Page 485

स्वास्थ्य विभाग की टीम का लढ़ौरा में छापा, क्लीनिक बंद कर फरार हुए झोलाछाप

0

रुड़की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लंढौरा स्थित आधा दर्जन क्लीनिकों पर छापा मारे। इनमें से दो क्लीनिक और एक नर्सिंग होम को सील किया गया। कुछ के कागज भी अधिकारी साथ ले गए हैं। छापे कार्यवाही से कस्बे के चिकित्सको में हड़कंप मच गया। अधिकांश चिकित्सक क्लिनिक बंद कर भाग गए।
रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट (जेएम) की सख्ती के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है। एसीएमओ अशोक कुमार टीम ने कस्बे के कई क्लीनिक पर छापे मारे। सबसे पहले वह एक प्रसव केंद्र पर पहुंचे, जिसे उन्होंने कागज दिखने के लिए कहा लेकिन चिकित्सक कागज नहीं दिखा सकीं। इससे एसीएमओ ने प्रसव केंद्र को सील कर दिया। बाद में पुलिस चौकी के निकट अंसारी क्लीनिक पर पहुंचे। कागजों से संतुष्ट न होने पर उसे भी सील कर दिया गया। टीम ने सोना नर्सिंग होम का रिकार्ड चेक किया और मेडिकल की डिग्री मांगी लेकिन वह कुछ नहीं दिखा सके, जिसे सील कर दिया गया है। इसके अलाव भी कई अन्य क्लीनिकों पर टीम पहुंची।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्यवाही से चिकित्सकों में हड़कंप मचा रहा। प्रसव केंद्र खोले बैठी महिलाओं में ज्यादा भय दिखा। कई झोलाछाप चिकित्सक दुकाने बंद कर फरार हो गए। एसीएमओ अशोक कुमार ने बताया कि दो क्लिनिक और एक नर्सिग होम सील किया गया, जो चिकित्सक दुकाने बंद कर फरार हो गए है, उन्हें चिह्नित कर उनके खिलाफ भी कार्यवाही होगी।

वायु सेना पर्वतारोही दल के तीन जवान गंभीर रूप से बीमार

0

त्रिशूल पर्वतारोहण के लिए गए वायु सेना के 20 सदस्यीय पर्वतारोही दल के तीन लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ गए हैं। तीनों को त्रिशूल पर्वतारोहण के बेस कैंप से आर्मी के विशेष हेलीकाॅप्टर से रेस्क्यू कर आर्मी हॉस्पिटल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इन्हें आर्मी के हायर सेंटर दिल्ली भेजा जाएगा।

जिलाधिकारी चमोली आशीष जोशी ने त्रिशूल पर्वतारोहियों के बीमार होने रेस्क्यू कर हेलीकाप्टर से जोशीमठ लाने की घटना की पुष्टि की है। त्रिशूली पर्वत पर पर्वतारोहण के लिए वायु सेना का 20 सदस्यीय एक दल 23 सितम्बर को निकला था। ये दल त्रिशूल के बेस कैंप पर पहुंचा मगर बुधवार इस पर्वतारोही दल के तीन सदस्यों की अचानक तबियत बिगड़ने लगी।

इसकी सूचना एसडीआरएफ को भी मिली लेकिन त्रिशूल तक तुरंत पहुंचना कठिन है। लिहाजा गुरुवार को सेना के विशेष हेलीकाप्टर को त्रिशूल बेस कैंप भेजा गया, जहां से बीमार पर्वतारोही दल के सदस्यों को आर्मी हॉस्पिटल में लाया गया।जिलाधिकारी चमोली ने कहा सूचना मिली है कि, “त्रिशूल पर्वतारोही वायु सेना के बीमार हुए तीन सदस्यों को जोशीमठ लाया गया है। एक हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।”

जीएसटी और आर्थिक विकास विषय पर विशेषज्ञों का मंथन

0

दून विश्वविद्यालय में प्रबन्धशास्त्र विभाग ने वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) और आर्थिक विकास विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया। संगोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।

विवि परिसर में आयोजित हुई संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए ब्रिडकुल के महाप्रबन्धक अनूप कुमार ने कहा कि वस्तु एवं सेवाकर से अर्थव्यवस्था के विकास को गति मिलेगी। रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। पहले की तुलना में उपभोक्ताओं को सस्ते दर पर उत्पाद मिलेंगे। जीएसटी की बारीकियों को आम व्यवसायी को को समझाने के लिये लगातार कार्यशालाएं आयोजित हो रही हैं और वर्तमान में उसके मूल्यांकन पर टिप्पणी करना उचित नहीें होगा।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुसुम अरुणाचलम ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि देश के कर ढांचे को मबूत करने व कर प्रणाली में सुधार करने के उद्देश्य से जीएसटी राष्ट्र के व्यवसायिक एवं आद्योगिक गतिविधियों को एकीकृत करेगा एवं देश के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी डीसी लोहानी ने जीएसटी को अब तक का सबसे बड़ा आर्थिक सुधार वाला कदम बताया।

