Page 588

तो उत्तारखंड के इस जिले में ऐसे बन रहा था कागज़ों में “स्वच्छ भारत”

DM exposes corruption in ground level

रुद्रप्रयाग में डीएम मंगेश घिल्डियाल की सर्तकता के चलते सराकरी पैसे के गबन का ऐसा मामला सामने आया कि लोगों के होश उड़ गये। इसके चलते एक ग्राम प्रधान की कारगुजारियां लोगों के सामने आई और वो नप भी गये। दरअसल डीएम घिल्डियाल ने भरदार क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्राम पंचायत ढौण्डा पालीपुर में स्वजल परियोजना के तहत बनाए जा रहे शौंचालयों के निर्माण में लेट-लतीफी और ग्रामीणों से ग्राम प्रधान द्वारा पैसे लिए जाने की शिकायत पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने प्रधान के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जितने भी लोग इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

डीएम ने पाया कि ग्राम पंचायत ढौण्डा में स्वजल विभाग के साथ प्रधान ने जनवरी, 2017 में करार किया। जिसके अनुसार ग्राम प्रधान को 79 लाभार्थियों के शौचालयों का निर्माण कराना था। इस के लिये प्रधान के खाते में रू 4.74 लाख ट्रांसफर भी हो गये थे। डीएम ने प्रधान से सभी 79 शौचालय दिखाने को कहा। डीएम ने निरीक्षण के लिये 3 घण्टे तक लगभग 8 किमी तक गांव के हर घर का दौरा किया। इसके चलते यह पता चला कि 79 शौचालयों में से सिर्फ 29 शौचालय ही बने हैं, बाकी 19 परिवार ऐसे दिखाये गये हैं, जिन्होंने अभी तक शौचालय नहीं बनाये हैं। बाकी 31 परिवारों के संबंध में ग्राम प्रधान कुछ भी बताने में असमर्थ रहा, जिससे यह शक पैदा हुआ कि वे परिवार वास्तव में हैं भी या पलायन कर चुके हैं।

वहीं भ्रष्टाचार की हद ये है कि प्रधान ने सभी 79 शौचालय बन जाने की घोषणा की जा चुकी है।इसके साथ ही लोगों ने बताया कि पहली किश्त का उन्हें छह हजार रूपए भुगतान होना था, लेकिन प्रधान ने मात्र पांच हजार रूपए ही दिए।डीएम ने अधिकारियों को आदेश दिये कि प्रधान पर मुकदमा दर्ज हो और स्वजल के क्षेत्रीय समन्वयक को निलम्बित किया जाए। इसके साथ जिन अधिकारियों ने इस गांव का सत्यापन किया गया उनका वेतन गांव में सारे शौचालय बनने तक रोक दिया जाये।

इस मामले पर न्यूजपोस्ट से बात करते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि”उनकी लोगों से अपील है कि स्वच्छ भारत को पूरी तरह सफल बनाने के लिये लोगों को भी आगे आकर काम करना होगा।प्रशासन किसी भी तरह की लापारवाही अपने अधिकारियों की तरफ से बर्दाशत नहीं करेगा”

महिला से तांत्रिक ने ठगे हजारों रुपये

0

बहादराबाद थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद का समाधान करने का झांसा देकर बहादराबाद में एक तांत्रिक ने महिला से हजारों रुपये हड़प लिए। महिला ने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। प्रमिला पत्नी रामवीर निवासी जगदीशपुर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके पति से काफी दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है।

विवाद के समाधान के लिए महिला बहादराबाद स्थित एक दुकान पर पहुंची थी। यहां मिले तांत्रिक को महिला ने पति से विवाद के बारे में बताया। तांत्रिक ने महिला से सब कुछ ठीक करने को कहा। महिला तांत्रिक के बहकावे में आ गई।

तांत्रिक ने महिला से समस्या के समाधान के नाम पर किस्तों में 49 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद भी समाधान न होते देख महिला ने तांत्रिक से पैसे वापस मांगे, जिस पर तांत्रिक टालमटोल करता रहा। पीड़ित महिला ने थाने में उक्त तांत्रिक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

‘आई डिड इट’ किताब का मसूरी में विमोचन

0

19 साल के लेखन के अनुभव के साथ प्राची रतूड़ी मिश्रा ने अपनी दूसरी किताब ‘आई डिड इट’ टाईम्स ग्रुप बुक्स के बैनर तले प्रकाशित की है। यह किताब 18 लोगों के जीवन की कहानी है जिन्होंने साधारण परिवेश से निकल कर आज अपने हौसले और परिश्रम से अपने लिये एक ऊंचा मुकाम हासिल किया है।

prachi

इस किताब के बारें में प्राची बताती हैं कि, “हर एक क्षेत्र से जुड़े हुए उन लोगों की कहानियां हैं जिन्होंने परिस्थितियों से समझौता ना कर अपनी लड़ी लड़ने का हौसला दिखाया। हम में से शायद ही कोई यह जानता होगा कि मशहूर अदाकार जॉनी लीवर ने अपना पहला रुपया ढ़ाबे में चटनी पिस कर कमाया है, या आज विश्व प्रसिद्ध कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा कभी रोजी रोटी के लिए बर्तन मांजते थे। इसके अलावा कल्पना सरोज एक बालवधू होने के बावजूद एक सफल बिजनेस वूमेन हैं।”

