Page 660

25 लाख के लालच में बनाया फर्जी प्रमाण पत्र

0

 कुंडा एक व्यक्ति ने ग्राम प्रधान का फर्जी लेटर पैड और मुहर बनाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया, जिससे बीमा कंपनी का लाभ मिल सके। कंपनी की टीम जब सत्यापन करने पहुंची तब इसकी जानकारी लगते ही प्रधान के होश उड़ गए और उन्होंने कुंडा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

ग्राम बुक्सौरा के प्रधान कमल सिंह ने कुंडा थाने में दी तहरीर में कहा है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उनके नाम से फर्जी लेटर पैड और मुहर बनवा लिया। इसके बाद लेटर पैड पर उसने एक बीमा कंपनी से 25 लाख का बीमा का लाभ पाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया और प्रधान की मुहर लगाकर फर्जी हस्ताक्षर भी कर लिए। कंपनी की टीम रविवार को गांव में सत्यापन करने के लिए उनके घर आई। टीम द्वारा उपलब्ध प्रमाण पत्रों की जांच की तो पता चला कि उनके नाम से बने लेटर पैड, मुहर और उनके हस्ताक्षर फर्जी हैं। टीम बैरंग लौट गई, प्रधान ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संजय दत्त की फिल्म भूमि का टीजर लांच

0

संजय दत्त की वापसी वाली फिल्म भूमि का पहला टीजर आज सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया। 22 सितंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के पहले टीजर पोस्टर में संजय दत्त के चेहरे से खून टपकता नजर आ रहा है। फिल्म का ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज होने वाला है।

टी सीरिज और निर्देशक ओमांग कुमार की ये फिल्म पिता-बेटी के रिश्तों की कहानी पर बनी है। फिल्म में अदिति राव हैदरी ने संजय की बेटी का रोल किया है। उनके अलावा शेखर सुमन और शरद केलकर अहम रोल में हैं। प्रियंका चोपड़ा के साथ मैरीकाम और ऐश्वर्या राय के साथ सर्बजीत फिल्में बनाने वाले निर्देशक ओमांग कुमार का कहना है कि इस फिल्म में संजय दत्त का ऐसा रोल है, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं किया।

फिल्म की शूटिंग यूपी में आगरा और आसपास के इलाकों में हुई है। ये फिल्म पहले 4 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 22 सितंबर कर दिया गया। अब 4 अगस्त को शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा की जोड़ी के साथ बनी इम्तियाज अली की फिल्म जब हैरी मीट्स सेजल रिलीज होने जा रही है।

जेपी दत्ता की पलटन को ट्रेनिंग देगी भारतीय सेना

0

पाकिस्तान के साथ भारत के युद्धों को लेकर बार्डर, रिफ्यूजी और एलओसी बना चुके बालीवुड के नामवर फिल्मकार जेपी दत्ता ने बतौर निर्माता-निर्देशक हाल ही में अपनी नई फिल्म ‘पलटन’ बनाने की घोषणा की, जो 1962 में भारत के साथ चीन के युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनने जा रही है।

इस सैन्य फिल्म को लेकर जेपी दत्ता की टीम की ओर से तैयारियां शुरु हो गई हैं और इसी सिलसिले में एक अहम खबर मिली है, जिसमें कहा गया है कि इस फिल्म के कलाकारों को शूटिंग से पहले भारतीय टीम की ओर से ट्रेनिंग दी जाएगी। खबर के अनुसार, भारतीय सेना के अलग-अलग कैंपों में पलटन के कलाकारों की टीम को दो महीनों की कड़ी ट्रेनिंग से गुजरना होगा। इसके बाद ही वे फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। ये भी संकेत मिले हैं कि ‘पलटन’ की टीम की पहली ट्रेनिंग लद्दाख में भारतीय सेना के कैंप में शुरू होगी।

लद्दाख में ही फिल्म का पहला शेड्यूल होना है, जो सितंबर से शुरू होगा। इस फिल्म की प्रमुख भूमिकाओं के लिए अभिषेक बच्चन, सोनू सूद, पुल्कित सम्राट, अर्जुन रामपाल, जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ कपूर, लव सिन्हा, गुरुमीत चौधरी के अलावा मेहमान भूमिकाओं में सुनील शेट्टी और जैकी श्राफ होंगे। फिल्म बार्डर के लिए भी फिल्म की टीम को भारतीय सेना ने ट्रेंनिंग दी थी। फिल्म को अगले साल मई-जून में रिलीज करने की योजना है। 

