उत्तराखंड की ‘विशिष्ट’ मतदाता ने उत्तरकाशी में डाला वोट, मात्र 64 सेमी है हाइट

0
54

उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर सुबह से मतदान के लिए मतदाता जोर-शोर से उमड़ रहे हैं। हर कोई लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभा रहा है। कुछ विशिष्ट मतदाता भी इस महापर्व में अपनी भागीदारी कर ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। उत्तरकाशी में भी एक ऐसी ही विशिष्ट मतदाता ने अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग किया।

जिला मुख्यालय उत्तरकाशी स्थित संस्कृत महाविद्यालय उजेली पोलिंग बूथ पर विशिष्ट महिला मतदाता प्रियंका ने मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी दी। 27 वर्षीय प्रियंका की ऊंचाई 64 से.मी. होने के कारण जिले की एक विशिष्ट मतदाता हैं। बूथ पर तैनात उत्तरकाशी पुलिस की महिला जवान ने प्रियंका का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में आपकी भागीदारी बेहद गर्व की बात है, आप सभी के लिए प्रेरणा हो।

दुल्हन ने मायके से विदा होने से पहले किया मतदान

जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर पहले बसे बड़ेथी गांव में दुल्हन अनुराधा ने वोट देकर मायके से ससुराल के लिए विदा हुई।

इसी तरह पुरोला के गुन्दियांट गांव में सुखदेव गैरोला (पिंटू) नामक युवक बारात लेकर जा रहा था। भाजपा जिला अध्यक्ष सत्येंद्र राणा के सुझाव पर बारात रोक कर पहले मतदान किया। उसके बाद बारात लेकर दुल्हन लेने गया।

सबसे अधिक उम्र के शेरदास ने किया मतदान

प्रखड डुंडा के मालना निवासी शेरदास उतराखंड के सबसे बुजुर्ग मतदाता हैं। शेरदास की आयु इस समय 97 वर्ष है और वे वर्तमान समय में अपने पुत्र के साथ ब्रह्मखाल में रहते हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में उन्होंने भी सहभागिता निभाते हुए अपने मत का प्रयोग किया और अपने मूल गांव मालना बूथ पर मतदान किया।तहसीलदार रेनू शैनी ने उन्हें बूथ तक पहुंचाया। ग्रामीणों ने भी बुजुर्ग का ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया।