Page 156

अब 10 की बजाय 13 अंकों का होगा मोबाइल नंबर

0

नई दिल्ली। अब मोबाइल नंबर 10 की बजाय 13 अंकों का होगा। यह बात भले ही सबको हैरान कर सकती है, लेकिन सच है। केंद्रीय संचार मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश जारी किए हैं कि अब मोबाइल नंबर 10 अंकों से बदलकर 13 अंकों का हो सकता है। पिछले दिनों दिल्ली में मंत्रालय के अधिकारियों की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है।

भारतीय संचार नगर लिमिटेड (बीएसएनएल) ने भी इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया को 31 दिसंबर 2018 तक सभी नंबर्स के साथ पूरा किया जा सकता है। डिपार्टमेंट आफ टेलीकाम (डीओटी) के अनुसार, मौजूदा सभी 10 अंकों वाले मोबाइल नंबर एक अक्टूबर 2018 से 13 अंकों वाले नंबर में बदलने शुरू होंगे। यह प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। 10 अंकों से 13 अंकों का मोबाइल नंबर करने के पीछे की प्रमुख वजह नए मोबाइल नंबरों की गुंजाइश नहीं होना बताया जा रहा है। ऐसे में अब नंबर 13 अंकों का करके सभी यूजर्स के नंबर्स को अपग्रेड कर दिया जाएगा। 

जंगली हाथियों ने रौंद डाली फसल

0

ऋषिकेश। ग्रामीण क्षेत्रों की खेतों में खड़ी फसल को नष्ट कर रहे जंगली हाथियों के आतंक से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र खदरी का खादर क्षेत्र अपनी उपजाऊ भूमि के लिए जाना जाता है। किंतु दो दशक से खदरी के किसान खेती को लेकर चिन्तित हैं। हाथी लगातार किसानों की फसलों को पौरों तले रौंद रहे हैं। मंगलवार की रात एक बार फिर किसानों की फसलों को हाथियों ने बुरी तरह रौंद दिया।
मंगलवार रात जंगली हाथियों ने आधा दर्जन से अधिक किसानों की गेंहू की फसल रौंद डाली है। पीड़ित किसानों में जनार्धन प्रसाद, श्याम सुन्दर, हरी प्रसाद, मधुसूदन रयाल, ज्ञान सिंह, प्यार सिंह भंडारी शामिल हैं। राज्य स्थापना के 18 वर्षों बाद भी खेतों व फसल सुरक्षा को लेकर आज तक न तो सुरक्षा तटबन्ध बना है और न सौर ऊर्जा बाड़ लगायी गयी है। लिहाजा खदरी के किसान खेती से विमुख हो रहे हैं।
पर्यावरण व सामाजिक कार्यकर्ता विनोद जुगलान का कहना है कि खदरी में 98 फीसदी भूमिधरों ने खेत बंटाई पर दे दिए हैं ताकि फसल से लाभ मिले या न मिले लेकिन खेत बंजर न दिखाई दे। पहाड़ी मूल के लोगों में खेत बंजर छोड़ने को विनाश का संकेत माना जाता है। उधर बंटाई पर खेती कर रहे साझेदार भी जंगली जानवरों की आमद से न केवल चिंतित हैं बल्कि फसल नुकसान से दुःखी हैं। सरकार का आलम यह है कि वन कर्मियों को खनन चोरी और ओवर लोडिंग के खिलाफ धर-पकड़ में नियुक्त किया हुआ है।
जुगलान ने कहा कभी कभार यदि वनकर्मी पहुंच भी जाते हैं तो उनके पास बन्दूक ख़ाली होती हैं। वे पटाखे छोड़कर जंगली जानवरों को भगाने का प्रयास तो करते हैं किंतु जानवरों पर इनका असर नहीं होता है। जुगलान ने बताया कि अभी तक 2015 तक के फसल मुआवजे लम्बित पड़े हुए हैं किंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने लम्बित पड़े फसल मुआवजों के शीघ्र निस्तारण की सरकार से मांग की है।

तीसरे दिन भी जारी रहा साधन समिति सचिव परिषद का धरना

0

देहरादून। साधन समिति सचिव परिषद उत्तराखंड और आंकिक कर्मचारी संगठन साधन सहकारी समितियों के कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। परेड ग्राउंड धरना स्थल पर परिषद कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। साधन समिति सचिव परिषद की हड़ताल से सहकारिता विभाग के कार्य प्रभावित हैं।
राजकीय कर्मचारी संयुक्त परिषद से संबध कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कैडर सचिवों की सेवाओं का सरकारीकरण कर वेतन की स्थाई व्यवस्था जल्द किए जाने की मांग की। समिति कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगे हैं। जिनमें पैक्स कैडर सचिवों के खाली पदों पर आंकिकों की पदोन्नति, समितियों के व्यवसाय अनुसार कर्मचारियों का वर्गीकरण कर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन लागू करने, समिति कर्मचारियों का जिला कैडर बनवाये जाने शामिल हैं।
धरना स्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए परिषद के प्रदेश महामंत्री लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से कैडर सचिवों को सातवें वेतन मान का लाभ दिए जाने और उनका ग्रेड वेतन 2800 रुपये करने को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जब तक हमारी मांगों पर सचिव सहकारिता द्वारा आदेश जारी नहीं किया जाता तब तक घरना जारी रहेगा। धरनास्थल पर परिषद के संरक्षक राजपाल तोमर, आरएस मेंगवाल समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

