Page 458

एक शिक्षिका के सहारे संचालित हो रहा स्कूल

0

विकासनगर। प्रखंड के रुद्रपुर संकुल अंतर्गत दूरस्थ राजकीय प्राथमिक विद्यालय बड़वा में 22 नौनिहालों का भविष्य एक शिक्षिका के सहारे संवारा जा रहा है, जबकि विद्यालय को राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। ऐसे में शिक्षिका के प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त रहने व अवकाश पर रहने से नौनिहालों की परीक्षा की तैयारी पर प्रभाव पड़ रहा है।

शुक्रवार को ग्रामीण अभिभावकों ने खंड शिक्षाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक तैनात करने की मांग की है। ग्राम प्रधान सुमनलता ने बीईओ को बताया कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र का विद्यालय होने के चलते नौनिहालों के शिक्षा ग्रहण करने का अन्य कोई साधन नहीं है। विद्यालय में एक ही शिक्षक की तैनाती होने से पांच कक्षाओं के संचालन में परेशानी आ रही है। इसके साथ शिक्षिका प्रशासनिक कार्यों के चलते विभागीय कार्यालयों में भी जाना पड़ता है। जबकि विद्यालय में भी दस्तावेजी कार्य के साथ ही एमडीएम संबंधी कार्य भी निपटाने होते हैं। ऐसे में शिक्षिका पूरा समय शिक्षण के लिए नहीं दे पा रही है। इस वर्ष नवंबर माह में होने वाली राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा के लिए भी विद्यालय का चयन हुआ है। ऐसे में विद्यालय में अध्ययनरत 22 नौनिहालों के भविष्य को देखते हुए पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती की जानी जरूरी है। उन्होनें बीईओ से नौनिहालों के भविष्य को देखते हुए विद्यालय में शिक्षक तैनात करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में कला, मनोज, प्रेमपाल, सुरेश कुमार, सीमा, सुमित्रा, विनोद, प्रवीन, बबीता, सुरेंद्र, सत्यपाल सिंह आदि शामिल रहे।

क्वींस बेटन दिल्ली के लिए रवाना, सीएम ने किया दून में स्वागत

0

देहरादून। गुरुवार को हल्द्वानी और शुक्रवार को ऋषिकेश व हरिद्वार के बाद देहरादून में 21वें कामनवेल्थ गेम्स (ऑस्ट्रेलिया) की क्वीन्स बेटन रिले का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस लाइन रेसकोर्स में खेल मंत्री अरविन्द पाण्डे, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री, डॉ धनसिंह रावत व मेयर विनोद चमोली के साथ क्वीन्स बेटन रिले का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि क्वीन्स बेटन के उत्तराखण्ड आगमन से खेलों के प्रति जो उत्साह का माहौल बना है, इससे प्रेरणा लेकर आने वाले समय में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राष्ट्रीय, राष्ट्रमंडल एवं ओलम्पिक खेलों के लिए राज्य सरकार राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में खेलों के प्रति अभिरुचि विकसित करने के लिए राज्य सरकार नीति बनाकर कार्य कर रही है। क्वीन्स बेटन को देहरादून लेकर पहुंचे ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमण्डल की कैरी थाम्पसन, केरी एल्गर, रेमण्ड किचिंग, कालिंग मैक्फर्सन एवं भारतीय लम्पिक संघ के ज्वाइंट सेक्रेटरी राकेश गुप्ता ने मशाल मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को सौंपी। रेसकोर्स मैदान में विशाल जन समूह के बीच क्वींस बेटन रिले का स्वागत कर रवाना किया गया। क्वीन्स बेटन का स्वागत करने वाला भारत 51वां देश है। क्वीन्स बेटन के स्वागत समारोह में विधायक उमेश शर्मा, पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी, एडीजी अशोक कुमार, सचिव खेल हरबंस सिंह चुघ, गढ़वाल कमीश्नर दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी, देहरादून एसए मुरूगेशन आदि मौजूद रहे।

