Page 770

देहरादून स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह शुरू

0

देहरादून से सफर करने वाले और दिल्ली से दून आने वाले टूरिस्ट के लिए एक खुशखबरी है। शनिवार से देहरादून रेलवे स्टेशन से ट्रेनों की सामान्य रूप से आवाजाही शुरू हो गई। इसकी जानकारी देते हुए स्टेशन सुप्रिटेंडेंट करतार सिंह ने बताया कि ”लगभग 36 दिनों के बाद एक बार फिर देहरादून से ट्रेनों की आवाजाही शुरु हो गई है। रेल ट्रैक के मरम्मत कार्य की वजह से सभी देहरादून आने वाली ट्रेनों को हरिद्वार पर डायवर्ट कर दिया गया था।प्लेटफार्म नंबर 3 के लगभग एक महीने के रेनोवेशन के बाद अब सभी 16 ट्रेन यानि की 8 ट्रेन अप एंड डाउन करेंगी।यह ट्रेनें अपने शेड्यूल टाईम से देहरादून रेलवे स्टेशन से चलने लगी है। प्लेटफार्म नंबर तीन अब पूरी तरह से ठीक है और अब ट्रेन की आवाजाही सुचारु रुप से शुरु हो गई है”।

लगभग 36 दिनों से दून स्टेशन के रेलवे ट्रेक की मरम्मत के चलते बहुत सी ट्रेनों को केवल हरिद्वार स्टेशन तक आने की परमिशन थी। 17 अप्रैल से सभी ट्रेन जो देहरादून से चलाई जाती है, उनका आपरेशन हरिद्वार शिफ्ट कर दिय गया था ।

एनएच घोटाले पर कांग्रेस घेरेगी भाजपा सरकार को

0

हल्द्वानी के एनएच-74 घोटाले में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पत्र ने कांग्रेस को मुद्दा थमा दिया है। अब कांग्रेसी इस मामले में सरकार से लेकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेसियों ने कहा कि गडकरी के बयान से सीएम की जांच की घोषणा व भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस दोनों की पोल खुल चुकी है। गुरुवार को कांग्रेस नेता हेमंत साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में एकत्र हुए और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व सीएम त्रिवेंद्र रावत के पुतले का दहन किया।

राज्य व केंद्र की नीतियों पर सवाल साधते हुए हेमंत ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त का नारा देने वाले ही भ्रष्टाचारियों को बचाने में जुटे हैं। करीब 500 करोड़ के एनएच घोटाले पर अफसर ही नहीं कई सफेदपोश भी फंस रहे हैं। इसी वजह से भाजपा यूटर्न ले रही है।

गौरतलब है कि एनएच घोटाले के सीबाआई जांच पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह को एक पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग पर पीछे हटने की बात कही थी। इसके चलते राज्य में घोटालों में महाघोटाला सिद्ध हो चुके एनएच घोटाले में बीजेपी की किरकिरी हो रही है।

कबाड़ के गोदाम में आग

0

किच्छा रोड,रुद्रपुर स्थित द मेडिसिटी हॉस्पिटल के पीछे बने कबाड़ के गोदाम में भीषण आग गई। आग से लाखों का कबाड़ जलकर राख हो गया। अग्निकांड में गोदाम में रखा मैजिक वाहन समेत कुछ सिलेंडर और कोलतार के ड्रम भी जल गए। दिन का समय होने से जानमाल का नुकसान होने से बच गया। आग लगते ही घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। आसपास रह रहे लोग अपने घरों को छोड़ सड़क पर आ गए। हॉस्पिटल के भूतल पर काम कर रहे मजदूर भी जान बचाकर भाग गए। सूचना पाकर एक के बाद एक चार दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के दो कारणों पर जांच की जा रही है।

मेडिसिटी हॉस्पिटल के पीछे मनोज गुप्ता ने अपने मकान के पीछे गोदाम किराए पर दे रखे हैं। यहां मो. सरीफ, मो. फईम व मो. शाहिद के कबाड़ के गोदाम हैं। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे किच्छा रोड राष्ट्रीय राजमार्ग 74 स्थित मेडिसिटी हॉस्पिटल के पीछे बने कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। समय रहते आसपास रह रहे लोग और वहां काम कर रहे मजदूर घटनास्थल से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंच गई। आग की लपटें इतनी भीषण थी कि आग पर काबू पाने के लिए एक वाहन कम पड़ गया। इसके बाद तीन अन्य दमकल वाहनों को घटना स्थल पर बुलाया गया। इससे पूर्व मेडिसिटी हॉस्पिटल की छत से भी गोदाम में पानी डाला गया। साथ ही मजदूरों ने भी आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग बड़ी तेजी से फैल गई।

