पुलिस के दावे बेकार, नहीं रुक रहा खनन

0
524

विकासनगर। पछवादून में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध खनन रोकने के लिए पुलिस रोजाना अभियान चला रही है, लेकिन उसके बाद भी खनन से भरे वाहन खुलेआम दौड़ रहे हैं। पुलिस व स्थानीय प्रशासन हर रोज अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दावे कर रहा है, लेकिन इसका कोई असर खनन माफिया पर नहीं दिख रहा है।
पछवादून में आसन, शीतला व यमुना नदी में हर रोज खनन माफिया अवैध खनन कर रहे हैं जो थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज उक्त नदियों में अवैध खनन जारी है। सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग सहित संपर्क मार्गों पर दौड़ते रहते हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन अवैध खनन पर रोक का दावा करता है। पछवादून में लंबे समय से हो रहे अवैध व अनियंत्रित खनन के चलते नदियों ने अपना प्राकृतिक बहाव बदल दिया है, जिससे यहां हर वर्ष सैकड़ों बीघे जमीन बह जाती है। आसन नदी हर वर्ष कृषि भूमि को बहा कर ले जा रही है, यहां पिछले पांच वर्षों से बारिश में बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है। हर रोज अवैध खनन में छोटे वाहन पकड़े जा रहे हैं, लेकिन ये कार्रवाई एक या दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ने तक ही सीमित है,जबकि बड़े वाहन पकड़ में नहीं आते है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इसके खिलाफ सख्त कानून की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि यह खनन रुक सके।