Page 661

एक सितंबर तक अानलाइन होंगी 1409 पंचायतें

0

राज्य में 1409 ग्राम पंचायतों में समयबद्ध सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से इन्हें डिजिटलाइज किया जा रहा है। पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडेय ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि सभी पंचायतें एक सितम्बर से ऑनलाइन सेवाएं देना शुरू कर देंगी। कोई भी व्यक्ति परिवार रजिस्टर का पंजीकरण, परिवार रजिस्टर की प्रतिलिपि जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्राप्त कर पाएगा।

सोमवार को विद्यालय शिक्षा, प्रौढ शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, खेल, युवा कल्याण एवं पंचायतीराज मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने सचिवालय के एफआरडीसी सभाकक्ष में पंचायतीराज विभाग की समीक्षा की। बैठक में पंचायतीराज मंत्री ने कहा कि भारत गांव में बसता है और सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं को उन तक पंहुचाने की जिम्मेदारी पंचायतीराज विभाग की है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों एवं अधिकारों का निर्वहन निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करें ताकि ग्राम स्तर पर कोई भी व्यक्ति सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होने कहा कि कोई भी अधिकारी किसी के भी दबाव में कार्य न करे। उन्होने कहा कि सरकार की योजनाओं को ग्रामसभा की खुली बैठकें आयोजित कर प्रस्ताव पारित कराकर लोगों को लाभावंनित करें।
उन्होंने निदेशक पंचायती राज को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाले बैठकों के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों की तैनाती करते हुए मॉनिटिरिंग की जाए। उन्होने पंचायतों को सुदृढ एवं मजबूत करने व आय के स्त्रोत बढाने के लिए कहा। उन्होने जिला पंचायत के अधीन गेस्ट हाउसों का जिर्णोद्धार कर उन्हें पीपीपी मोड देने का सलाह दी। उन्होने यह भी निर्देश दिए हैं कि ब्लाक मुख्यालय एवं ग्राम स्तर पर जो भी पद रिक्त हैं, उन्हे आउटसोर्सिंग से भरा जाए।
पंचायतीराज मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य की 1409 ग्राम पंचायतों में एक सितम्बर ऑनलाइन सेवा शुरू की जाए। सभी ग्राम पंचायतों में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाए। जिन ग्राम पंचायतों में कम्यूटर उपलब्ध नही कराए गए, उन्हें कम्पयूटर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में पंचायतीराज मंत्री ने केन्द्रपोषित योजनाओं में 14वें वित्त आयोग, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (शत-प्रतिशत), दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार(शत-प्रतिशत), नाना जी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार(शत-प्रतिशत) और राज्य सेक्टर योजनाओं में राज्य वित्त आयोग, क्षेत्र पंचायत विकास निधि, निर्वाचित प्रतिनिधियों, कर्मचारियों का प्रशिक्षण एवं महिला प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण एवं पंचायत भवन निर्माण योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में निदेशक पंचायतीराज/अपर सचिव पंचायतीराज हरिचन्द्र सेमवाल ने बताया कि 14वें वित्त आयोग के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन, जिसमें सेप्टैज प्रबन्धन, स्वच्छता, जल निकासी, सामुदायिक परिसम्पत्तियों का रख-रखाव, सड़को, फुटपाथों, स्ट्रीट लाइट, कब्रिस्तान एवं शमशान घाटों के रख-रखाव के लिए 2016-17 में 28145 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है, जिसका व्यय किया जा चुका है। 2017-18 के लिए माह जुलाई में 16259.50 लाख की धनराशि आंवटित हुई है। उन्होने अवगत कराया कि 7955 ग्राम पंचायतों में से 1409 ग्राम पंचायतों में विभिन्न मदों से क्म्प्यूटर उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। 

