देहरादून। देहरादून के सर्वे मैदान में आयोजित भाजपा के प्रदेश स्तरीय मण्डल कार्यकर्ता बैठक में मसूरी विधायक गणेश जोशी ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को स्मृति चिन्ह स्वरूप तलवार भेंट की।
विधायक जोशी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आज राष्ट्रीय अध्यक्ष से रूबरू हुआ। उन्होंनें कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा हर चुनावों में जीत दर्ज करेगी।
बीजेपी अध्यक्ष को मसूरी विधायक ने भेंट की तलवार
केदारनाथ में हिमाचल व आंध्र प्रदेश से होगा लाइव उपचार
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जागी है। कारण, अब हिमाचल प्रदेश व आंध्र प्रदेश के विशेषज्ञ चिकित्सक केदारनाथ में मरीजों का लाइव उपचार करेंगे। इसके लिए केदारनाथ व सोनप्रयाग में दो केंद्र बनाए जा रहे हैं। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सक टेलीमेडिसिन के जरिए अपनी सेवाएं देंगे। 23 सितंबर से केदारनाथ व 24 सितंबर से सोनप्रयाग में सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। केदारनाथ केंद्र शीतकाल के दौरान गुप्तकाशी में संचालित होगा।
समुद्रतल से 11500 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम में ऑक्सीजन की भारी कमी के चलते अक्सर मरीजों को परेशानी होती है। तत्काल उपचार न मिलने के कारण कई बार तो मरीज की जान भी चली जाती है। सीएमओ रुद्रप्रयाग डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि इन्हीं समस्याओं के मद्देनजर यह पहल की गई है। इसके तहत हिमाचल प्रदेश व आंध प्रदेश से विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को लाइव देखेंगे और जो भी दवाइयां लिखेंगे उसका प्रिंट यहां उपलब्ध होगा। इसी आधार पर केंद्र में तैनात फार्मेसिस्ट मरीज को दवा देगा। हैदराबाद की संस्था पीरामल स्वास्थ्य केंद्र की ओर से टेलीमेडिसिन केंद्रों के प्रबंधन व अनुप्रयोग के लिए पांच फार्मेसिस्ट को प्रशिक्षित किया गया है।
लोडर वाहन की टक्कर से घायल छात्रा की मौत
त्यूणी/विकासनगर। बुधवार को त्यूनी क्षेत्र से सेब भरकर विकास नगर- देहरादून मंडी जा रहे बेकाबू लोडर वाहन ने क्वानू-मझगांव के पास सड़क से गुजर रही एक स्कूली छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल छात्रा को राजस्व पुलिस व स्थानीय लोग उपचार के लिए विकासनगर के लेहमन अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। मामले में तहसीलदार चकराता केएस नेगी ने क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक को आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को त्यूनी-हिमाचल क्षेत्र से सेब लेकर देहरादून मंडी जा रहे पिकअप लोडर वाहन ने हरिपुर- क्वानू- मीनस मार्ग पर मंझगांव के पास सड़क से गुजर रही स्कूली छात्रा पायल(12) पुत्री राजेंद्र उर्फ राजू निवासी कोटा-क्वानू को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रुप से घायल हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने गंभीर घायल छात्रा को उपचार के लिए विकासनगर के लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान छात्रा ने देर से सायं को दम तोड़ दिया। छात्रा के मौत की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसीलदार चकराता केएस नेगी ने कहा राजस्व पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टता पता चला है कि छात्रा बुधवार दोपहर बाद स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जा रही थी। इस दौरान त्यूनी की ओर से सेब लेकर देहरादून मंडी जा रहे बेकाबू लोडर वाहन की चपेट में आ गई। राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। गुरुवार को पंचनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी। पुलिस आरोपी चालक की सुरागकशी में जुटी है।
