Page 665

निर्देशन को लेकर ‘दबंग 3’ का मामला फिर उलझा

0

48 घंटे से भी कम वक्त में सलमान खान के साथ बनने जा रही दबंग की तीसरी कड़ी के निर्देशक का मामला फिर से उलझ गया। दो दिन पहले इस ‘दबंग 3’ का निर्देशन करने की खबर की पुष्टि करने के बाद निर्देशक शब्बीर खान ने यू-टर्न लेते हुए कह दिया कि उनको कभी भी इस फिल्म का प्रस्ताव नहीं मिला है।दो दिन पहले खुद शब्बीर खान ने कहा था कि वे ‘दबंग 3’ बनाने जा रहे हैं और उन्होंने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने 48 घंटे पहले यहां तक कहा था कि फिल्म 2018 में बनकर रिलीज होगी।

इस शुक्रवार को रिलीज हुई टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘मुन्ना माइकल’ का निर्देशन करने वाले शब्बीर खान द्वारा ‘दबंग 3’ का निर्देशन करने की खबर बाहर आने के बाद सबसे पहले फिल्म के निर्माता और सलमान के भाई अरबाज खान सामने आए और उन्होंने इस पूरी खबर को झूठा करार देते हुए कहा कि शब्बीर खान से ‘दबंग 3’ को लेकर कभी कोई बात नहीं हुई।

उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि शब्बीर ने इसे लेकर झूठी खबर क्यों फैलाई। अरबाज के बाद शब्बीर खान की प्रतिक्रिया भी आई, जिसमें पहले झूठ को झूठ बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘दबंग 3’ का प्रस्ताव उनको कभी नहीं मिला। उन्होंने फिल्म की टीम को गुडलक कहा और अपनी बात खत्म कर दी।

शब्बीर खान से पहले ‘दबंग 3’ के निर्देशन के लिए प्रभुदेवा का नाम सामने था, लेकिन कहा जा रहा है कि प्रभुदेवा के साथ अरबाज की पटरी न जम पाने की वजह से अभी उनका नाम लटका हुआ है। सलमान खान खुद ये कह चुके हैं कि ‘दबंग 2’ का निर्देशन करने वाले अरबाज खान तीसरी कड़ी का निर्देशन नहीं करेंगे। 

उत्तराखंड में खुलेगा ऐसा बैंक जिसके हर ताले की चाबी होगी महिला के पास

0

राज्य सरकार ने राज्य के हर जिले में महिला सहकारी बैंक खोलने की तैयारी कर ली है। इन बैंकों में सभी पदों पर यानी मैनेजर से लेकर कर्मचारियों तक कमान महिलाओं के हाथों में होगी, ये सभी बैंक राज्य सहकारी बैंक के आधीन होंगे।

इस बारे में बताते हुए सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि, ‘राज्यस्तर पर देहरादून और हल्द्वानी में एक-एक महिला बैंक खोला जाएगा। इन बैंकों में सिर्फ महिला स्टाफ ही रहेगा लेकिन खाता कोई भी खुलवा सकेगा।’ महिलाओं को खाता खुलवाने में विशेष मदद व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन बैंकों में महिलाओं के लिए अलग से भी योजनाएं चलाई जाएंगी। इन बैंकों का शुभारंभ जल्द होगा।

बारिश ने नैनी झील को दिया पुनर्जीवन

0
rain saves naini lake

नैनीताल की पहचान नैनी झील पिछले कुछ समय से अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही थी,  झील के पानी के स्तर में लगातार गिरावट आ रही थी और इससे झील के अस्तित्व पर ही खतरे के बादल मंडरा रहे थे। लेकिन पिछले एक महीने में पहाड़ों में हुई झमाझम बारिश ने लोगों को तो परेशान किया है लेकिन नैनी झील को पुनर्जन्म दे दिया है।

बारिश के कारण झील का जलस्तर सामान्य से 1 फुट ऊपर चला गया है। पिछला महीने झील में करीब सामान्य से 7 फुट पानी कम हो गया था। फरवरी 13 से शुरू हुई इस गिरावट के बाद इस महीने ही झील का पानी सामान्य स्तर पर पहुंच सका है। ब्रिटिश काल में बनी 62 कनालों के कारण झील में अब तक हुई 2,352 मीमी बारिश का पानी पहुंच सका है। इसके साथ साथ बारिश के कारण कुछ प्राकृतिक जल स्रोतों को भी जीवन मिला है जिससे झील को मदद मिल रही है।

