पर्यटकों को मल्ला जोहार मिलम जाने की प्रशासन ने दी अनुमति

0
487
Pic Courtesy: Sunita Bangari
पिथौरागढ़। भाजपा नेता जगत मर्तोलिया की भूख हड़ताल की धमकी के बाद मुनस्यारी के उपजिलाधिकारी आरसी गौतम ने 16 पर्यटकों को मल्ला जोहार मिलम जाने की अनुमति दे दी है। मर्तोलिया का कहना है कि, “इससे स्थानीय पर्यटक व्यवसायी व मजदूरों में खुशी की लहर है।”
उल्लेखनीय है कि पिछले माह नंदा देवी चोटी पर आरोहण के लिए गए विदेशी पर्वतारोहियों के दल के साथ हुई घटना के बाद प्रशासन ने आघोषित रूप से स्थानीय लोगों को छोड़कर किसी को भी मिलम की तरफ जाने पर रोक लगा दी थी।
भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने बताया कि मई से लेकर नवम्बर तक मौसम को देखते हुए मिलम क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही रहती है। मिलम सहित जोहार के बारह गांवों में बुग्याल, ग्लेशियर सभी को लुभाते हैं। मुनस्यारी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर इस क्षेत्र में दिख रहा है। करीब 700 से अधिक परिवारों का चूल्हा पर्यटन के करोबार से चलता है।
मर्तोलिया ने बताया कि, “बिना किसी ठोस आधार के प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया था। जबकि स्थानीय लोग, सेना, सीमा पुलिस व बीआरओ के जवान, मजदूर आराम से आ जा रहे हैं। खच्चरों में राशन आदि जा रहा है। आईटीबीपी का सामान ढ़ोने वाले नेपाली मजदूर तो भारतीय सीमा के अंतिम चौकी दूंग तक जा रहे है। उसके बाद भी सामान्य पर्यटकों को रोका जा रहा था।”
भाजपा नेता मर्तोलिया ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी को बुधवार को इस संदर्भ में विस्तार से बताया था और भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी, तब जाकर प्रशासन ने अनुमति दी, मर्तोलिया ने बताया कि, “दूंग तक कोई भी आवाजाही कर सकता है।”