लेखक रस्किन बॉंड जिन्होंने कम उम्र में लेखन जगत में अपना नाम कमाया लेकिन उस नाम के पीछे उनका संर्घष और परिश्रम की कहानी शायद ही कोई जानता हो। कैप्टन गोपीनाथ आज अासमान की उचाईयाँ छू रहे हैं, लेकिन किशोर अवस्था तक उनके पास जूते खरीदने के लिए भी पैसे नहीं थे। ‘आई डिड ईट,’ प्राची की मेहनत, लगन और रिर्सच का परिणाम है। इस किताब में शब्दों के साथ तस्वीरें इसे और भी मनोरंजक बना देती हैं।

106 पन्नों की यह किताब सभी के लिए एक आशा की किरण है और सबको प्ररेति करती है हौसले और कठिन परिश्रम से अपनी मंजिल पाने के लियें।

विवादित टीवी शो पहरेदार पिया की कहानी में होगा बदलाव

0

विवादों में घिरे सोनी चैनल के शो पहरेदार पिया की कहानी में बड़े बदलाव के आदेश दिए गए हैं। 9 साल के लड़के और 18 साल की लडकी की प्रेमकथा पर आधारित इस सीरियल के बंद होने का खतरा तो दूर हो गया है, लेकिन इसकी कहानी में बडे बदलाव करने को कहा गया है, ताकि इसे लेकर लोगों की शिकायतें दूर हो सकें।

केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने इस शो के प्रति तेवर कड़े कल लिए थे, जिसे लेकर इस शो के बंद होने तक की नौबत आ गई थी। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने ये मामला एक कमेटी को सौंपा था, जिसके बाद बदलाव के आदेश दिए गए। सोनी चैनल की टीम भी इस बदलाव से राहत महसूस कर रही है।

चैनल के एक बड़े अधिकारी ने कहा कि हम कहानी को लेकर जरुरी बदलाव के लिए तैयार थे, लेकिन शो बंद करने की बात हम अस्वीकार कर चुके थे। चैनल की टीम इस बात के लिए तैयारियां कर चुकी थी कि अगर सरकार की ओर से शो को बंद करने को कहा गया, तो इसे अदालत में चुनौती दी जाएगी। नए आदेश को लेकर चैनल का कहना कि शो की टीम जल्दी ही कहानी में बदलाव करेगी और इसका असर जल्दी ही नजर आएगा। 

कॉन्ट्रैक्ट किलर भी कर सकता है रोमांस : नवाजुद्दीन सिद्दीकी

0
female-producer-accuses-censor-board-members

बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी आजकल छाए हुए हैं। प्रतिभाशाली एक्टर होने के कारण उनकी फिल्मों की प्रतीक्षा हर आयु वर्ग के दर्शकों को रहती है। आगामी 25 अगस्त को उनकी एक और बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर फिल्म‘बाबूमोशाय बंदूकबाज’ रिलीज होने वाली है। इसी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में नवाज पिछले दिनों अपने सहयोगी कलाकारों- बिदिता बेग, श्रद्धा दास, जतिन गोस्वामी एवं निर्माता अश्मित कुंदर के साथ दिल्ली में थे। दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया के साथ बातचीत में नवाज़ और फिल्म के अन्य कलाकारों ने अपने अनुभव और फिल्म की खासियत साझा किया।

फिल्म के बारे में नवाज ने कहा, ‘फिल्म में मेरा किरदार विशेष और अनोखा है, वह सभी सामाजिक और नैतिक मूल्यों से बाहर है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा कि ‘टाइटल बंदूकबाज से ही पता चलता है कि बाबूमोशाय बंदूक के बिना नहीं चलता है। इसलिए इस फिल्म में कुछ अलग तरह के एक्शन हैं।’

नवाज ने बताया, ‘बाबूमोशाय बंदूकबाज’ में मैं एक कॉन्ट्रैक्ट किलर की भूमिका में नजर आऊंगा, जो रोमांस भी करता नजर आएगा। हमारा मानना है कि एक कॉन्ट्रैक्ट किलर भी रोमांस कर सकता है, क्योंकि रोमांस एक तरह से नहीं, बहुत तरीके से होता है। हर किसी के रोमांस का तरीका अलग होता है। वैसे ही मेरा जो कैरेक्टर है, वह अपने हिसाब से रोमांस करता है।’