गुरमीत सिंह पर फिल्म में हनीप्रीत का रोल करेंगी राखी
बलात्कार के दो अलग अलग मामलों में जेल भेजे गए गुरमीत सिंह पर एक फिल्म शुरु हुई है, जिसका टाइटल ‘अब होगा इंसाफ’ रखा गया है। इस फिल्म में गुरमीत की कथित बेटी और इन दिनों पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल हनीप्रीत के किरदार के लिए राखी सावंत का नाम सामने आ रहा है। गुरमीत के रोल के लिए रजा मुराद के नाम की चर्चा है।
बिग बास में उदंड करने वाले एजाज खान भी इस फिल्म में नजर आएंगे, ऐसा बताया गया है। आशुतोष मिश्रा इस फिल्म के निर्देशक हैं। राम रहीम के नाम से डेरा सच्चा सौदा के रुप में हरियाणा के सिरसा में बड़ा आश्रम चलाने वाले गुरमीत सिंह के जेल जाने के बाद आश्रम से आपत्तिजनक दस्तावेज, करैंसी और हथियारों की बरामदगी हुई है।
खुद को उनकी बेटी कहने वाली हनीप्रीत उनके जेल जाने वाले दिन से फरार है। पुलिस नेपाल और देश के दूसरे शहरों में हनीप्रीत की तलाश कर रही है। अभिषेक मिश्रा का कहना है कि फिल्म में गुरमीत के सभी कारनामों को दिखाया जाएगा।
श्रद्धा कपूर और हसीना के निर्माताओं पर केस दर्ज
इस शुक्रवार को रिलीज होने जा रही फिल्म हसीना के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज हुआ है। ये मामला फिल्म में हसीना का रोल कर रही श्रद्धा कपूर और फिल्म के निर्माताओं पर किया गया है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, फैशन कंपनी स्विस इंटरनेशनल ने ये केस दर्ज कराया है, जिसमें हसीना के निर्माताओं पर उनके साथ हुए करार के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस कंपनी ने श्रद्धा कपूर को इस फिल्म के लिए ड्रेसेज दी थीं, जिनके बदले में तय हुआ था कि श्रद्धा उनके ब्रैंड को प्रमोट करेंगी। कंपनी का आरोप है कि उनके ब्रैंड को प्रमोट नहीं किया गया, जो सीधे तौर पर दोनों के बीच हुए काट्रेक्ट का उल्लंघन है।
कंपनी का कहना है कि उन्होंने इस फिल्म के लिए 300 ड्रेसेज की सप्लाई की। कंपनी के वकील रिजवान सिद्दीकी का कहना है कि ये गंभीर मामला है, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता। खबरों के मुताबिक, इस केस की सुनवाई 26 अक्तूबर को होगी।
शाह ने थपथपाई त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार की पीठ
देहरादून। दो दिन के दौरे पर उत्तराखंड आए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पत्रकार वार्ता में त्रिवेंद्र सिंह रावत(टीएसआर) सरकार की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्ष में सरकार एक मिसाल बनकर उभरेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार चुनाव में जनता से किए गए वादों पर खरा उतरेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने शराब माफिया व खनन माफिया पर अंकुश लगाने में सफलता प्राप्त की है। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार के फैसलों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फॉर्मूले से न केवल देश में खुशहाली का माहौल बना है, बल्कि कई देश इन फॉर्मूले को अपना रहे हैं।
