Page 547

दून विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनाव​​ 13 को

0

दून विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनावों की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। चुनाव दो चरणों में होगा। छात्र परिषद के 28 सदस्यों के चुनावों के लिए मतदान 13 सितम्बर को होगा। उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि छात्र परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 15 तारीख को मतदान होगा, जिसमें छात्र परिषद के लिए चुने गए 28 सदस्य ही सीधे भाग ले सकेंगे।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एचसी. पुरोहित ने बताया कि दून विश्वविद्यालय में आठ स्कूल हैं। हर स्कूल में स्नातक और स्नात्कोत्तर स्तर से छात्र परिषद के लिए दो-दो सदस्यों का चुनाव होना है। स्कूल आॅफ डिजाइन में सिर्फ स्नातक कोर्स ही है। साथ ही स्कूल आप इन्वायरमेंटल साइंस में सिर्फ स्नात्कोत्तर विषय है, ऐसे में इन दो स्कूलों से दो-दो सदस्यों का ही चुनाव हो पाएगा। चुनाव के लिए कुल 28 सदस्य आठ स्कूलों से चुनें जाएंगे। जिसमें छह स्कूलों से चार-चार सदस्य, जबकि दो स्कूलों से दो-दो सदस्य हैं। डॉ. पुरोहित ने बताया कि विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए केंद्रीय चुनाव समिति बनाई गई है, जिसमें डॉ. हर्ष डोभाल, डॉ. आशाराम गैरोला, डॉ. प्राची पाठक, डॉ. आशीष कुमार, असिस्टेंट रजिस्ट्रार नरेंद्र लाल एवं दुर्गेश डिमरी शामिल हैं। 

फिल्म बागी-2 में डबल रोल में होंगे टाइगर श्रॉफ

0

जैकी के बेटे टाइगर श्रॉफ ने अपनी नई फिल्म बागी 2 को लेकर दो महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं। पहला संकेत उन्होंने ये दिया है कि इस फिल्म में वे डबल रोल में होंगे और दूसरा संकेत उनकी ओर से ये मिला है कि दिशा पटानी उनकी हीरोइन होंगी। अब तक चर्चा रही कि करण जौहर की कंपनी में बन रही ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ की सीक्वल में टाइगर के साथ दिशा पटानी की जोड़ी बनेगी।

इस फिल्म को लेकर सुनने में आया है कि फिल्म की स्क्रिप्ट में कुछ फेरबदल के कारण इसको फिलहाल स्थगित कर दिया है, इसलिए टाइगर अब पहले ‘बागी’ की सीक्वल की शूटिंग शुरू करेंगे। ‘बागी’ का निर्देशन शब्बीर खान ने किया था लेकिन ‘बागी’ की सीक्वल का निर्देशन कोरियोग्राफर अहमद खान को सौंपा गया है।

फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला की कंपनी ही करेगी। इस साल टाइगर की फिल्म मुन्ना माइकल रिलीज हुई लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म ठंडी रही। दिशा पटानी की अब तक दो फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। धोनी पर बनी नीरज पांडे की फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के साथ उनको लॉन्च किया गया था। इसके बाद सोनू सूद के साथ वे जैकी चान की फिल्म में नजर आई थीं। इन दिनों टाइगर और उनके परिवार के साथ दिशा पटानी अक्सर सार्वजनिक स्थलों पर देखी जाती हैं।

 

‘रेस 3’ की कहानी सुनने को तैयार हुए बिग बी

0

विगत सप्ताह बॉलीवुड में चर्चा हो रही थी कि अमिताभ बच्चन को सलमान खान की नई फिल्म ‘रेस 3’ के लिए कास्ट किया जा रहा है। ये चर्चा जोर पकड़ने के बाद खुद अमिताभ बच्चन की मीडिया टीम के साथ टिप्स की ओर से इसका खंडन किया गया था। आज ये चर्चा एक बार फिर तेज हो गई, जब अमिताभ बच्चन को लेकर ये कहा गया कि वे फिल्म की कहानी सुनने के लिए वो राजी हो गए हैं।