बालिका के फोन का सीएम ने लिया संज्ञान, शिक्षकों की तैनाती का आदेश

0
CM to interact directly with people

चमोली जनपद, के विकास खंड घाट, के राजकीय इंटर कॉलेज, काण्डई माणखी में शिक्षकों की कमी को लेकर एक बालिका के फोन का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र रावत ने शिक्षा निदेशालय को तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

राजकीय इंटर कॉलेज, काण्डई में अध्ययनरत सचिन कठैत 12 जुलाई को सुबह 9 बजे ही स्कूल से घर लौट आया, इस पर उसकी बड़ी बहन गायत्री, जोकि महाविद्यालय गोपेश्वर में बीएससी में अध्ययनरत है ने सचिन को डांटते हुए स्कूल से जल्दी घर आने का कारण पूछा। सचिन ने बताया कि जब स्कूल में टीचर ही नहीं है तो वहां रूक कर क्या करता। इस पर गायत्री ने सोच विचार किया और सीधे सीएम को फोन मिला डाला। हालांकि, उस दिन उसकी बात नहीं हो पाई, मगर 15 जुलाई को सीएम कार्यालय से गायत्री को फोन आया।

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बालिका से फोन करने का कारण पूछा तो गायत्री ने उन्हें अपनी व्यथा सुनाई। इसका संज्ञान लेते हुए सीएम ने शिक्षा निदेशालय को अविलंब विद्यालय में टीचर भेजने के आदेश दिए। शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चमोली को पत्र लिखकर बालिका की सीएम से हुई वार्ता का हवाला देते हुए चक्रानुक्रम में अन्य विद्यालयों से शिक्षकों को भेजे जाने का आदेश दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक आशुतोष भंडारी ने बताया कि, ‘उन्हें आदेश प्राप्त हुआ है, आदेशानुसार शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है।’ 

धर्मनगरी में डेंगू की दस्तक

0

धर्मनगरी में एक डेंगू बुखार का मरीज सामने आया है, डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल में भर्ती मरीज का ब्लड टेस्ट पाॅजिटिव आया है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल मरीज का इलाज किया जा रहा है उसकी हालत खतरे से बाहर है। सिडकुल क्षेत्र के रहने वाला युवक कई दिनों से बुखार से पीड़ित था।

उसने पहले देवभूमि अस्पताल में इलाज कराया। वहां आराम न लगने पर उसका डेंगू टेस्ट कराया गया। टेस्ट में डेंगू पाॅजिटिव पाया गया। अस्पताल के डॉ सुशील शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। डॉ सुशील ने बताया कि अस्पताल में डेंगू के उपचार की सभी सुविधाएं उपलब्ध है। अस्पताल में आईसीयू समेत अन्य हाईटेक सुविधा उपलब्ध है।

छत गिरने से 1 की मौत, 5 घायल

0

कानूनगो उपेंद्र दत्त बहुगुणा से प्राप्त सूचना के अनुसार बीते रविवार को राजस्व क्षेत्र कंडीसौड़ में कमाद 5 किमी उत्तरकाशी की ओर बेलगांव में भारी बारिश से हरपाल सिंह पुत्र ज्ञान सिंह के दो मंजिला मकान की छत टूटने से एक परिवार के 6 सदस्य दब गए राजस्व पुलिस और आपदा टीम द्वारा तुरन्त मौके पर पहुंच कर बचाव राहत कार्य किया गया दबने वालो में एक 13 वर्षीय बालिका स्वाति की मौत हो गयी 5 अन्य घायल हो गए। घायलों में हरपाल सिंह 40 वर्ष, बीना देवी 38 वर्ष, कु0 किरन 20 वर्ष,कु0 पूजा 18 वर्ष, रौनक 6 वर्ष हैं। घायलों को कोई गम्भीर चोंटे नही है ।मृतक बालिका के शव का पंचायतनामा राजस्व पुलिस द्वारा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी लाया जा रहा है।

मस्जिद से अजान को लेकर अब सुचित्रा कृष्णामूर्ति विवादों में

0

कुछ दिनों पहले गायक सोनू निगम द्वारा सोशल मीडिया पर सुबह सवेरे मस्जिद से होने वाली अजान के लिए लाउडस्पीकर को लेकर किए गए सोशल मीडिया पर पोस्ट से बवाल शांत ही हुआ था, कि अब एक और ऐसा ही विवाद सामने आ गया है। पूर्व एक्ट्रेस और गायिका सुचित्रा कृष्णामूर्ति ने भी सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा ही पोस्ट किया है, जिसको लेकर उन पर चौतरफा हमले हो रहे हैं।