बुधवार को एक स्थानीय होटल में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र सरकार की विकास योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर तरफ विकास की लहर है, जीडीपी बढ़ी है। पूरी दुनियां मानती है कि अमेरिका के बाद भारत ऐसा देश है, जो प्रतिबद्धता को लेकर कहीं भी जा सकता है। ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्र तक सरकार ने विकास किया है। पूरे देशभर में परिवर्तन दिखाई पड़ रहा है।
लोगों का देश को देखने का नजरिया भी बदला है। अब दुनिया वाले भारत का नाम सम्मान से लेते हैं। दुनिया में ब्रांड इंडिया का दबदबा कायम हुआ। सर्जिकल स्ट्राइक से देश मजबूत हुआ है। अमित शाह ने कहा योग कल तक सिर्फ भारत तक सीमित था, अब उसे पूरी दुनिया अपना रही है। मोदी सरकार ने योग को एक पहचान दी है और योग दिवस ने भारतीय संस्कृति को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद महंगाई पर अंकुश लगा है। 2.80 करोड़ जनता को एलपीजी गैस वितरित की गई है। जनधन योजना के तहत 2.80 करोड़ खाते खोले गए हैं। गरीबों को रोजगार मुहैया कराया गया है। जीएसटी से एक देश, एक टैक्स का सपना भाजपा सरकार में साकार हुआ है। वन रैंक, वन पेंशन से 8.5 करोड़ पूर्व सैनिकों को फायदा मिला है और इसका सबसे ज्यादा लाभ उत्ताखण्ड की जनता को मिला है।
केंद्र सरकार ने विद्युत सुविधा से अछूते 19 हजार गांवों में से 14 हजार गांव में बिजली पहुंचाई गई, वर्ष 2018 तक बाकि बचे गांवों में भी बिजली पहुंच जाएगी। वर्ष 2022 तक हर घर में बिजली और शौचालय की व्यवस्था हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, बेनामी संपत्ती कानून, मनी ट्रांजेस्शन से अर्थव्यवस्था के समानांतर चल रहे कालेधन के व्यापार पर अंकुश लगा है। देश की राजनीति में जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण को भाजपा ने समाप्त किया है।
राज्य की त्रिवेंद्र सरकार के लिए शाह ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच साल में उत्तराखंड बहुत आगे दिखाई देगा। त्रिवेंद्र सरकार ने सूबे में शराब को बहुत हद तक कंट्रोल किया है। राज्य में विकास हो रहा है। कृषि के क्षेत्र में कई अहम फैसले लागू किए गए हैं। इसका लाभ लोगों मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहायता को 36343 से बढ़ाकर 49147 कर दिया गया। उत्तराखंड में आल वेदर रोड से टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि छह माह के कार्यकाल में त्रिवेंद्र सरकार ने खनन, शराब माफिया की लूट पर अंकुश लगाया। आने वाले दिनों में चुनावी घोषणापत्र के अनुरूप ही उत्तराखंड का विकास करने के लिए भाजपा सरकार संकल्पबद्ध है। पांच साल के भीतर उत्तराखंड की स्थिति विकसित राज्यों के अनुरूप हो जाएगी।
राज्य में मंत्रीमंडल में रिक्त दो पदों को भरने के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि भाजपा में ऐसा नहीं होता है। राज्य के मंत्रीमंडल विस्तार में राष्ट्रीय अध्यक्ष की कोई भूमिका नहीं। यह राज्य का मामला है। इसमें प्रांतीय संगठन और सरकार मिलकर फैसला करेंगे। किसानों की आत्महत्या के सवाल पर जवाब में शाह ने कहा कि राज्य के लिए परिस्थितियों के अनुसार लिए जाते हैं फैसले।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड मे किसानों की स्थिति अलग। इसिलए अलग-अलग तरह के फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के किसानों के लिए भी सरकार अहम फैसले कर रही है। आने वाले वक्त में केंद्र सरकार भी किसानों के लिए अहम निर्णय ले सकती है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एनएच घोटाले और बीज घोटालों की जांच में सरकार सक्षम है और इनमें जल्द फैसले आएंगे। राज्य सरकार इन मामलों में सक्षम। सीबीआई जब मामले को लेगी तब देखा जाएगा।
