विधायक पर उत्पीड़न का आरोप, भूख हड़ताल की चेतावनी

0
704

(विकासनगर)। क्षेत्रीय विधायक पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए भद्रकाली मंदिर सन्यास आश्रम बिहार पश्चिम देवथला कटापत्थर से जुड़े संतों ने तहसील परिसर में एक दिवसीय भूख हड़ताल की। संतों ने विधायक पर भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर ‌अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी। संतों के समर्थन में कई लोग भी धरने पर बैठे।
एसडीएम जितेंद्र कुमार को सौंपे ज्ञापन में महंत जमुना गिरी महाराज ने कहा कि वे आश्रम में लंबे समय से पूजा अर्चना करते आ रहे हैं। मंदिर में बने एक कमरे में निवास करते हैं। मंदिर और आश्रम के आसपास की भूमि राजस्व ‌अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है। पूजा-अर्चना में उनका शिष्य महंत दिगंबर राजगिरी भी उनकी मदद करता है। आरोप लगाया‌ कि कुछ भूमाफिया आश्रम की संपत्ति को हड़पने की फिराक में है। इसे लेकर वह कई बार उन पर और उनके शिष्य के साथ मारपीट भी कर चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। लेकिन क्षेत्रीय विधायक के दबाव में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। उधर, तहसील पहुंचे कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी सन्यासियों की मांग का समर्थन किया। भूख हड़ताल में बैठने वालों में दिगंबर गिरी महाराज, भोला गिरी महाराज, कपिल गिरी महाराज आदि मौजूद रहे।
उधर, ग्रामीणों ने महंत पर मंदिर की संपत्ति को हड़पने का आरोप लगाते हुए इसकी ‌शिकायत उपजिलाधिकारी से की है। शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत पपड़ियान की प्रधान रेशमी देवी, कलम सिंह, रवि आदि ने कहा कि महंत, उनका शिष्य और कई अन्य लोग मंएदिर की संपत्ति हड़पना चाहते हैं। गांव के लोगों से अभद्रता करते हैं। ग्रामीणों को मंदिर में पूजा-अर्चना नहीं करने देते। जिससे ग्रामीणों की धार्मिक भावना आहत हो रहे हैं। उक्त लोग भू माफिया से मिलकर मंदिर की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करना चाहते हैं। उन्होंने मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।