पर्यटन मंत्री के आश्रम वाले घाट पर गंदगी का अंबार, नगर निगम नहीं ले रहा सुध

0
466
घाट
(हरिद्वार) नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कितना गंभीर है, इसका उदाहरण प्रेम नगर आश्रम के घाट पर लगे कूड़े के ढेर से लगाया जा सकता है। यह आश्रम प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का है। यहां पर पिछले पांच दिन से लगे कूड़े के ढेर लगे हैं।
हरिद्वार में गंगा किनारे पर्यटन मंत्री का प्रेम नगर आश्रम है। जहां देशभर से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक गंगा स्नान करते हैं साथ ही यहां स्थानीय लोग रोज सुबह योग की क्लास भी चलाते हैं। व्यायाम के शौकीन लोग यहां व्यायाम और मॉर्निंग वॉक भी करते हैं। पिछले 5 दिन से यहां कूड़े के ढेर लगे होने की वजह पर्यटक और श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन योग क्लास लगाने वाले लोगों का कहना है कि नगर निगम के कर्मचारी कूड़े उठाने की जहमत नहीं उठा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों हरिद्वार नगर निगम में कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों में अंदरूनी वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। नगर निगम का मेयर कांग्रेस का है और बोर्ड में ज्यादा पार्षद भाजपा के हैं। आएदिन एक दूसरे के खिलाफ सफाई व्यवस्था का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन करते रहते हैं। जिससे नगर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। इसी का खामियाजा पर्यटन मंत्री के गंगा घाट को भी उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में आश्रम के प्रबंधक रमणीक भाई का कहना है कि वे कई बार नगर निगम से इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं, फिर भी कोई असर नहीं हो रहा।