कहा जा रहा है कि इस सप्ताह के अंत में ‘रेस 3’ की निर्माता कंपनी टिप्स के रमेश तौरानी और निर्देशक रेमो डिसूजा की जोड़ी फिल्म की कहानी को लेकर अमिताभ बच्चन से मुलाकात करेगी। अमिताभ बच्चन की ओर से कहा जा रहा है कि वे कहानी सुनने के बाद इसमें काम करने या न करने के बारे में कोई फैसला करेंगे। अगर बच्चन कहानी सुनने के बाद इस फिल्म में काम करने के लिए राजी हो जाते हैं, तो वे 14 साल बाद सलमान खान के साथ किसी फिल्म में काम करेंगे। पूर्व में अमिताभ बच्चन ने

‘बागबान’, ‘बाबुल’ और ‘गॉड तुसी ग्रेट हो’ फिल्मों में सलमान के साथ काम किया था लेकिन एक वक्त में सलमान की गर्लफ्रेंड रह चुकी ऐश्वर्या राय की शादी अभिषेक बच्चन से होने के बाद बच्चन परिवार ने सलमान के साथ दूरी बना ली थी और यहां तक कि किसी मंच पर भी सलमान के साथ कभी बच्चन परिवार का कोई सदस्य नजर नहीं आया।

‘रेस’ और ‘रेस 2’ का निर्देशन अब्बास मस्तान ने किया था, जबकि सलमान के कहने पर ‘रेस 3’ का निर्देशन रेमो डिसूजा को दिया गया है। ‘रेस 3’ में सलमान के अलावा अब तक बतौर हीरोइन जैकलीन फर्नांडिज के नाम तय होने की बात सुनी गई है। ‘किक’ के बाद जैकलीन के साथ सलमान काम करेंगे। टिप्स के मुताबिक, सितम्बर में ही ‘रेस 3’ का पहला शेड्यूल मुंबई में किया जाएगा और मुमकिन है कि अगले साल ईद के मौके पर सलमान की ये फिल्म रिलीज हो जाए।

अगली फिल्म में वकील का रोल निभाएंगे शाहिद कपूर

0

अक्षय कुमार और भूमि पेडणेकर की जोड़ी के साथ ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ बनाने वाले निर्देशक श्रीनारायण सिंह की अगली फिल्म के हीरो शाहिद कपूर होंगे और जानकारी मिली है कि वे इस फिल्म में एक वकील का रोल निभाने जा रहे हैं। शाहिद कपूर अपने कैरिअर में पहली बार किसी फिल्म में वकील का रोल करने जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, इस फिल्म का टाइटल रोशनी रखा गया है। इस फिल्म में वकील के रोल में शाहिद कपूर सिस्टम के खिलाफ लड़ते नजर आएंगे। अक्षय कुमार की फिल्म रुस्तम का लेखन करने वाले विपुल रावल इस फिल्म का लेखन पक्ष संभालेंगे। फिल्म में शाहिद के साथ होने वाली हीरोइन के रोल को लेकर कई नामों की चर्चा है, लेकिन अभी तक कोई नाम तय नहीं है।

इस साल शाहिद कपूर की अब तक रिलीज हुई इकलौती फिल्म रंगून को बाक्स आफिस पर बड़ी असफलता का सामना करना पड़ा है। उनकी आने वाली फिल्मों में संजयलीला भंसाली की फिल्म पद्मावती है, जिसमें वे रानी पद्मावती के राजा रतन सिंह का रोल कर रहे हैं।

पहली बार उन्होंने भंसाली के साथ काम किया है, लेकिन ये फिल्म अभी तक अटकी हुई है और इसकी रिलीज का मामला साफ नहीं है। पहले ये दीवाली पर रिलीज होने वाली थी। फिल्म में शाहिद के अलावा पद्मावती के रोल में दीपिका पादुकोण और मुगल बादशाह खिलजी के रोल में रणबीर सिंह हैं। इन दोनों के साथ भी शाहिद कपूर ने पहली बार काम किया है। 

