Page 662

छत गिरने से 1 की मौत, 5 घायल

0

कानूनगो उपेंद्र दत्त बहुगुणा से प्राप्त सूचना के अनुसार बीते रविवार को राजस्व क्षेत्र कंडीसौड़ में कमाद 5 किमी उत्तरकाशी की ओर बेलगांव में भारी बारिश से हरपाल सिंह पुत्र ज्ञान सिंह के दो मंजिला मकान की छत टूटने से एक परिवार के 6 सदस्य दब गए राजस्व पुलिस और आपदा टीम द्वारा तुरन्त मौके पर पहुंच कर बचाव राहत कार्य किया गया दबने वालो में एक 13 वर्षीय बालिका स्वाति की मौत हो गयी 5 अन्य घायल हो गए। घायलों में हरपाल सिंह 40 वर्ष, बीना देवी 38 वर्ष, कु0 किरन 20 वर्ष,कु0 पूजा 18 वर्ष, रौनक 6 वर्ष हैं। घायलों को कोई गम्भीर चोंटे नही है ।मृतक बालिका के शव का पंचायतनामा राजस्व पुलिस द्वारा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी लाया जा रहा है।

मस्जिद से अजान को लेकर अब सुचित्रा कृष्णामूर्ति विवादों में

0

कुछ दिनों पहले गायक सोनू निगम द्वारा सोशल मीडिया पर सुबह सवेरे मस्जिद से होने वाली अजान के लिए लाउडस्पीकर को लेकर किए गए सोशल मीडिया पर पोस्ट से बवाल शांत ही हुआ था, कि अब एक और ऐसा ही विवाद सामने आ गया है। पूर्व एक्ट्रेस और गायिका सुचित्रा कृष्णामूर्ति ने भी सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा ही पोस्ट किया है, जिसको लेकर उन पर चौतरफा हमले हो रहे हैं।

सुचित्रा ने ट्विटर पर पोस्ट की थी कि सुबह घर आकर अजान की आवाज से उनके कान फट रहे हैं। उन्होंने गुस्से में लिखा था कि किसी सभ्य समाज में कोई इस तरह की कट्टरता नहीं थोप सकता, जैसा कि हमारे यहां धर्म के नाम पर होता है। एक दूसरी पोस्ट में सुचित्रा ने लिखा था कि वे किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं, न ही उनको नमाज से कोई परेशानी है।

उनका सवाल सिर्फ सुबह सवेरे होने वाली अजान को लेकर है, जिसके शोर से उनको सोना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने सुबह सवेरे लाउडस्पीकर पर अजान करके मुहल्ले को जगाने की कवायद को असभ्यता कहा था। उनका ये भी कहना था कि अजान के नाम पर मुस्लिम देशों में भी ये सब नहीं होता, जो हमारे यहां होता है।

सुचित्रा के इन पोस्ट पर सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और उनके खिलाफ आलोचना का एक दौर शुरु हो गया। अब सुचित्रा ने कहा कि वे अपनी बात कह चुकी हैं और ये उनकी अपनी सोच है। सुचित्रा ने कहा कि उनकी पोस्ट का किसी धर्म या राजनीति से नहीं, बल्कि कानफोड़ने वाली आवाज को लेकर विरोध है। सुचित्रा 90 के दशक में शाहरुख खान के साथ फिल्म कभी न कभी में नायिका रही हैं।

फिल्मकार शेखर कपूर के साथ उनकी शादी हुई, जिससे उनकी एक बेटी कावेरी भी है, जो गायिकी में हाथ आजमा रही है। बाद में शेखर कपूर के साथ सुचित्रा का तलाक हो गया। कुछ सालों पहले सुचित्रा ने 2005 में रामगोपाल वर्मा की फिल्म माई वाइफ मर्डर में अनिल कपूर की पत्नी और फिर रामगोपाल वर्मा की फिल्म रण (2010) में काम किया था।

सुचित्रा से पहले इसी साल अप्रैल के महीने में सोनू निगम ने जब अजान के दौरान लाउड स्पीकर का इस्तेमाल करने को लेकर विरोध जताया था, तो इतना हंगामा हुआ था कि बंगाल से एक मुस्लिम नेता ने सोनू के बाल काटने वाले को ईनाम देने का फतवा दे दिया था। सोनू निगम ने उस वक्त सोशल मीडिया छोड़ दिया था, जब टिवटर ने महिलाओं के खिलाफ अभद्र पोस्ट करने वाले गायक अभिजीत का एकाउंट सस्पेंड कर दिया था।