सुचित्रा ने ट्विटर पर पोस्ट की थी कि सुबह घर आकर अजान की आवाज से उनके कान फट रहे हैं। उन्होंने गुस्से में लिखा था कि किसी सभ्य समाज में कोई इस तरह की कट्टरता नहीं थोप सकता, जैसा कि हमारे यहां धर्म के नाम पर होता है। एक दूसरी पोस्ट में सुचित्रा ने लिखा था कि वे किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं, न ही उनको नमाज से कोई परेशानी है।

उनका सवाल सिर्फ सुबह सवेरे होने वाली अजान को लेकर है, जिसके शोर से उनको सोना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने सुबह सवेरे लाउडस्पीकर पर अजान करके मुहल्ले को जगाने की कवायद को असभ्यता कहा था। उनका ये भी कहना था कि अजान के नाम पर मुस्लिम देशों में भी ये सब नहीं होता, जो हमारे यहां होता है।

सुचित्रा के इन पोस्ट पर सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और उनके खिलाफ आलोचना का एक दौर शुरु हो गया। अब सुचित्रा ने कहा कि वे अपनी बात कह चुकी हैं और ये उनकी अपनी सोच है। सुचित्रा ने कहा कि उनकी पोस्ट का किसी धर्म या राजनीति से नहीं, बल्कि कानफोड़ने वाली आवाज को लेकर विरोध है। सुचित्रा 90 के दशक में शाहरुख खान के साथ फिल्म कभी न कभी में नायिका रही हैं।

फिल्मकार शेखर कपूर के साथ उनकी शादी हुई, जिससे उनकी एक बेटी कावेरी भी है, जो गायिकी में हाथ आजमा रही है। बाद में शेखर कपूर के साथ सुचित्रा का तलाक हो गया। कुछ सालों पहले सुचित्रा ने 2005 में रामगोपाल वर्मा की फिल्म माई वाइफ मर्डर में अनिल कपूर की पत्नी और फिर रामगोपाल वर्मा की फिल्म रण (2010) में काम किया था।

सुचित्रा से पहले इसी साल अप्रैल के महीने में सोनू निगम ने जब अजान के दौरान लाउड स्पीकर का इस्तेमाल करने को लेकर विरोध जताया था, तो इतना हंगामा हुआ था कि बंगाल से एक मुस्लिम नेता ने सोनू के बाल काटने वाले को ईनाम देने का फतवा दे दिया था। सोनू निगम ने उस वक्त सोशल मीडिया छोड़ दिया था, जब टिवटर ने महिलाओं के खिलाफ अभद्र पोस्ट करने वाले गायक अभिजीत का एकाउंट सस्पेंड कर दिया था।

इंदु सरकार को लेकर देश भर के सिनेमाघरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

0

मुंबई हाईकोर्ट द्वारा मधुर भंडारकर की फिल्म इंदु सरकार की रिलीज पर रोक लगाने की याचिका को रद्द किए जाने के बाद फिल्म के रिलीज का रास्ता तो साफ हो गया, लेकिन इस फिल्म को लेकर विवाद अभी जारी है। अगले शुक्रवार को रिलीज होने के लिए तैयार इस फिल्म के प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र के सिनेमाघरों की ओर से राज्य सरकार से सुरक्षा की मांग की गई है।

सिनेमाघर मालिकों को आशंका है कि इस फिल्म का विरोध कर रही कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता थिएटरों में तोड़फोड़ मचा सकते हैं। खास तौर पर पुणे और नागपुर शहरों में हिंसात्मक विरोध की आशंका सिनेमाघर वालों को है। इन दोनों शहरों में फिल्म के प्रमोशन के लिए होने वाले समारोह का भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था और विरोध के चलते इन कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा था।

सिनेमाघर मालिकों की एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन दातर ने कहा कि, ‘देश के सभी राज्यों की सरकारों को इस बाबत पत्र लिखा गया है कि सिनेमाघरों को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि फिल्म के प्रदर्शन में बाधा न पड़े। हमें फिल्म से जुड़े विवाद से कोई मतलब नहीं है और न ही हम इसका हिस्सा हैं, लेकिन अगर हमारे थिएटरों में विरोध के नाम पर तोड़फोड़ होती है, तो नुकसान हमारे थिएटरों का होगा।’

मुंबई पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिन सिनेमाघरों की ओर से सुरक्षा की मांग की गई है, वहा सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। 