प्रशासन ने भी झील के साफ सफाई के लिये मशीनों की जगह हाथ से कूड़ा कड़कट साफ करवाना शुरू किया है। नैनी झील के गिरते जल स्तर को लेकर न सिर्फ नैनीताल के लोग बल्कि समाज के हर कोने से लोगों ने आवाज उठाई थी। सरकार से मांग करने से लेकर कैंडल मार्च तक निकाले गये। सरकार भी हरकत में आई और झील के रख-रखाव का काम लोक निर्माण विभाग से लेकर सिंचाई विभाग को दे दिया गया। जानकारों ने बारिश से झील को मिले जीवनदान से राहत की सांस तो ली है पर वो ये भी कहते हैं कि बारिश झील को बचाने का स्थाई समाधान नहीं हो सकता। अगर झील को बचाने के लिये ठोस कदम नहीं उठाये गये तो आने वाले दिनों में फिर विश्व प्रसिद्ध इस झील पर संकट के बादल मंडराने लगेंगे।

फैक्ट्री में धमाके से आधा दर्जन घायल

0

सिडकुल,रुद्रपुर में स्थित आर्चिड फैक्ट्री में एसी में गैस भरते समय आक्सीजन सिलेंडर फट गया। जिसमें छह लोग घायल हो गए। फैक्ट्री प्रबंधन ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों को एसटीएच हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया, हल्द्वानी लाते समय रास्ते में मनोज कुमार की मौत हो गई।

रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में सेक्टर-नौ स्थित आर्चिड प्लाई प्रबंधन ने भूतबंगला निवासी गुफरान को एसी की मरम्मत का ठेका दिया गया। सुबह जब गुरफान अली अपने कर्मियों साहिल, सलीम, मशकूर के साथ फैक्ट्री के प्लांट से लगी गैलरी में सेंट्रलाइज एसी में गैस भर रहा था, इस दौरान वहां इलेक्ट्रिशियन देवरत अौर मनोज भी खड़े थे। अचानक आक्सीजन सिलेंडर धमाके के साथ फट गया, इससे फैक्ट्री में भगदड़ मच गई।

धमाके की चपेट में आकर झुलसे लोगों में चीख पुकार मच गई, घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी प्रभारी एनपी सिंह भी फोर्स के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. अमिता उप्रेती भी सहयोग को पहुंच गई थी। प्रबंधन ने झुलसे लोगों को जिला अस्पताल से हल्द्वानी पहुंचाने के लिए एबुलेंस की व्यवस्था करवा भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि रेफर किए पांच लोगों में मनोज कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया । घटना में एक युवक का हाथ कट कर अलग हो गया है।

कांवड़ यात्रा खत्म, मेला क्षेत्र में गंदगी व दुर्गन्ध से बेहाल लोग, बारिश का इंतजार

0
government to check cleanliness through app

कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद मेला क्षेत्र में फैली गंदगी से परेशान शहर के लोग अब बारिश की दुआ कर रहे हैं। कांवड़ों में जल भरने करोड़ों की संख्या में हरिद्वार आए कांवड़िएं अपने पीछे कई टन गंदगी छोड़ गए हैं।

पूरा मेला क्षेत्र गंदगी से पटा पड़ा है। पंतदीप, रोड़ी बेलवाला, बैरागी कैम्प पार्किंग, नीलधारा क्षेत्र सहित गंगा के तमाम मैदान व घाट गंदगी से पटे हुए हैं। गंगा घाटों पर रेलिंग व पुलों के नीचे कांवड़ियों द्वारा प्रवाहित की गयी सैकड़ों की संख्या में पुरानी कांवड़े फंसी हुई हैं। करोड़ों की संख्या में आए कांवड़ियों के खुले में ही शौच करने की वजह से मेला क्षेत्र में भीषण गंदगी फैली हुई है। गंदगी से उठ रही असहनीय दुर्गन्ध से लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गयी है।
प्रशासन का पूरा ध्यान करोड़ों की संख्या में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालना व उनकी सकुशल वापसी पर रहता है। ऐसे में एनजीटीके आदेशों की भी परवाह कांवड़िएं नहीं करते हैं। इस समय शहर की हालत यह है कि हरकी पैड़ी क्षेत्र के तमाम घाट, बाजार व गलियां कचरे से पटे हुए हैं।

व्यापारियों ने शहर में जगह-जगह फैली गंदगी से निजात दिलाने को लेकर मेयर व नगर आयुक्त से मांग की। महानगर व्यापार मण्डल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने मेयर मनोज गर्ग व नगर आयुक्त से सफाई की मांग करते हुए कहा कि मेयर ने मेला संपन्न होने बाद तीन दिन के अंदर शहर को साफ कराने का वादा किया था, लेकिन मेला समाप्त हुए दो दिन बीत जाने के बाद भी शहर से न तो कूड़ा उठाया जा रहा है, न ही दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा बन रहा है। पूरे मेला क्षेत्र व तमाम पार्किंग में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे उठ रही भीषण दुर्गन्ध के कारण आवागमन भी मुश्किल हो रहा है। भीमगोड़ा पुल के नीचे, हाईवे के दोनों तरफ, सर्वानन्द घाट पार्किंग, बैरागी कैम्प, रोड़ी बेलवाला, पंतद्वीप में सबसे ज्यादा गंदगी फैली हुई है।
जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि मेला निपटने के दो दिन बाद भी नगर निगम सफाई कराने के बजाय सिर्फ बयानबाजी करने में लगा हुआ है। यदि जल्द सफाई नहीं करार्इ गर्इ तो शहर में फैलने वाले संक्रामक रोगों के लिए भी नगर निगम ही जिम्मेदार होगा। जल्द सफाई शुरू नहीं होने पर व्यापारी सड़कों पर उतरकर नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

पाकिस्तानी तीर्थयात्रियों का लालमाता मंदिर में स्वागत

0

सप्तसरोवर मार्ग स्थित सदाणी दरबार आए पाकिस्तानी हिंदू तीर्थयात्रियों का लालमाता वैष्णो देवी गुफा वाले मंदिर में भव्य स्वागत किया गया। सदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश्वर संत युधिष्ठिर प्रसाद, पाकिस्तान सिंध प्रांत में स्थित सदाणी दरबार के संचालक संत जयराम दास शदाणी और तीर्थयात्रियों का स्वागत करते हुए लालमाता वैष्णो देवी मंदिर के संचालक भक्त दुर्गादास ने कहा कि शदाणी वर्ष में दो बार पाकिस्तान में बहने वाली पवित्र नदी सिंधु और हरिद्वार में भगवती स्वरूपा मां गंगा का मिलन कराते हैं। उन्होंने कहा कि शदाणी पाकिस्तानी हिंदुओं को विभिन्न तीर्थस्थलों का दर्शन कराकर पुण्य अर्जित कराते हैं।
पीठाधिश्वर ने कहा कि लालमाता मंदिर में पधारे संत महंतजनों एवं तीर्थयात्रियों का स्वागत कर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। स्वागत से अभिभूत सदाणी दरबार पीठाधीश्वर संत युधिष्ठिर प्रसाद ने कहा कि वे प्रतिवर्ष अमृतसर स्थित लालमाता मंदिर में भी दर्शन करने जाते हैं। सिंध पाकिस्तान स्थित सदाणी दरबार के संचालक संत भाई जयराम दास ने पाकिस्तानी तीर्थ यात्रियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह हमारे लिए ऊर्जा का काम करते हैं, यह हमारी न भूलने वाली स्मृतियां होती हैं।

विदेशी बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत

0

नीदरलैंड से छात्रों का दल शनिवार को प्रवास पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय टांटवाला पहुंचा। विद्यालय की ओर से सभी का गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ तथा विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधि संचालित की गई। नीदरलैंड के छात्रों के दो दल बारी-बारी से 28 जुलाई तक विद्यालय में ही प्रवास करेंगे। ग्लोबल कल्चरल एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत बच्चों का प्रथम दल शनिवार को विद्यालय पहुंचा।

इस अवसर पर विदेशी छात्रों को अपने बीच पाकर बच्चे बहुत खुश हुए तथा हाथ में तिरंगे और फूलमालाएं लिए बच्चों ने गर्मजोशी के साथ भारतीय संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया। इसके उपरांत परिचय आदि की औपचारिकताओं के बाद प्रख्यात संस्था द विनिंग एज की और कल्चर टॉक का आयोजन किया गया। संस्था की चेयरपर्सन विभूति राज्यलक्ष्मी ने भारतीय और नीदरलैंड के बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के बारे में समझाया तथा विभिन्न परिपेक्षों को वैज्ञानिक और तार्किक आधारों पर पुष्ट किया। इसके उपरांत वहां के बच्चों ने अपना प्रेजेंटेशन दिया।
संस्था की ओर से बच्चों को साथ लेकर पौधरोपण किया गया। दिनभर चलने वाली गतिविधि के तहत विदेशी बच्चों ने विद्यालय के विकास कार्यों में हाथ बंटाया तथा श्रमदान किया। विद्यालय के बच्चों से अपनी बातें साझा की तथा विभिन्न रोचक खेल आदि खेले। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।