आरके में लगी आग पर बने कार्टून से नाराज हुए ऋषि कपूर
शनिवार को आरके स्टूडियो में लगी भयंकर आग से कपूर परिवार इस बात से आहत है कि एक न्यूज पेपर में इस अग्निकांड को लेकर एक कार्टून छापा गया। कार्टून में दिखाया गया है कि स्वर्ग में बैठे राजकपूर अपने स्टूडियो में आग लगने के बाद वहां से महसूस कर रहे हैं कि एक आग ने इस स्टूडियो को शुरु कराया था और एक आग से सब कुछ तबाह हो गया।
1948 में राज कपूर ने इस स्टूडियो की स्थापना के साथ फिल्म आग से निर्माण और निर्देशन में कदम रखा था। इसी फिल्म में पहली बार नरगिस के साथ राजकपूर की जोड़ी बनी थी। अग्निकांड के बाद छपे कार्टून पर ऋषि कपूर ने सख्त एतराज उठाते हुए कहा है कि इसकी भाषा और शैली निंदनीय है, जो हमारी आहत भावनाओं को आहत करने वाली है। हम इसे खारिज करते हैं।
शनिवार की दोपहर को हुए अग्निकांड में स्टूडियो का एक सेट जलकर राख हो गया, जबकि पुराने दौर की यादों को समेटे हुए काफी चीजें हमेशा के लिए नष्ट हो गईं। अभी तक इस कांड से हुए नुकसान का जायजा नहीं लिया गया है
नहीं थम रही ब्लू व्हेल, सामने आए दो नए मामले
देहरादून। दून में ब्लू व्हेल का खतरा अभी टला नहीं है। शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल के दो छात्र अब इसकी जद में हैं। गनीमत यह रही कि इन बच्चों की जिंदगी बच गई। स्कूल प्रशासन को जानकारी मिलने के बाद इसकी जानकारी अभिभावकों को भी दे दी गई है। जबकि दोनों बच्चों की काउंसलिंग की जा रही है।
राजधानी में इससे पहले ब्लू व्हेल से जुड़े तीन मामले सामने आ चुके हैं। अब शिमला बाईपास स्थित स्कूल में दो छात्रोंं के ब्लू व्हेल खेलने की पुष्टि हुई है। इनमें एक कक्षा सात व एक छात्र कक्षा दस में अध्ययनरत है। इन बच्चों के व्यवहार असामान्य रूप से बदलाव दिख रहा था। वह पढ़ाई से विरत व खुद को अलग थलग रख रहे थे। स्कूल प्रशासन ने वक्त पर इस खतरे को भांप लिया। पता लगा कि छात्र ब्लू व्हेल खेल रहे हैं। राहत की बात यह कि कोई अनहोनी नहीं हुई।
स्कूल प्रशासन ने इस मामले पर बात करने से इंकार किया है। बताया गया कि छात्रों की स्कूल काउंसलर से काउंसलिंग कराई जा रही है। बता दें कि इस गेम का शिकार ज्यादातर किशोर ही हुए हैं। दून में जिन बच्चों ने खुदकुशी का प्रयास किया, उनकी भी उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच है। हाल में राज्यपाल भी इस पर अपनी चिंता व्यक्त कर चुके हैं। जबकि कई संस्थाएं इस पर रोक लगाने व आवश्यक कदम उठाने की मांग कर चुके हैं।
साहित्य के जरिए रीति-नीति से रूबरू कराएगी भाजपा
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को अब साहित्य के माध्यम से पार्टी की रीति-नीति से रूबरू कराएगी। इसके लिए भाजपा ने ई-लाइब्रेरी स्थापित की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा कार्यालय में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन कर प्रवास के दूसरे दिन की शुरुआत की। भाजपा कार्यालय पहुंचे अमित शाह का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने दोपहर का भोजन दलित कार्यकर्ता मुन्ना सिंह के घर किया।