इंदु सरकार को लेकर देश भर के सिनेमाघरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

0

मुंबई हाईकोर्ट द्वारा मधुर भंडारकर की फिल्म इंदु सरकार की रिलीज पर रोक लगाने की याचिका को रद्द किए जाने के बाद फिल्म के रिलीज का रास्ता तो साफ हो गया, लेकिन इस फिल्म को लेकर विवाद अभी जारी है। अगले शुक्रवार को रिलीज होने के लिए तैयार इस फिल्म के प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र के सिनेमाघरों की ओर से राज्य सरकार से सुरक्षा की मांग की गई है।

सिनेमाघर मालिकों को आशंका है कि इस फिल्म का विरोध कर रही कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता थिएटरों में तोड़फोड़ मचा सकते हैं। खास तौर पर पुणे और नागपुर शहरों में हिंसात्मक विरोध की आशंका सिनेमाघर वालों को है। इन दोनों शहरों में फिल्म के प्रमोशन के लिए होने वाले समारोह का भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था और विरोध के चलते इन कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा था।

सिनेमाघर मालिकों की एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन दातर ने कहा कि, ‘देश के सभी राज्यों की सरकारों को इस बाबत पत्र लिखा गया है कि सिनेमाघरों को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि फिल्म के प्रदर्शन में बाधा न पड़े। हमें फिल्म से जुड़े विवाद से कोई मतलब नहीं है और न ही हम इसका हिस्सा हैं, लेकिन अगर हमारे थिएटरों में विरोध के नाम पर तोड़फोड़ होती है, तो नुकसान हमारे थिएटरों का होगा।’

मुंबई पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिन सिनेमाघरों की ओर से सुरक्षा की मांग की गई है, वहा सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। 

पहलाज निहलानी ने आईफा को भिजवाया नोटिस

0

सेंसर बोर्ड के चेयरमैन पहलाज निहलानी की ओर से आईफा अवॉर्ड समारोह का आयोजन करने वाली कंपनी विजक्राफ्ट को नोटिस भिजवाया गया है। ये नोटिस इस आरोप के साथ भिजवाया गया है कि अमेरिका के न्यूयॉर्क में पिछले सप्ताह संपन्न हुए आईफा अवॉर्ड समारोह के दौरान उनका वॉचमैन कहकर मजाक उड़ाया गया।

नोटिस के मुताबिक, शो के एंकर रितेश देशमुख और मनीष पॉल ने उनकी तस्वीर लहराते हुए उनके लिए वॉचमैन शब्द का इस्तेमाल किया। नोटिस में पहलाज की ओर से विजक्राफ्ट से इस मामले में तुरंत बिना शर्त माफी मांगने को कहा गया है। साथ ही कंपनी से कहा गया है कि वे आश्वस्त करें कि भविष्य में ऐसी कोई घटना नहीं होगी। नोटिस के मुताबिक, अगर कंपनी ने नोटिस जारी होने के दस दिनों के अंदर बिना शर्त लिखित माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विजक्राफ्ट कंपनी की ओर से अभी नोटिस मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कंपनी ने इस घटना से इंकार किया है और कहा है कि शो के दौरान किसी का मजाक नहीं उड़ाया गया।  कंपनी के सूत्रों का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला होगा। आईफा अवॉर्ड होने के बाद पहलाज निहलानी ने इस समारोह के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ये दावा गलती है कि आईफा बॉलीवुड का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करता है।

पहलाज का कहना था कि इस समारोह से बॉलीवुड के आधे लोग दूर रहते हैं, फिर इसे कैसे बॉलीवुड का प्रतिनिधि मान लिया जाए। पहलाज के समर्थन में विवेक अग्निहोत्री सहित कई लोग सामने आए थे, जिन्होंने इस आयोजन को चंद सितारों के लिए पेड हॉलीडे करार दिया था और कहा था कि ऐसे आयोजन में बॉलीवुड की गरिमा के साथ खिलवाड़ किया जाता है।

इस बार आईफा में भाईभतीजावाद को लेकर हुए मजाक में कंगना पर कटाक्ष करने का मामला भी तूल पकड़ गया है। आईफा के मंच से करण जौहर, वरुण धवन और सैफ अली खान ने भाईभतीजावाद के नाम पर कंगना का मजाक उड़ाया था। मामला गंभीर होने पर तीनों ने ही इसे लेकर माफी मांग ली, जिसे कंगना ने खारिज कर दिया है। 