पहलाज निहलानी ने आईफा को भिजवाया नोटिस

0

सेंसर बोर्ड के चेयरमैन पहलाज निहलानी की ओर से आईफा अवॉर्ड समारोह का आयोजन करने वाली कंपनी विजक्राफ्ट को नोटिस भिजवाया गया है। ये नोटिस इस आरोप के साथ भिजवाया गया है कि अमेरिका के न्यूयॉर्क में पिछले सप्ताह संपन्न हुए आईफा अवॉर्ड समारोह के दौरान उनका वॉचमैन कहकर मजाक उड़ाया गया।

नोटिस के मुताबिक, शो के एंकर रितेश देशमुख और मनीष पॉल ने उनकी तस्वीर लहराते हुए उनके लिए वॉचमैन शब्द का इस्तेमाल किया। नोटिस में पहलाज की ओर से विजक्राफ्ट से इस मामले में तुरंत बिना शर्त माफी मांगने को कहा गया है। साथ ही कंपनी से कहा गया है कि वे आश्वस्त करें कि भविष्य में ऐसी कोई घटना नहीं होगी। नोटिस के मुताबिक, अगर कंपनी ने नोटिस जारी होने के दस दिनों के अंदर बिना शर्त लिखित माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विजक्राफ्ट कंपनी की ओर से अभी नोटिस मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कंपनी ने इस घटना से इंकार किया है और कहा है कि शो के दौरान किसी का मजाक नहीं उड़ाया गया।  कंपनी के सूत्रों का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला होगा। आईफा अवॉर्ड होने के बाद पहलाज निहलानी ने इस समारोह के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ये दावा गलती है कि आईफा बॉलीवुड का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करता है।

पहलाज का कहना था कि इस समारोह से बॉलीवुड के आधे लोग दूर रहते हैं, फिर इसे कैसे बॉलीवुड का प्रतिनिधि मान लिया जाए। पहलाज के समर्थन में विवेक अग्निहोत्री सहित कई लोग सामने आए थे, जिन्होंने इस आयोजन को चंद सितारों के लिए पेड हॉलीडे करार दिया था और कहा था कि ऐसे आयोजन में बॉलीवुड की गरिमा के साथ खिलवाड़ किया जाता है।

इस बार आईफा में भाईभतीजावाद को लेकर हुए मजाक में कंगना पर कटाक्ष करने का मामला भी तूल पकड़ गया है। आईफा के मंच से करण जौहर, वरुण धवन और सैफ अली खान ने भाईभतीजावाद के नाम पर कंगना का मजाक उड़ाया था। मामला गंभीर होने पर तीनों ने ही इसे लेकर माफी मांग ली, जिसे कंगना ने खारिज कर दिया है। 

शाहरुख की ‘जब हैरी मीट्स सेजल’ को सेंसर बोर्ड से मिली हरी झंडी

0

4 अगस्त को रिलीज होने जा रही शाहरुख खान की फिल्म, ‘जब हैरी मीट्स सेजल’ को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है। दिलचस्प बात ये रही कि बिना किसी कट के इस फिल्म को ‘यू/ए’ सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया गया है। ये खबर इसलिए ज्यादा अहम हो जाती है कि सेंसर बोर्ड की तरफ से फिल्म के ट्रेलर में इंटरकोर्स शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए इसे हटाने का आदेश दिया था।

सेंसर बोर्ड के चेयरमैन पहलाज निहलानी ने इस बात पर कड़ी आपत्ति की थी कि सेंसर बोर्ड के आदेश का पालन किए बिना ही फिल्म के ट्रेलर को सोशल मीडिया पर लांच कर दिया था। पहलाज निहलानी ने फिल्म की टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी।  अब सेंसर बोर्ड के अधिकारी और पहलाज निहलानी में से कोई ये स्पष्ट करने के लिए तैयार नहीं है कि क्या फिल्म में से भी इंटरकोर्स शब्द को हटाने का आदेश हुआ है। अगर फिल्म को कोई कट्स नहीं मिला है, इसका मतलब है कि फिल्म में ये शब्द बना रहेगा।

शाहरुख खान ने ट्रेलर में इंटरकोर्स शब्द पर सेंसर की आपत्ति पर अपने कमेंट में कहा था कि उनकी फिल्में पूरे परिवार के लिए होती हैं और वे कोई ऐसा संवाद या सीन नहीं रखेंगे, जिसके चलते फिल्म को परिवार के साथ देखने में असहजता हो। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ एक बार फिर अनुष्का शर्मा की जोड़ी नजर आएगी।