बुधवार को भाजपा प्रांत मुख्यालय को अमित शाह के स्वागत में भव्य तरीके से सजाया गया था। गुब्बारों और फूलों से पूरे कार्यालय को सजाया गया था। राज्य में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद भी ऐसी सजावट नहीं की गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में भाजपा महिला कार्यकत्रियां उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में कार्यालय के मुख्य द्वार पर मौजूद थीं। शाह के आने पर महिलाओं ने स्वागत गीत के साथ ही लोक नृत्य भी प्रस्तुत किया। भाजपा कार्यालय में अमित शाह ने कंप्यूटर पर क्लिक पर ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस लाइब्रेरी में भाजपा के इतिहास के साथ ही देहरादून से जुड़ी भाजपा की विभिन्न जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ भाजपा के संस्थापकों और पूर्व नेताओं से जुड़ी तमाम जानकारी, भाजपा की रीति-नीति, जनसंघ से भाजपा तक का सफर आदि की जानकारी इस लाइब्रेरी में रहेगी।
इसके बाद अमित शाह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर के भोजन के लिए बलबीर रोड निवासी कार्यकर्ता मुन्ना सिंह के घर पहुंचे। मुन्ना सिंह पेशे से धोबी हैं और उन्होंने शाह के स्वागत के लिए खासी तैयारियां की थी। मुन्ना सिंह का कहना था कि अमित शाह उनके लिए भगवान जैसे हैं। आज उनके घर आने को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं। मुन्ना सिंह की पत्नी सरोज और तीन बेटियां सुबह से ही शाह के लिए खाना बनाने में जुटी थीं। उन्होंने शाह के लिए दाल, रोटी, मिक्स वेज, पूरी और खीर बनाई थी। इस मौके पर अमित शाह के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट व तीन चार अन्य भाजपा नेता भी मौजूद थे। मुन्ना के घर पर अमित शाह ने जमीन पर बैठकर भोजन किया और खाने की तारीफ भी की। इस दौरान उन्होंने बलवीर रोड के समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिनंदन किया।
दून अस्पताल का सर्जिकल वार्ड फुल, मायूस लौट रहे मरीज
देहरादून। यदि आप दून मेडिकल कॉलेज अस्पातल में अस्पताल की सोच रहे हैं तो अभी कुछ वक्त इंतजार करना पड़ सकता है। अस्पताल का सर्जिकल वार्ड फुल हो चुका है। जिससे ऑपरेशन के लिए अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को मायूस होना पड़ रहा है। डॉक्टर अब उन्हें आगे की तारीख दे रहे हैं।
राज्य के सबसे बड़े दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पर मरीजों का अत्याधिक दबाव है। जब तब यहां बेड को लेकर मारामारी रहती है। ऐसे में मरीज को लौटाना अस्पताल प्रशासन की मजबूरी बन जाता है। इस वक्त भी हालात कुछ ऐसे ही चल रहे हैं। अस्पताल में तमाम बेड फुल हैं और मरीज परेशान घूम रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत सर्जिकल वार्ड में है। कहने को इस वार्ड में 97 बेड हैं, लेकिन अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों व अन्य व्यवस्थाओं की वजह से इस वार्ड के बेड कम हो गए हैं।
सर्जिकल वार्ड में दस-दस बेड डेंगू व स्वाइन फ्लू के लिए आरक्षित हैं। जबकि अस्पताल में निर्माण कार्य के कारण बच्चा वार्ड लंबे समय से बंद है। इस वार्ड के बेड, चर्म रोग, सर्जिकल वार्ड व ट्रामा वार्ड में एडजस्ट किये गए हैं। जिस कारण सर्जरी से जुड़े मरीजों को सर्जिकल वार्ड में बेड नहीं मिल पाते हैं। बताते चले कि अस्पताल में रोजाना तीन दर्जन से अधिक सर्जरी होती है, जबकि पहले से ही ऑपरेशन के लिए वेटिंग रहती है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने बताया कि अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर के बरामदे में 17 बेड की व्यवस्था कर दी गई है। इससे बेड की दिक्कत काफी हद तक दूर हो जाएगी।





























































