गोपेश्वर। चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में प्रत्येक सोमवार को लगने वाले जन शिकायत निवारण शिविर में नंदप्रयाग अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों ने आॅल वेदर रोड में उनकी भूमि व भवन अधिग्रहण किये जाने की शिकायत करते हुए कहा कि उनके पास इसके अलावा कहीं कोई और भूमि नहीं है, ऐसे में बस्ती के लोग भूमिहीन होने के साथ ही बेघर भी हो जायेंगे।
सोमवार को जिला सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं एसडीएम चमोली परमानंद की अध्यक्षता में जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न प्रकार की 11 शिकायतें दर्ज की गई। सभी समस्याओं को मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में नंदप्रयाग अनुसूचित जाति बस्ती निवासी गणेश राय, नंदू राय, दिनेश राय, प्रेम राय, प्रहलाद राय आदि ने आॅल वेदर रोड निर्माण के लिए उनकी भूमि एवं आवासीय भवन अधिग्रहण किये जाने की समस्या दर्ज की। उन्होंने बताया कि बस्ती के लोगों के पास अन्यत्र कहीं भूमि व आवास नहीं है। आॅल वेदर रोड निर्माण के लिए उनकी भूमि व आवास अधिग्रहण किये जाने से वे लोग भूमिहीन व बेघर हो जायेंगे। उन्होंने प्रभारी जिलाधिकारी से अनुसूचित जाति के लोगों को अन्यत्र कही भूमि देकर पुर्नवास कराने की मांग रखी। सेवानिवृत्त राजस्व उपनिरीक्षक नन्दन सिंह फर्स्वाण ने द्वितीय एसीपी के तहत ग्रेड वेतन का भुगतान, पुनरीक्षित पेंशन देय एरियर तथा उपार्जित अवकाश का भुगतान न किये जाने की शिकायत दर्ज करते हुए शीघ्र उनके देयकों का भुगतान करने की मांग प्रभारी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। संस्कृत महाविद्यालय मडल के प्राचार्य डा. ओपी डिमरी ने महाविद्यालय के छात्रावास में सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की। बताया कि वर्षाकाल में अत्रिगंगा के प्रवाह से छात्रावास के नीचे की भूमि का निरंतर कटाव हो रहा है, जिससे छात्रावास को खतरा बना हुआ है।
प्रभारी जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्या के समाधान का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मामले के निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भागीरथी जंगपांगी, ईई लोनिवि डीएस रावत, सीईओ आरएल चंद्रवाल आदि मौजूद थे।
जन शिकायत शिविर में उठी आल वेदर रोड से बेघर होने की समस्या
जन सुनवाई दिवस पर 71 फरियादियों की सुनी गईंं शिकायतें
रूद्रपुर। जन सुनवाई दिवस पर सोमवार को 71 शिकायतें फरियादियों द्वारा दर्ज कराई गईं, जिसमें से कुछ समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही किया गया। जन सुनवाई दिवस में राशन कार्ड बनवाने, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता, भूमि विवाद आदि से सम्बन्धित प्रमुख समस्याएं दर्ज कराई गईं। अधिकांश समस्याएं भूमि विवाद से सम्बन्धित थी।
जिलाधिकारी डाॅ. नीरज खैरवाल ने प्रत्येक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होने वाले जन सुनवाई दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों के निर्देश दिए कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं व कार्यों का क्रियान्वयन पूरी निष्ठा, ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से करना सुनिश्चित करें, ताकि जनता को किसी भी प्रकार समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हस्तानान्तरित की गई समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करना सुनिश्चित करें तथा कृत कार्यवाही से सम्बन्धित फरियादियों को