शाहरुख की ‘जब हैरी मीट्स सेजल’ को सेंसर बोर्ड से मिली हरी झंडी

0

4 अगस्त को रिलीज होने जा रही शाहरुख खान की फिल्म, ‘जब हैरी मीट्स सेजल’ को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है। दिलचस्प बात ये रही कि बिना किसी कट के इस फिल्म को ‘यू/ए’ सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया गया है। ये खबर इसलिए ज्यादा अहम हो जाती है कि सेंसर बोर्ड की तरफ से फिल्म के ट्रेलर में इंटरकोर्स शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए इसे हटाने का आदेश दिया था।

सेंसर बोर्ड के चेयरमैन पहलाज निहलानी ने इस बात पर कड़ी आपत्ति की थी कि सेंसर बोर्ड के आदेश का पालन किए बिना ही फिल्म के ट्रेलर को सोशल मीडिया पर लांच कर दिया था। पहलाज निहलानी ने फिल्म की टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी।  अब सेंसर बोर्ड के अधिकारी और पहलाज निहलानी में से कोई ये स्पष्ट करने के लिए तैयार नहीं है कि क्या फिल्म में से भी इंटरकोर्स शब्द को हटाने का आदेश हुआ है। अगर फिल्म को कोई कट्स नहीं मिला है, इसका मतलब है कि फिल्म में ये शब्द बना रहेगा।

शाहरुख खान ने ट्रेलर में इंटरकोर्स शब्द पर सेंसर की आपत्ति पर अपने कमेंट में कहा था कि उनकी फिल्में पूरे परिवार के लिए होती हैं और वे कोई ऐसा संवाद या सीन नहीं रखेंगे, जिसके चलते फिल्म को परिवार के साथ देखने में असहजता हो। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ एक बार फिर अनुष्का शर्मा की जोड़ी नजर आएगी। 

लंदन में तिरंगे के अपमान को लेकर घिरे अक्षय कुमार, मांगी माफी

0

रविवार को लंदन के लार्ड्स क्रिकेट मैदान में हुए महिला विश्व कप के फाइनल के दौरान भारतीय महिला टीम का हौसला बढ़ाने पंहुचे अक्षय कुमार उस वक्त आलोचनाओं में घिर गए, जब सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें उन्होंने गलत तरीके से तिरंगा झंडा थामा हुआ है।

इस तस्वीर के ‍वायरल होते ही जब सोशल मीडिया पर तिरंगे का अपमान करने को लेकर अक्षय कुमार की आलोचना शुरू हुई, तो अक्षय कुमार की ओर से मीडिया के नाम जारी एक बयान में माफी मांगी गई। इस बयान में अक्षय कुमार की ओर से कहा गया कि तिरंगे का अपमान करने की बात वे सोच भी नहीं सकते। उस पल में जो भी हुआ, वो अनजाने में हुआ। फिर भी अगर मेरी वजह से किसी को ठेस पंहुची हो, तो मैं अपनी गलती मानकर माफी मांगने के लिए तैयार हूं।

अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली नई फिल्म टायलेट एक प्रेमकथा के प्रमोशन के लिए लंदन के दौरे पर हैं। अक्षय की ये फिल्म 11 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को समर्पित कही जाने वाली इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा भूमि पेड़णेकर, सुधीर पांडे और अनुपम खेर मुख्य भूमिकाओं में हैं। हाल ही में ये फिल्म रिलीज से पहले आनलाइन लीक होने के मामले को लेकर सुर्खियों में रही, लेकिन पाइरेसी के इस मामले पर जल्दी ही काबू पा लिया गया।

सुबेदार लेखराज को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

0

देश की सेवा में तत्पर रहने वाले एक जवान को सीमा पर दुश्मन की गोलियां तो नहीं मार पायी मगर उसके शरीर के अन्दर के दुश्मन ने ही उन्हे मार दिया और देश की सेना के एक जवान ड्यूटी के दौरान बिमारी से मौत हो गयी, जिनके पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ नागालैंड से काशीपुर के आवास विकास में उनके घर पर लाया गया। जवान के पार्थिव शरीर के पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों और सैन्य अधिकारियों ने नम आंखों से वीर सैनिक को आखिरी विदाई दी गयी।