ए जेंटलमैन की असफलता के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्मों पर संकट

0

कमर्शियल फिल्मों के सितारों पर एक फिल्म की असफलता का क्या असर होता है, इसका सिद्धार्थ मल्होत्रा ताजा उदाहरण कहे जा सकते हैं। पहले कैटरीना कैफ के साथ बार बार देखो और अब जैक्लीन फर्नांडिज के साथ ‘ए जेंटलमैन’ के बाक्स आफिस पर फ्लाप होते ही उनकी आने वाली दूसरी फिल्मों पर संकट गहरा गया। उनकी आने वाली फिल्मों में एक फिल्म सस्पेंस थ्रिलर इत्तेफाक है, जो 70 के दशक में राजेश खन्ना और नंदा को लेकर बनी बीआर चोपड़ा की फिल्म का रीमेक है। इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ सोनाक्षी सिन्हा की जोड़ी है। बीआर चोपड़ा के बैनर में रवि चोपड़ा के बेटे मिलकर इसका निर्माण कर रहे हैं।

कहा जाता है कि पहले करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शन ने इस फिल्म के वितरण अधिकार खरीदने का फैसला किया था, लेकिन सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ए जेंटलमैन के रिलीज होने के एक सप्ताह बाद खबर मिल रही है कि धर्मा प्रोडक्शन ने अपना फैसला बदलते हुए खुद को इस फिल्म से अलग कर लिया है। अब इस फिल्म की टीम को मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए नए सिरे से निवेशकों की तलाश शुरु करनी होगी। इस फिल्म के अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा को लेकर बन रही नीरज पांडे की फिल्म अय्यारी की कीमत में भी गिरावट आई है। ए जेंटलमैन के बाद सिद्धार्थ की इस फिल्म को वितरक तय कीमत नहीं देना चाहते।

दिल का दौरा पड़ने से तीन श्रद्धालुओं की मौत

0

हेमकुंड की यात्रा पर आये तीन श्रद्धालुओं की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

गोविन्द घाट थाना इंचार्ज ने बताया कि हेमकुंड की यात्रा पर जा रहे गुरुदासपुर पंजाब के 81 वर्षीय गुरुबख्श की हेमकुंड के मार्ग में पड़ने वाले भ्यूंडार में तथा कोटद्वार निवासी 41 वर्षीय धर्मेंद्र के पुलना गांव के निकट दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। दोनों को पोस्टमार्टम के लिए जोशीमठ सीएचसी लाया गया है।

हिलजात्रा मेला में शामिल हुए वित्त मंत्री

0

प्रदेश के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत ने सोमवार को पिथौरागढ़ के पुराण गांव में प्रसिद्ध हिलजात्रा में सम्मलित हुए। ग्रामीणों द्वारा वित्त मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
वित्त मंत्री ने मेले की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसी परंपरा को बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की मेले और पयर्टन को बढ़ावा दे रही है। इस दौरान ग्राम प्रधान द्वारा गांव की विभिन्न समस्याएं को बताया। जिस पर वित्त मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि पुराण गांव की समस्याओं को निस्तारण विधायक निधि से किया जाएगा।

आधुनिक उपकरणों से लैस होगा मीडिया सेंटर, सीएम ने दिए निर्देश

0

 मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को सचिवालय स्थित निर्माणाधीन मीडिया सेन्टर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया सेन्टर में आधुनिक उपकरणों और संसाधनों की व्यवस्था की जाए, जिससे मीडिया प्रतिनिधियों को सूचनाओं के प्रेषण में सहायता मिल सके। मुख्यमंत्री ने महानिदेशक सूचना पंकज कुमार पाण्डेय को निर्देश दिये कि अवशेष कार्य को शीघ्र पूरा कर लिया जाए।
सूचना महानिदेशक पाण्डेय ने कहा कि 481.35 लाख रूपये की लागत से बन रहे मीडिया सेंटर में सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जायेगी। सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए मीडिया सेन्टर में आधुनिक तकनीक के कम्प्यूटर व वाई-फाई कनेक्टिविटि की व्यवस्था के साथ ही अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जायेंगी। मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ताओं के लिए लगभग 200 की सीटिंग क्षमता का एक आधुनिक हॉल भी बनाया जा रहा है।

