उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में अब ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा ऐप के माध्यम से होगी। जिसमें सभी विकास कार्यों की फोटो अपलोड की जायेगी। 25 सितम्बर को मोबाइल ऐप की लॉन्चिंग की जा रही है।
आगामी एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक ‘ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा’ मनाये जाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी विनीत कुमार की अध्यक्षता में जनपद एवं ब्लॉक स्तर के लिए नामित सभी नोडल अधिकारियों की बैठक गुरुवार को जिला सभागार में हुई। जिसमें सीडीओ ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने विभागों में होने वाले कार्यों का कैलेन्डर पूर्ण कर हर दिन होने वाले कार्यक्रमों का रिकॉर्ड तैयार करें।
मुख्य विकास अधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि सभी कार्यक्रम तीन मोबाइल ऐप ग्राम समृद्धि ऐप, स्वच्छता एप एवं कौशल पंजी ऐप, के माध्यम से सम्पादित करायें जायेंगे, 25 सितम्बर को मोबाइल ऐप की लॉन्चिंग की जा रही है। पखवाड़े कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत में विभिन्न विभागों के द्वारा जितने भी कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उनकी जीपीएस एवं मोबाइल एप के माध्यम से फोटो, डाटा, आदि अपलोड किये जायेंगे। जिस क्षेत्र में कनेक्टिविटी नहीं रहेगी, वहां का डाटा संबंधित नोडल अधिकारी तैयार कर नेटवर्क वाले क्षेत्र में पहुंचने पर उसी दिन डाटा को अपलोड करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायत भवनों में वाल पेंटिंग करवाकर वहां सरकारी योजना से लाभान्वित लाभार्थी का नाम अंकित करवायें। जिसमें पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थी का नाम बीपीएल परिवार, प्रधानमंत्री आवास से आच्छादित व्यक्ति का नाम आदि लिखवायें। उन्होने परियोजना निदेशक से कहा कि पोर्टल के माध्यम से ऐप में संबंधित नोडल अधिकारियों का रजिस्ट्रेशन आदि की प्रक्रिया प्रारम्भ करें। नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पादित करने के निर्देश दिये।
उत्तराकशी में ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी ऐप के जरिये
फिर से गाएंगे अक्षय कुमार
अक्षय कुमार अब तक दो फिल्मों में अपनी गायिकी का शौक पूरा कर चुके हैं। उन्होंने स्पेशल 26 में पहली बार गाना गाया था। फिर उन्होंने अपनी फिल्म एंटरटेनमेट में भी गाया था। इस बार अक्षय कुमार किसी फिल्म के लिए नहीं, बल्कि अपने पहले टीवी शो के लिए गा रहे हैं।
अक्षय स्टार प्लस के कामेडी शो लाफ्टर चैलेंज में जज बने हैं और पहली बार किसी शो को जज करने वाले हैं। इसी शो के एक एपीसोड में गायक अक्षय कुमार का अवतार नजर आएगा। इसके लिए हाल ही में रिकार्डिंग की जा चुकी है। ये शो सितंबर के आखिरी सप्ताह में शुरु होने जा रहा है। शो में अक्षय कुमार सुपर जज के रोल में होंगे। इसमें कई नए कामेडियन नजर आएंगे। ये शो 9 साल बाद वापसी कर रहा है।
पहले ये शो स्टार नेटवर्क के चैनल स्टार वन पर आता था, जिसमें नवजोत सिंह सिद्धू और शेखर सुमन जज हुआ करते थे। इसी शो से कपिल शर्मा सहित कई कामेडी कलाकारों को पहली बार अपना हुनर दिखाने का मौका मिला था। कपिल शर्मा इस शो के विजेता रहे हैं।
‘न्यूटन’ के जरिये फिर धमाका करेंगे राजकुमार राव और पंकज त्रिपाठी
आनंद एल राय की फिल्मों में हमेशा एक ठोस कहानी और एक बेहतरीन मनोरंजन मूल्य होता है। अनोखे कलाकार, प्रतिभाशाली लेखक और निर्देशकों के साथ मिलकर आनंद एल राय हमेशा से ही हिंदी सिनेमा जगत में सशक्त कहानियां लेकर आते हैं। छोटे शहरों के रोमांस को बड़े परदे पर लाकर दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद अब पुरस्कार प्राप्त फिल्मकार आनंद एल राय अपने कलर यलो प्रोडक्शंस की अगली पेशकश ‘न्यूटन’ लेकर आ रहे हैं।
दृश्यम फिल्म्स द्वारा निर्मित, ‘सुलेमानी कीड़ा’ फेम निर्देशक अमित वी मसुरकर के निर्देशित एवं 22 सितंबर को रिलीज के लिए तैयार 67वें बर्लिन फिल्म समारोह में आर्ट सिनेमा अवॉर्ड विजेता इस डार्क कॉमेडी फिल्म में एक्टर राजकुमार राव मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। जबकि, ‘मसान’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ फेम पंकज त्रिपाठी, आमिर खान के ‘पिपली लाइव’ में दिखे लोकप्रिय टीवी और थिएटर एक्टर रघुबीर यादव और प्रकाश झा के ‘चक्रव्यूह’ में दिख चुकी अंजली पाटील भी इस फिल्म में अहम भूमिकाओं में हैं।
