Page 675

‘हसीना’ के लिए रुका शाहरुख की फिल्म का शो

0

मुंबई के मराठा मंदिर सिनेमा में पिछले 22 सालों से आदित्य चोपड़ा की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे’ के शो बिना रुके हो रहे हैं। मंगलवार को फिल्म ‘हसीना पारकर’ के ट्रेलर लॉन्च के लिए इस सिनेमाघर में ‘दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे’ का शो रद्द करके ‘हसीना’ का समारोह हुआ। पिछले 22 सालों में ये पहला मौका बताया जा रहा है, जब किसी समारोह के लिए ‘दिलवाले…. का शो नहीं हुआ।

मंगलवार की सुबह यहां 18 अगस्त को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘हसीना पारकर’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ। इस मौके पर फिल्म की पूरी टीम मौजूद थी। अपूर्वा लखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी भारत के सबसे वांछनीय अपराधियों में से एक दाऊद इब्राहिम की बड़ी बहन की जिंदगी पर आधारित है। श्रद्धा कपूर ने फिल्म में हसीना का रोल किया है, जबकि उनके सगे भाई सिद्धार्थ कपूर फिल्म में उनके भाई का रोल कर रहे हैं। ये फिल्म पहले 14 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट को बढ़ाकर 18 अगस्त कर दिया गया।

मराठा सिनेमा में इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इसलिए किया गया, क्योंकि इसी इलाके में दाऊद और उनकी बहन हसीना का बचपन गुजरा है। मुंबई में डी कंपनी चलाने वाला दाऊद 1993 में मुंबई में बम धमाकों के बाद फरार होकर दुबई चला गया था, जहां से बाद में वो पाकिस्तान जाकर रहने लगा। मुंबई में उसकी डी कंपनी को लेकर कहा जाता है कि हसीना ने ही अपने भाई का काम संभाला।

खाद्य सुरक्षा योजना में ‘चुपचाप’ छंटनी शुरू

0

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी खाद्य सुरक्षा योजना के राशन कार्डों में भी फर्जीवाड़ा नजर आ रहा है। सरकार राशन की दुकानों को आधार से लिंक करने और पीओएस मशीनों से जोड़ने की तैयारी कर रही है। वहीं आपूर्ति विभाग ने फर्जीवाड़ा छिपाने के लिए एपीएल और खाद्य सुरक्षा योजना के राशन कार्डों में ‘चुपचाप’ छंटनी का काम शुरू कर दिया है।

हालांकि, विभाग इसे सत्यापन अभियान बता रहा है, लेकिन सूत्रों की मानें तो ये सभी फर्जी राशन कार्ड हैं। विभाग आधार प्रक्रिया लागू होने से पहले उन कार्डों को हटा देना चाहता है, जो फर्जी तरीके से बनाए गए हैं। जिले में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत आपूर्ति विभाग ने करीब दो लाख राशन कार्ड बना रखे हैं। जिन पर पिछले दो साल से हर माह प्रति यूनिट पांच किलो गेहूं-चावल आवंटित किया जा रहा है। अब सरकार ने योजना को आधार लिंक करने का निर्णय लिया है। यह कार्य तो अंतिम चरण में चल रहा है। साथ ही अब जल्द ही राशन की दुकानें पीओएस मशीनों से भी जुड़ने जा रही हैं। यानी साफ है कि ये व्यवस्था लागू होने के बाद अधिकारियों की ओर से बनाए गए फर्जी राशन कार्डों से पर्दा उठ जाएगा। लेकिन, विभाग को अभी से ये डर सताने लगा है। इसलिए अधिकारियों ने चुपचाप खाद्य सुरक्षा योजना के कार्डों में छंटनी शुरू कर दी है।

सूत्रों की मानें तो विभिन्न क्षेत्रों से करीब 25 हजार राशन कार्डों को योजना से बाहर किया जा रहा है। अब रहा सवाल यह कि जिन कार्डों को विभाग अब हटा रहा है, उन पर पिछले दो साल से राशन आवंटित हुआ तो उसे किसने लिया और अधिकारी ने इन आधी-अधूरी औपचारिकताओं पर राशन कार्ड क्यों बनाए? दरअसल, विभाग की चुपचाप की छंटनी का उद्देश्य ही अपने अधिकारियों की लापरवाही को छिपाना है। उत्तरांखंड सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता का कहना है कि विभाग ने कई डीलरों के यहां से खाद्य सुरक्षा योजना के राशन कार्ड काट दिए हैं। यदि वे कार्ड फर्जी थे तो विभाग उन अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई कर रहा है, जिन्होंने इन कार्डों को बनाया था? वहीं जिला आपूर्ति अधिकारी विपिन कुमार का कहना है कि आधार लिंक का काम पूरा हो गया है। अब विभाग उन कार्डों का सत्यापन कर रहा है, जिनके आधार गलत चढ़ गए हैं।

