Page 570

महिला ने रैन बसेरे में जन्मी बच्ची, अस्पताल ने नहीं दी जगह

0

डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के डॉक्टरों ने एक गर्भवती को भर्ती करने से मना कर दिया। परिजन परेशान होकर रैन बसेरे में रुक गए। गर्भवती ने वहीं एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने महिला को भर्ती करने से मना कर दिया। जब परिजनों ने हंगामा काटा को तो जच्चा-बच्चा को भर्ती किया गया।

शनिवार को पटरानी ओखलकांडा निवासी विद्या के पति ने बताया कि शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया लेकिन ढाई घंटे इंतजार के बाद एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद वे किराए की टैक्सी से अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने सीधे ऑपरेशन करने की बात कही, जबकि नार्मल डिलीवरी के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया गया।
डॉक्टरों के इंकार करने पर गर्भवती परिजनों के साथ अस्पताल के रैन बसेरे में रुक गई। कुछ घंटे बाद वहीं नार्मल डिलीवरी हो गई। इस मामले में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके पांडेय ने बताया कि लेबर पेन नहीं हो रहा था। पेट में बच्चे को दिक्कत थी। इसलिए ऑपरेशन के लिए कहा गया लेकिन परिजन चले गए। जब बच्ची पैदा होने की जानकारी मिली तो भर्ती करा दिया गया।

ट्रक की चपेट में आने से छात्रा की मौत, एक घायल

0

ओवरलोड ट्रक की चपेट में आने से एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी को हल्की चोटें आई हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घंटो शव को नहीं उठाने दिया। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है। महिलाओं द्वारा मार्ग जाम किए जाने के कारण भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। कई घंटे बाद आश्वासन मिलने पर परिजन सहमत हुए।

शनिवार को ग्राम थिथोला की चार छात्राएं लंढौरा में साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। तेल डिपो के पास पीछे से आ रहे बजरी से भरे ट्रक ने दो छात्राओ को अपनी चपेट ले लिया। एक छात्रा नेहा सड़के के किनारे गिर गई, जबकि दूसरी छात्रा टीना(17) पुत्री समेर सिंह सड़क की और जा गिरी और ट्रक के नीचे आ गई। ट्रक छात्रे के सिर को ट्रक ने कुचलते हुए निकला। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने ट्रक मालिक को बुलाने की मांग को लेकर शव सड़क पर ही रख मार्ग जाम कर दिया। इसके गांव की महिलाएं भी वहां पहुंच गई और रुड़की लक्सर मार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ मंगलोर परीक्षित कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल आदि ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे वहीं डटे रहे। कई घंटे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस कार्रवाई के आश्वासन पर परिजनों ने मार्ग खाली किया।

राम रहीम केस के चलते ऋषिकेश में फंसे तीर्थयात्री गुरुद्वारा श्री हेमकुंड में डेरा डाले हैं

पंचकूला की आग का असर धीरे धीरे बाकि राज्यों में भी तेजी से पसर रहा है। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम को कल रोहतक में सजा सुनवाई जाएगी जिसके चलते पंजाब हरियाणा सहित अन्य राज्यों में भी दंगे और आगजनी की घटनाएं बढ़ सकती है। सभी राज्यों ने सतर्कता तो बढ़ा दी है जिसके चलते परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित है तीर्थ नगरी ऋषिकेश में पंजाब से आए श्रद्धालु लगातार श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन करके लौट रहे हैं लेकिन ट्रेन और बस सेवाएं ना चलने के चलते, इन सिख श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कल 656 श्रद्धालुओं का जत्था श्री हेमकुंड साहिब से लौटकर वापस ऋषिकेश आया था। उन्हें ट्रेन से पंजाब के लिए रवाना होना था लेकिन ना तो बस या ट्रेन मिलने के चलते यह श्रद्धालु ऋषिकेश में ही डेरा डाले हुए हैं। श्री हेमकुंड गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के मैनेजर दर्शन सिंह का कहना है कि, “जब तक हालात सामान्य नहीं होते और परिवहन सेवाएं शुरू नहीं होती तब तक यात्रियों को ऋषिकेश श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा मैं ठहराया जाएगा जिसके लिए ट्रस्ट के पास सारे इंतजाम है।

देहरादून में चल रहा ‘स्ट्रांग मैन आॅफ एशिया’ चैंमपियनशीप मुकाबला

0

भारत में पहली बार ‘स्ट्रांग मैन आॅफ एशिया’ का आयोजन किया गया। आयोजक अर्जुन गुलाटी ने देहरादून में इस विश्व स्तर के प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 26 और 27 अगस्त को हैं।

प्रतियोगिता में विश्व के 20 देशों का प्रतिनिधित्व करने 30 खिलाड़ी यहां पहुंचे हैं। इनमें रशिया के वर्ल्ड ‘स्ट्रांगेस्ट मेन चैंपियनशिप’ विजेता भी हैं।

चैंपियनशीप का शुभारंभ राज्य के खेल मंत्री अरविंद पांडे ने किया व उनके साथ आशा बर्थवाल भी उपस्थित थी। इस चैंम्पियनशिप के खालाड़ियों ने 250 किलोग्राम वजन के साथ प्रदर्शन किया, प्रतियोगिता के रेफरी यूएसए और रुस के थे।

प्रथम चरण के खेल में 3 प्रतियोगिताएं हुई जिसमें भारत के 15 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजनकर्ता अर्जुन गुलाटी ने इस उपलक्ष में कहा कि, “मैं खुद एक खिलाड़ी हूं और 2016 में मुझे भी देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ था, तब से मन में इच्छा थी कि देवभूमि उत्तराकंड में भी इस प्रकार के खेल का आयोजन किया जाए।

आयोजनकर्ता मेंसं जीत पाॅल,शशांक खंडूड़ी,एकता,अंकित,बलविंदर,बलदेव,गुरुसेवक,आलोक,अजीत व अन्य ने किया।

अनुजा चौहान के उपन्यास पर बनने वाली फिल्म में काम करेंगी सोनम कपूर

0

पिछले साल नीरजा बनकर बाक्स आफिस पर सफलता पाने वाली सोनम कपूर एक और ऐसी फिल्म में काम करने जा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अनुजा चौहान के उपन्यास जोया फैक्टर पर बनने जा रही फिल्म में सोनम कपूर केंद्रीय भूमिका निभाएंगी।

खुद सोनम कपूर ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म में काम करने की खबर की पुष्टि करते हुए पोस्ट की। इस फिल्म का निर्माण मनमोहन शेट्टी की दोनों बेटियां आरती शेट्टी और पूजा शेट्टी मिलकर करने वाली हैं, जबकि अभिषेक शर्मा इसके निर्देशक होंगे। अनुजा चौहान का ये उपन्यास जोया सिंह सोलंकी नाम की राजपूत लड़की को लेकर लिखा गया है, जो एक विज्ञापन फिल्मों में काम करती है और अपने काम के सिलसिले में 2010 में भारतीय क्रिकेट टीम के संपर्क में आती है और 2011 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के लिए लकी साबित होती है।

वैसे सोनम कपूर इन दिनों अपनी बहन रेया कपूर द्वारा बनाई जाने वाली फिल्म ‘वीरां दी वैडिंग’ में काम करने की तैयारियों में व्यस्त हैं। इस फिल्म को लेकर खास बात ये है कि सोनम कपूर इसमें पहली बार करीना कपूर खान के साथ काम करने जा रही हैं। अपने बेटे तैमूर को जन्म देने के बाद करीना इस फिल्म से परदे पर वापसी करने जा रही हैं। सोनम और करीना के अलावा फिल्म में स्वारा भास्कर की अहम भूमिका है। इस फिल्म की शूटिंग अगले महीने से मुंबई में शुरु होने जा रही है।

दूसरे सप्ताह में टायलेट की कमाई 124 करोड़

0

11 अगस्त को रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ ने बाक्स आफिस पर दो सप्ताह का सफर पूरा कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को समर्पित इस फिल्म ने इन दो सप्ताह में 124 करोड़ का सफर करके 2017 में रिलीज फिल्मों में बिजनेस के मामले में टाप पोजीशन बना ली है। बाहुबली 2 को छोड़कर 2017 मे रिलीज फिल्मों में कमाई के मामले में ये फिल्म कमाई के मामले में दूसरे नंबर पर आ गई है। इससे आगे 137 करोड़ की कमाई के साथ शाहरुख खान की ‘रईस’ इस मुकाबले में अब भी नंबर वन पर विराजमान है।