भी अवगत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समस्याओं के निराकरण में हीलावली बरतने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर क्षेत्र भ्रमण करते हुए अपने विभागों से सम्बन्धित जन समस्याओं का निराकरण तेजी से करने के निर्देश दिये ताकि स्थानीय स्तर की समस्याओं के निराकरण के लिए जनता को जिला मुख्यालय की अनावश्यक दौड़ न लगानी पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे जन सुनवाई में प्राप्त समस्याओं के साथ ही समाधान पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली समस्याओं को भी समयबद्ध तरीके से निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
समस्याएं दर्ज कराने वाले फरियादियों में रूद्रपुर निवासी मीनू ने वसीयत प्रमाण चाहने, महेश कुमार ने ऋण सब्सिडी की किश्त दिलाने, गुरबाज ने राशन कार्ड बनवाने, सूरज सिंह ने कम्पनी द्वारा भेजे गये पत्र निस्तारण के सम्बन्ध में, काशीपुर निवासी वीर सिंह ने भूमि का मुआवजा दिलाने, किच्छा निवासी मिनहाज ने भूमि को कब्जे से बचाने, काशीपुर निवासी रंजीत सिंह ने भूमि पैमाइश के सम्बन्ध में, किच्छा निवासी बुन्दू ने भूमि विवाद के सम्बन्ध में, खटीमा निवासी भगवत सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराने, जसपुर निवासी अचल कुमार ने विद्युत कनेक्शन के सम्बन्ध में, काशीपुर निवासी शाहिद हुसैन ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता चाहने, खटीमा निवासी श्रवण कुमार ने सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने, सुलतानपुर पट्टी निवासी ईश्वर कुमार ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र चाहने आदि से सम्बन्धित प्रमुख समस्याएं दर्ज करायी। आपदा प्रबन्धन विभाग के संजीव कुमार व देवेन्द्र आर्या द्वारा फरियादियों की समस्याएं रजिस्टर में दर्ज करने की कार्यवाही की गई।
जन सुनवाई दिवस में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, आपदा प्रबन्धन अधिकारी डाॅ.अनिल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह सहित अन्य अधिकारी व फरियादी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री किसके चौकीदार और किसके वफादार: राहुल गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) में 11,400 करोड़ रुपये के घोटाले मसले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधे हमला बोला है।लोकसभा चुनावों के दौरान दिए गए ‘देश का चौकीदार’ वाले वक्तव्य पर तंज करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया है कि ‘पहले ललित फिर माल्या अब नीरव भी हुआ फरार, कहां है ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा’ कहने वाला देश का चौकीदार?’
इसके आगे राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर एक बार फिर उद्योगपतियों के संरक्षक के तौर पर काम करने का आरोप लगाया। ट्वीट में आगे लिखा- ‘साहेब की खामोशी का राज़ जानने को जनता बेकरार, उनकी चुप्पी चीख चीख कर बताए वो किसके हैं वफादार।’ ट्वीट में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तंज कसता हुआ हैशटैग #ModiRobsIndia भी दिया है।
वहीं आम आदमी पार्टी के नेता और कवि कुमार विश्वास ने इस मसले पर एक ट्वीट कर कहा, ‘मैं तीन दशक से लिख रहा हूँ, लिखते-लिखते कम्बख़्त आज तक एक करोड़ का रोटोमैक नहीं हुआ। सेठजी को बिना एक पंक्ति लिखे, आठ सौ करोड़ का रोटोमैक हो गया? इतना लिखा हमने और माल सेठजी ले उड़े? ये हमारे साथ ही क्यूं होता है जी ?’
कनाडा के पीएम ने गांधी आश्रम में चरखा चलाया.
