Page 663

स्कूली शिक्षा की दशा और दिशा सुधारेगा आईआईटी

0
IIT to help improve education standards in uttarakhand

राज्य में शिक्षा की दशा और दिशा को सुधारने के मकसद से अब आईआईटी ने कदम आगे बढ़ाया है। आईआईटी रुड़की आसपास के इलाकों के छह प्राइमरी स्कूलों को गोद लेकर शिक्षा के प्रचार-प्रसार का कार्य सर्वशिक्षा अभियान के तहत विज्ञान और तकनीक को बढ़ावा देने के मकसद से यह पहल की जा रही है।

आईआईटी रुड़की आसपास के छह प्राइमरी स्कूलों को गोद लेकर बच्चों के बीच गणित और विज्ञान की कक्षाएं संचालित करेगा। खास बात यह कि यह मुहिम आईआईटी के छात्रों द्वारा चलाई जाएगी। इसके तहत हफ्ते में कुछ दिन छात्र इन स्कूलों में जाकर कक्षाएं लेंगे। प्राइमरी शिक्षा की बुनियाद मजबूत करने की दिशा में सरकार का ये एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सामाजिक संस्थाओं द्वारा समय समय पर इस प्रकार के प्रयास किए जाते रहे हैं। यह पहली बार होगा जब आईआईटी द्वारा प्रदेश में सर्वशिक्षा अभियान के तहत इस तरह का कदम उठाया जाएगा।

प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशक आरके कुंवर ने बताया कि, ‘इस प्रयास का मकसद प्राथमिक स्कूलों में बच्चों के पढ़ने-लिखने, सीखने और बोलने के अभ्यास पर ज्यादा ध्यान देना है। अभियान के तहत आईआईटी के छात्र बच्चों को अपने अंदाज में विज्ञान और गणित का ज्ञान देंगे। प्रोजेक्ट के तहत आईआईटी के छात्र बच्चों के लिए मॉडल और चार्ट भी तैयार करेंगे, जिससे इन विषयों को लेकर बच्चों के बीच पढ़ने में रुचि पैदा होगी।’ 

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप

0

देहरादून में एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। मामला थाना पटेलनगर का है। जहां पटेल नगर निवासी एक युवती ने चंडीगढ़ निवासी एक युवक पर शारीरिक शोषण व 13.28 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि चंडीगढ़ सेक्टर-22 निवासी रोबिन अहलावत पटेलनगर निवासी युवती को शादी का झांसा देकर उसके घर पटेल नगर में ही उसका शारीरिक शोषण करता रहा। लड़की को बहला-फुसलाकर 13.28 लाख रुपये भी हड़प लिए। लड़की के बार-बार कहने के बावजूद युवक शादी करने की बात को टालता रहा। लड़की को शक हुआ तो उसने अपने पैसे वापस मांगे, आरोपी ने पैसे वापस करने से इंकार कर दिया। साथ ही लड़की को जान से मारने की धमकी देने लगा। बात बढ़ने पर समझौता करने की बात हुई। आरोपी ने समझौते के तहत एक चेक युवती को दिया जो बाउंस हो गया।

थाना पटेलनगर एसआई मीना आर्य ने बताया कि उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

कांवड़िये के भेष में तीन मोबाइल चोर धरे

0

दून पुलिस ने कांवडियों के भेष में मोबाइल चोरी करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 12 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत एक लाख से ऊपर आंकी गई है।

पटेलनगर थाने से मिली सूचना के अनुसार 16 जुलाई को नत्थुवाला पेलियों, थाना पटेलनगर, निवासी दीपक कश्यप ने दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए विशष टीम गठित कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शनिवार को कुरूक्षेत्र ,हरियाणा के थाना लाडवा, क्षेत्र से चोरी के सामान के साथ 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुरूक्षेत्र हरियाणा निवासी संजीव उर्फ दीपा, नरेश उर्फ नीशू, राजा खान के रूप में हुई है। जो राजमिस्त्री, सेल्समेन, गाड़ी मैकेनिक का काम करते हैं।

आरोपियों ने बताया कि संजीव अपने दोस्तों राजा खान, नरेश के साथ नीलकंठ कांवड मेला गया था, लौटते समय रात को नया गांव की बंद दुकान में ताला तोड़कर दुकान से मोबाइल, नकदी, चार्जर चोरी कर लिए गए। चोरी की घटना के बाद आरोपी हरिद्वार के रास्ते अपने गांव हरियाणा चले गए। पुलिस ने तीनों गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जेल भेज दिया है। 

सेक्स रैकेट का भंडाफोड़

0

सेक्स रैकेट का रुद्रपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह रैकेट नई-नई लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर सेक्स के धंधे में धकेलने का काम करता है। रैकेट में प्रवेश करते ही एनटीडी अल्मोड़ा की छात्रा पुलिस के शिकंजे में फंस गई। हालांकि छात्रा का कहना था कि वो वहां गई थी, लेकिन उसका इस धंधे से कोई सरोकार नहीं है। पुलिस ने रैकेट के दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

