेकर शहर तक के लोगों में डबल इंजन की सरकार के प्रति आक्रोश बना हुआ है।

शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंडी गेस्ट हाउस पत्रकारों से बातचीत में कहा कि निकायों का परिसीमन एक साल बाद होना चाहिए, क्योंकि अभी पंचायत सदस्यों का एक साल का कार्यकाल बचा है। अभी उन्हें काम करने देना चाहिए। परिसीमन में कांग्रेस न्याय पंचायत सदस्यों के साथ है और परिसीमन का कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। इसके लिए अगर आंदोलन भी करना पड़ा तो कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर प्रहार करते कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों का ऋण माफ नहीं कर पाई। कांग्रेस ने गरीबों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना भाजपा सरकार ने बंद कर दी। कांग्रेस जनहित के सभी मुद्दों को विधान सभा सत्र में उठाकर सरकार का पोल खोलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार जनविरोधी कार्य कर रही है। जिसको लेकर देश की जनता में रोष है।
प्रीतम सिंह ने कहा कांग्रेस सरकार में संचालित राज्य खाद्य योजना के गेंहू, चावल घटाकर दामों में वृद्धि कर दी गई। किसानों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। धान नीति नहीं बनने लोग परेशान हैं। सीएम के आदेश के बाद भी एनएच मामले में सीबीआई जांच नहीं कराई गई। भाजपा भ्रष्टाचारी नेताओं को पार्टी में शामिल कर रही है। इस मौके पर पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा, नगर अध्यक्ष संदीप सहगल, विधायक आदेश चौहान, विनोद वात्सल्य, हरीश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। 

जन भावनाओं के साथ खेल रही भाजपा सरकार: हरीश रावत

0

अल्मोड़ा। पूर्व सीएम हरीश रावत ने वर्तमान सरकार के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना बंद करके भाजपा सरकार अपना असली चेहरा दिखा दिया है, जिसे जनता समय आने पर सही जवाब देगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने रानीखेत में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्तमान सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा जनहित में लिए गए फैसलों को बदलकर अपना अपनी सोच को बाहर ला दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में जड़ पकड़ चुकी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना से गरीबों को स्वास्थ्य संबंधी बड़ी राहत मिल रही थी। प्रदेश सरकार द्वारा इसे बीच में बंद किया जाना जन भावनाओं से बड़ा खिलवाड़ है। इसी का नतीजा है कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं धीरे-धीरे पंगू होते जा रहीं है, 108 आपात सेवा दम तोड़ रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने नोटबंदी के बाद जीएसटी को कोढ़ में खाज बताते हुए कहा कि सरकार भाजपा की डबल इंजन की सरकार जनविरोधी फैसले लेने में माहिर है। डबल इंजन की सरकार अभी से घर्र-घर्र करने लगी है। जहा प्रदेश में आशा कार्यकत्रियां मानदेय नहीं मिलने तथा वृद्ध महिला पोषण योजना बंद करने के साथ गौरा देवी, नंदा देवी, कन्याधन योजनाओं का एकीकरण कर दिया गया। वहीं गरीब कल्याण पेंशन योजना के दायरे से करीब 80 हजार महिलाओं को बाहर किया जाना, घोर महिला विरोधी कदम है। मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना में अब सिर्फ अंत्योदय परिवार के बुजुर्गों को शामिल कर सरकार ने बड़े पैमाने पर बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा से वंचित किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीएस प्रणाली की दुनियाभर में सराहना हुई, 100 से अधिक देशों ने इसका अनुसरण किया, लेकिन भारत में गरीबों को सस्ता राशन उपलब्ध कराने वाली इस योजना को बंद किए जाने का खेल खेला जा रहा है।

भेल क्षेत्र में हाथियों ने मचाया उत्पात

0

हरिद्वार। भेल क्षेत्र में हाथियों व गुलदार का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कभी हाथी तो कभी गुलदार आबादी क्षेत्र में आकर उत्पात मचा लोगों को परेशान कर रहे हैं, जिस कारण क्षेत्रवासियों में भय का माहौल व्याप्त है।

भेल क्षेत्र राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से सटा होने के कारण अक्सर जंगली जानवर आबादी क्षेत्र में आ जाते हैं। शुक्रवार की रात भी भेल में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने एक कार भी क्षतिग्रस्त की। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कई राउंड हवाई फायर कर हाथियों को खदेड़ा। करीब आधा दर्जन हाथी बीएचईएल के सेक्टर वन में जंगलों से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंच गए। हाथियों का झुंड बीएचईएल फैक्ट्री के वर्कर हॉस्टल के बाहर पहुंचा। हाथियों के पहुंचने की जानकारी लगने पर लोगों में हड़कंप मच गया। हाथियों ने सड़क किनारे खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों के पहुंचने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कई राउंड फायर किया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। 