धरती पर प्रकृतिक सौंदर्य का प्रारूप मसूरी की विंटरलाइन शुरु

0
सुधांशु रावत

मसूरी को एक बार फिर रानी का दर्जा देने वाली प्राकृतिक विंटरलाईन इस वर्ष में पहली बार बीते शुक्रवार शाम को दिखाई दी।लाखों का मन मोहने वाली ये विंटरलाईन अब से लकेर 3-4 महीनों तक अपना जादू बिखेरेगी।

इस साल अक्टूबर के दूसरे हफ्ते ही यह अद्भुत रेखा सभी को अपनी ओर आर्कषित करने लगी। जैसे ही सर्दियां दस्तक देती है, विंटरलाईन सभी रंगों में कभी नारंगी,गुलाबी,लैवेंडर, हल्का बैंगनी तो कभी गहरा लाल रंग से मसूरी को भर देती है अौर हर कोई ढलते हुए सूरज के सामने, हाथ में एक र्स्माट फोन लिये, इस पल को कैमरे में कैद करने के लिए तैयार रहता है।   

winterline

मसूरी के नीचे पश्चिम की ओर देहरादून की फैली हुई वादियों की छटा हर तरफ फैली हुई है-विंटरलाईन और उसके ऊपर गिर्डल आफ वीनस है। प्रसिद्ध लेखक गणेश शैली बताते हैं कि, “हमसे हमेशा यह पूछा जाता है कि तुम मसूरी वाले विंटरलाइन के बारे में हमेशा कैसे बोल सकते हो, और मैं हमेशा यही कहता हूं कि विंटर लाईन के लिए कुछ विशेष माहौल होना ज़रूरी है।मसूरी, दून वैली से 6000 फीट ऊपर हैं और दून का तापमान जल्दी-जल्दी बदलता रहता है।डस्ट, नमीं, धूल, कोहरा सब एक साथ एक लाईन में आकाश मे नजर आते है और साथ में ढ़लता हुआ सूरज विंटरलाईन को जन्म देता है।”

मसूरी के अलावा यह दृश्य दक्षिणी हेमिस्फेयर-केप टाउन मे देखने को मिलता है। अगली बार जब आप मसूरी का रुख करे, तो निराश न हो, इस स्वागिक और अद्भभुत कुदरत की देन को देखने के लिये अाप अपने को कतार में पायेंगे, अाप जैसे हजारों पर्यटक हर शाम माल रोङ या फिर लाल टिब्बा अाते है सिर्फ मसूरी की मशहूर विंटरलाईन को कैमरे में कैद करने के लिये।

‘स्वच्छ भारत अभियान’ में दिया गया बेटी बचाओ का संदेश

0

देहरादून। मानवाधिकार एवं सामजिक न्याय संगठन द्वारा बालिका शिक्षा सदन में बालक एवं बालिकाओं ने स्वच्छ भारत अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर चित्रकला प्रतियोगिता का अयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक से बढ़कर एक चित्रकला की।
इस अवसर मानवाधिकार की प्रदेश अध्यक्षा मधु जैन ने बच्चों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। बेटियों को अपने अंदर छुपी हुई शक्ति को महसूस कर सभी मुश्किलों से लड़ने की और किसी भी परिस्तिथि में नहीं हारने की प्रेरणा दी और उन बच्चों को अपने आसपास स्वच्छ रखने की अपील की गन्दगी से होंने वाली बीमारियों के बारे अवगत कराया।
अध्यक्षा मधु ने कहा कि भविष्य में भी बच्चों के साथ इस तरह के कार्यक्रम होते रहेंगे। उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर मिड-डे-मील का खाना भी खाया। स्कूल परिसर में ‘बेटी बचाओ’ का पोस्टर भी लगाया। इस अवसर पर प्रदेश कानूनी सलाहकार राजकुमार तिवारी ने भी अपने विचार रखे हुए कहा कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ से बच्चों में काफी जागरुकता आएगी। बच्चे साफ सुथरे वातावरण में सांस लेंगे तो वो बीमार काम पड़ेंगे। इस अवसर पर राहुल चौहान, शारदा गुप्ता, रवि जैन, ममता जैन व अनामिका आदि मौजूद रहे।

नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने को डीआइजी से गुहार

0

जौनसार-बावर के प्रवेश द्वार कालसी में फैल रहे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय बाशिंदे ने डीआइजी से गुहार लगाई है।  डीआइजी को प्रेषित ज्ञापन में स्थानीय बाशिंदे एडवोकेट विजय कुमार ने बताया कि, “कालसी के हरिपुर कोटी रोड, हरिपुर खादर, ब्लाक रोड सहित मुख्या बाजार में चरस, स्मैक, गांजा व कैमिकल नशीले पदार्थ धड़ल्ले से बिक रहे हैं जिससे क्षेत्रीय युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। बावजूद इसके स्थानीय पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।”

ज्ञापन के माध्यम से बताया कि कालसी क्षेत्र जौनसार-बावर का प्रवेश द्वार होने के साथ ही प्रमुख व्यापारिक, धार्मिक स्थल भी है। साथ ही यहां स्थित ऐतिहासिक अशोक शिलालेख के इसे राष्ट्रीय पहचान भी दिलाता है। ऐसे में क्षेत्र में फल फूल रहे नशे के कारोबार से स्थानीय युवाओं का भविष्य बर्बाद होने के साथ ही शांत क्षेत्र की छवि धूमिल हो रही है।

बताया कि नशे के कारोबार में कुछ स्थानीय लोग भी संलिप्त हैं जिसके चलते स्थानीय पुलिस प्रशासन कार्रवाई करने से गुरेज कर रहा है। पुलिस की लापरवाही के चलते युवाओं के साथ ही स्कूली छात्र भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। कहा कि शीघ्र ही नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो स्थानीय युवा पीढ़ी नशे के भंवर जाल में फंस कर अपना भविष्य तबाह करने के साथ ही समाज के लिए भी परेशानी का कारण बनेगी।

हाथियों ने पुलिस व वन कर्मियों को दौड़ाया

0

विकासनगर, कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज के जंगल में आए हाथियों के झुंड ने दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर सात घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रखा। रोड के बीच आ धमके हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी वाहनों के पीछे दौड़े और वन व पुलिस कर्मियों को भी दौड़ा लिया। झुंड में मादा व बच्चा होने के कारण हाथियों का मिजाज आक्रामक रहा। वन अधिकारी कर्मचारी व सहसपुर की धर्मावाला पुलिस रात आठ बजे से दो बजे तक हाइवे पर सक्रिय रहे। हाथियों के हाइवे पर आने के कारण धर्मावाला व दर्रारीट बेरियर पर कुछ देर तक ट्रेफिक को रोका गया, फिर कानवाई लगाकर वाहन छोड़े गए।

करीब तीन साल पहले आधा दर्जन हाथियों का दल तिमली जंगल में आया था लेकिन कुछ दिन बाद सिर्फ एक टस्कर हाथी ही जंगल में रह गया था। पिछले करीब एक साल से तिमली जंगल में हाथी नहीं था लेकिन हाल ही में तिमली जंगल में नौ हाथियों का झुंड आ गया है, जिसमें मादा व बच्चा भी हैं। हाथियों की आमद से तिमली जंगल से सटे गांवों आदूवाला, धर्मावाला, तिपरपुर, मटक माजरी आदि ग्रामों के ग्रामीणों की नींद उड़ गयी है। गुरुवार की रात में हाथियों का झुंड दिल्ली यमुनोत्री हाइवे पर आ धमका। जिस कारण ट्रेफिक जाम हो गया। चालकों ने अपने वाहनों को पीछे की ओर दौड़ाया। लाइट जलाने पर हाथी वाहनों के पीछे भागे।

सूचना मिलने पर डीएफओ सुरेंद्र सिंह के निर्देश पर तिमली रेंजर पूजा रावल मय टीम व असलहों के साथ मौके पर पहुंची। धर्मावाला पुलिस चौकी इंचार्ज रणजीत खनेड़ा भी पुलिस बल के साथ मौके पर आए। दोनों विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने पटाखे आदि जलाकर हाथियों को भगाया। जिस कारण करीब आधे घंटे तक हाइवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने धर्मावाला व दर्रारीट बेरियरों पर ट्रैफिक को रोके रखा, हाथियों के जंगल में जाने पर वाहनों को कानवाई लगाकर छोड़ा गया। कुछ देर तक यातायात सुचारू चला कि अचानक फिर हाथियों का झुंड हाईवे पर आ धमका। हाथियों के झुंड में मादा व बच्चा भी होने के कारण मिजाज आक्रामक रहा। हाथियों ने टार्च की लाइट जलाने पर वन व पुलिस कर्मियों को भी दौड़ा लिया। हाथियों की चिंघाड़ से पुलिस व वन कर्मियों के पसीने छूट गए।