संगोष्ठी में टैक्स विशेषज्ञ डॉ. जीपी डंग ने जीएसटी पर प्रकाश डालते हुए केन्द्रीय जीएसटी, राज्य जीएसटी एवं एकीकृत जीएसटी का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। चार्टेड अकाउंटेंट हर्षित गुप्ता ने जीएसटी पंजीकरण एवं टैक्स रिटर्न जमा करने की प्रक्रिया को समझाते हुए स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था से आने वाले दिनों में अर्थव्यवस्था को विकास की गति बढ़ाने में मदद मिलेगी व राजस्व में भी वृद्वि होगी।

तकनीकी सत्र की अध्यक्षता करते हुए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के आचार्य प्रो. वीके सिंह ने कहा किय जीएसटी सर्वप्रथम फ्रांस में शुरू हुआ। आज 162 देशों ने इसे अपना लिया है चूंकि भारत एक प्रजातांत्रिक देश है। इसलिए यहां के जीएसटी के स्वरूप में कैनेडा के मूल भाव का समावेश किया गया है और यह तीन स्तरीय ढांचा पर आधारित है। इसे 33 अधिनियम द्वारा पास किया गया है व इसमें शून्य प्रतिशत, पांच प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत व 28 प्रतिशत के पांच चरण हैं। भारत जीएसटी के लागू होने के बाद विकसित देशों के कगार पर खड़ें होने की तैयारी है।

संगोष्ठी के समन्वयक प्रो. एचसी पुरोहित ने प्रबन्धशास्त्र स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी और भविष्य में स्कूल के छात्रों के व्यक्तित्व विकास के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं के आयोजन आगे भी करते रहने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. सुधाशु जोशी ने किया।

नशे की लत के कारण की आत्महत्या

0

आज सुबह थाना प्रेमनगर को सूचना मिली की प्रेमनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या कर ली गई है। सूचना मिलने पर थाना प्रेमनगर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

मृतक की पहचान विनोद पुत्र भगवान सिंह निवासी विंग नंबर 7, थाना प्रेमनगर, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। जिसने अपने कमरे में पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर आत्महत्या की गई। मृतक अविवाहिता था अौर टैम्पो चलाता था।

पूछताछ में मृतक के भाई के द्वारा बताया गया कि मृतक नशे का आदी था तथा पूर्व में भी नशे की लत के कारण आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।

व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

0

थाना पटेलनगर को सूचना मिली कि कन्हैया विहार में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई है। सूचना पर थाना पटेलनगर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जानकारी करने पर मृतक व्यक्ति का नाम मंगेश कुमार जोशी, पुत्र जनेश्वर प्रसाद निवासी कन्हैया, विहार थाना पटेलनगर, उम्र 50 वर्ष ज्ञात हुआ।

मृतक जल संस्थान में कार्यरत थे, पूछताछ में मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया गया कि वह शराब पीने के आदी थे तथा कल रात शराब पीने के पश्चात वह दूसरे कमरे में सोने चले गए थे।

रात में उनकी पत्नी के द्वारा जाकर देखा तो उनका शव पंखे से लटका हुआ था, जिसे उनके द्वारा पड़ोसीयो की मदद से नीचे उतारा गया। पुलिस द्वारा मौके पर शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु दून अस्पताल भिजवाया गया।

साइकिल पर स्वत्छता की मशाल लेकर निकला युवा

कहते है की युवा अगर ठान ले तो वो समाज की सोच तक बदल सकते है, कुछ ऐसा ही सोचना है बागेश्वर जिले के रहने वाले प्रदीप राणा का जिन्होंने 16 हजार किमी की यात्रा साइकिल से पूरी की ताकि वो लोगों को बढ़ते प्रदुषण के प्रति जागरूक कर सके।

 बागेश्वर जिले के रहने वाले प्रदीप राणा इन दिनों साइकिल चलाकर लोगों को  प्रदूषण मुक्त और मोदी के स्वत्छ भारत अभियान को लेकर लोगों में जनजागरूकता की चेतना जगाने के लिए साइकिल पर सवार होकर शहर शहर और गांव-गांव घूम रहे है। गिनेस बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉड में अपना नाम दर्ज़ करवाने की चाहत रखने वाले प्रदीप राणा अभी तक 22 राज्यों का सफर साईकिल से पूरी कर चुके है, जब वो  तीर्थनगरी ऋषिकेश पहुंचे तो यहाँ उनका परिवर्तन मंच और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। आ