फराह निर्देशित फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के पूरे हुए 10 साल

0

फराह खान निर्देशित फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के आज 10 साल पूरे हुए हैं। इस मौके पर फराह ने ट्विट कर शाहरुख खान को धन्यवाद कहा है।

फराह खान ने ट्विटर पोस्ट में लिखा है , ‘शर्ट उतारकर मिलियन लोगों को खुश करने के लिए धन्यवाद।’ इसके जवाब में शाहरुख ने लिखा कि मैंने कहा था कि यह सिर्फ तुम्हारे लिए था और जैसा कि टॉम क्रूज कहते हैं कि तुम मेरा शोषण करती हो। इस फिल्म में दीपिका और शाहरुख ने मुख्य भूमिक में थे वहीं श्रेयस तलपड़े, अर्जुन रामपाल, किरन खेर जैसे कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थी। यह फिल्म 9 नवम्बर 2007 को रिलीज हुई थी।

इस फिल्म से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात यह है कि ए जवानी है दीवानी, रामलीला, बाजीराव मस्तानी जैसी सुपरहिट फिल्में दे चुकी दीपिका पादुकोण ने इस फिल्म से बॉलीवुड इंडस्ट्री में डेब्यु किया था। दूसरी दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के संवाद आज भी लोगों की जुबान पर है| जैसे- कहते हैं कि किसी चीज को अगर दिल से चाहो तो पूरी कायनात उससे तुम्हें मिलाने की कोशिश में लग जाती है… एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो रमेश बाबू।

बांबे टाकीज 2 में करण जौहर के साथ विकी कौशल

0

बालीवुड के चार निर्देशकों द्वारा बनाई जाने वाली चार शार्ट फिल्मों के कलेक्शन को लेकर बनने जा रही बांबे टाकीज की दूसरी सीरिज में करण जौहर की शार्ट फिल्म के लिए विकी कौशल प्रमुख रोल करेंगे। इस दूसरी सीरिज के लिए करण जौहर के अलावा अनुराग कश्यप, दिबाकर बनर्जी और जोया अख्तर भी शार्ट फिल्में बना रहे हैं।

विकी कौशल पहले ही करण जौहर की कंपनी में काम कर रहे हैं। करण जौहर की कंपनी में मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही फिल्म राजो में विकी कौशल की जोड़ी आलिया भट्ट के साथ बनी है। विकी कौशल ने राजकुमार हीरानी के निर्देशन में बनी संजय दत्त की बायोपिक फिल्म में भी काम किया है। विकी कौशल के कैरिअर की शुरुआत फिल्म मसान से हुई थी। इसके बाद उन्होंने अनुराग कश्यप की फिल्म राघव रमन 2.0 में काम किया था। 

मुख्यमंत्री ने डामटा में आयोजित क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह का उद्घाटन किया

0
मुख्यमंत्री ने डामटा में आयोजित यमुनाघाटी पिछड़ी, अनुसूचित जाति, जनजाति समिति द्वारा आयोजित क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद के मोरी ब्लाक को हिमाचल प्रदेश सड़क से जोड़ने वाली डोडरेक्वार सड़क के शीघ्र निर्माण करने की घोषणा की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत व सडकों का सुदृढ़ीकरण जैसी मूलभूत सुविधओं का विकास राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए शासनादेश के उपरान्त ही घोषणाएं की जा रही हैं। शिक्षा के स्तर में गुणात्मक सुधार लाने के लिए राज्य सरकार बच्चों को एनसीईआरटी की किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महाविद्यालयों में भी 180 दिन की पढ़ाई अनिवार्य की गई है। उन्होंने कहा कि पौड़ी के जिला अस्पताल से टेली रेडियोलाॅजी की शुरूवात की गई है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में यह राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। शीघ्र ही 23 अन्य अस्पतालों में टेली रेडियोलाॅजी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी। उन्होंने कहा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सबको समन्वय बनाकर कार्य करने होंगे।

देहरादून, तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते गिरफ्तार

0

देहरादून, डालनवाला पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान सेवक आश्रम रोड, करनपुर के पास दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पाया। दोनों व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम मोहम्मद अरशद व अतीक खान, ओखला, नई दिल्ली बताया। दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक अदद खुखरी तथा एक अदद चाकू बरामद किया।

दोनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना डालनवाला में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है।

वहीं थाना रायपुर, द्वारा एमडीडीए पुल के पास से एक व्यक्ति सचिन,199 करनपुर, थाना डालनवाला को एक देसी कट्टे व एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्घ थाना रायपुर में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।