हेट स्पीच मामले में स्वामी यति नरसिम्हानंद गिरी गिरफ्तार

0
280
हेट

जितेंद्र नारायण त्यागी उर्फ वसीम रिजवी की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को होने वाली प्रतिकार सभा से पूर्व हेट स्पीच मामले में हरिद्वार पुलिस ने दूसरी गिरफ्तारी की है। नगर कोतवाली पुलिस ने जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर और गाज़ियाबाद स्थित डासना मंदिर के प्रमुख यति नरसिम्हानंद गिरि को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरुवार को इसी मामले में वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। आज अदालत ने वसीम रिजवी की जमानत याचिका भी खारिज कर दी थी। वसीम रिजवी की रिहाई की मांग को लेकर यति नरसिम्हानंद व अन्य संत सर्वानंद घाट पर अनशन कर रहे थे और विरोध स्वरूप कल रविवार को संतो द्वारा सर्वानंद घाट पर ही प्रतिकार सभा का आयोजन बुलाया गया था। उससे पहले ही आज पुलिस ने यति को गिरफ्तार कर लिया है। हरिद्वार में 17 से 19 दिसंबर तक वेद निकेतन धाम में हुए धर्म संसद के आयोजन में भड़काऊ भाषण देने के मामले में यति नरसिम्हानंद के खिलाफ भी शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।बाद में साध्वी अन्नपूर्णा सहित अन्य पांच संतों के नाम इस मामले में जोड़े गये।

हरिद्वार कोतवाली प्रभारी आर.के. कठैत ने बताया की यति नरसिम्हानंद गिरी को सर्वानंद घाट से रात्रि 10 बजे के करीब गिरफ्तार किया गया है। रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।