उत्तराखण्ड में अगले तीन दिनों तक मौसम रहेगा साफ

0

देहरादून। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश भर में बुधवार की सुबह खिली धूप निकलने से लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग की मानें तो इस सप्ताह मौसम में गर्माहट देखने को मिलेगी, जबकि शनिवार और रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिसके चलते उच्च क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

मंगलवार सुबह राजधानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। दून में दोपहर तक 23 डिग्री सेल्सियस फॉरेनहाइट तापमान बना हुआ थ। जबकि पूरे राज्य में 14 डिग्री सेल्सियस तापमान था। वहीं राज्य के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में सुबह आसमान साफ रहने से मौसम सामान्य बना हुआ था। देहरादून में आठ प्रति किलोमीटर की गति से हवा चल रही है और नमी 43 प्रतिशत है। वहीं उच्च क्षेत्र पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, केदारनाथ सहित अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना हुआ था।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि राज्य में इस सप्ताह मौसम में तिखापन देखने को मिलेगा। जबकि 24 व 25 फरवरी में आसमान में बादल बने रहेंगे। जिससे उच्चाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 21 से 23 तक तेज धूप देखने को मिलेगा। 

सड़क दुर्घटना में 2 की मौत, 7 घायल

0

ऋषिकेश। नई टिहरी-मलेथा-कीर्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गडोलिया जाखधार से कोटी जा रहा एक टैक्सी वाहन ट्रक को पास देने के चक्कर में दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हो गए। 4 घायलों की गंभीर स्थित को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घनसाली के थानाध्यक्ष किशन टम्टा के अनुसार मंगलवार देर शाम सवा पांच बजे के करीब वाहन संख्या यूके 09 टीए-0491 नई टिहरी-मलेथा राजमार्ग पर जाखधार स्टेशन से कोटी गांव को जा रहा था। इस दौरान छुंयापानी के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को पास देते वक्त वाहन असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में जबर सिंह (40) पुत्र गोकल सिंह निवासी स्यालकुंड मगरौं की मौके पर ही मौत हो गई। इसी गांव की बसुदेवी (40) पत्नी मकान सिंह ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में प्रेम बसनेत (55) पुत्र राम सिंह, उनकी पत्नी पिंगला देवी (52), वाहन चालक विक्रम सिंह (40) पुत्र कल्याण सिंह सभी निवासी मगरौं, कीर्ति सिंह (50) पुत्र बचन सिंह, उनकी पत्नी सुमति देवी (45) निवासी स्यालकुंड, रमा देवी (50) पत्नी सोबन सिंह सिंह और उनका पुत्र सुनील रावत (20) निवासी मगरौं घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस के जवानों ने सड़क पर पहुंचाया। उन्हें 108 सेवा की मदद से इलाज के लिए पिलखी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चार घायलों कीर्ति सिंह, सुमति देवी, प्रेम बसनेत, पिंगला देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर, श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया है। 

विस अध्यक्ष ने किया नलकूप का उद्घाटन

0

ऋषिकेश। उत्तराखंड के चंद्रभागा में भैरो मंदिर के पीछे 99.30 लाख की लागत से क्षेत्र की जनता के लिए जल निगम द्वारा निर्मित नलकूप का विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को उद्घाटन किया। अग्रवाल ने कहा कि नलकूप से भैरव मंदिर कॉलोनी, चंद्रभागा, मायाकुंड सहित अन्य क्षेत्रों में पिछले काफी समय से चली आ रही जल की समस्या का समाधान हो गया है। राज्य सरकार क्षेत्र की जनता के लिए पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

अब मरीजों को डायलिसिस की सुविधा देगा एम्स ऋषिकेश

0

ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में डायलसिस सुविधा का मंगलवार को एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मरीजों की बेहतर उपचार के लिए लगातार प्रयास किया जा रह है।