अहमदाबाद। कनाडा के प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रुडो सोमवार को अपनी भारत यात्रा के दौरान एक दिवसीय यात्रा पर गुजरात आये । जस्टिन ट्रुडो पत्नी और बच्चों के साथ भारतीय वेशभूषा में दिखे। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद जस्टिन ट्रुडो सपरिवार गांधी आश्रम की यात्रा पर पहुंचे।
जस्टिन ट्रुडो गांधी आश्रम की यात्रा के दौरान बहुत खुश नजर आए। ट्रुडो और उनकी पत्नी ने चरखा चलाया। उनके बच्चे भी इस पल के गवाह बने। जस्टिन ने यात्रा पुस्तक में भी अपना संदेश लिख कर खुशी जाहिर की |
गांधी आश्रम की यात्रा के बाद जस्टिन ट्रुडो गांधीनगर में अक्षरधाम और अहमदाबाद आईआईएम की यात्रा करेंगे तथा छात्रों के साथ बातचीत करेंगे । वे मुंबई रवाना होने से पहले विमानतल पर मुख्यमंत्री विजय रूपानी के साथ बैठक भी करेंगे |
भेल ने बनाया 800 मेगावाट सुपर क्रिटिकल जनरेटर
हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार ने पूरी तरह स्वदेश में निर्मित 800 मेगावाट सुपर क्रिटिकल जनरेटर का सफल उत्पादन कर फिर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस जनरेटर की आपूर्ति आंध्र प्रदेश पावर जनरेशन कार्पोरेशन के विजयवाड़ा थर्मल पावर प्रोजेक्ट के लिए की गयी है। एपीजेंको के चीफ इंजीनियर (ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट एंड कंस्ट्रक्शन) एमवीवी सत्यनारायणा तथा चीफ इंजीनियर (टीपीसी) कृपा सागर ने आज हरी झंडी दिखाकर जनरेटर को रवाना किया।
सत्यनारायणा एवं सागर ने बीएचईएल के इस योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए हीप के सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। महाप्रबन्धक (ईएम) एके साहा ने कहा कि यह संस्थान के सभी कर्मचारियों की कड़ी मेहनत एवं लगन का नतीजा है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए महाप्रबन्धक (प्रभारी) हीप संजय गुलाटी ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया कार्यक्रम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सुपर क्रिटिकल जनरेटर के निर्माण में उच्च तकनीकी दक्षता तथा कौशल जरूरी होता है और इस जनरेटर का सफलतापूर्वक निर्माण कर बीएचईएल हरिद्वार ने इसे साबित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि यह जनरेटर सबसे अधिक वोल्टेज 27 केवी पर विद्युत उत्पादन करता है। अति आधुनिक तकनीक से निर्मित इस जनरेटर में कॉपर की जगह स्टील के हॉलो कण्डक्टर्स का प्रयोग किया गया है। इसका डिजाइन, निर्माण तथा टेस्टिंग का काम पूरी तरह से हरिद्वार इकाई में ही किया गया है। इसके ट्रांसपोर्टेशन के लिये विशेष चौड़ाई वाले 24 एक्सल के ट्रेलर का प्रयोग किया गया है। यह ट्रांसपोर्टेशन मल्टी माडल विधि से किया जाएगा जिसमें सड़क व जल मार्ग दोनों शामिल हैं।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीडीएक्स एवं वाणिज्य) आईजेएस सन्धू, महाप्रबंधक (ईएम-प्रोडक्शन) विवेक कुमार, अनेक महाप्रबंधक, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
उड़ान भरते हुए अब पायलट रखेंगे जंगल की आग पर नज़र
उत्तराखंड में उड़ान भरते हवाई जहाज और हेलीकॉप्टरों के पायलट अब जंगल की आग पर भी निगाह रखेंगे। इस कड़ी में दावानल पर नियंत्रण के मद्देनजर वन विभाग सिविल एविएशन का सहयोग लेने की तैयारी कर रहा है। जल्द ही योजना का खाका तैयार कर इसे राज्य के मुख्य सचिव के समक्ष रखा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलते ही डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) को प्रस्ताव भेजा जाएगा। योजना के परवान चढ़ने पर दिल्ली-देहरादून के बीच रोजाना संचालित 12 हवाई सेवाओं के साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान करीब डेढ़ दर्जन कंपनियों की हेलीकॉप्टर सेवाओं के पायलट उड़ान के दौरान कहीं भी जंगल में धुंआ उठता नजर आने पर तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दे सकेंगे।
पारे की उछाल के साथ ही प्रदेश में हर साल गर्मियों में जंगलों के धधकने से बड़े पैमाने पर वन संपदा खाक हो जाती है। अब यह चुनौती फिर से आ खड़ी हुई है। हालांकि, दावानल से निबटने के लिए पूरी तैयारियों का विभाग का दावा है, मगर इस मर्तबा उसका फोकस तुरंत सूचनाएं जुटाने पर है। वर्तमान में विभाग को भारतीय वन सर्वेक्षण से जीआइएस आधारित फायर अलर्ट मिलता है। फिर इसे विभाग अपने आइटी सिस्टम के जरिए संबंधित क्षेत्र का पता लगाकर इसकी सूचना फील्ड स्टाफ तक पहुंचाता है।
सूचना तंत्र को और सशक्त बनाने के लिए वन विभाग अब राज्य में उड़ान भरने वाले विमानों के पायलटों का सहयोग लेने की तैयारी कर रहा है। बता दें कि वर्तमान में दिल्ली-देहरादून के बीच रोजाना नियमित रूप से 12 उड़ाने हैं। इसके अलावा चारधाम यात्रा प्रारंभ होने पर करीब डेढ़ दर्जन कंपनियां हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध कराती हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के साथ ही अन्य मंत्री और अधिकारी भी हेलीकॉप्टर से राज्य के दौरों पर निकलते हैं। उत्तराखंड के प्रमुख वन संरक्षक जयराज के अनुसार विमानों में जीपीएस सिस्टम होता है और आसमान से कहीं भी जंगल में धुंआ नजर आने पर पायलट इसकी सूचना दे सकते हैं। इस सूचना के आधार पर संबंधित क्षेत्र में आग बुझाने को तुरंत कदम उठाए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना के संबंध में जल्द ही मुख्य सचिव से वार्ता की जाएगी।
राजाजी नेशनल पार्क को ज्यादा फायदा: इस योजना के परवान चढ़ने पर सबसे अधिक लाभ राजाजी नेशनल पार्क को होगा। वजह ये कि दिल्ली-देहरादून के बीच रोजाना होने वाली नियमित उड़ानें इसके ठीक ऊपर से आती-जाती हैं।
सीबीआई ने 800 करोड़ की हेराफेरी मामले में रोटोमैक कंपनी के ठिकाने पर मारा छापा
नई दिल्ली। सीबीआई ने रोटोमैक कलम बनाने वाली कंपनी के मालिक विक्रम कोठारी के ठिकाने पर सोमवार को छापेमारी की है। इससे पहले एजेंसी ने कंपनी व कोठारी के खिलाफ इस मामले में बैंक अॉफ बड़ौदा की शिकायत पर मुकदमा भी दर्ज किया है।
आज सुबह कानपुर स्थित कोठारी के आवासीय परिसर पर सीबीआई की टीम ने छापेमारी की। हालांकि इस बीच कोठारी ने विदेश जाने की बात से इनकार किया है। उल्लेखनीय है कि कानपुर के व्यवसायी कोठारी ने इलाहाबाद बैंक, यूनियन बैंक अॉफ इंडिया व बैंक अॉफ इंडिया समेत अन्य कई बैंकों से 800 करोड़ का कर्ज लिया था। कोठारी ने कहा है कि मैं कानपुर का रहने वाला हूं और मैं अब भी इसी शहर में उपलब्ध हूं।