बेहतर संस्थानों में शिक्षा का मौका दे रही रिजर्व सीट

0

यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में दाखिले का दौर शुरू हो चुका है। छात्र अपने भविष्य की राह बनाने के लिए कोटे का लाभ ले सकते हैं। छात्रों के लिए तकरीबन सभी संस्थानों में कोटे की व्यवस्था है। हालांकि यह व्यवस्था सरकारी संस्थानों में ज्यादा है, लेकिन निजी विश्वविद्यालयों में भी श्रेणीवार रिजर्वेशन दिया जाता है। यही नहीं छात्रों को दाखिले में विभिन्न श्रेणियों के तहत नंबरों में भी वेटेज दिया जाता है।

बेहतर संस्थान का सपना देख रहे युवाओं के लिए कोटे की सीटें काफी मददगार साबित हो सकती हैं। राज्स में न सिर्फ एससीएसटी और ओबीसी वर्ग के लिए विशेष व्यवस्था है बल्कि जिन छात्रों की पारिवारिक सालाना आय कम है उनके लिए भी विशेष व्यवस्था है। उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी की बात करें तो यहां करीब तीन हजार छात्र रिजर्व सीटों का लाभ लेकर अपने सपने को साकार कर रहे हैं।

अतिरिक्त नंबर हासिल करने का भी फायदा
रिजर्वेशन के अलावा छात्रों को अतिरिक्त अंक हासिल करने में का भी मौका मिलता है। यह अंक वेटेज भी सरकारी नियमों के अनुसार पहले से निर्धारित है। इतना ही नहीं यूनिवर्सिटी के छात्र को यूजी के बाद पीजी स्तर की पढ़ाई करने में इसका वेटेज दिया जाता है। उत्तराखंड बोर्ड के छात्रों को भी कई संस्थानों में 5 नंबर तक का वेटेज दिए जाने की व्यवस्था है। हालांकि यह व्यवस्था इस साल से लागू नहीं है। लेकिन इसके अलावा एनसीसी, स्काउट गाइड, विवि. और कॉलेज के शिक्षक व कर्मचारियों के बच्चों को अलग से वेटेज दिए जाने की व्यवस्था है। यूनिवर्सिटी में इंडस्ट्रिज स्पॉन्सर्ड और फोरन नेशनल छात्र-छात्राओं को भी विशेष दस प्रतिशत का वेटेज दिया जाता है।
श्री देव सुमन यूनिवर्सिटी में वेटेज
श्रेणी वेटेज

  • एससी 19
  • एसटी 04
  • ओबीसी 14
  • सब कैटेगरीज
  • गल्र्स 30
  • फिजिकली हैंडिकैप 03
  • फ्रीडम फाइटर 02
  • डीएफ 05

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में स्टेट वेटेज

  • श्रेणी वेटेज
  • जनरल 63
  • एससी 19
  • एसटी 04
  • ओबीसी 10
  • सब कैटेगरीज
  • गल्र्स 30
  • फिजिकली हैंडिकैप 03
  • आम्र्ड फोर्सेस 05
  • फ्रीडम फाइटर 02
  • डीएफ 05
    ऑल इंडिया लेवल पर वेटेज
  • जनरल 77.5
  • एससी 15
  • एसटी 7.5
    अंकों के हिसाब से वेटेज
  • योग्यता नंबर
    – नेशनल व इंटर यूनिवर्सिटी स्पोट्र्स में उपलब्धि 3 परसेंट तक
    – एनसीसी से ‘सी’ सर्टिफिकेट 3 परसेंट
    – एनएसएस के 2 कैंप और 240 घंटे की सेवा 3 परसेंट
    – एनएसएस का 1 कैंप और 240 घंटे की सेवा 5
    – 240 अथवा 120 घंटे और 1 कैंप 5
    – स्काउट गाइड तृतीय सोपान परीक्षा पास करने पर 10
    – राज्य के गवर्नर द्वारा सम्मानित 10
    – प्रेसीडेंट, वाइस प्रेसीडेंट या पीएम से सम्मानित रोवर्स व रेंजेर्स 5

