बड़कोट में सामान्य होने लगे हालात, मुस्लिम व्यापारियों ने खोली दुकानें

0
175
दुकानें

पुरोला में लव जिहाद का मामले को लेकर उपजा आक्रोश अब शांत पड़ता दिख रहा है। 21 दिन पहले मुस्लिम व्यापारियों से दुकानें खाली कराने का प्रकरण अब समाप्त होता दिखाई दे रहा है। पुरोला में आज मुस्लिम व्यापारियों की सात दुकानें खुल गई हैं और हालात सामान्य लग रहे हैं और तहसील से कल धारा 144 भी हटा ली गयी थी।

इस संबंध में बड़कोट के उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुरोला में सात मुस्लिम व्यापारियों की दुकानें खुल गई हैं। इनमें से तीन नाई, तीन गारमेंट्स और एक कबाड़ी की दुकान खुल गयी है। 26 मई को पुरोला में नाबालिग लड़की भगाने की घटना के बाद से यहां साम्प्रदायिक तनाव फैल गया था। इसके बाद से अब तक मुस्लिम व्यापारियों की दुकानें बंद थीं। मामला इतना गम्भीर हो चुका था कि करीब 14 व्यापारियों ने पुरोला से दुकानें खाली कर दींं हैं।

इससे पूर्व बीते रोज पुरोला सहित यमुना घाटी के सभी बाजार खोले गये थे, जिसमें पहले की तरह खूब चहल पहल रही। हालांकि, 25 जून को बड़कोट में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर पुलिस-प्रशासन की चिंता बरकरार है। महापंचायत रोकने के लिए प्रशासन ने यमुना घाटी हिन्दू जागृति संगठन की बैठक बुलाई थी, जो किन्हीं कारणों से नहीं हो पाई। लव जिहाद और लैंड जिहाद को लेकर 18 जून को धौंतरी व्यापार मंडल ने भी बाजार बंद रखने और रैली निकालने का ऐलान किया है।

बड़कोट के उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में यमुना घाटी हिन्दू जागृति संगठन साथ एक बैठक एक-दो दिनों में बुलायी जायेगी।