किसी तरह से पुलिस व वन अधिकारियों व कर्मचारियों ने हाथियों को जंगल में भगाया और कानवाई लगाकर वाहनों को छोड़ा। तिमली रेंजर पूजा रावल के अनुसार, ‘ रात आठ बजे से दो बजे तक वन व पुलिस टीम सक्रिय रही। हाथियों के मूवमेंट को देखते हुए ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतने को कहा गया है। साथ ही वन टीम ने हाइवे पर रात्रि गश्त तेज कर दी है।”

 

स्वच्छ भारत को समर्पित 90वां स्थापना दिवस

0

देहरादून, ऑल इंडिया वूमेन कॉन्फ्रेंस ने अपने 90वें स्थापना दिवस को ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के नाम समर्पित किया। कार्यक्रम जहां में स्कूली छात्राओं की स्वच्छता पर आधारित लघु नाटिका ने लोगों में स्वच्छता की अलख जगाई। वहीं सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों का भी सभी ने आनंद लिया। 

बुद्धा चौक के समीप स्थित एक होटल में आयोजित जगमग भारत, स्वच्छ भारत कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूली बच्चों ने गणेश-वंदना पर नृत्य प्रस्तुति से की। इसके बाद छात्राओं की ओर से प्रस्तुत की गई ‘सफाई’ लघु नाटिका में बच्चों ने हास्य व्यंग्य के जरिए जीवन में स्वच्छता का महत्व समझाते हुए कहा कि स्वच्छता से ऊर्जा का संचार होता है जो जीवन में स्वच्छता पर ध्यान नहीं देता, उनमें मानसिक नकारात्मकता जन्म लेने लगती है। इसके बाद स्कूली बच्चों ने ‘बेटियों’ पर दी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से समाज को बेटियों की हो रही उपेक्षा पर आइना दिखाने का काम किया। साथ ही गढ़वाली, कुंमाउनी, गरबा पर सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुति भी दी।

संस्था की अध्यक्षा अरुणा चावला ने कहा कि संस्था की स्थापना सरोजनी नायडू ने की थी। उनकी संस्था सामाजिक कार्यों में अग्र्रणी भूमिका निभाने का प्रयास करती है। इसलिए उन्होंने स्थापना दिवस पर स्वच्छता जागरुकता कार्यक्रम के आयोजन का निर्णय लिया।

 

और तेज हुई कंगना-रितिक की जंग

0

पहले राकेश रोशन और फिर रितिक रोशन द्वारा कंगना के साथ विवादों को लेकर चुप्पी तोड़ने के बाद ये मामला शांत होता नहीं दिख रहा है, बल्कि लग रहा है कि ये और तेजी से आगे बढ़ेगा। सोशल मीडिया पर रितिक रोशन ने अपना सफाईनामा पेश किया, तो कंगना की बहन रंगोली ने रितिक के इस सफाईनामे की धज्जियां उड़ाते हुए रितिक पर और तीखे हमले किए।

इस बार उन्होंने रितिक को झूठा और मक्कार तक कहा। रितिक ने कहा था कि वे कंगना के साथ निजी तौर पर कभी नहीं मिले। रंगोली ने सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीर पेश कर दी, जिसमें दोनों काफी अंतरंग मुद्रा में हैं। रंगोली ने साथ ही एक ईमेल की प्रति भी जारी की, जिसमें उनके मुताबिक, रितिक ने कंगना के साथ रिलेशनशिप की बात को स्वीकार किया है। रंगोली के मुताबिक, रितिक ने 5 मई 2014 को ये ईमेल कंगना को भेजा था। रितिक अपने वकील के माध्यम से सारे ईमेल मुंबई पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच को सौंप चुके हैं और तेजी से उनकी जांच करने का अनुरोध किया है।

