चार पर्यटकों को गौरसों बुग्याल का दौरा मंहगा पड़ा, रेस्क्यू कर निकाला

0
638

गोपेश्वर। दिल्ली और हरियाणा से औली जोशीमठ आये चार युवा पर्यटकों को शाम को पहाड़ की वादियों में घूमना महंगा पड़ गया। औली के ऊपर गौरसों टाॅप जाते वक्त चारों युवक रात्रि में रास्ता भटककर जंगल में ही फंस गए। बड़ी मुश्किल से रात में ही जोशीमठ पुलिस ने रेस्क्यू कर उन्हें सकुशल वहां से निकाला।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की शाम दिल्ली से आये रजत, लोकेश, मंयक और हरियाणा निवासी गुलशन कुमार औली घूमने आये थे। चारों ने शाम को औली के ऊपर गौरसों टाॅप जाने का निर्णय लिया। वे सभी गौरसों टाॅप पहुंच भी गये, लेकिन अंधेरा व तापमान माइनस चार डिग्री पहुंच जाने के कारण जंगल में रास्ता भटक गए। वे नीचे नहीं उतर पाए। किसी प्रकार जोशीमठ पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस टीम औली से ऊपर चार किमी के कठिन मार्ग व कंपा देने वाली ठंड में चारों युवकों को ढूंढ निकाला। उन्हें भोजन करवाने के बाद जोशीमठ लाया गया।