सेंसर प्रमाणन के बारे में नवाज ने कहा कि यह फिल्म बनावटी नहीं, बल्कि वास्तविक है। पहले इसमें 48 कट लगाने की बात की जा रही थी, लेकिन ऊपरवाले की दया से सेंसर ने सिर्फ 4 से 5 कटौती की है। हालांकि, फ़िल्म अपने दृश्यों के अनुसार थोड़ा सा बोल्ड जरूर है, लेकिन इसके बावजूद 48 कट की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि हम सबके लिए यह फिल्म विशेष है। फिल्म की अधिकांश शूटिंग पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं लखनऊ के आसपास हुई है। मुझे यकीन है कि लोग इस फिल्म को पसंद करेंगे।’

कुशन नंदी द्वारा निर्देशित और किरण श्याम श्रॉफ-आश्मित कपूर द्वारा निर्मित ‘बाबूमोशाय बंदूकबाज’ बाबू (नवाजुद्दीन) के बारे में एक विचित्र कहानी है। जो एक कांट्रैक्ट किलर है और वेश्यावृत्ति में भी शामिल है, साथ ही वह एक लड़की (बिदिता बेग) के साथ प्यार में भी पड़ जाता है। फिल्म की कहानी नवाजुद्दीन और दूसरे कॉन्ट्रैक्ट किलर के साथ तय हुई एक शर्त के इर्द-गिर्द घूमती है।

‘बरेली की बर्फी’ को पहले दिन ढाई करोड़ की कमाई

0

 यूपी के बरेली शहर के नाम पर बनी फिल्म ‘बरेली की बर्फी’ का बॉक्स ऑफिस पर पहला दिन ठीकठाक रहा। रिलीज के पहले दिन इस फिल्म की कमाई 2.50 करोड़ की रही। इसे फिल्म की औसत कामयाबी माना जा रहा है। फिल्म को मीडिया में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जिसे देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वीकेंड में शनिवार और रविवार को फिल्म अच्छा कारोबार करेगी।

फिल्मी कारोबार के जानकारों का अनुमान है कि फिल्म पहले तीन दिनों में दस करोड़ से ज्यादा की कमाई कर सकती है। आयुष्मान खुराना, कीर्ति सैनॉन और राजकुमार राव की त्रिकोणीय प्रेमकथा पर आधारित ये छोटे बजट की फिल्म है, जिसका बजट 12 करोड़ और तीन करोड़ प्रमोशन का बजट है। इसे देखते हुए फिल्म एक सप्ताह में अपनी लागत वसूल कर सकती है। एक तर्क ये भी सामने आया है कि पिछले सप्ताह रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेमकथा’ के बॉक्स ऑफिस पर मजबूत होने से ‘बरेली की बर्फी’ की संभावना कम हो गई।

‘बरेली की बर्फी’ के साथ रिलीज हुई भारत-पाक बंटवारे की पृष्ठभूमि वाली प्रेमकथा ‘पार्टिशियन 1947’ और काजोल की तमिल फिल्म ‘वीआईपी 2’ के हिंदी वर्जन ललकार को दर्शकों ने पसंद नहीं किया और पहले दिन इन दोनों फिल्मों ने कोई उल्लेखनीय कमाई नहीं की।

कोतवाल के बयान पर भड़के लोग, हंगामा

0

रानीखेत, में चेन स्नेचिंग के मामले में शिकायत लेकर पहुंचे लोगों को कोतवाल ने पहली घटना बताने का तर्क दिया तो लोग भड़क उठे। लोगों ने जमकर कोतवाली में हंगामा काटा। हंगामे के बाद कोतवाल ने जल्द मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

रानीखेत कोतवाली के पास शनिवार शाम को एक महिला से मंगलसूत्र लूट लिया गया। कैंट बोर्ड के पास हाफमून कॉलोनी निवासी मोहनी बिष्ट के गले से मंगलसूत्र लूट के मामले में रविवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष कैलाश पांडे के नेतृत्व में लोग कोतवाली पहुंचे। किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गोपाल देव व चंदन बिष्ट ने कोतवाल एमसी जोशी से शहर में चेन स्नेचिंग की पहली घटना का हवाला देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।

इस पर कोतवाल ने अजीब तर्क देकर लोगों को टालने की कोशिश की। कोतवाल की बात पर कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने कोतवाल को खरी खोटी सुनाई। कार्यकर्ताओं का पारा चढ़ने पर कोतवाल बैकफुट पर आ गए और शीघ्र मामले में कार्रवाई की बात कही। कोतवाल ने कहा कि मामले में दो टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही चोर को पकड़ लिया जाएगा। 