सीओ सिटी स्वतंत्र कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि मलिक कालोनी में बहल किराना स्टोर के पास स्थित सोनम गुप्ता के मकान में दो महिलाएं एवं तीन पुरूष अनैतिक धंधे में लिप्त हैं। सीओ सिटी ने सूचना पर एसआई कृष्ण कुमार समेत कोतवाली से आधा दर्जन फोर्स लेकर बताए गए मकान पर छापा मारा। छापे के दौरान जब मकान का दरवाजा खुलवाया तो पांचों लोग आपत्तिजनक एवं नग्न अवस्था में मिले।

पुलिस को देखकर इन लोगों ने भागने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस सभी को दबोच कर कोतवाली ले आई। पुलिस को मौके से सिगरेट, नगदी के अलावा कई अन्य आपत्तिजनक सामान मिला है। पकड़े गए लोगों में गैंग की सरगना हयातनगर ममता उर्फ सीमा पत्नी गुड्डू उर्फ नईम, अल्मोड़ा की मीनाक्षी बिष्ट, शीशगढ़ (बरेली) के मोहम्मद यामीन, सिवान (बिहार) के राजू यादव एवं चकौनी किच्छा निवासी मोहित शामिल हैं। हालांकि इस गैंग में शामिल बताई गई मीनाक्षी ने अपने को पूरी तरह निर्दोष बताया है।  कहा कि वो अपनी सहेली के साथ यहां आई थी, उसका सैक्स रैकेट से कोई सरोकार नहीं है।  पुलिस ने मामले में सभी के खिलाफ देह अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को देर दोपहर कोर्ट में प्रस्तुत किया है।

दिल्ली से लापता बच्चे देहरादून में मिले

1

समाज कल्याण विभाग की मशक्कत के चलते दिल्ली से लापता दो मासूम अपने परिजनों से मिल पाएंगे। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से गायब हुए दो बच्चे भटकते हुए पहले हरिद्वार और फिर दून पहुंच गए। दोनों बच्चों को समाज कल्याण विभाग के शिशु निकेतन में रखा गया है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है, वे सोमवार को दून पहुंचेंगे।

अपर सचिव समाज कल्याण मनोज चंद्रन के अनुसार, सात वर्ष व नौ वर्ष के दो बच्चे सात दिन पहले हरिद्वार के रेलवे स्टेशन पर लावारिस घुमते हुए मिले थे। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़कर हरिद्वार से दून ले आई, जहां उन्हें शिशु निकेतन में रखा गया। तीन दिन पहले अपर सचिव ने दोनों बच्चों की काउंसिलिंग की तो पता चला कि उनमें से पूर्वी दिल्ली निवासी है तो दूसरा पश्चिमी दिल्ली से है। इसके बाद उनके घरों की तलाश शुरू की गई। अपर सचिव ने टीम भेजकर दोनों के परिजनों की तलाश कराई। दो दिन की मशक्कत के बाद आखिरकार दोनों के माता-पिता का पता चल गया। परिजनों ने बताया कि उन्होंने बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 

हरिद्वार के 35 गंगा घाटों की हुई सफाई

0

स्पर्श गंगा अभियान के 49वें चरण में रविवार को हरिद्वार स्थित 35 गंगा घाट तथा पंतद्वीप पार्किंग पर स्पर्श गंगा टीम व सिटी मजिस्ट्रेट जयभारत सिंह के साथ गंगा सफाई अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट जयभारत सिंह ने कहा कि मेरे कार्यकाल में मैंने स्पर्श गंगा टीम को कई बार गंगा की स्वच्छता एवं अविरलता के लिए एक मुहिम चलाते देखा हैं। मैंने कई बार टीम के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लिया हैं। उन्होंने कहा कि स्पर्श गंगा टीम के अभियान में शासन और प्रशासन के साथ मिलकर वह इस सफाई अभियान में हिस्सा लेगें।

इस अवसर पर स्पर्श गंगा टीम के संयोजक शिखर पालीवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा हिन्दुओं की सबसे बड़ी धार्मिक यात्रा है। लेकिन इस यात्रा में कुछ ऐसे असमाजिक तत्व शहर में आकर गंदगी फैलाते हैं। पंतद्वीप पार्किंग में सफाई के दौरान सैकड़ों शराब की बोतलें पाई गई। जिससे असमाजिक तत्वों के द्वारा कांवड़ यात्रा पर प्रश्नचिन्ह लगाये गये।

उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह स्पर्श गंगा अभियान का 50वां अभियान हैं। अभियान को संयुक्त रूप से सारी टीमों के साथ मिलकर पंतद्वीप पार्किंग व उससे लगे गंगा घाटों की सफाई की जायेगी।  स्पर्श गंगा टीम के मीडिया प्रभारी शैलेश डबराल ने कहा कि टीम के 50वें चरण में पूरे उत्तराखण्ड की सारी टीमों के साथ संयुक्त रूप से हरिद्वार हरकी पौड़ी, पंतद्वीप पार्किंग व उससे लगे घाटों की सफाई की जायेगी। साथ ही साथ संकल्प लिया जायेगा कि गंगा को गंगोत्री से गंगा सागर तक स्वच्छ व अविरल किया जायेगा। उन्होंने बताया कि शासन प्रशासन इसमे अपना पूर्ण सहयोग कर रहा है। लेकिन हरिद्वार में कावंड़ यात्रा के दौरान इस तरह के मादक पदार्थ मिलना बहुत ही शर्मनाक बात हैं उन्होंने नगर निगम की मंशा व सवाल खड़े किये व नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह उठाये। 

निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी बनाएंगे ‘ उड़ान 2’

0

हाल ही में राजकुमार राव के साथ ‘ट्रैप्ड’ फिल्म बनाने वाले निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी अब बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म ‘उड़ान’ का सीक्वल बनाने जा रहे हैं। पिता-पुत्र के रिश्तों पर आधारित विक्रमादित्य मोटवानी की उड़ान को काफी पसंद किया गया था और फिल्म ने कई अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीते थे। विक्रमादित्य ने ‘ट्रैप्ड’ के दौरान ही ‘उड़ान 2’ की योजना के संकेत दिए थे।

जहां उड़ान की कहानी झारखंड पर आधारित थी, वहीं सुना है कि ‘उड़ान 2’ की कहानी मुंबई में होगी और इस बार भी कहानी का आधार पिता-पुत्र के रिश्तों को लेकर ही रहेगा, सूत्र बताते हैं कि कहानी बनकर तैयार हो गई है और कास्टिंग का काम शुरू होने जा रहा है, फिल्म इस साल के अंत तक शुरू होगी।

इस फिल्म का निर्माण फैंटम कंपनी करेगी, जिसमें विक्रमादित्य मोटवानी के साथ-साथ अनुराग कश्यप और विकास बहल पार्टनर हैं। उड़ान की पहली कड़ी की पटकथा अनुराग कश्यप ने लिखी थी। अनुराग इसकी सीक्वल की पटकथा में भी योगदान दे रहे हैं। विक्रमादित्य मोटवानी इन दिनों ‘भावेश जोशी’ नाम से फिल्म बना रहे हैं, जिसमें अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर की मुख्य भूमिका है और इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। 

इंदु सरकार’ की रिलीज पर रोक पर अदालत में केस दर्ज

0

निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर की विवादों में फंसी फिल्म इंदु सरकार के रिलीज में एक सप्ताह से भी कम का वक्त बचा है, लेकिन फिल्म पर मंडरा रहे संकट के बादल कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक ओर फिल्म को अभी तक सेंसर बोर्ड का सार्टिफिकेट नहीं मिला है।

दूसरी ओर ताजा खबर ये है कि पुणे में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए स्थानीय अदालत में केस दर्ज कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, पुणे के सामाजिक कार्यकर्ता अनवर शेख, जो कांग्रेसी नेता माने जाते हैं, उन्होंने इस फिल्म के खिलाफ स्थानीय अदालत में केस दर्ज कराया है और फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। कोर्ट ने केस को स्वीकार कर लिया है और सुनवाई के लिए सोमवार 24 जुलाई का दिन मुकर्रर किया है। अपनी याचिका में अनवर शेख की तरफ से कहा गया है कि फिल्म में आपातकाल की परिस्थितियों को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है, जिससे उस वक्त की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पसंद करने वाले लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।

याचिका में इस बात को लेकर भी आशंका जताई गई है कि इस फिल्म के विरोध में हिंसा भी हो सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है। याचिका में मधुर भंडारकर के साथ फिल्म के कलाकारों की टीम को भी आरोपित किया गया है। याद रहे कि कुछ दिनों पहले ही पुणे में जब मधुर भंडारकर अपनी फिल्म की टीम को लेकर वहां प्रमोशन करने आए थे, तो स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने फिल्म और मधुर का कड़ा विरोध किया था और मधुर को वो कार्यक्रम रद्द करना पड़ा था।

पुणे के बाद नागपुर में भी फिल्म का कार्यक्रम कांग्रेसी नेताओं के विरोध के चलते रद्द करना पड़ा था। फिल्म के सेंसर सार्टिफिकेट के लिए मामला एपीलेट ट्रिब्यूनल में चल रहा है। जहां मधुर भंडारकर ने सेंसर बोर्ड द्वारा 16 कट्स के आदेश को चुनौती दी है। एपीलेट में अभी तक इस मामले को लेकर सुनवाई शुरु नहीं हुई है। 