नशे पर लगाम लगाने के लिए स्पेशल टीम का गठन:एसएसपी नैनीताल

0

एसएसपी नैनीताल जन्मेजय खंडूरी ने नशे पर रोक लगाने के लिए स्पेशल टीम एण्टी ड्रग्स स्कवॉड का किया गठन, जिसमें 5 सदस्यों को किया गया नियुक्त, जो जिले में जगह जगह छापेमारी कर नशे पर कड़ी कार्यवाही करेंगे। एसएसपी नैनीताल ने न्यूज़पोस्ट से हुई बातचीत में बताया कि ”हालांकि हल्द्वानी और नैनीताल में ड्रग्स का खतरा बहुत ज्यादा नहीं है लेकिन हम इसे कम करने की कोशिश कर रहे हैं, ड्रग्स सप्लाई के ठिकाने ज्यादातर बरेली,रामपुर और रुद्रपुर में है और इनकी सप्लाई की कड़ी यहीं पर हैं हम सप्लाई की कड़ी को सीधा अपने टारगेट पर रख रहे हैं।इसके जरिए हम ड्रग्स के ड्रिस्ट्रब्यूशन को रोक पाऐंगे।”

5 लोगों की ये टीम केवल ड्रग्स के केस पर काम करेंगी, और उन्हें कोई और काम नहीं दिया जाएगा। यह एक निरंतर प्रक्रिया होगी जिसके माध्यम से हम पूरी कोशिश करेंगे की ड्रग्स की वजह से होने वाले खतरे को रोक सकें। इस टीम में एसओजी प्रभारी दिनेश चंद्र पंत, जितेंद्र कुमार, मनमोहन सिंह, रिजवान और जगपाल सिंह शामिल है। एसएसपी ने बताया की ये टीम जिले के बाहर से आकर तस्करी करने वालो पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाकर प्रभावी कार्यवाही करेगी।

हाईस्कूल के भवन में चल रहा इंटर कॉलेज

0

वर्ष 1996 में हाईस्कूल से इंटर स्तर पर उच्चीकृत होने के बाद आज तक चमोली जनपद के विकास खंड घाट का कांडई माणखी इंटर कॉलेज पुराने भवन में ही संचालित हो रहा है। इस संबंध में कई बार प्रशासन को लिखा जा चुका, लेकिन भवन विस्तारित नहीं किया गया। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता व उत्तराखंड राज्य आंदोलकारी पृथ्वी सिंह कठैत बताते है कि गांव वालों के अथक प्रयास के बाद 1996 में कांडई माणखी का हाईस्कूल स्तर का विद्यालय इंटर मीडिएट किया गया, लेकिन आज भी यह विद्यालय हाईस्कूल के उसी भवन में संचालित हो रहा है।

विद्यालय भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गया है, लेकिन शिक्षा विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इस संबंध में कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लिखा जा चुका है पर कोई सकारात्मक पहल नहीं हो रही है। वहीं, विद्यालय में शिक्षकों का भी टोटा है। इंटरमीडिएट में विज्ञान, गणित, भूगोल, अंग्रेजी, जीव विज्ञान सहित अन्य कई विषयों के अध्यापक ही नहीं है। इससे बच्चों के पढ़ाई में भी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।

उधर, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक आशुतोष भंडारी का कहना है कि, ‘भवन निर्माण के लिए सभी पत्रावली तैयार कर शासन को भेजी गई हैं, बजट आने पर कार्य शुरू कराया जाएगा।’ 

बिछड़े बेटे की तलाश में दर-दर भटक रही मां

0

कांवड़ मेले में बिछड़ गए बेटे की तलाश में एक मां दर-दर भटक रही है। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद भी अब तक बेटे का कुछ पता नहीं चलने पर बेबस मां ने सिटी मजिस्ट्रेट से गुहार लगायी है।

सिटी मजिस्ट्रेट से बेटे को ढूंढने की गुहार लगाने आयी पंजाब के राजपुरा की रहने वाली पिंकी ने बताया कि वह अपने 12 वर्षीय बेटे करण के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार आयी थी। 15 जुलाई को मोतीबाजार में करण भीड़ में कहीं गुम हो गया। काफी तलाशने के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसकी सूचना नोट कर ली, लेकिन बेटे को अभी तक ढूंढ नहीं पायी।
पिंकी ने बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है। वह खुद दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाती है। बेटा करण उसका इकलौता सहारा है। बेटे को ढूंढने में उसके पैसे भी खत्म हो चुके हैं। भूखी प्यासी रहकर ही बेटे को ढूंढने की कोशिशों में लगी हुई है।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए कांवड़ मेले में आयी लाखों की भीड़ में कई लोग गुम हो चुके हैं। मेला समाप्त होने के बाद परिजन उनकी तलाश में लगे हुए हैं। सूचना मिलने पर कुछ लोगों को पुलिस ने ढूंढ भी निकाला है, लेकिन कुछ लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश में परिजन दिन रात पुलिस व थानों के चक्कर लगा रहे हैं। 