जानकारी के मुताबिक कोठारी ने मुंबई स्थित यूनियन बैंक अॉफ इंडिया से 485 करोड़ व कोलकाता स्थित इलाहाबाद बैंक से 352 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। एक साल बाद भी कोठारी ने बैंक का कर्ज व ब्याज वापस नहीं किया है। इसके चलते 2017 में बैंको के कंसोर्टियम बैंक अॉफ बड़ौदा ने कोठारी की स्वामित्व वाली कंपनी रोटोमैक ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड को विलफुल डिफाल्टर घोषित कर दिया था लेकिन कंपनी ने इस आदेश के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर दी थी।
धरने पर टांसपोर्टर प्रकाश पाण्डेय का परिवार, पत्नी की हालत बिगड़ी
हल्द्वानी। सरकार से आर्थिक मदद नहीं मिलने पर ट्रांसपोर्टर प्रकाश पाण्डेय की पत्नी सहित पूरा परिवार सोमवार को चौथे दिन भी धरने पर बैठा रहा। इस दौरान पाण्डेय की पत्नी की अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से वह बेहोश हो गई लेकिन धरने पर बैठे परिजनों को कहना है कि है कि जब तक सरकार अपना वायदा पूरा नहीं कर लेती वह धरने से नहीं उठेंगे।
सोमवार को बुद्ध पार्क में धरने पर बैठीं टांसपोर्टर प्रकाश पाण्डेय की पत्नी कमला की तबियत अचानक बिगड़ गई। इस दौरान वह धरना स्थल पर ही बेहोश हो गईं। घटना की सूचना प्रशासन के अधिकारियों को दी गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की भी इसकी जानकारी दी गई। कमला पांडे की तबियत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद डॉक्टरों की टीम भी धरना स्थल पर पहुंची, जिसके बाद डॉक्टरों ने कमला का चेकअप किया। इस दौरान डॉक्टरों से कमला को अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। जिसपर कमला ने अस्पातल में भर्ती होने से साफ मना कर दिया।
धरना पर बैठे परिजनों का कहना है कि 12 लाख मुआवजा और पत्नी कमला को नौकरी देने का सरकार का वादा जबतक सरकार परिवार से किया गया वादा पूरा नहीं होता वह धरने से नहीं हटेंगी। इस दौरान प्रकाश पांडे की मां ने इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत के बाद परिवार पड़ोसियों की मदद के सहारे जी रहा है। अब वह ऐसे हालत में नहीं जीना चाहती हैं।
EXCLUSIVE: आईआईटी रुड़की के छात्रों का ये वीडियो हो रहा है वायरल, जानिये क्यों
2017 में आईआईटी रुड़की के छात्रों ने एक डांस वीडियो बनाया था जो देखते ही देखते यूट्यूब सेंसेशन बन गया था।इस वीडियो में एड शरीन के मशहूर गाना शेप ऑफ यू पर आईआईटी रुड़की के छात्र थिरकते दिखे थे। ठीक उसी तरह एक बार फिर यहां के स्टूडेंट्स ने मिलकर एक नया वीडियो बीते बुधवार यानि 14 फरवरी वेलेंनटाईन डे को रिलीज किया। आईआईटी रुड़की के छात्रों द्वारा बनाया गया Gone Gone Gone वीडियो हॉलीवुड सिंगर फिलिप फिलिप्स का मशहूर गाना है। पहले से ही लोकप्रिय गाना लोगों के दिल में तब और उतर गया जब इस गाने को आईआईटी रुड़की के छात्रों ने अपने स्टाईल में लोगो के सामने पेश किया।