राजभवन का किया जा रहा है एनर्जी आॅडिटः राज्यपाल

0

राजभवन का एनर्जी आॅडिट किया जा रहा है जिसके तहत मैथमेटिकल कैलकुलेशन किया गया है कि यहां कितनी एनर्जी का उपभोग किया जा रहा है और उसका कितना कार्बन फुटप्रिंट बनता है। इसी के अनुसार राजभवन परिसर में पौधारोपण किया जा रहा है जिसके चलते बुधवार को लगभग 50 पौधे लगाए गए। वहीं जुलाई माह में 300 और भी पौधे लगाए जाएंगे। हरेला पर्व के तहत राजभवन परिसर में पौधारोपण करते हुए राज्यपाल डाॅ. कृष्ण कांत पाल ने यह जानकारी दी।
हरेला पर्व के तहत राजभवन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 50 पौधे लगाए गए। राज्यपाल ने आम की कलर प्रजाति का पौधा लगाया। राज्यपाल ने कहा कि हरेला के सांस्कृतिक पक्ष के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी इसका बहुत महत्व है। प्रयास यही है कि ज्यादा से ज्यादा हरियाली हो जिससे पर्यावरण का संतुलन बना रहे। उत्तराखंड में ही चिपको आंदोलन से वृक्षों की रक्षा का जनअभियान शुरू किया गया था। ये बहुत महत्वपूर्ण है कि उत्तराखंड, पर्यावरण संरक्षण के लिए आज भी देश को एक सही दिशा दिखा रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि ‘हमने राजभवन में एक एनर्जी आॅडिट किया है। हमने ये देखा है कि हम राजभवन में बिजली, एयर कंडीशन आदि की वजह से कितनी एनर्जी का उपभोग कर रहे हैं। उसका कितना कार्बन फुट फुटप्रिंट बनता है। इसको संतुलित करने के लिए कितने पेड़ लगाने चाहिए। इसका एक गणितीय आंकलन किया गया है। इसीलिए बुधवार को 50 पेड़ लगाए गए हैं। जुलाई माह में ही 300 और पेड़ राजभवन में लगाए जाएंगे। लगाए गए पेड़ों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।’

कांवड़ियों के आने से राजमार्ग जाम, आधे घंटे में तय हो रहा 200 मीटर का सफर

0

तीर्थनगरी में कांवड़ियों के आने और जल भरकर जाने का सिलसिला निर्बाध गति से जारी है। भीड़ का आलम यह है कि राजमार्ग पर पूरी तरह से जाम है।

राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बनाए रखने के लिए पुलिस के जवानों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। 200 मीटर की सड़क को पार करने में आधे घंटे से अधिक का समय लोगों को व्यय करना पड़ रहा है। व्यवस्था बनाने के बाद भी पुलिस यातायात व्यवस्था को काबू नहीं कर पा रही है। जाम में फंसे रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है। फिलहाल 20 जुलाई की रात्रि से पूर्व लोगों को राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। सबसे अधिक परेशानी का सामना स्थानीय लोगों को करना पड़ रहा है।

मसूरी विधायक व एसएसपी ने किया पौधरोपण

0

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा ‘एक व्यक्ति एक पेड़’ का अनुसरण करते हुए बुधवार को मसूरी विधायक गणेश जोशी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निविदिता कुकरेती ने कोतवाली कैंट में पौधरोपण किया।
भाजपा के मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि प्रकृति पर्व हरेला महोत्सव के इस पखवाड़े में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा ‘एक व्यक्ति एक पेड़’ का अनुसरण एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा नियत कार्यक्रमों के तहत कोतवाली कैंट में पौधरोपण किया गया।
उन्होंनेे बताया कि ‘एक पौध लगाने एवं उसके संरक्षण से हमें सौ वर्षों तक स्वच्छ हवा एवं सुन्दर प्राकृतिक सौन्दर्य का आनन्द प्राप्त होता है और यह हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत अधिक लाभदायक है।’ उन्होंने कोतवाली प्रभारी को निर्देशित किया है कि कोतवाली परिसर में लगाए गए पौध की देखभाल के लिए वह स्वयं अपनी जिम्मेदारी तय करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निविदिता कुकरेती ने भी पौधरोपण के कार्यक्रम को सराहा और कहा कि मुख्यमंत्री के ‘एक व्यक्ति एक वृक्ष’ के नारे का दून पुलिस द्वारा अनुसरण कर इसी प्रकार आगे भी पौधरोपण किया जाएगा।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी एसएस बिष्ट, मंडल उपाध्यक्ष देवेन्द्र पाल सिंह, छावनी परिषद् के पूर्व उपाध्यक्ष विष्णु गुप्ता, पार्षद नंदनी शर्मा, महामंत्री सुरेन्द्र राणा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्य्क्ष ने किया अपने कैम्प कार्यालय का उद्घाटन