पको बता दे की प्रदीप राणा देहरादून के एक निजी संस्थान में पढ़ते है और बागेश्वर जिले के रहने वाले है, उन्होंने 24 मई को देहरादून से अपनी साइकिल यात्रा शरू की थी और अभी तक वो 16 हजार किमी की यात्रा साइकिल से पूरी कर चुके है. अब वो उत्तराखंड पहुंचे है,जहाँ से वो बद्रीनाथ तक साइकिल से जायेंगे जहाँ उनका ये सफर पूरा हो जायेगा।

प्रदीप राणा बताते है कि, “आजकल हर कोई गाड़ियों में सफर करना पसंद करता है जिससे लगातार हमारे पर्यावरण में प्रदुषण हो रहा है, ये एक मुहीम है जिससे मैं लोगों को बताना चाहत हूँ की साइकिल से सफर करना हमारे शरीर और हमारे पर्यावरण के लिए कितना बेहतर है।”

उत्तरकाशी के शुभम गौड़ का सीनियर म‌िनी फुटबॉल विश्व कप के लिए चयन

0

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र नौगांव ब्लॉक के कंडारी गांव में जन्में 23 वर्षीय शुभम गौड़ का सीनियर म‌िनी फुटबॉल विश्व कप के लिए चयन हुआ है। वर्तमान में मुंबई में रह रहे शुभम 6 से 15 अक्टूबर तक टयूनिशिया में होने वाली इस फुटबॉल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। क्षेत्र के बालक की इस उप‌लब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने हर्ष जताते हुए, प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

म‌िनी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा चयनित विश्व कप टीम में रवांई घाटी के शुभम को भी जगह दी गई है। शुभम वर्तमान में मुंबई के मोती लाल झुनझुनवाला विद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं। शुभम के पिता राजेश गौड़ तथा माता अनिता गौड़ ने बताया कि वे पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में ही रह रहे हैं। उन्होंने विश्व कप टीम में बेटे का चयन होने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि उसके अंदर बचपन से ही फुटबॉल के प्रति काफी रुचि थी, जिसे साकार करने के लिए उसने काफी मेहनत भी की थी। इससे पूर्व भी वह देश में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिताओं में महाराष्ट्र फुटबॉल एसोसिएशन की तरफ से खेल चुका है। उधर, पुरोला विधायक राजकुमार, ब्लॉक प्रमुख रचना बहुगुणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश असवाल आदि ने शुभम को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। 

अब शादियों में खुद करनी होगी अपने कीमती सामान की रखवाली

0

देहरादून। अगर आपने शादी के लिए वेडिंग प्वाइंट बुक कराया है तो अपने सामान और जेवर की सुरक्षा का इंतजाम अपने स्तर से कर लें। किसी भी चोरी की घटना के लिए वेडिंग प्वाइंट और पुलिस जिम्मेदार नहीं होगी। एसएसपी ने इस बाबत सभी वेडिंग प्वाइंट को जरूरी दिशा-निर्देश जारी करते हुए वेडिंग प्वाइंट में बोर्ड या डिस्पले लगाने को कहा है।

शादी के सीजन को देखते हुए राजधानी में होने वाली शादियों में चोरी की घटनाएं या किसी अन्य प्रकार की घटना को लेकर सभी वेडिंग प्वाइंट को पुलिस महकमे ने अपने स्तर से जरूरी कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस की ओर से जारी गाइडलाइन में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी घटना के लिए जिम्मेदारी वर-वधु पक्ष की होगी। इसलिए वे अपने सामान और जेवर की सुरक्षा के पूरे इंतजाम खुद करें।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि अक्सर दुल्हन के जेवर या अन्य कीमती सामान वेडिंग प्वाइंट में रखे रहते हैं। जिसके लिए वेडिंग प्वाइंट मालिक को ऐसी जगहों पर एक बोर्ड या सूचना अवश्य अंकित करने के लिए कहा गया है। जिससे वर-वधु पक्ष भी अपनी जिम्मेदारी को समझ सकें। मामले में एसएसपी निवेदिता कुमार कुकरेती ने बताया कि शादी सीजन को देखते हुए सभी वेडिंग प्वाइंट के ऑनर को अपने यहां इस तरह के डिस्पले या बोर्ड चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वर-वधु अपने सामान और ज्वैलरी की सुरक्षा के इंतजाम सही से करें।
पारस वेडिंग प्वाइंट के प्रताप मुनियाल ने बताया कि उनके स्तर पर पहले ही डिस्पले के जरिए सबको सूचित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शादी के सीजन में इस तरह की वारदाते देखने को मिलती है। ऐसे में जरूरी है कि वर-वधु पक्ष अपने लोगों की आइडेंटी रखे। हम अपने स्तर से लोगों को जागरूक करते रहते हैं। आनंद भवन वेडिंग प्वाइंट के मालिक हरभजन सिंह आनंद ने बताया कि वेडिंग प्वाइंट में जब भी बुकिंग होती है तब ही सब को सीधे तौर पर कहा जाता है कि अपने सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी कस्टमर की है। हालांकि अपनी जिम्मेदारी समझते हुए हम खुद भी नजर रखते हैं। डीजे के जरिए भी बार-बार इस तरह की घोषणा करते रहते हैं। ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर कार्रवाई की जा सके।