हर किसी को लगता है कि किसी भी आईआईटी में एडमिशन लेना इंजनियरिंग के बच्चों के लिए बहुत मुश्किल काम है और ऐसा सोचना गलत भी नहीं है, लेकिन एक बार जब कोई आईआईटी में एडमिशन ले लेता है तो उसकी जिंदगी बदल सी जाती है। हर कोई हॉस्टल में होने वाले कारनामों से परिचित है और यह हॉस्टल लोगों के बीच केवल पढ़ाई ही नहीं हर तरह के काम के लिए मशहूर है। बढ़ी मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी करने वाले यह आईआईटीयन्स हर तरह की कलाओं में आगे है चाहे वह क्लास बंक करके फिल्में देखना हो या किसी भी तरह की बदमाशी हो।

आईआईटी सिनेमेटिक सेक्शन के ज्वाइंट सेक्रेटरी यश त्रिवेदी से न्यूजपोस्ट की हुई बातचीत में उन्होने बताया कि “इस वीडियो को बनाने में हमे लगभग एक महीने का समय लगा। उन्होंने बताया कि इस वीडियो के प्री और पोस्ट प्रोडक्शन में आईआईटी कैंपस के स्टूडेंट्स ने मदद की है। इस विडियो को पूरा तैयार करने मे सिनेमेटिक सेक्शन, कोरियोग्राफी और डांस सेक्शन का बहुत बड़ा हाथ है।”
गौरतलब है कि इस वीडियो को यूट्यूब पर लॉंच करते ही इसपर लोगो ने रिस्पांस करना शुरु कर दिया। देश के कोने से कोने से आईआईटी के इस डांस वीडियो पर लोगो के मैसेज आना शुरु हो गए थे। यश ने बताया कि दूसरे आईआईटी कॉलेजों से भी उन्हें इस डांस विडियो पर अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
यश ने बताया कि “केवल तीन दिनों मे यूट्यूब चैनल पर इस विडियो पर लगभग एक लाख से ज्यादा व्यू आ गए हैं और हम आशा करते हैं कि लोगों का प्यार इसी तरह बना रहेगा और पिछले विडियो शेप ऑफ यू की तरह यह भी एक सेंसेशन बन कर उभरेगा।”
इस वीडियो की शूटिंग में ज्यादातर लोकेशन आईआईटी रुड़की कैंपस के अंदर हुई है और कुछ लोकेशन कॉलेज के बाहर के भी हैं। जैसा कि शेप ऑफ यू गाने में ज्यादातर शॉट बाहर के थे इस वीडियो की शूटिंग ज्यादातर कॉलेज कैंपस में हुई है। इस वीडियो Gone Gone Gone में आईआईटी रुड़की 2nd ईयर के छात्र आदित्य कुमावत और छात्रा प्रज्ञा सिंह थिरकते नज़र आ रहे हैं। इस विडियों में आपको आदित्य और प्रज्ञा सालसा डांस फॉर्म के मूव्स करते नज़र आऐंगे।
यश ने बताया कि “इस गाने को चुनने का मुख्य कारण था कि हम इस गाने के जरिए कॉलेज में होने वाले प्यार की शुरुआत को दिखाना चाहते थे। इसमे हमने ये दिखाने की कोशिश की है कि हो सकता है दो प्यार करने वालों का प्यार सच्चा हो लेकिन उनकी मंज़िल कुछ और हो। इसमें हमने कॉलेज के पहले प्यार की मिठास को दिखाने की कोशिश की है। साथ ही इस गाने का म्यूजिक बहुत ही अलग है जिसमें डांस करना आसान था।”
ये छात्र आगे भी अपने नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं जिसके बारे में फिलहाल वो सस्पेंस बरकरार रखना चाहते हैं।
मिसाल: इस युवा की कोशिश ने किया उत्तराखंड के सैंकड़ों घरों को रौशन
उत्तराखंड में टैलेंट की किसी तरह की कमी नही है। जहां चाह वहां राह की मिसाल बन गये है ऋषिकेश के सागर रावत। 26 साल के सागर ऋषिकेश के रहने वाले हैं और उन्होंने ग्राफिक एरा यूनिर्वसिटी से बी.टेक किया है। सागर ने कम उम्र में ही अपनी एल.ई.डी लाईट बनाने की कपंनी खोलने पर काम करना शुरु कर दिया था। सागर ने ल्यूमेनसन प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी से अपने काम की शुरुआत की और आगे बढ़ते गए। ल्यूमेनसन प्राइवट लिमिटेड में सागर अलग-अलग तरह के एल.ई.डी लाईट्स बनाते हैं। गौरतलब है कि शायद ल्यूमेनसन राज्य की पहली ऐसी कंपनी होगी जिसे इतनी कम उम्र का युवा अपने बल-बूते पर चला रहा है।

