उत्तराखंड: शहीद सूबेदार स्वतंत्र सिंह का पार्थिव शरीर लैंसडौन पहुंचा, दी गई श्रद्धांजलि

0
522
स्वतंत्र सिंह
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान सैनिकों की गोलाबारी के दौरान शहीद हुए सूबेदार स्वतंत्र सिंह का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम को हेलीकाप्टर से लैंसडौन लाया गया। यहां गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर मुख्यालय में शहीद के पार्थिव शरीर को राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ लाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के प्रतिनिधि के रूप में विधायक दलीप सिंह रावत ने पुष्प चक्र अर्पित किए। वहीं गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडिर हरमीत सेठी, उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस अधीक्षक प्रदीप राय ने भी पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजिल दी। शनिवार तड़के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव उडियारी (द्वारीखाल ब्लाक) ले जाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की सेना ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सीजफायर का उल्लंघन किया, जिसका भारतीय सेना के जवानों ने करारा जवाब दिया लेकिन इस फायरिंग में भारत का एक जवान शहीद हो गया। पाकिस्तान की फायरिंग में भारतीय सेना के सूबेदार स्वतंत्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जख्म गहरे होने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। 16 गढ़वाल राइफल के सूबेदार स्वतंत्र सिंह उत्तराखंड के रहने वाले थे।