देहरादून: मुख्यमंत्री ने किया कोस्टगार्ड भर्ती सेंटर का शिलान्यास

0
390
Coast guard

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को कुंआवाला (हर्रावाला) में कोस्ट गार्ड भर्ती सेंटर का शिलान्यास व भूमि पूजन किया। इस भर्ती केन्द्र के लिए भारत सरकार से 17 करोड़ रूपये भूमि के लिए व 25 करोड़ रूपये भवन निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। इस भर्ती केन्द्र के लिए पूरा खर्चा भारत सरकार वहन करेगी। यह भर्ती केन्द्र ड़ेढ़ साल में बनकर तैयार हो जायेगा। यह भर्ती केन्द्र केन्द्र चार राज्यों उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, हिमांचल प्रदेश और हरियाणा के लिए बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में कोस्टगार्ड भर्ती केन्द्र खुलने से प्रदेश के युवाओं को कोस्टगार्ड में रोजगार के अच्छे अवसर मिलेंगे। थलसेना, वायुसेना व नौसेना के भर्ती केन्द्र उत्तराखण्ड में पहले से ही हैं। कोस्टगार्ड भर्ती केन्द्र खुलने से राज्य के युवाओं को तटरक्षक बल में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

  • 42 करोड़ रूपये की लागत से कुआंवाला (हर्रावाला) बनेगा कोस्टगार्ड भर्ती सेंटर।
  • इस सेंटर में प्रतिवर्ष लगभग डेढ़ हजार भर्तियां होगी।
  • राज्य के युवाओं को तटरक्षक बल में जाने का मिलेगा सुनहरा अवसर।
  • डेढ़ वर्ष में बनकर तैयार हो जायेगा कोस्टगार्ड का भर्ती सेंटर।
  • उत्तराखण्ड को सैन्यधाम के रूप में विकसित करने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण पहल।

महानिदेशक कोस्टगार्ड राजेन्द्र सिंह ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड का वासी होने के नाते मेरे मन में उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए कुछ करने की तमन्ना थी। उन्होंने कहा कि यह भर्ती केन्द्र लगभग डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जायेगा। कोस्टगार्ड द्वारा एस.डी.आर.एफ को आपदा से बचाव राहत कार्यों का प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि भारत की कोस्टगार्ड विश्व की चौथी सबसे बड़ी कोस्टगार्ड है। काम के मामले में आज भी सबसे आगे है। उन्होंने इस भर्ती केन्द्र के लिए अपेक्षित भूमि आवंटन करने पर मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।

इस अवसर पर मेयर श्री सुनील उनियाल गामा, श्रीमती अनीता मंमगई, सचिव  कौशल विकास एवं सेवायोजन श्री रणजीत सिन्हा, अपर सचिव डॉ अहमद इकबाल, निदेशक सेवायोजन श्री जीवन सिंह नगन्याल आदि उपस्थित थे।