ऋषिकेष विधायक और विधानसभा अध्य्क्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा ऋषिकेष स्तिथ बैराज में अपने छेत्रीय कैम्प कार्यालय का उद्वघाटन किया, जिसमें विधानसभा के साथ-साथ छेत्र के कई बीजेपी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए विधानसभा अध्य्क्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि कैम्प कार्यालय के खुलने से जरूरत मंद लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी, उन्होंने बताया कि आम जनता इस कैम्प कार्यालय में आ कर मुझसे मिल सकते है।

हरिद्वार में युवक की मौत

0

मायापुर स्थित डीएम आवास,हरिद्वार के पीछे मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को गंगा से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मंगलवार सुबह डीएम आवास के पीछे गंगा में एक युवक का शव देखकर लोग हैरान रह गए। मामले की सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी। मायापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकालकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। कोतवाल चंद्रभान ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत पानी में डूबने से हुई लगती है।

स्वास्थ्य महकमे के जल्द आएंगे ‘अच्छे दिन’

0

डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे स्वास्थ्य महकमे को जल्द 203 दंत चिकित्सक मिलने वाले हैं। इनकी भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के परिणामों की घोषणा के बाद उत्तराखंड चिकित्सा सेवा भर्ती बोर्ड (यूएमएसआरबी) ने साक्षात्कार की तिथि भी तय कर दी है। साक्षात्कार 24 से 28 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए 400 उम्मीदवारों को आमंत्रित किया गया है। प्रतिदिन बोर्ड करीब 90 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेगा।

बता दें कि यूएमएसआरबी ने 22 जनवरी को राज्य स्वास्थ्य सेवाओं में 203 दंत चिकित्सकों की भर्ती के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की थी। बीडीएस डॉक्टरों में 53 को डेंटल कैडर और 150 पीएमएचएस संवर्ग में नियुक्त किए जाएंगे। इनकी सेवाएं स्थायी हैं और ये राज्य की दंत चिकित्सा सेवा नियमावली के तहत संचालित होंगी। दंत उपचार के अलावा डॉक्टर आम रोगों से पीड़ित लोगों का भी इलाज करेंगे।

यूएमएसआरबी के अध्यक्ष डॉ. आईएस पाल ने बताया कि अंतिम परिणाम अगस्त के दूसरे सप्ताह में घोषित किया जाएगा। बोर्ड चयनित उम्मीदवारों की सूची को शासन को सौंप देगा, जो इनकी विभिन्न जनपद में नियुक्ति करेगा। उन्होंने बताया कि यूएमएसआरबी को 750 चिकित्सा अधिकारी (स्वास्थ्य विभाग के लिए 712 और ईएसआई के लिए 38) की भर्ती के लिए अधियाचन आया है। इन पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जल्द ही जारी किया जाएगा।

‘जग्गा जासूस’ के कारोबार में भारी गिरावट

0

रणबीर कपूर और कटरीना कैफ की एडवेंचर आधारित फंतासी फिल्म ‘जग्गा जासूस’ के कारोबार के लिए सोमवार का दिन काफी अहम माना जा रहा था। रिलीज के पहले तीन दिनों में लगभग 33 करोड़ के कारोबार के बाद सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में भारी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को 13 करोड़ के आसपास का कारोबार करने के बाद सोमवार को इस फिल्म की कमाई सिर्फ 4.05 करोड़ तक ही सीमित होकर रह गई।

सोमवार के कलेक्शन सामने आ जाने के बाद अब इस फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने की संभावनाएं धूमिल मानी जा रही हैं। फिल्मी कारोबार के जानकारों का कहना है कि अब इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर टिके रहना मुश्किल होगा, क्योंकि 90 करोड़ के भारी भरकम बजट वाली फिल्म की लागत वसूलना अब लगभग नामुमकिन हो गया है।

जानकारों के अनुसार, इस फिल्म के रिलीज अधिकार खरीदने वाले वितरकों को 40 करोड़ से ज्यादा का घाटा रहेगा, जिसे काफी बड़ा माना जा रहा है। इस बीच एक और खबर मिल रही है, जिसके मुताबिक, फिल्म की सीक्वल बनाने की योजना को बंद कर दिया गया है। रिलीज से पहले रणबीर कपूर ने संकेत दिए थे कि फिल्म के सीक्वल को लेकर योजना विचाराधीन है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के बुरे हाल को देखकर फिल्म की सीक्वल की योजना को ताला लगा दिया गया है।