गोदाम में रखे गैस सिलेंडर, मैजिक वाहन का फ्यूल टैंक और कोलतार के ड्रम बारी-बारी फटने लगे इससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मेडिसिटी हॉस्पिटल की सुरक्षा दीवार से हॉस्पिटल तक आग नहीं पहुंच पायी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। अग्निकांड के समय हॉस्पिटल की ओपीडी में काफी संख्या में मरीज और हॉस्पिटल स्टाफ मौजूद था। साथ ही बेसमेंट में मजदूर भी काम कर रहे थे। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों के पसीने छूट गए, भीषण आग पर काबू पाने के लिए चार दमकल वाहन मौके पर बुलाने पड़े। आग लगने का कारण गोदाम में गैस कटर का इस्तेमाल अथवा सुलगती बीड़ी को बताया जा रहा है।

2.3 करोड़ रुपये वाले इस फोन की होगी हैलिकॉप्टर से डिलिवरी

0

लग़्जरी फोन ब्रांड वर्टू ने एक नया लिमिटेड एडिशन फ़ीचर फोन सिग्नेचर कोबरा पेश किया है। नए वर्टू सिग्नेचर कोबरा लिमिटेड एडिशन की कीमत जानकार आप चौंक जाएंगे। इसकी कीमत 2.47 मिलियन चीनी युआन है जो भारतीय मुद्रा में करीब 2.3 करोड़ रुपये है। इस फ़ीचर फोन को चीनी मार्केट में स्थानीय ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के ज़रिए बेचा जाएगा।

वर्टू सिग्नेचर कोबरा को खरीदने के लिए सबसे पहले 1000 चीनी युआन (करीब 10,000 रुपये) का डाउनपेमेंट करना होगा। इसके बाद इच्छुक ग्राहकों को बाकी राशि फोन पाने से पहले देना होगा। अब जब फोन की कीमत इतनी ज्यादा है तो ग्राहकों के लिए कुछ स्पेशल भी होगा, वर्टू का यह फ़ीचर फोन ग्राहकों तक हैलीकॉप्टर के ज़रिए पहुंचाया जाएगा। कीमत को देखते हुए इसमें कुछ भी चौंकाने वाला नहीं है।

वर्टू सिग्नेचर कोबरा फ़ीचर फोन की सबसे अहम खासियत इसका डिज़ाइन है। इसे फ्रांस के ज्वैलरी ब्रांड बोशरोन द्वारा बनाया गया है। अन्य खासियतों में 439 रुबी हैं जिन्हें कोबरा के डिज़ाइन में लगाया गया है। नाम से ही साफ है कि इस फोन में कोबरा डिज़ाइन है, वो भी फ्रंट पैनल पर। कोबरा के आंखों में दो पन्ना पत्थर लगे हैं। वर्टू फोन में और भी कई रत्न लगे होंगे। डिज़ाइन के मामले में नए वर्टू सिग्नेचर कोबरा लिमिटेड दिखने में कंपनी के ही सिग्नेचर फोन से काफी मेल खाता है।

वर्टू ने जानकारी दी है कि नए सिग्नेचर कोबरा फोन के सिर्फ 8 यूनिट दुनियाभर में उपलब्ध होंगे। गिज़चाइना की रिपोर्ट के मुताबिक,नए वर्टू फोन में 388 अलग पुर्जे हैं और इसे यूनाइटेड किंगडम में एसेंबल किया गया है। जानकारी दी गई है कि इस फोन को हाथों से बनाया गया है। चीन में सिर्फ एक वर्टू सिग्नेचर कोबरा फोन उपलब्ध कराया जाएगा। अफसोस की बात यह है कि इस फ़ीचर फोन के बारे में और कोई जानकारी नहीं उपलब्ध है।

नैनीताल में शुरु हुआ 15वां गर्वनर कप गोल्फ टूर्नामेंट

शुक्रवार को राज्यपाल के.के पाल ने 15वे गवर्नर कप गोल्फ टूर्नामेंट का नैनीताल में शुभारंभ किया। तीन दिन के इस इवेंट में 111 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा की हर साल इस खेल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। मई के महीने में ही इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में 100 के करीब छात्रों ने भाग लिया था जिसमें से लगभग 30 छात्र फाईनल तक भी पहुंचें और इसमें सबसे छोटा केवल 8 साल का खिलाड़ी है।

WhatsApp Image 2017-05-26 at 15.02.03

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों से राजभवन के कोच, स्कूल के बच्चों को बिना किसी फीस के गोल्फ की ट्रेनिंग दे रहे हैं। टूर्नामेंट की फाईनल कट आउट लिस्ट दो दिन के खेल के बाद बनाई जाएगी, और तीसरे यानि फाईनल दिन बेस्ट गोल्फर के नाम की घोषणा होगी। गर्वनर ने कहा कि गोल्फ, सेलिंग और पैराग्लाइडिंग जैसे र्स्पोटस से राज्य में टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और जिससे प्रदेश की इकोनमी भी बढ़ेगी।

इंडियन गोल्फ यूनियन प्रेसिडेंट विंग कमांडर सतीश अपराजित ने कहा कि राज्य में गोल्फ को हर मुमकिन सपोर्ट दिया जाएगा। इसके साथ ही युवा खिलाड़ियों का रुझान खेल में बढ़ाने के लिए जो बच्चें खेल में रुचि रखते हैं उन्हें फ्री कीट और कोच भी उपलब्ध कराए जाऐंगे।

8 जून से शुरु होगा उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र

0

प्रदेश की नई सरकार का पहला बजट सत्र आगामी 8 जून से देहरादून में शुरु होगा। विधानसभा सचिवालय की ओर से इसकी अंतिम अधिसूचना जारी कर दी गई है। अभी विस सत्र के 20 जून तक सत्र के कार्यक्रम तय किए गए हैं।

प्रदेश की नई सरकार अपनी वित्तीय जरूरतों को अभी लेखानुदान के भरोसे पूरा कर रही है। चालू वित्तीय वर्ष 2017-18 के बजट के लिए अगले माह आठ जून से विधानसभा सत्र आयोजित किया जाएगा। सचिव विधानसभा की ओर से इसकी अधिसूचना जारी की गई।

महत्वपूर्ण बात यह कि बजट सत्र देहरादून में ही आयोजित किया जाएगा। सरकार सत्र को गैरसैंण में आयोजित करने के विकल्प पर भी विचार कर रही थी, लेकिन बरसात के मौसम, चार धाम यात्रा और गैरसैंण में सुविधाओं की उपलब्धता के मद्देनजर बजट सत्र देहरादून में ही आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

सत्र के तय कार्यक्रम के मुताबिक आठ जून को वित्त मंत्री प्रकाश पंत बजट पेश करेंगे। नौ जून को बजट पर सामान्य चर्चा की जाएगी। 10 और 11 जून को अवकाश रहेगा। 12 जून को बजट पर सामान्य चर्चा होगी। 13 जून को विभागवार अनुदान मांगों का प्रस्तुतिकरण करने के साथ ही इन पर चर्चा एवं मतदान कराया जाएगा।

14 व 15 जून को भी विभागवार अनुदान मांगों को पेश करने के साथ ही इन पर चर्चा व मतदान होगा। 16 जून को विधायी कार्य व असरकारी कार्य किए जाएंगे। 17 व 18 जून को अवकाश रहेगा। 19 व 20 जून को विधायी कार्य किए जाएंगे। माना जा रहा है कि शेष कार्यक्रम कार्यमंत्रणा समिति तय करेगी। बजट सत्र के लिए शासन में तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। शासन ने सभी महकमों से बजट निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

 

किस लिये कराया कांग्रेस ने बुद्धि-शुद्धि यज्ञ?

केंद्र सरकार के तीन साल पूरे होने पर जहाँ एक तरफ बीजेपी जश्न मनाती दिख रही है तो वहीं विपक्ष ने केंद्र सरकार के कामों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए है। ऋषिकेश में जिला कांग्रेस द्वारा गंगा घाट पर केंद्र सरकार के लिए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें कांग्रेस कार्यकर्तायों ने हवन-पूजन किया।

1

मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस जिला अध्य्क्ष जयेन्द्र रमोला ने कहा कि बीजेपी के ये तीन साल बेहद निराशाजनक रहे है। केंद्र सरकार ने अभी तक जो वादे किए है वे सिर्फ जुमले साबित होते दिख रहे है इसलिए हमने आज ऋषिकेश के गंगा घाट में केंद्र सरकार के लिए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया है।

मोदी सरकार ने तीन साल किए बर्बाद- प्रीतम सिंह

0

उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार का तीन साल का कार्यकाल घोर निराशावादी कार्यकाल रहा है। भारत के जनमानस ने जिस प्रकार नरेंद्र मोदी जी पर विश्वास करते हुए केन्द्र की भाजपा सरकार के पक्ष में जनादेश दिया था, उस जनादेश में तीन वर्ष के कार्यकाल में नरेन्द्र मोदी की सरकार ने कुठारघात करने के काम किया है।

उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की जनता के सामने तमाम लोक लुभावने वायदे किये थे। लेकिन उनमें से एक भी वायदा पूरा करने में सक्षम नही रही है उन्होंने कहा कि सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में देश का जनमानस अपने आप को ठगा हुआ तथा छला हुआ महसूस कर रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह जी ने कहा कि जिस प्रकार यूपीए सरकार के वक्त में नेरन्द्र मोदी जी ने मंहगाई का हव्वा खडा करके कांग्रेस की केन्द्र सरकार के खिलाफ मंहगाई के विरोध में माहौल बनाने का काम किया और देश की जनता को मंहगाई कम करेंगे और अच्छे दिन लाएंगे का वायदा किया था आज मंहगाई अपने चरम पर है तथा सुरसा के मुंह की तरह दिन प्रतिदिन बढती जा रही है, जो दाल 2014 में 70 रूपये की मिलती थी आज वही दाल 210 रू0 से नीचे नही मिल रही है, गरीब के पेट में मोदी जी की सरकार ने लात मारने का काम किया है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि विदेशों से कालाधन वापस लाकर प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रूपये जमा करने तथा 25 हजार रू0 प्रतिमाह की पेंशन स्वीकृत करने की बात कही थी। परनतु आज देश का हर नागरिक बैंको में जा-जाकर उस 15 लाख रू0 की रकम को ढूंढ रहा है परन्तु 15 लाख उसे खाते में नही दिखाई दे रहे हैं। श्री प्रीतम सिंह जी ने कहा कि जहां विदेशो में कच्चे तेल के दाम प्रतिदिन गिर रहें हैं। वहीं भारत जैसे गरीब देश में डीजल और पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी हो रही हैं, खाद्यय पदार्थो की महगांई प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। परन्तु केन्द्र की सरकार महगांई कन्ट्रोल करने में अक्षम रही है और गरीब की जेब में डाका डालने का काम कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पाकिस्तान जिस तरीके से देश में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम दे रहा है प्रतिदिन सीमा में देश का कोई न कोई सैनिक हताहत हो रहा है। दूसरी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश की जनता के सामने कहा था कि यदि पाकिस्तान हमारे सैनिकों का एक भी सिर काटेगा तो हम हमारी सरकार आने पर उनके 10 जवानों के सिर काटकर लाऐंगें। वहीं दूसरी ओर दुश्मन के एक भी जवान के सिर काटना तो दूर प्रधानमंत्री पाकिस्तान जाकर बिरयानी खाने में मस्त रहते हैं, और जिस तरीके से सीमा में रोज घटनाऐं घटित हो रही हैं शायद उनको यह घटनाऐं नही दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश के नौजवानों से रोजगार उपलब्ध कराये जाने का वायदा किया था और यह वायदा किया था कि प्रतिवर्ष 2 करोड बेरोजगारेां को रोजगार देने का काम करेंगें।आज देश में विकास का पहिया ठप है, जितने भी लोकापर्ण आज मोदी जी कर रहे हैं उन सब कामों की शुरूआत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने की थी तथा डाॅ0 मनमोहन सिंह  की सरकार ने की थी।

केन्द्र की सरकार जुमले बाजी कर छल कपट के सहारे तथा देश की जनता को अच्छे दिने का वायदा करके केन्द्र की सत्ता में आई है। परन्तु तीन वर्ष के कार्यकाल में नरेन्द्र मोदी की सरकार ने देश में एक भी उपलब्धि नही की। देश में चारो तरफ बेरोजगारी, महगांई, भ्रष्टाचार तथा अफरा तफरी का माहौल है। परन्तु मोदी जी की सरकार तीन वर्ष की उपलब्धि पर जश्न मनाने का काम कर रही है। श्री प्रीतम सिंह जी ने कहा कि कांग्रेस मोदी जी से यह पुछना चाहती है कि जो भी वायदे उन्होने 2014 के लोकसभा चुनाव में हिन्दुस्तान की महान जनता से किये थे क्या उनमें से मोदी जी ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में एक भी वायदा पूरा किया है।

“ट्यूबलाईट” की कहानी मसूरी के जूतों की ज़ुबानी

सुपरस्टार सलमान खान की आने वाली फिल्म ट्यूबलाईट भी उनकी हर फिल्म की तरह चर्चा मे है।लेकिन क्या आप जानते हैं कि ईद पर रिलीज़ होने वाली इस फिल्म का मसूरी से गहरा नाता है? नहीं जानते? अब आप सोच रहे होंगे कि शायद इस फिल्म की शूटिंग मसूरी में हुई है, जी नहीं ना तो फिल्म की शूटिंग यहां हुई है ना ही सलमान कभी मसूरी आए हैं। यह कनेक्शन सलमान के दिल के पास है। यह कनेक्शन सलमान नहीं है बल्कि वह जूते हैं जो फिल्म ट्यूबलाईट के पोस्टर में सलमान के गले में टंगे हुए हैं।

14f43947-c282-4bbc-88ac-f37ea4a1af8a

पिछले साल जुलाई में लैंडोर कैंट मसूरी के किशन शू मेकर को डायरेक्टर कबीर खान का फोन आया और उन्हें 50-60 के दशक में पहने जाने वाले जूते बनाने का आर्डर मिला। किशन तब शायद जानते भी नहीं थे कि उनके हाथ से बनाए हुए जूते सलमान की फिल्म ट्यूबलाईट के पोस्टर में आर्कषण का केंद्र बनेंगे। किशन का परिवार पिछले 4 पीङियों से मसूरी में रह रहा है और यही बिजनेस कर रहा है। दरअसल यह शूज मेकर ग्वालियर के रहने वाले थे लेकिन अंग्रेंजों के राज के दौरान यहां आए थे और तबसे पहाड़ों को ही अपना घर बना लिया हैं।

किशन ने टीम न्यूज़पोस्ट से खास बातचीत में बताया कि जब कुछ साल पहले, कबीर खान मसूरी आए थे तो उन्होंने हमारे यहा सैंडल बनावायें थे। फिर पिछली जुलाई में उनका फोन आया कि 50-60 साल पुराने अंदाज के 4-5 अलग-अलग डिजाइन के जूते चाहिए 8नंबर व 9 नंबर साईज में, जो हमने दो दिन में बनाकर उन्हें मुम्बई कुरियर किये।

bbb7d5d6-2d16-4339-89f2-ce6261ef5273

न्यूज़पोस्ट टीम को कुरियर की रसीद दिखाकर और फिल्म के लिए सलमान और डायरेक्टर कबीर खान द्वारा फाइनल हुए जूते की फोटो दिखाकर किशन ने बताया कि फिर कुछ दिन बाद उन्हें फोन आया कि डार्क टैन, स्वेड में 8 नंबर के 12 जोड़ी जूते हमें कूल्लू में चाहिए। किशन ने बताया कि यह जूते हमने हरिद्वार-कुल्लू बस पर पिछले साल नवंबर में भेजे जहां शूटिंग चल रही थी।

ट्यूबलाईट के पोस्टर को अखबारों में देखकर किशन के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और क्यों ना आए वो खास जो हैं। लेकिन इस फेम के लिए किशन नए नहीं है। उनके बनाएं हुए जूते सचिन तेंदुलकर, टाॅम अल्टर, अरशद वारसी जैसे बड़े नामों ने पहने हैं। किशन के लिए सबसे खुशी की बात है उनके बनाए हुए जूते उनके चहीते कलाकारों को पहनते हुए देखना। किशन कहते हैं कि हम तो दिल से चाहते हैं कि “सलमान की फिल्म हिट हो और वो ऐसे ही अच्छा काम करते रहें।”

यहां देखें कैसे बनाए सलमान के जूतेः

सीएम रावत ने की नितिन गड़करी से मुलाकात

0
नई दिल्ली में केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गड़करी से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुलाकात की। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच चारधाम आॅल वेदर रोड के सम्बंध में चर्चा हुई। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने चारधाम आॅल वेदर रोड प्रोजेक्ट को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि सीएम कार्यालय से पूरे प्रोजेक्ट की नियमित मॉनिटरिंग की जायेगी। सभी एजेंसियों का कोऑर्डिनेशन देखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम आॅल वेदर रोड, उत्तराखंड के विकास में ऐतिहासिक भूमिका अदा करेगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और देहरादून रिंग रोड बनाई जाएगी।  केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने 22 सड़कों को एनएच बनाने पर सैद्धान्तिक सहमति दी। इस अवसर पर हरिद्वार में ट्रेफिक जाम से निजात के लिए एलिवेटिड रोड, चार धाम रोड पर वन विभाग की एनओसी पर पर भी वार्ता हुई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव एस.रामास्वामी उपस्थित थे।