रुद्रपुर- डबल इंजन की भाजपा सरकार ने आमजनमानस का सुख चैन छीन लिया है। हर तरफ गरीब और किसानों पर कुठाराघात किया जा रहा है। पूरे देश प्रदेश में हा हाकार मचा है। प्रदेश का आर्थिक ढांचा पूरी तरह से चरमरा कर रह गया है। कांग्रेस के समय के विकास कार्यों को भी ठप कर दिया गया है। स्वयं की सरकार में एक भी विकास का काम करके जनता में विश्वास जागृत करने का काम नहीं किया है। यह कहना था कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का, जिन्होंने भाजपा की प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। श्री सिंह आज शहर में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हिमांशु गाबा के आवास (गाबा राईस मिल) पर पत्रकारों को संबोंधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सूचना का अधिकार कानून जनता को इसलिए दिया था कि आम जनता जरूरी जानकारी हासिल कर सके और भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश रहे। अब भाजपा सरकार ने सूचना के अधिकार कानून को शिथिल करने का काम किया है। यही नहीं प्रदेश सचिवालय में मीडिया पर रोक लगाकर लोकतंत्र के तीसरे स्तंभ पर प्रहार करने का काम किया है। ताकि वे अपने द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार को बेनकाब होने से रोक सकें। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस खाद्यान्न पर एक बिल लाई थी ताकि गरीबों को दो टाइम की रोजी इज्जत से मिल सके, लेकिन भाजपा की सरकार को यह भी बर्दाश्त नहीं हुआ। नतीजतन खाद्यान्न के मूल्य में बढ़ोत्तरी कर गरीबों को आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। कहा कि उन्होंने 60 वर्षों से अधिक उम्र वाले दंपति को पेंशन देने का काम किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उनमें से एक ही को पेंशन देने का आदेश कर बुजुर्गों पर भी सरकार ने कुठाराघात करने का काम किया है। किसानों को ऋण माफी की बात कहकर उन्हें ठगा गया है। आबकारी नीति में बार बार फेरबदल कर शराब माफियाओं को लाभ पहुंचाने का काम किया गया है। यही नहीं खनन के कारोबारियों से गठजोड़ कर सरकार को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा रहा है। उपखनिज के मूल्यों में बढ़ोत्तरी कर आम जनमानस को मकान बनाने से रोकने का काम किया है। चौतरफा महंगाई और बेरोजगारी ने पूरे सूबे की चूले हिलाकर रख दी हैं। सरकार ने वोट हासिल करने के लिए किसानों के पीठ में छूरा भोंकने का काम किया है। गन्ना किसानों को सरकार बनते ही 15 दिनों में भुगतान करने का वादा करने वाले लोग नौ माह बाद भी किसानों को भुगतान नहीं कर पाए। यही नहीं सितारगंज चीनी मिल को बंद कर किसानों की फसल को लुटवाने का काम किया गया। आईएसबीटी को हल्द्वानी में बनाने के लिए कांग्रेस ने स्वीकृति दिलाई लेकिन भाजपा ने वहां साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद आईएसबीटी बनने पर रोक लगा दी है। कांग्रेस की स्वास्थ्य बीमा योजना को बंद कर सूबे की सरकार ने गरीबों को इलाज के लिए दर दर भटकने को मजबूर कर दिया है। इसके बाद श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं की भी बैठक लेकर भाजपा सरकार की करतूतों का भंडाफोड़ करने को कहा।























