कमाई के मामले में इस फिल्म ने फरवरी में रिलीज फिल्म ‘जॉली एलएलबी 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है, जिसने 117 करोड़ की कमाई की थी। अक्षय कुमार की सौ करोड़ से ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में प्रभुदेवा द्वारा संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म रावड़ी राठौड़ (137 करोड़) के बाद ये अक्षय कुमार की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में भी दूसरे नंबर पर पंहुच चुकी है। इस साल सौ करोड़ के क्लब में आईं दूसरी फिल्मो मे 119 करोड़ की कमाई करने वाली सलमान खान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ और 103 करोड़ की कमाई के साथ राकेश रोशन की ‘काबिल’ और ‘बद्रीनाथ की दुल्हनियां’ (117 करोड़) रही हैं।

बरेली की बर्फी की पहले सप्ताह में 18 करोड़ की कमाई

0

अश्विनी अयैर तिवारी के निर्देशन में बनी बरेली की त्रिकोणीय प्रेमकथा ‘बरेली की बर्फी’ के लिए बाक्स आफिस पर एक सप्ताह का सफर अच्छा रहा। 14 करोड़ के बजट वाली ये फिल्म पहले ही सप्ताह में अपनी लागत वसूल करने में कामयाब रही और पहले सप्ताह में इसकी कमाई 18 करोड़ से ज्यादा रही। रिलीज के पहले दिन फिल्म की शुरुआत सुस्त हुई थी और कमाई सिर्फ 2.50 करोड़ थी, लेकिन शनिवार को 3.50 करोड़ और रविवार को 5 करोड़ से ज्यादा की कमाई के बाद फिल्म की कमाई 10 करोड़ से ज्यादा हो गई। सोमवार से गुरुवार के बीच भी फिल्म का बिजनेस अच्छा रहा। 18 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी इस फिल्म को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाओं की मदद मिली।

दिलचस्प सीन और बेहतरीन संवादों वाली इस लव ट्रेंगल फिल्म की त्रिकोणीय प्रेमकथा में एक कोण पर आयुष्मान खुराना, तो दूसरे कोण पर राजकुमार राव थे। इनके बीच कीर्ति सेनन थीं। इस फिल्म के रिलीज से पहले ये तीनों ही कलाकार फ्लाप फिल्मो की मार से त्रस्त थे। आयुष्मान खुराना की यशराज में परिणीती चोपड़ा के साथ बनी फिल्म मेरी प्यारी बिंदू फ्लाप रही थी, तो राजकुमार राव को बहन होगी तेरी से झटका लगा था और राब्ता में सुशांत सिंह राजपूत के साथ जोड़ी बनाकर कीर्ति सेनन को नुकसान उठाना पड़ा था। अब बरेली की बर्फी की बाक्स आफिस पर सफलता ने इन तीनो को मिठास का अहसास भर दिया।

सेंसर बोर्ड से बिना किसी कांटछांट के पास हुई फिल्म बादशाहो

0

अगले शुक्रवार (1 सितंबर) को रिलीज होने जा रही मिलन लथूरिया की फिल्म बादशाहो को सेंसर बोर्ड ने पास कर दिया है। सेंसर से इस फिल्म को यूए सार्टिफिकेट दिया गया है और फिल्म में किसी तरह की कोई कांटछांट नहीं हुई है। पहलाज निहलानी को सेंसर बोर्ड के चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद ये बालीवुड की पहली कमर्शियल फिल्म है, जिसे सेंसर बोर्ड से क्लीयर किया गया है। प्रसून जोशी के चेयरमैन बनने के बाद बिना किसी परेशानी के ये फिल्म पास कर दी गई।

इमरजेंसी के बैकड्राप पर बनी इस मसालेदार फिल्म की कहानी राजस्थान की है, जहां 6 लोगों की एक गैंग सरकारी खजाने की लूट करती है। इस गैंग में अजय देवगन, इलियाना डिक्रूज, ईशा गुप्ता, इमरान हाश्मी, संजय मिश्रा और विद्युत जंवाल है। फिल्म में नुसरत फतह अली खान की कव्वाली मेरे रश्के कमर… का रीमिक्स वर्शन है, जो अजय देवगन और इलियाना पर फिल्माया गया है। इमरान हाश्मी और ईशा गुप्ता की जोड़ी पर यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म दीवार में शशि कपूर और परवीन बाबी पर फिल्माए गए गाने कह दूं तुम्हें… या चुप रहूं… के नए वर्शन को फिल्माया गया है। साथ ही फिल्म में सनी लियोनी के साथ इमरान हाश्मी का आइटम सांग है।

मिलन लथूरिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण टी सीरिज ने किया है। ये इस साल रिलीज होने वाली अजय देवगन की पहली फिल्म है। इसके बाद दीवाली पर उनकी दूसरी फिल्म गोलमाल 4 रिलीज होगी, जिसका निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है।