मतदाता सूची में 10 अगस्त तक जोड़े जाएंगे युवा

0

राज्य में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज के कराने के लिए अभियान 10 अगस्त तक जारी रहेगा। निर्वाचन आयोग के आदेश के तहत तहसील प्रशासन ने सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों को तैनात कर दिया है।

नये मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए 10 जुलाई से 10 अगस्त तक विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत ऋषिकेश विधानसभा के 180 बूथ लेवल अधिकारियों को पोलिंग बूथ पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन, प्रशासन के आदेश के बावजूद अभी भी तमाम बूथों से बीएलओ नदारद हैं।

इसे गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार रेखा आर्य ने सुपरवाइजरों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि, ‘सभी पोलिंग बूथो पर बीएलओ निर्धारित समय पर पहुंचे, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।’ आर्य का कहना था कि, ‘की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए युवा मतदाता बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, बीएलओ घर-घर जाकर भी मतदाताओं के फार्म भर रहे हैं।’

25 लाख के लालच में बनाया फर्जी प्रमाण पत्र

0

 कुंडा एक व्यक्ति ने ग्राम प्रधान का फर्जी लेटर पैड और मुहर बनाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया, जिससे बीमा कंपनी का लाभ मिल सके। कंपनी की टीम जब सत्यापन करने पहुंची तब इसकी जानकारी लगते ही प्रधान के होश उड़ गए और उन्होंने कुंडा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

ग्राम बुक्सौरा के प्रधान कमल सिंह ने कुंडा थाने में दी तहरीर में कहा है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उनके नाम से फर्जी लेटर पैड और मुहर बनवा लिया। इसके बाद लेटर पैड पर उसने एक बीमा कंपनी से 25 लाख का बीमा का लाभ पाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया और प्रधान की मुहर लगाकर फर्जी हस्ताक्षर भी कर लिए। कंपनी की टीम रविवार को गांव में सत्यापन करने के लिए उनके घर आई। टीम द्वारा उपलब्ध प्रमाण पत्रों की जांच की तो पता चला कि उनके नाम से बने लेटर पैड, मुहर और उनके हस्ताक्षर फर्जी हैं। टीम बैरंग लौट गई, प्रधान ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संजय दत्त की फिल्म भूमि का टीजर लांच

0

संजय दत्त की वापसी वाली फिल्म भूमि का पहला टीजर आज सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया। 22 सितंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के पहले टीजर पोस्टर में संजय दत्त के चेहरे से खून टपकता नजर आ रहा है। फिल्म का ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज होने वाला है।

टी सीरिज और निर्देशक ओमांग कुमार की ये फिल्म पिता-बेटी के रिश्तों की कहानी पर बनी है। फिल्म में अदिति राव हैदरी ने संजय की बेटी का रोल किया है। उनके अलावा शेखर सुमन और शरद केलकर अहम रोल में हैं। प्रियंका चोपड़ा के साथ मैरीकाम और ऐश्वर्या राय के साथ सर्बजीत फिल्में बनाने वाले निर्देशक ओमांग कुमार का कहना है कि इस फिल्म में संजय दत्त का ऐसा रोल है, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं किया।

फिल्म की शूटिंग यूपी में आगरा और आसपास के इलाकों में हुई है। ये फिल्म पहले 4 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 22 सितंबर कर दिया गया। अब 4 अगस्त को शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा की जोड़ी के साथ बनी इम्तियाज अली की फिल्म जब हैरी मीट्स सेजल रिलीज होने जा रही है।

जेपी दत्ता की पलटन को ट्रेनिंग देगी भारतीय सेना

0

पाकिस्तान के साथ भारत के युद्धों को लेकर बार्डर, रिफ्यूजी और एलओसी बना चुके बालीवुड के नामवर फिल्मकार जेपी दत्ता ने बतौर निर्माता-निर्देशक हाल ही में अपनी नई फिल्म ‘पलटन’ बनाने की घोषणा की, जो 1962 में भारत के साथ चीन के युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनने जा रही है।