ट्रॉली से जाम लगा तो थानाध्यक्ष जिम्मेदार
राजधानी में शादियों के सीजन में लगने वाले जाम को देखते हुए दून पुलिस ने बारात के साथ ट्रॉली खींचने पर रोक लगा रखी है। हालांकि इस का खासा असर देखने को नहीं मिल रहा है। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि जिस जगह पर शादी होगी अगर वहां जाम लगा तो थानाध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। ऐसे में सभी थानाध्यक्षों को इस बाबत पहले भी जरूरी दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं।

तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे गृहमंत्री

0

भारत-चीन सीमा के भ्रमण और प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित करने के लिए गृहमंत्री राजनाथ तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर गुरुवार शाम को देहरादून पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्य सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर विधायक मुन्ना सिंह चौगान भी मौजूद रहे।

सीमा सुरक्षाबल के विशेष विमान से गृहमंत्री राजनाथ सिंह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, यहां से वे मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अकादमी के लिए रवाना हुए। मसूरी में विधायक गणेश जोशी ने उनका स्वागत किया। लाल बहादुर प्रशासनिक एकेडमी में कुछ देर आराम करने के बाद प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित करेंगे। रात्रि 9.30 बजे गृहमंत्री 92वें फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु एवं फेज पांच के सेवारत अधिकारियों के साथ रात्रि भोजन करेंगे। एलबीएस अकादमी निदेशक उपमा चौधरी ने स्वागत किया जिसके बाद वह कालिंदी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। फेज 5 और ट्रेनी के साथ करेंगे डिनर, कल 92 फाउंडेशन कोर्स के 369 और फेज 5 के अधिकारियों को करेंगे संबोधित

इसी क्रम में वे शुक्रवार सुबह 10 से 12 बजे तक वह फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु एवं फेज पांच के अधिकारियों को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 12.40 बजे वह बद्रीनाथ के लिए रवाना होंगे।

गृहमंत्री की सुरक्षा के लिए लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बद्रीनाथ दर्शन के बाद चमोली में सैन्य अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे और भारत-चीन सीमा क्षेत्र का दौरा करेंगे। शनिवार को वह चमोली से सीधे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

टीवी में आए मिथुन पुत्र मिमोह

0

फिल्मों में अपेक्षित सफलता न मिलने के बाद कलाकारों का छोटे परदे का रुख करने की परंपरा नई नहीं रही है। इसी कड़ी में अब मिठुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह का नाम भी जुड़ने जा रहा है। खबर मिली है कि मिमोह अब एक टीवी सीरियल में काम करने जा रहे हैं।

खबर के मुताबिक, गामा पहलवान पर बनने जा रही टीवी सीरिज में मिमोह काम करने जा रहे हैं। इस सीरिज में सलमान के छोटे भाई सोहेल खान, जो ट्यूबलाइट में उनके भाई के रोल में थे, वे भी होंगे। इस सीरिज की शूटिंग पंजाब के अमृतसर में होगी। गामा पहलवान अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले जीत गए थे, लेकिन जब देश का बंटवारा हुआ, तो वे पाकिस्तान चले गए थे। उनकी जिंदगी पर एक चैनल एक सीरिज बना रहा है, जो एक तरह से बायोपिक होगी। पहले इस पर फिल्म बनाने का विचार भी हुआ था।

मिठुन के बेटे मिमोह का कैरिअर 2008 में फिल्म जिमी से शुरु हुआ था। पहली फिल्म के बाद हांटेड, लूट और एनीमी फिल्मों में काम किया। एनीमी में तो उनके साथ पापा मिठुन भी थे, लेकिन मिमोह को कभी किसी फिल्म में कामयाबी नहीं मिली, तो अब वे टीवी पर आ रहे हैं।