तीरंगे में लिपटे घर पहुंचा पार्थिव शरीर है सुबेदार लेखराज सिंह का है। पौडी जिले के रहने वाले सुबेदार लेखराज नागालेंड में 28 आसाम राईफल्स तैनात थे, सुबेदार लेखराज सिंह एक साल से बिमारी से जूझ रहे थे और अचानक ही उनकी बिमारी ने उनके शरीर को तोड दिया और उनकी उपचार के दौरान ही मौत हो गयी।

लेखराज सिंह ने देश के लिए कारगिल युद्ध में भाग लेते हुए दुश्मनों के कई बंकर उडाकर अपनी सेना का मान बडाया था। 1980 में सेना में भर्ती हुए लेखराज सेना भर्ती जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम देते थे, सीमा पर दुश्मनो से डट कर मुकाबला करने वाले लेखराज के शरीर के अंदर के दुश्मन आखिर उनकी जान ले ली। 23 जुलाई को अचानक तबीयत बिगडने पर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मैौत हो गय़ी, जिसके बाद उनके पार्थव शरार को सैन्य बल के साथ काशीपुर लाया गया। पूरे सैन्य सम्नान के साथ उनको अंतिम विदाई दी गयी।

एटीएम क्लोनिंग में आरोपियों की पहचान, 34 लाख की रिकवरी

0

सूबे की राजधानी देहरादून में एटीएम क्लोंनिग कर 30 लाख की ठगी करने वाले गिरोह की पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस के मुताबिक एटीएम क्लोनिंग में शामिल हरियाणा के तीन युवकों की पहचान कर उनके खातों से 34 लाख रुपये की रिकवरी की गई है। हालांकी, तीनों आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। पहचाने गए आरोपियों में रामबीर, सुदेश और जगमोहन, सभी झज्जर, हरियाणा के रहने वाले हैं।

राजधानी में एटीएम क्लोंनिग कर रुपये निकालने का मामला पुलिस के सामने बीती 14 जुलाई को आया। पुलिस को सुचना मिली कि विभिन्न बैंकों के एटीएम की क्लोंनिग कर खाताधारकों की धनराशि संदिग्ध रूप से निकाली जा रही है।इस पर पुलिस एवं एसटीएफ ने वादीगण की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कराते हुए तत्काल कार्यवाही शुरू की। अभी तक अभियुक्तों ने पीड़ितों के कुल तीस लाख रुपये निकाले थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बीती एक जुलाई से आठ जुलाई के बीच देहरादून में ही रहकर एटीएम में स्कीमर लगाए और क्लोंनिंग की। इसके बाद जयपुर में जाकर खाताधारकों की धनराशि निकाली। इस के बाद आरटीजीएस के माध्यम से अभियुक्तों के विभिन्न खातों में 11 लाख, 7 लाख, 5 लाख, 2 लाख और 9 लाख, कुल 34 लाख रुपये जमा कराए गए। उक्त सभी बैंक खातों को सीज कर दिया गया है। पीड़ितों की निकाली गई समस्त धनराशि पुलिस ने बैंकों से प्राप्त कर ली है। इसे नियमानुसार सम्बन्धित को वापस किया जाएगा। अभियुक्तों की तलाश में पुलिस की टीम विभिन्न स्थानों में दबिश दे रही है।

पहाड़ों में पहुंच के लिये अब बिजली के तारों में दौड़ेगा इंटरनेट

0

देश भर में केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया की चर्चा है। केंद्र और राज्य सरकारें इंटरनेट के माध्यम से लोगों को जोड़ने और उनके जीवन को आसान बनाने की कवायद में लगी हैं। उत्तराखंड में भी सरकार ने डिजिटल क्रांति को अपनाने के लिये कई कार्यक्रम शुरू किया हैं। लेकिन राज्य की भूगौलिक स्थिति के कारण इसमें सरकार को काफी अड़चने आ रही हैं। लेकिन अब सरकार ने इसका तोड़ निकालने के लिये बिजली के तारों के जरिये दूर दराज के इलाकों में हाई स्पीड इंटरनेट मुहैया कराने की तैयारी की है। इसके लिये पावर काॅपरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने राज्यभर में फैले अपने बिजली के तारों के नेटवर्क के जरिये इंटरनेट की सुविधा देने का भी फैसला किया है।