पेयजल निगम ने 25 अफसरों को दी चेतावनी

0

पेयजल निगम प्रबंधन की तमाम सख्ती के बावजूद अफसरों के सुस्त रवैये में सुधार नहीं आ रहा। अब पेयजल निगम प्रबंधन ने लापरवाह अधिशासी अभियंताओं को नोटिस जारी कर अपनी कार्यशैली सुधारने का अल्टीमेटम दिया है। निगम ने दो टूक कहा है कि यदि अफसरों ने अपने काम में तेजी नहीं दिखाई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तीन साल पहले पेयजल निगम ने 25 अधिशासी अभियंताओं को काम में हीलाहवाली पर नोटिस जारी किए थे। इन अभियंताओं ने अपने अधीन बन रही पेयजल योजनाओं के काम में सुस्ती दिखाई थी। यह इन अभियंताओं की लापरवाही का ही नतीजा है कि सालों पहले शुरू हुई एनआरडीडब्ल्यूपी, नाबार्ड, 13वें वित्त आयोग की योजनाओं का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
हैरत की बात यह है कि वर्तमान में भी इन अफसरों का काम सुस्त ही है। इससे आजिज आकर पेयजल निगम प्रबंधन ने इन अभियंताओं को अपने काम का ढर्रा सुधारने के लिए दो माह का वक्त दिया है। इस बावत प्रबंध निदेशक भजन सिंह ने बताया कि अधिकारियों की लापरवाही उनकी एसीआर में तो शामिल की ही जाएगी, साथ ही उनके खिलाफ प्रबंधन कार्रवाई भी करेगा।
अटके हुए हैं 70 करोड़ रुपये
अफसरों की सुस्ती के चलते एनआरडीडब्ल्यूपी का काम पूरा नहीं हो पाया। जिस कारण प्रोजेक्ट बंद हो गया और निगम को छह योजनाओं को पूरा करने के लिए शेष 70 करोड़ रुपये नहीं मिल पाए। बजट की आस में ये योजनाएं अभी भी अधर में लटकी हुई हैं। इसी तरह 13वें वित्त आयोग का भी बजट रुका हुआ है। यदि अधिकारी इन योजनाओं का काम समय पर पूरा कर लेते तो ये नौबत नहीं आती। 

शिक्षक दिवस विशेषः पौड़ी का एक ऐसा स्कूल जो दे रहा बच्चों को मेट्रोपाॅलिटन शहरों जैसी शिक्षा

0

दुनिया के लगभग हर कोने में ऐसे बहुत से लोग मिलेंगे जो समाज के लिए कुछ अलग करना चाहते हैं, और कुछ लोग ऐसे मिलेंगे जो सोचते नहीं कुछ अलग करते हैं। ऐसे ही कुछ गुरुओं से शिक्षक दिवस के अवसर पर हम आपको रूबरु करवाऐंगे।यह शिक्षक ना केवल अलग कर रहे बल्कि उन्होंने अपने आस पास के लोगों को भी इस काम को करने के लिए प्रेरित किया है।

पहाड़ो के बीच बसे पौड़ी जिले का एक ऐसा दूरस्थ गांव सयालखाल जिसे देखने लोग दूर-दूर से जाते हैं। अपनी सुंदरता के लिए मशहूर यह गांव लोगों को एक और बात से आकर्षित करता है।इस गांव की जो दूसरी खास बात है वह है यहां कि बहुत ही स्पेशल स्कूल परमार्थ अवधावन, एक ऐसा स्कूल जिसकी सुविधाएं मेट्रो शहर से कहीं बेहतर हैं।