इस सैन्य फिल्म को लेकर जेपी दत्ता की टीम की ओर से तैयारियां शुरु हो गई हैं और इसी सिलसिले में एक अहम खबर मिली है, जिसमें कहा गया है कि इस फिल्म के कलाकारों को शूटिंग से पहले भारतीय टीम की ओर से ट्रेनिंग दी जाएगी। खबर के अनुसार, भारतीय सेना के अलग-अलग कैंपों में पलटन के कलाकारों की टीम को दो महीनों की कड़ी ट्रेनिंग से गुजरना होगा। इसके बाद ही वे फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। ये भी संकेत मिले हैं कि ‘पलटन’ की टीम की पहली ट्रेनिंग लद्दाख में भारतीय सेना के कैंप में शुरू होगी।

लद्दाख में ही फिल्म का पहला शेड्यूल होना है, जो सितंबर से शुरू होगा। इस फिल्म की प्रमुख भूमिकाओं के लिए अभिषेक बच्चन, सोनू सूद, पुल्कित सम्राट, अर्जुन रामपाल, जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ कपूर, लव सिन्हा, गुरुमीत चौधरी के अलावा मेहमान भूमिकाओं में सुनील शेट्टी और जैकी श्राफ होंगे। फिल्म बार्डर के लिए भी फिल्म की टीम को भारतीय सेना ने ट्रेंनिंग दी थी। फिल्म को अगले साल मई-जून में रिलीज करने की योजना है। 

बालिका के फोन का सीएम ने लिया संज्ञान, शिक्षकों की तैनाती का आदेश

0
CM to interact directly with people

चमोली जनपद, के विकास खंड घाट, के राजकीय इंटर कॉलेज, काण्डई माणखी में शिक्षकों की कमी को लेकर एक बालिका के फोन का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र रावत ने शिक्षा निदेशालय को तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

राजकीय इंटर कॉलेज, काण्डई में अध्ययनरत सचिन कठैत 12 जुलाई को सुबह 9 बजे ही स्कूल से घर लौट आया, इस पर उसकी बड़ी बहन गायत्री, जोकि महाविद्यालय गोपेश्वर में बीएससी में अध्ययनरत है ने सचिन को डांटते हुए स्कूल से जल्दी घर आने का कारण पूछा। सचिन ने बताया कि जब स्कूल में टीचर ही नहीं है तो वहां रूक कर क्या करता। इस पर गायत्री ने सोच विचार किया और सीधे सीएम को फोन मिला डाला। हालांकि, उस दिन उसकी बात नहीं हो पाई, मगर 15 जुलाई को सीएम कार्यालय से गायत्री को फोन आया।

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बालिका से फोन करने का कारण पूछा तो गायत्री ने उन्हें अपनी व्यथा सुनाई। इसका संज्ञान लेते हुए सीएम ने शिक्षा निदेशालय को अविलंब विद्यालय में टीचर भेजने के आदेश दिए। शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चमोली को पत्र लिखकर बालिका की सीएम से हुई वार्ता का हवाला देते हुए चक्रानुक्रम में अन्य विद्यालयों से शिक्षकों को भेजे जाने का आदेश दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक आशुतोष भंडारी ने बताया कि, ‘उन्हें आदेश प्राप्त हुआ है, आदेशानुसार शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है।’ 

धर्मनगरी में डेंगू की दस्तक

0

धर्मनगरी में एक डेंगू बुखार का मरीज सामने आया है, डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल में भर्ती मरीज का ब्लड टेस्ट पाॅजिटिव आया है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल मरीज का इलाज किया जा रहा है उसकी हालत खतरे से बाहर है। सिडकुल क्षेत्र के रहने वाला युवक कई दिनों से बुखार से पीड़ित था।

उसने पहले देवभूमि अस्पताल में इलाज कराया। वहां आराम न लगने पर उसका डेंगू टेस्ट कराया गया। टेस्ट में डेंगू पाॅजिटिव पाया गया। अस्पताल के डॉ सुशील शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। डॉ सुशील ने बताया कि अस्पताल में डेंगू के उपचार की सभी सुविधाएं उपलब्ध है। अस्पताल में आईसीयू समेत अन्य हाईटेक सुविधा उपलब्ध है।