सागर से बातचीत मे उन्होंने बताया कि “मार्च 2017 से शुरु हुई हमारी कंपनी एल.ई.डी के मार्केट मे अच्छा काम कर रही है। एक डेढ़ लाख की लागत से शुरु हुई कंपनी का टर्नओवर 70 लाख से भी ज्यादा है। बाजार के विश्वसनीय और भरोसेमंद विक्रेताओं से खरीदे जाने वाले रॉ मैटेरियल को हम उत्पादन प्रक्रिया में इस्तेमाल करते है। एडवांस टेक्नोलॉजी के आधार पर बनाए हमारे प्रोडक्ट की कम बिजली खपत के लिए इसकी सराहना की जाती है। हमारे प्रोडक्ट बहुत गर्मी के मौसम में भी टिकाऊ है, विश्वसनीय सेवा, लंबे समय तक इस्तेमाल में आने वाले और बहुत कम रखरखाव में भी बेहतर सुविधा देने वाले हैं।” सागर ने बताया कि हमारे पास करने वाले ज्यादातर लोग स्कील इंडिया से लिए गए है और साथ ही कुछ ऐसे लोग भी जिनको रोज़गार की जरुरत थी।
अपने काम में जी जान लगाने वाले सागर ने इससे पहले अपने साथी के साथ मिलकर बीटेक के दौरान एक ऐसे रोबोट का आविष्कार किया था जो आपदा से बचाने मे मददगार साबित हो सकता है। इस उपलब्धि के लिए सागर और उनके साथी को आईआईटी रुड़की में दूसरा स्थान भी मिला था। साथ ही सागर ने देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिर्वसिटी को रोबोटिक कंपटीशन में आईआईटी मुंबई में छठे स्थान पर लाने का सौभाग्य भी प्राप्त किया था। अपनी पढ़ाई के दौरान ही सागर ने विकसित की गई टेक्नॉलजी के पैटेंट करा लिए थे और आज वह इसपर पूरी मेहनत से काम कर रहे हैं।आपको बतादें बहुत ही कम उम्र में सागर के कुछ अंर्तराष्ट्रीय स्तर के रीसर्च पेपर भी पब्लिश हो चुके हैं।

अपनी कंपनी के बारे मे बात करते हुए सागर बताते है कि “कंपनी शुरु करने के पीछे सबसे बड़ा कारण था कि युवाओं के आइडिया को प्लेटफॉर्म देना जिसपर असल मे हम अभी काम कर रहे हैं”। उन्होने कहा कि ऐसे ही भारत को य़ुवाओ का देश नहीं कहा जाता सच मे देश के य़ुवाओं के पास मिलियन डॉलर के आइडिया हैं जरुरत है तो उसे सही जगह पर लागू करने की। सागर मानते हैं कि किसी भी पढ़ाई का प्रेक्टिकल एप्लिकेशन होना जरुरी है और मै अब वही कर रहा हूं जो हमेशा से पढ़ा और सोचा।
इस समय ल्यूमेनसन उत्तराखंड के दूर-दराज गांवों में अपने बनाए हुए एल.ई.डी प्रोडक्ट डिलिवर कर रहा है इसके अलावा बहुत से एनजीओ, स्कूल और ग्राउंड मे इनकी कंपनी द्वारा बनाए गए एल.ई.डी प्रोडक्ट इस्तेमाल किए जा रहे हैं जिससे ना केवल शहरों मे बल्कि गांव मे भी रोशनी जा रही है। ल्यूमेनसन के सोलर उपकरण उन जगहों पर भी पहुंचाए जाते है जहां कम बिजली है। इसके अलावा एल.ई.डी के इस्तेमाल से बिजली की खपत तो कम होती है साथ ही पैसो की भी बचत होती है।
सागर आगे चलकर कंपनी को एक बड़े स्तर पर विकासित करना चाहते हैं जिससे और ज्यादा से ज्यादा लोगो को रोजगार दिया जा के। ल्यूमेनसन के पास एल.ई.डी से संबंधित लगभग सारे प्रोडक्ट है चाहे वह एल.ई.डी लाइट्स, एल.ई.डी बल्ब,सोलर होम लाइट सिस्टम,स्ट्रीट लाइट,एल.ई.डी ट्यूब लाइट फिक्सचर,सोलर पावर प्लांट आदि हो।
न्यूज़पोस्ट सागर रावत को आने वाले समय के लिए ढ़ेर सारी शुभकामनाएं देता है।





























