सुअरों के उत्पात से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन

0

चमोली जिले के जोशीमठ नगर में आजकल पालतु सुअरों ने आंतक मचाया हुआ है, जिससे वहां के लोग काफी परेशान है। यहां तक की नृसिंह मंदिर आहाते तक में इन सुअरों की गंदगी से श्रद्धालु भी दुखी नजर आ रहे है।

क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता भगवती प्रसाद नंबूरी के नेतृत्व में क्षेत्र की जनता ने एसडीएम के कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए सुअरों के मालिकों से इन्हें बाढे में बंद रखवाने की मांग की है। कहा कि पूरे नगर क्षेत्र में सुअरों द्वारा लोगों के खेतों, खलिहानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वहीं इनके द्वारा फैलायी जाने वाली गंदगी से राह चलने वालों को भी भारी परेशानी हो रही है।

यही नहीं बद्रीनाथ धाम का मुख्य पड़ाव होने के साथ ही भगवान नृसिंह का मंदिर भी यहां पर है, जहां पर इन सुअरों द्वारा काफी गंदगी फैलायी जा रही है। जिससे भगवान बद्रीनाथ के दर्शन करने से पहले नृसिंह मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु भी इन सुअरों से परेशान व दुखी है। स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। 

प्रकृति प्रेमी गुरुजी ने गांव-गांव जाकर रोपे आठ हजार पौध

0

 चमोली जिले के विकास खंड पोखरी के राइका गोदली में सेवारत गुरुजी धन सिंह घरिया ने अपने आसपास की सात ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों के सहयोग से आठ हजार से अधिक पौधों का रोपण किया। गुरुजी के इस सराहनीय कदम से ग्रामीण काफी खुश हैं।

धनसिंह घरिया एक लंबे समय से राइका गोदली में सेवारत हैं। वहीं, दुरस्थ और पैदल क्षेत्र होना यहां की भौगोलिक स्थिति अन्य स्थानों से भिन्न है। लोगों को अपनी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं को पीठ पर ढोह कर लाना पड़ता है। विकट परिस्थिति होने के बावजूद यहां के लोग पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक दिखते है। इसीलिए उन्हें ग्रामीणों के साथ पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने में काफी सहयोग मिलता है। ग्रामीणों के ही सहयोग से इस बार उन्होंने आठ हजार से अधिक विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया है।

बताते हैं कि विद्यालय परिवार का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिलता है। छुट्टी के दिन सभी शिक्षक और छात्र गांवों में जाकर लोगों के साथ मिलकर पौधरोपण का कार्य करते हैं साथ ही ग्रामीणों के सामाजिक क्षेत्र में भी जागरूक किया जाता है।

तिरंगा यात्रा के दौरान बवाल, पांच पर मुकदमा दर्ज

0

जनपद के लक्सर के खानपुर में भाजयुमो की तिरंगा यात्रा के दौरान हुए बवाल और मारपीट के मामले में लक्सर पुलिस ने खानपुर विधायक समेत पांच आरोपियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न व मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य की ओर से पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य समेत छह से अधिक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शनिवार को खानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा की तिरंगा यात्रा के दौरान बवाल व मारपीट हो गई थी। इस मामले में जिला पंचायत सदस्य रजनीश कुमार की ओर से खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर हत्या की साजिश रचने और विधायक समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। विधायक समर्थकों की ओर से जिला पचांयत सदस्य व उसके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया गया था।

वहीं, जिला पंचायत सदस्य व भाजयुमो खानपुर मंडल अध्यक्ष रजनीश की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने उनकी हत्या की साजिश की। इसी को लेकर विधायक समर्थकों जितेंद्र, ओमकार, जंगी व पदम सिंह ने उनके ऊपर जानलेवा हमला करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की।
आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, जितेन्द्र, ओमकार, जंगी तथा पदम सिंह के खिलाफ जातिसूचक शब्द कहने व मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।  वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पप्पू सिंह आजाद की ओर से पुलिस को तहरीर देकर बताया गया कि वह तिरंगा यात्रा में शामिल होने आया था। जहां आरोपी रजनीश ने उनके साथ गाली गलौज व साथियों के साथ मिलकर मारपीट की।

आरोप लगाया कि गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। इसी दौरान गले से सोने की चेन भी खींच ली गई। बीच बचाव करने आए उसके साथियों के साथ भी रजनीश व उनके साथियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने आरोपी रजनीश, रफल सिंह निवासी तुगलपुर, तथा मांगेराम तीन नामजद व तीन चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। खानपुर थानाध्यक्ष राजीव चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।