इसी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में पिछले दिनों एक्टर राजकुमार राव निर्माता मनीष मुंद्रा एवं निर्देशक अमित वी मसुरकर के साथ दिल्ली में थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस फिल्म में वह पच्चीस वर्षीय युवक न्यूटन कुमार का किरदार निभा रहे हैं, जो एक सरकारी विभाग में क्लर्क की नौकरी करता है, उसकी ड्यूटी चुनाव में लगाई जाती है। नक्सलवादी समस्या से ग्रस्त छत्तीसगढ़ स्थित एक छोटे शहर में उसे चुनाव के दौरान काम करना है।
वहां पर कदम-कदम पर खतरा है। तमाम सुरक्षा के बीच वह वहां पहुंचता है और कोशिश करता है कि पूरी ईमानदारी और निर्भीकता के साथ वह चुनाव में वोटिंग संपन्न कराए। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में एक संवेदनशील विषय को बड़े ही सरल तरीके से समझाया गया है। आनंद एल राय एक अद्भुत कथाकार हैं, उनके पास प्रतिभाशाली निर्देशक और अभिनेताओं को चुनने की एक अचूक दृष्टि हैं। आनंद एल राय ने कई अनछुई कहानियों को सिल्वर स्क्रिन पर स्थान दिया हैं। कई अलग-अलग शैलियों की कहानियों को उन्होंने अपनी फिल्मों में दर्शाया हैं, ‘न्यूटन’ भी उनमें से एक है।
मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना में सरकार बुजुर्गों को कराएगी नि:शुल्क यात्रा
उत्तराखंड सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत बुजुर्गों और वरिष्ठजनों को गंगोत्री, बद्रीनाथ, रीठा-मीठा साहेब एवं नानकमता की निःशुल्क यात्रा करा रही है। इसके अंतर्गत चमोली जनपद से भी बुजुर्गों व वरिष्ठ नागारियों को यह यात्रा करायी जायेगी।
जानकारी देते हुए जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि, ‘मेरे बुुजुर्ग, मेरे तीर्थ’ योजना के स्थान पर अब यह योजना पं. दीनदयाल उपाध्याय मातृ पितृ तीर्थाटन के रूप में संचालित की जा रही है। इसके तहत पिरान कलियर, कालीमठ, गंगोली हाट, बैजनाथ की भी यात्रा करवाई जाएगी।”
उन्होंने चमोली जनपद के वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि बद्रीनाथ एवं गंगोत्री धाम की यात्रा प्रथम चरण में निःशुुल्क प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग योजना का लाभ उठाने के लिए विभाग में संकर्प कर सकते हैं। यात्रा जिला मुख्यालय गोपेश्वर से संचालित की जाएगी।
अब निजी कंपनी बनाएगी चीन सीमा तक सड़क
पिथौरागढ़: चीन सीमा तक सड़क निर्माण में हो रही देरी को देखते हुए केंद्र सरकार ने 27 किलोमीटर सड़क निर्माण का दायित्व सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) से वापस लेकर निजी कंपनी एबीसीआइ को सौंप दिया है। कंपनी को दो वर्ष के भीतर सड़क तैयार करने का दायित्व सौंपा गया है।
उत्तराखंड से लगी चीन सीमा तक 66 किमी लंबी सड़क निर्माण का कार्य 2007 में स्वीकृत हुआ था। 2009 में इसका कार्य शुरू हुआ। 2012 तक सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन आठ वर्षों में मात्र 20 किमी सड़क बन पाई है। सड़क निर्माण की धीमी गति को देखते हुए केंद्र ने पिथौरागढ़ के तिलमधार से बुगडियार तक 27 किलोमीटर सड़क निर्माण का जिम्मा सीमा सड़क संगठन से वापस लेकर निजी कंपनी एबीसीआई को सौंप दिया है। कंपनी 2019 तक इस काम को पूरा करेगी। शेष 19 किमी सड़क निर्माण का कार्य सीमा सड़क संगठन करता रहेगा।
गुरुवार को आइटीबीपी के बरेली रेंज के डीआइजी एपीएस निंबाडिया ने कंपनी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने सड़क को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कंपनी निर्धारित समय पर कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की मॉनिटरिंग अब आइटीबीपी खुद करेगी। आइटीबीपी के अधिकारी हर सप्ताह क्षेत्र में आकर निर्माण कार्य की समीक्षा करेंगे
ग्रामीणों को सिंचाई के लिए बारी-बारी मिलेगा पानी
ऋषिकेश। सिंचाई विभाग ने भोगपुर-जाखन नहर में लगातार कम हो रहे जल स्तर के कारण हो रही परेशानी का हल तलाश लिया है। विभाग अब ग्रामीणों को सिंचाई के लिए बारी-बारी पानी देगा।
भोगपुर में आयोजित सिंचाई विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कास्तकारों की बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि डांडी झिलवाला व रानी पोखरी में धान की फसलों को समय रहते पानी न दिया गया तो फसल सूख जाएगी। बैठक में तय किया गया की एक दिन झिलवाला नहर और एक दिन रानी पोखरी नहर मे पानी छोड़ा जाएगा।