निदेशक प्रो. रवि कांत ने बताया कि एम्स में तीन डायलिसिस मशीन लगी हुई है। जिसमे से एक एम्स में भर्ती मरीजों के लिए, दूसरी हाई डिपेंडेंसी यूनिट में भर्ती मरीजों के लिए तथा तीसरी ओपीडी के जरिये आने वाले मरीजों के लिए उपलब्ध रहेगी।
जनरल मेडिसिन विभाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी ने बताया की इसके लिए हमने प्रशिक्षित टेक्नीशियन की सेवाए ली है तथा फ्रिशियम कंपनी की ये मशीने अत्यधुनिक तकनीकी वाली हैं जिससे इंफेक्शन रेट नगण्य रहने की संभावना है। शुरुवात में सिर्फ सामान्य शिफ्टों में ही ओपीडी मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसका शुल्क 2000 रुपया प्रति डायलिसिस रहेगा जिसमे डैलयसर तथा ट्यूब की कीमत शामिल है। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकेश त्रिपाठी, मेडिसिन विभाग की सभी संकाय सदस्य, एनाटोमी तथा रेडियो थेरपी विभाग के डॉ. बिजेंद्र सिंह और डॉ. मनोज गुप्ता और सर्जरी विभाग प्रमुख डॉ. सोम प्रकाश बसु तथा अन्य संकाय सदस्य उपस्थित थे।

गैस गोदाम पर अवैध ​गैस रिफिलिंग करते पकड़ गऐ तीन

0

देहरादून। जिला पूर्ति विभाग ने मंगलवार शाम थाना क्षेत्र नेहरूकालोनी जोगीवाल स्थित अधुनिक गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग करते तीन लोगों को उपकरण के साथ पकड़ा। उन्होंने अवैध रूप से गैस की रिफलिंग में लिप्त तीनों आरोपियों राजू पुत्र कृष्णा निवासी जगदीशपुर थाना जगदीशपुर जिला अमेठी उत्तर प्रदेश, हरकेश पुत्र रामकिशोर निवासी जगदीशपुर थाना जगदीशपुर जिला अमेठी उत्तर प्रदेश तथा मनोज कुमार पुत्र बचन सिंह निवासी बालावाला रायपुर देहरादून को पुलिस को सौंप दिया। यह कार्रवाई डीएसओ विपिन कुमार के नेतृत्व में की गई है। तीनों अभियुक्तों के विरूद्ध थाना नेहरूकालोनी में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जिसकी विवेचना उप निरीक्षक सचिन पुंडीर द्वारा की जा रही है। अभियुक्तों को बुधवार को न्यायालय पेश किया जाएगा।

बोर्ड एग्जाम को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारी

0

देहरादून। आगामी 5 मार्च से शुरू होने जा रहे उत्तराखंड बोर्ड एग्जाम को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षा महकमे ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को देहरादून नगर निगम के टाउन हॉल में डीएम एसए मुरुगेशन ने बोर्ड एग्जाम में नियुक्त किए गए केन्द्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन को जरूरी निर्देश दिए।

डीएम ने सभी केन्द्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन को एग्जाम की तैयारियों को लेकर समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों के अलावा राजस्व अधिकारियों के साथ सम्पर्क करने को कहा। केन्द्र व्यवस्थापकों और कस्टोडियनों को किसी भी प्रकार की आवश्यकता के लिए डीएम कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सभी को पहले से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आस-पास के थाना क्षेत्रों को सुरक्षा के लिए अवगत कराने को कहा। केन्द्र व्यवस्थापकों और कस्टोडियनों को सीईओ एसबी जोशी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी एग्जाम सेंटरर्स में खिड़की, दरवाजे, बैठने के लिए फर्नीचर, प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव आदि की व्यवस्था करें। सीईओ ने पूरे बोर्ड एग्जाम के कार्यक्रम और जरूरी बातों को प्रजेंटशन के जरिए बताया।

शिक्षकों की तैनाती न होने से अभिभावकों में रोष

0

साहिया/विकासनगर। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी राजकीय पूर्व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाजा में ‌शिक्षक तैनाती न होने से अभिभावकों में रोष है। उन्होंने शीघ्र शिक्षक तैनाती न होने पर 28 फरवरी से स्कूल में तालाबंदी की चेतावनी दी है। मांग के समर्थन में उन्होंने मुख्य ‌शिक्षाधिकारी को पत्र भेजा।

कहा स्कूल में 111 छात्र अध्ययनरत हैं। लेकिन बीते छह माह से स्कूल एकल शिक्षक के भरोसे चल रहा है। शिक्षक के अवकाश या सरकारी काम से बाहर चले जाने पर ताले लटक जाते हैं। एक शिक्षक के लिए तीन कक्षाओं को एक साथ पढ़ाना नामुकिन है। शिक्षक तैनाती न कर विभाग छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह नौटियाल, सुंदराम नौटियाल, आनंद सिंह आदि का कहना है कि मार्च माह में छात्रों की परीक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। लेकिन अब तक शिक्षक तैनाती न होने से छात्रों का कोर्स ही पूरा नहीं हो सका है। छात्रों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। पूर्व में विभाग ने शीघ्र तैनाती का भरोसा दिलाया था। लेकिन अब तक शिक्षक तैनाती नहीं हो सकी है। जिला शिक्षाधिकारी हेमलत्ता भट्ट ने कहा कि नए शिक्षक की तैनाती न होने तक खंड शिक्षा अधिकारी चकराता को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्कूल में ‌शिक्षक तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।