इसके लिये यूपीसीएल अपने नेटवर्क और लगातार इंटरनेट देने वाली निजि कंपनियों के साथ इस प्राॅजेक्ट का खांचा तैयार कर रहा है। अगर इस योजना को अमली जामा पहनाया जाता है तो आने वाले दिनों में पहाड़ों में भी हाई स्पीड इंटरनेट चल सकेगा। उत्तराखंड के अधिक्तर इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट कनक्टिविटी के हालात किसी से छुपी नहीं हैं। इस बारे में हाल ही में केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने भी मोबाइल सेवाऐं देने वाली निजि और सरकारी कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोला था। इसके बाद खुद मुख्यमंत्री ने भी टेलिकाॅम क्ंपनियों को हिदायत दी थी कि मौजानी इलाकों में केवलिंग की इजाजत तभी मिलेगी जब कंपनियां पहाड़ों में नेटवर्क सुधारने पर जार देंगी। दुर्गम पहाड़ी इलाके ही नहीं शहर के भी कई इलाकों में मोबाइल औऱ नेट सेवाओं का ख्सताहाल है।

यूपीसीएल इसी का समाधान निकालने के लिये अपने राज्यभर में फैले नेटवर्क का इस्तेमाल करना चाहता है। यूपीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह बिजली आपूर्ति पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। और इस प्राॅजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है।बहरहाल अगर यूपीसीएल की ये योजना कामयाब होती है तो उत्तराखंड का हर गांव इंटरनेट की सुविधा से जुड़ सकेगा और प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के सपने को सुबह का सवेरा देखने में और बल मिलेगा।

क्रिकेट को नहीं पावर लिफ्टिंग को मिला ये खिलाड़ी

1

कहते हैं कि किस्मत से ज्यादा औऱ वक्त से पहले कुछ नहीं मिलता। कुछ इसी की मिसाल हैं देहारदून के अंकित मिश्रा। 23 साल के अंकित तीन भाई बहनों में सबसे बड़े हैं। देहरादून में अपनी स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद अंकित ने डीएवी काॅलेज से बी काॅम की पढ़ाई की। पढ़ाई के साथ-साथ अंकित की खेलों में भी खासी रुची रही थी औऱ आम युवाओं की तरह ही अंकित भी क्रिकेट में अपना करियर बनाने को सपने देख रहे थे। वो कहते हैं कि, ‘खेलों के प्रति मेरी पहले से ही रुची रही है और मुझे क्रिकेट खेलने का बहुत शौक था। पर क्रिकेट में कुछ खास सफलता नहीं मिल रही थी, इसके बाद मैने जिम में बाॅडी बिल्डिंग शुरू की। इसके लिये मेरे परिवार ने मेरा काफी साथ दिया।’

ankit mishra

19 साल की उम्र में अंकित ने पहली बार ‘नार्थ इंडिया पावर लिफटिंग चैंपियनशिप’ में 66 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लिया और 200 खिलाड़ियों में पांचवा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद से ही अंकित ने बाॅडी बिल्डिंग को अपनी मंजिल बना लिया। इस युवा खिलाड़ी के दृड़ संकल्प का उद्धाहरण इसी से मिलता है कि एक एक्सीडेंट के बाद वो करीब एक साल तक बिस्तर पर रहा लेकिन ये हादसा ने अंकित की हिम्मत को नहीं तोड़ा। 2014 में काशीपुर में हुई ‘स्टेट पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप’ में अंकित ने गोल्ड मेडल जीतकर सबको अपनी काबलियत का लोहा मनवा लिया। इसके बाद अंकित की कामयाबी का सिलसिला नहीं रुका। 2015 में 66 किलोग्राम कैटिगरी मेें अंकित को ओवरआॅल चैंपियन घोषित किया गया। और इसी साल जुलाई में राज्य स्तरीय मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतकर सीधे नेशनल्स में अपनी जगह पक्की कर ली है।

आज अंकित इंडिया को पावर लिफ्टिंग में ओलंपिक गोल्ड दिलाने के सपने को साकार करने के लिये दिन में तीन से चार घंटे जिम में पसीना बहाते हैं। इसके साथ-साथ देहरादून में 26-27 जुलाई को होने वाली ‘एशिया स्ट्रांग मैन’ की आॅर्गनाईसिंग कमेटी में भी वो सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टीम न्यूजपोस्ट की तरफ से अंकित को उनके लक्ष्य के लिये शुभकामनाऐं।