उत्तराखंड: योग के रंग में रंगी द्रोणनगरी, सीएम समेत कई नेताओं ने किया योगाभ्यास

0
442
International Yoga day celebrated in all parts of Uttarakhand
देहरादून। द्रोणनगरी देहरादून सहित पूरे राज्य में पांचवे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कैलाश मानसरोवर यात्रा पड़ाव से लेकर पहाड़ व मैदान तक योग साधना में देवभूमि योगमयी हो गई। योग को लेकर राज्य के गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में सुबह से ही लोगों में उत्साह बना हुआ था। देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, मंत्री व अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
शुक्रवार सुबह सात बजे से आठ बजे तक देहरादून पवेलियन मैदान में राज्य सरकार की ओर से योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें चार हजार लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश के आयूष मंत्री डॉ हरक सिंह रावत और कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक खाजान दास ने की। साथ ही कार्यक्रम में मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव उतपल कुमार सिंह, डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी, समेत भाजपा के विधायक और मंत्री ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर योग के मुख्य कार्यों में शामिल छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री ने प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित भी किया।
मंख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने योग साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्थक प्रयासों से योग को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना भारत के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र संघ में 21 जून को अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की अपील की थी। 193 देशों ने इसका समर्थन किया था। देवभूमि व योग भूमि उत्तराखण्ड को विश्वभर में अलग पहचान मिली। उन्होंने कहा कि गत वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थित में देहरादून में 60 हजार से अधिक लोगों ने योगाभ्यास किया।यह हमारे लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि आत्मा व परमात्मा के मिलन का एकमात्र साधन योग है। योग भारतीय सभ्यता, संस्कृति तथा जीवन शैली का अभिन्न अंग है। योग की वजह से वैश्विक पटल पर भारत को विशिष्ट स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि,’पतंजलि ने लिखा है जिस प्रकार व्याकरण से भाषा की शुद्धता होती है उसी प्रकार योग से चित्त शुद्ध होता है।’ आज दुनिया भर में योग का महत्व बढ़ा है। योग प्रशिक्षकों की मांग तेजी से बढ़ रही है।योग की वजह से आज वसुधैव कुटुम्बकम की परिकल्पना साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि आज के बदलते परिवेश में जिम में भी योग की व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए जिससे जिम के साथ साथ लोग योगाभ्यास भी कर सके।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने जोगीवाला स्थित स्काई गार्डन में न्यू इंडिया एक्सप्रेस ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कैलाश मानसरोवर यात्रियों ने किया योग
कैलाश मानसरोवर यात्रा के अल्मोड़ा पड़ाव में यात्रियों पर भी योग का रंग चढ़ा। यात्रियों ने पहले योग किया फिर अपनी यात्रा पर आगे निकले। इसी तरह पहाड़ों की रानी मसूरी में भी लोगों ने उत्साह से योगाभ्यास किया। वहीं 11,657 फ़ीट की ऊंचाई पर भी केदारनाथ में सुबह पुलिस कर्मचारियों, मंदिर समिति के सदस्यों-कर्मचारियों और श्रदालुओं ने मिलकर योगाभ्यास किया। मसूरी आईटीबीपी में आईटीबीपी अधिकारियों व  जवानों के साथ छात्र-छात्राओं ने भी योगाभ्यास किया।
ब्रांड एंबेसडर दिलराज कौर ने कराया योग
योग के ब्रांड एंबेसडर दिलराज कौर के साथ कार्यक्रम में आए योग साधक एक साथ योग मुद्रा की लय में रमते दिखे। उन्होंने योग समाप्ति पर योग नृत्य की शानदार प्रस्तुती से मुख्यमंत्री, मंत्री सहित अन्य अतिथियों को भावविभोर कर दिया। दिलराज प्रीत कौर को वर्ष 2015 में हरीश रावत की सरकार में योग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद पहली बार उन्हें इसके लिए बुलाया गया है। लंबे समय बाद कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रसन्नता जाहिर की।
प्रदेश में खोले जाएंगे 250 वेलनेस सेंटर
योग दिवस पर आयुष मंत्री हरक सिंह रावत ने राज्य में 250 वेलनेस सेंटर खोले जाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रत्येक सेंटर में योग प्रशिक्षक नियुक्त होंगे। इन केंद्रों में आयुर्वेद चिकित्सा, योग व पंचकर्म की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाहर भी लोगों को स्वस्थ्य रखने के लिए योग को जरिया बनाया जाएगा।
राजधानी के पवेलियन ग्राउंड के अलावा देहरादून में वन अनुसंधान संस्थान (एफ़आरआई) में भी योग दिवस पर योगाभ्यास कराया गया। इसमें संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। गढ़ी कैंट स्थित गोल्फ कोर्स में छह बजे, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान में सात बजे योग के लिए लोग जुटे। योगनगरी ऋषिकेश में भी योग दिवस पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिनमें देश-विदेश के योग साधकों ने भाग लिया।
देहरादून में सुबह चार बजे से ही रूट रहा डायवर्ट
योग दिवस को देखते हुए देहरादून में सुबह चार बजे से ही कई जगह रूट डायवर्ट किया गया। रिस्पना से आने वाले वाहन फव्वारा चौक, आराघर चौक, सीएमआई, एमकेपी चौक, बुद्धा चौक होते हुए रेंजर्स ग्राउंड में पहुंचे। जबकि आईएसबीटी से आने वाले वाहनों को निरंजनपुर मंडी, सहारनपुर चौक, अग्रसेन चौक, तहसील चौक, दर्शनलाल चौक होते हुए सीधे रेंजर्स ग्राउंड की ओर भेजा गया। चकराता रोड से आने वाले वाहन बिंदाल, घंटाघर, दर्शनलाल चौक से सीधे रेंजर्स ग्राउंड और मसूरी डायवर्जन से आने वाले वाहन ग्रेट वैल्यू, दिलाराम चौक, सर्वे चौक, क्रॉस रोड़ से बुद्धा चौक के रास्ते रेंजर्स ग्राउंड की ओर निकले।