प्रतिष्ठित टेंपल्टन फाउंडेशन समिति के पहले भारतीय जज होंगे डॉ. चिन्मय पण्ड्या

0
Chinmaya pandya gets international recognition

आध्यात्मिक क्षेत्र के नोबल पुरस्कार माने जाने वाले टेंपल्टन पुरस्कार जांच समिति के प्रथम भारतीय जज होने का गौरव देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या को मिला है। उनके चयन पर अखिल विश्व गायत्री परिवार व देश-विदेश के सामाजिक व आध्यात्मिक संस्थानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे वैज्ञानिक अध्यात्मवाद की एक बड़ी उपलब्धि बताया। 


हाल में डॉ. चिन्मय को इस आशय का एक पत्र टेंपल्टन फाउण्डेशन के अध्यक्ष हिथर टेंपल्टन डिल की ओर से मिला। उन्होंने पत्र में अनुरोध किया कि वे इस पद को संभालने के साथ इस क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं एवं लोगों का मार्गदर्शन करें। पत्र में बताया गया है कि 1972 में स्थापित यह फांउडेशन प्रत्येक वर्ष विभिन्न देशों के चयनित उन व्यक्ति को यह पुरस्कार देता है, जिन्होंने व्यवहारिक कार्यों के माध्यम से, जीवन के आध्यात्मिक आयाम की पुष्टि करने के लिए असाधारण योगदान दिया हो।

उल्लेखनीय है कि भारत के तीन व्यक्तियों को अब तक यह पुरस्कार मिला है, जिनमें पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन, भारतरत्न मदर टेरेसा और प्रख्यात दार्शनिक पांडुरंग शास्त्री आठवले। डॉ. चिन्मय पण्ड्या का कार्यकाल अक्टूबर 2017 से आगामी तीन वर्ष के लिए होगा। वे इस पद पर रहते हुए देश-विदेश में आध्यात्मिक व सामाजिक क्षेत्रों में कार्य कर रहे जांच समिति द्वारा नामित व्यक्तियों में से किसी एक का चयन करेंगे। अपने चयन पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह सम्मान केवल मेरा ही नहीं है, वरन् उन सभी भारतीयों का है, जो इस क्षेत्र से जुड़े हैं। डॉ. चिन्मय ने अपने चयन को गुरुदेव एवं माताजी की विशेष अनुकंपा मानते हुए कहा कि जज के रूप में नामित होना गायत्री परिवार व देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के लिए ही नहीं, वरन् पूरे देश के लिए गौरव की बात है।

हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में सरकार देगी चुनौती

0

उच्च शिक्षा राज्यमंत्री, डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि कुमाऊं विवि समेत राज्य के अन्य विवि में स्थानीय छात्रों को दस फीसद अधिमान अंक खत्म के हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। विभाग के उपनिदेशक स्तर के अधिकारी को दिल्ली में ही डटे रहने को कहा गया है। विशेष अनुमति याचिका में राज्य की परिस्थितियां भिन्न होने के साथ ही राज्य के बोर्ड से 12वीं में 75 फीसद अंक से अधिक नहीं आने को आधार बनाया गया है।

नैनीताल क्लब में मीडिया से मुखातिब डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश के विवि कैंपस व कॉलेजों में पहली बार 90 फीसद एडमिशन ऑनलाइन किए गए हैं। एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि जब तक कॉलेजों में भवन समेत अन्य अवस्थापना सुविधाएं नहीं हों, तब तक सेमेस्टर सिस्टम प्रभावी नहीं हो सकता। पहाड़ के कॉलेजों में दिक्कतों को देखते हुए सेमेस्टर सिस्टम पर पुनर्विचार किया जा रहा है, इसके लिए शिक्षाविदों की कमटी बनाई जा रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के साथ हुई बैठक में एक से लेकर दसवीं तक की कक्षा में फेल नहीं करने की नीति पर फिर से विचार करने तथा बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने का सुझाव दिया है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य के डिग्री कॉलेजों में 524 शिक्षकों की कमी है जबकि 448 प्राध्यापक संविदा पर काम कर रहे हैं।

शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए राज्य लोक सेवा आयोग के साथ बैठक की गई, उम्मीद है अगले दस दिन में राज्य में करीब नौ सौ डिग्री कॉलेज शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेजों में शौचालय समेत अन्य सुविधाओं के लिए तीन करोड़ की धनराशि जारी की गई है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा एक समान विभागों के एकीकरण करने के फैसले को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि नीति आयोग ने भी ऐसा सुझाव दिया है।