बैठक में आशीष बिष्ट, प्रधान संगठन के पूर्व अघ्यक्ष पुष्पराज बहुगुणा, बरकोट के प्रधान महेंद्र भट्ट, योगेन्द्र बिष्ट, राजपाल सिंह, वीरेंद्र तिवारी, रामकिशोर सुयाल, संजय रावत, सर्वेश रावत, भाजपा कार्यकर्ता, चांद खान, पूर्व प्रधान भोगपुर,चंडी शाह, सुशील गैरोला, लाखीराम, संजीव नेगी, अनुज चौहान, अनिल सिलस्वाल आदि उपस्थित रहे।
प्रतिबंधित 24 किलो नागफनी कवक के साथ दो गिरफ्तार
कोतवाली उत्तरकाशी के तहत डुंडा चौकी पुलिस ने 24 किलो नागफनी कवक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भारतीय वन अधिनियम के तहत दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बुधवार देर शाम डुंडा पुलिस चौकी पुलिस ने दो लोगों को 24 किलोग्राम नागफनी कवक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के नाम दिल विक्रम सिंह निवासी वीरपुर डुंडा और संजय सिंह ऊपरीकोट है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि नागफनी कवक प्रतिबंधित है, जो उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मिलता है। इससे जड़ी-बूटियां तैयार होती हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हर्षिल से इसको लेकर आए थे और देहरादून ले जाने की तैयारी में थे।
30 सितंबर से मान्य नही रहेगी इन बैंको की चेकबुक
क्या आप स्टेट बैंक आॅफ इंडिया के किसी सब्सिडरी बैंक के खाता धारक हैं? अगर हां तो ये खबर आपके लिये जरूरी है। आपको जल्द से जल्द नये आईएफएस कोड वाली चेकबुक आपने लिये जारी करानी होंगी। क्योंकि आने वाले दिनों में पुुराने कोड वाली चेक बुक मान्य नहीं होंगी। स्टेट बैंक ने अपने जिन सब्सीडरी बैंको पर ये नया नियम लागू किया है उनमें
- स्टे बैंक आॅफ पटियाला
- स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर
- स्टेट बैंक ऑफ रायपुर
- स्टेट बैंक ऑफ ट्रवन्कोर
- स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद और
- भारतीय महिला बैंक शामिल है
स्टे बैंक के मुताबिक इन बैंको की पुरानी चैक बुक और आईएइएस कोड आने वाली 30 सितंबर के बाद से मान्य नही रहेंगे। ग्राहक नई चैकबुक और कोड के लिये इंटरनेट और मोबाइ बैंकिंग, एटीम या बेंक की शाखा से संपर्क कर सकते हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुल पर लगा बोर्ड तोड़ा, रखा नया नाम
रुड़की में नवनिर्मित पुल पर कल लगाया गया बोर्ड गुरुवार को एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया। चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति हटाए जाने एवं पुल का नामकरण के विरोध में आज एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनिर्मित पुल पर धरना प्रदर्शन किया और नगर विधायक व भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वक्ताओं ने इस दौरान चन्द्रशेखर आजाद की मूर्ति हटाये जाने व पुल के नाम के विरोध नगर विधायक को जमकर कोसा। कार्यकर्ताओं का आरोप है विधायक ने अपने पिता के नाम पर पुल का नाम रखा है जो की पूरी तरह गलत है। आज कार्यकर्ताओं ने बोर्ड पर लिखे अक्षर तोड़कर फेंक दिए और उस बोर्ड के ऊपर सरदार भगत सिंह क्रांति सेतु के नाम का बैनर लगा दिया। धरना प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष परवेज अहमद, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सचिन चौधरी, मेयर यशपाल राणा,उदय सिंह पुंडीर, जितेंद्र पंवार, शहनवाज राशूल, अब्दुस्समद, आदित्य राणा, आदि लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों में जुटा प्रशासन
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 23 सितम्बर को हरिद्वार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन कर मां गंगा से आशीर्वाद लेंगे और चंडीघाट स्थित दिव्य प्रेम सेवा मिशन पहुचेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है।
भेल स्थित स्टेडियम पर दोपहर 3.30 बजे राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतरेगा। दौरे को लेकर एयरफोर्स ने गुरुवार जिला प्रशासन की उपस्थिति में रिहर्सल की। राष्ट्रपति 3.55 बजे हरकी पैड़ी पहुंचकर गंगा पूजन करेंगे। 4.10 बजे हरकी पैड़ी से निकलकर 4.20 बजे चंडीघाट स्थित दिव्य प्रेम सेवा मिशन पर करीब 20 मिनट रुकने के बाद 4.40 बजे देहरादून रवाना होंगे।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन के प्रशासनिक अधिकारी प्रशांत ने बताया की महामहिम दिव्य प्रेम सेवा मिशन के पुराने सदस्य हैं। उत्तराखंड आगमन पर उनकी इच्छा थी की परिवार के लोगों से वह मिले तो एक छोटा सा आयोजन किया जाए।





























