रंगोली ने रितिक के वकीलों की टीम पर भी हमला किया और इस बार वकीलों को बुद्धिहीन बोल दिया। रंगोली ने एक बार फिर रितिक की पूर्व पत्नी सुजैन खान को लपेटते हुए कहा कि अपनी बीवी की नाक के नीचे रितिक न जाने कितनी लड़कियो के साथ अफेयर करते रहे हैं। उधर, कंगना के वकील रिजवान सिद्दीकी ने रितिक के सफाईनामे पर उनसे दस सवाल किए हैं, जिसमें उनकी बातों को संदेह के कठघरे में खड़ा किया है।

सौ करोड़ के क्लब के करीब पंहुची जुड़वां 2

0

बाक्स आफिस पर कामयाबी का परचम लहराने वाली वरुण धवन की डबल रोल वाली फिल्म ‘जुड़वां 2’ सौ करोड़ के क्लब में एंट्री लेने के काफी करीब पंहुच गई है। अब तक ये फिल्म 92 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है और फिल्मी कारोबार के जानकार मान रहे हैं कि गुरुवार को ये फिल्म सौ करोड़ के क्लब में एंट्री ले लेगी।

ऐसा हुआ, तो ये वरुण धवन की पहली ऐसी फिल्म होगी, जिसने एक सप्ताह में सौ करोड़ के क्लब में जगह बनाई। इस साल रिलीज हुई वरुण की फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनियां’ ने भी सौ करोड़ से ज्यादा का (116 करोड़) का कारोबार किया था। इस साल अब तक सौ करोड़ के क्लब की फिल्मो में शाहरुख खान की ‘रईस’, रितिक रोशन की ‘काबिल’, सलमान खान की ‘ट्यूब लाइट’ और अक्षय कुमार की दो फिल्मे ‘जॉली एलएलबी 2’ और ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ इस क्लब में पंहुची हैं।

20 साल पहले बनी सलमान की डबल रोल वाली फिल्म जुड़वां के रीमेक के तौर पर बनी वरुण की फिल्म का निर्देशन उनके पापा डेविड धवन ने किया है और उनके साथ तापसी पन्नू और जैक्लीन फर्नांडिज है। साजिद नडियाडवाला ने इसका निर्माण किया है।

पंतनगर किसान मेले का किया शुभारंभ

0

पंतनगर, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किसानों से कहा कि वह पारंपरिक खेती के साथ ही रोजगार परक खेती को अपनाएं। कहा कि सरकार किसानों के विकास को कल्याणकारी योजनाएं बना रही है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही है। इससे पूर्व उन्होंने पंतनगर किसान मेले का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री श्री रावत ने पंतनगर किसान मेले का उद्घाटन करते हुए पूरे मेले का भ्रमण करके स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों एवं कृषि के विकास के लिए लिखी गई पुस्तकों का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए मशीन का उद्घाटन किया।

श्री रावत ने किसानों से कहा कि, “रोजगार परक खेती को बढ़ावा देने को आगे आएं। कहा कि सरकार किसानों के विकास के लिए कल्याणकारी योजनाएं बना रही है। सरकार किसानों को खुशहाल देखना चाहती है और इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। किसान खुशहाल होगा तो प्रदेश तरक्की करेगा, जरूरी है कि किसान उन्नत तकनीक को अपनाएं। साथ ही बीजों का बदलाव करते रहें।”

प्रोसेसिंग में दुनियां के देश जहां 40 फीसदी तक है, वहीं भारत अभी 20 फीसदी से नीचे है।किसानों को वैल्यू एडिशन में जाना होगा। आर्गेनिक दाम मिल रहे हैं उस पर भी ध्यान दें। इंटर क्रापिंग भी करें। चावल घोटाले पर श्री रावत ने कहा कि, “दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।”

इस दौरान पंतनगर विश्व विद्यालय के कुलपति एके मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, विधायक राजेश शुक्ला, विधायक राजकुमार ठुकराल, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, मेयर सोनी कोली, सुरेश परिहार, सुरेश कोली, विवेक सक्सेना, जिलाधिकारी नीरज खैरवाल, एसएसपी सदानंद दाते, सीडीओ आलोक पांडेय, डा. वाईपीएस डवास आदि मौजूद थे।