किट्टी प्रकरण: एसआईटी करेगी जांच

0

कमेटी के करोड़ों रुपये लेकर फरार होने के मामले की जांच शहर कोतवाली के साथ ही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम भी करेगी। एसएसपी ने एसपी क्राइम के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। इस टीम में तेज-तर्राक इंस्पेक्टर व दारोगाओं को शामिल किया गया है।

22 अगस्त को जीआईजी मॉल के संचालक सविंदर सिंह निवासी कनखल कमेटी के करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया था, जबकि उसकी पत्नी गुरप्रीत सिंह उर्फ निशी को गिरफ्तार कर लिया गया था। शहर कोतवाली पुलिस ने सविंदर व गुरप्रीत के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लग सका। आरोपी का मोबाइल भी 22 अगस्त की शाम से ही बंद है।
वहीं स्थानीय लोगों की बढ़ती शिकायतों व आक्रोश को देखते हुए एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने एसपी क्राइम प्रकाश चंद के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया है। एसआईटी में क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट, सिविल पुलिस व विभिन्न अनुभागों में तैनात तेज तर्राक बारह पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। एसआईटी को शहर कोतवाली पुलिस का सहयोग करेगी। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें उप्र, दिल्ली, देहरादून समेत अन्य स्थानों में भेजी जा रही हैं, जिसमें एसआईटी के सदस्य भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एसआईटी को इस बावत निर्देश दिए गये हैं कि सबसे पहले वे इसका पता लगाएं कि आरोपी के पास किन-किन लोगों का आना जाना था। लोगों की सूची तैयार कर उनसे पूछताछ की जाए।
पुलिस ने तीन बैंकों को नोटिस जारी कर गुरप्रीत सिंह व सविंदर के बैंक खाते में मौजूद नकदी के बारे में जानकारी देने को कहा है। बता दें कि सविंदर का सुराग नहीं लगने के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने कनखल स्थित मकान व जीआईजी मॉल खंगाला था। यहां से पुलिस ने प्रॉपर्टी से संबंधित बैनामे, तीन अकाउंट खाते आदि दस्तावेज बरामद किए थे। बैंक पासबुक अपडेट नहीं होने के कारण पुलिस को वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।
इस पर पुलिस ने आईडीबीआइ, पीएनबी व एक्सिस बैंक के प्रबंधक को पत्र लिखकर बैंक में मौजूद धनराशि के बारे में जानकारी देने की बात कही है। चौकी प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि अवकाश होने के चलते खाते में नकदी के बावत जानकारी नहीं मिल सकी है। सोमवार को जानकारी मिलने की उम्मीद है।उन्होंने बताया कि कार, स्कूटी व बुलेट का भी पता चला है।

आमंत्रण यात्रा के साथ ऐतिहासिक नंदा महोत्सव शुरू

0

नगर के ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव की शुरुआत कदली वृक्ष आमंत्रण यात्रा के साथ प्रारंभ हो गई। शनिवार की सुबह कदली खामों की शोभायात्रा पूरे नगर का भ्रमण करते हुए नंदा देवी मंदिर पहुंची। छोलिया टीम की आकर्षक प्रस्तुति ने यात्रा में चार चांद लगाए। नंदा देवी मंदिर से गाजे-बाजे व नगाड़े-निशान के साथ कदली वृक्ष आमंत्रण यात्रा शुरू हुई।

मां नंदा-सुनंदा के जयकारों के साथ निकली धार्मिक व सांस्कृतिक यात्रा रायस्टेट स्थित माधवकुंज निवास पहुंची। जहां पं. विपिन चंद्र पंत के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राजा की भूमिका निभा रहे कैलाश बिनवाल, विधायक करन माहरा, नंदा देवी समिति अध्यक्ष हरीश साह आदि ने पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों के साथ विधिवत कदली वृक्षों को आमंत्रित किया।
रविवार से नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण शुरू होगा।
28 अगस्त को अपराह्न जूनियर, सीनियर स्कूल वर्ग की चित्रकला, ऐपण प्रतियोगिता होगी, सायं बाल कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। 29 को ब्रह्म मुहूर्त में नंदा-सुनंदा की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। कदली आमंत्रण यात्रा में कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष मोहन नेगी, विमल भट्ट, एलएम चंद्रा, पंकज साह, किरन साह, जयंत रौतेला, यतीश रौतेला, सतीश पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।