स्कूल के गैस सिलेंडर में लगी आग

0

चमोली जनपद के प्राथमिक विद्यालय देवलधार में गैस सिलेंडर में उस समय आग लग गई जब स्कूली बच्चों के लिए मीड-डे मील का भोजन पका रहा था। ग्रामीणों की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों ने आपातकालीन नंबर 100 पर डायल भी किया लेकिन वह आउट ऑफ सर्विस बता रहा था, जिसको लेकर लोगों में खासा रोष व्याप्त है।


जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय देवलधार में सुबह नौ बजे जब भोजन-माता बच्चों के लिए भोजन बना रही थी कि अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। हो-हल्ला मचाने के बाद आसपास के ग्रामीण तथा शिक्षकों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, जिससे कोई अनहोनी होने से बच गई। लोगों द्वारा आपातकालीन नंबर-100 पर भी डायल किया लेकिन वह नंबर आउट ऑफ सर्विस बता रहा था।

ऐसे में लोगों कि अपने व्यक्तिगत संबंधों से फायर सर्विस को सूचना दी लेकिन फायर सर्विस के पहुंचने तक लोगों ने आग बुझा दी थी। आपातकालीन नंबर के बंद होने से लोगों में खासा रोष है। क्षेत्र के सुशील डिमरी, दीनबंधू डिमरी, रमेश डिमरी व अन्य लोगों का कहना था कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद में ही यह स्थिति है तो अन्य स्थानों का क्या हाल होगा, अंदाजा लगाया जा सकता है।

मामूली कहासुनी में युवक की हत्या

0

शहर कोतवाली के उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद बढ़े विवाद में तीन लोगों ने एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी अमृतसर पंजाब के निवासी बताए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मक्खनपुर, पीलीभीत, यूपी निवासी राजू परमेश्वर उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में रह रहा था। कांवड़ मेले में अमृतसर पंजाब निवासी तीन युवकों परगट सिंह, जगधीर सिंह व सोनू ने दुकान लगाई थी। शुक्रवार रात मामूली कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों में तकरार हो गई अौर बात हाथापाई तक पहुंची। हाथापाई के दौरान राजू के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया, जिस कारण राजू बेहोश होकर गिर गया।

घायल राजू को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की हत्या के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया।

अधिशासी अभियंता को विजिलेंस की टीम ने घूस लेते पकड़ा

0

श्रीनगर विजिलेंस की टीम ने जनपद चमोली के सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों उनके आवास पर पकड़ा है।

शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे के आसपास श्रीनगर की विजिलेंस की टीम चमोली में सिचांई खंड के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार के निवास पर पहुंची, जहां वे एक ठेकेदार से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े गये। घटनाक्रम के अनुसार, सिचांई विभाग में कार्यरत ठेकेदार रविंद्र बत्र्वाल द्वारा मंडल घाटी के कुनकुली में सिंचाई नहर पर पाइप लाइन बिछाने के कार्य किया गया था। जिसकी पेमेंट विभाग द्वारा एक लाख 68 हजार रुपये की जानी थी। साथ ही विभाग द्वारा जड़ी-बूटी शोध संस्थान में ठेकेदार रविंद्र बत्र्वाल के माध्यम से ही पांच लाख रुपये लागत से सेल्टर हाउस भी बनाये जा रहे थे।

रविंद्र बत्र्वाल का कहना है कि उनके द्वारा जब नहर पर पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद विभाग से भुगतान किये जाने की बात कही गई तो अधिशासी अभियंता द्वारा 28,500 रुपये बतौर कमीशन दिये जाने के बाद ही पेमेंट करने को कहा। जिस पर उनके द्वारा श्रीनगर में विजिलेंस की टीम से संपर्क किया गया। शनिवार को जब वे 15 हजार रुपये लेकर अधिशासी अभियंता के आवास पर पहुंचे और उन्होंने वह राशि अधिशासी अभियंता को दी जिस पर विजिलेंस की टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। विजिलेंस की टीम अधिशासी अभियंता को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए अपने कार्यालय श्रीनगर ले गयी है।