इस स्कूल की खास बात हैं यहां का पाठ्यक्रम। Parmarth Awadhawan हम सभी जानते हैं कि स्कूल में पढ़ाई होती है लेकिन इस स्कूल में बच्चों को अलग ढंग से पढ़ाया जाता है।चली आ रही टीचिंग टेक्निक के अलावा यहां बच्चों को छोटी उम्र से ही प्रेक्टिकल रुप से तैयार किया जाता है।इस स्कूल में हर वो सुविधा है जो शहरों को महंगे स्कूलों में होती है जैसी की स्मार्टक्लास रुम, लाइब्रेरी, रिक्रेएशनल रुम और प्लेग्राउंड।

यह स्कूल दिलबीर सिंह परिहार और उनके बेटे रोहन सिंह परिहार के अलावा शिन शिवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा चलाया जा रहा है।टीम न्यूजपोस्ट से बातचीत में रोहन सिंह परिहार ने बताया कि, “यह स्कूल बहुत से मायने में दूसरे स्कूलों से अलगा है। यहा हमारा फोकस बच्चों में तीन खास बातें उजागर करने में होता है, पहला क्रिएटिविटी, दूसरा कांफिडेंस और तीसरा बच्चों की उचित डायट।” रोहित कहते हैं कि, “हम बच्चों में डायट का ध्यान इसलिए रखते हैं कि बचपन में दिमागी विकास के लिए उचित भोजन बहुत जरुरी जिसके लिए हमें इंटरनेशल टीचर गाईड करते हैं। हम ज्यादा से ज्यादा बच्चों की क्रिएटिविटी को बाहर लाने में विश्वास रखते हैं और अपना पाठ्यक्रम भी उसी आधार पर सेट करते हैं कि बच्चे अपनी सोच और क्षमता से पढ़ाई करें।”

Parmarth Awadhawan

वह बतातें हैं कि, “यह स्कूल बाकी सभी स्कूलों से अलग है क्योंकि इसमें हम को-करीक्युलक एक्टिविटी ज्यादा करवाते हैं। इस स्कूल को चलाने के लिए रोहित और उनके पिता दिलबीर हर महीने एक फिक्स अमाउंट डोनेट करते हैं स्कूल और आश्रम दोनों के लिए।अभी यहां लगभग 53 बच्चे हैं जो बिना किसी फीस के इस स्कूल में पढ़ रहे हैं।अभी इस स्कूल में प्री नर्सरी से कक्षा पांच तक के बच्चे पढ़ रहे हैं।

स्कूल के आसपास, स्कूल मैनजनमेंट द्वारा बनाये गये कुछ क्वार्टर हैं जिसमें स्कूल में पढ़ाने वाले टीचर रहते हैं ।स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक दूर से आए हैं और एक अच्छे काम में मदद कर रहे हैं , इसलिए स्कूल उन्हें तनख्वाह भी अच्छी देता है।स्कूल के बाहर कुछ गाड़ियां खड़ी रहती हैं जो आस-पास के गांव से आने वाले बच्चों को लाने और वापस ले जाने के काम आती है।एक कुक के अलावा परमार्थ अवधावन में गेस्ट रुम भी उपलब्ध है।

इस स्कूल को खोलने के पीछे क्या वजह थी इसपर रोहन परिहार कहते हैं कि, “यह हम 5-6 लोगों की सोच थी और उसमें हमें राह दिखाई हमारे स्पीरुचुअल गुरु शिन ने। हम आने वाले पौध को शुरुआत से ही अच्छी शिक्षा के माध्यम से आगे आने समय के लिए तैयार कर सकते हैं।” रोहन ने कहा हमारे गुरु के मार्गदर्शन के बिना शायद यह कर पाना आसान नहीं था।