Page 446

स्वजल कर्मचारियों को राहत देने की कवायद तेज

0

देहरादून। स्वजल कर्मचारियों को राहत देने की कवायद शुरू हो गई है। स्वजल कर्मचारी संघ के समर्थन में आरएसएस के आनुसांगिक संगठन भारतीय मजदूर संघ के आने से शासन पर दबाव बढ़ा है। नये प्रोजेक्ट में पद सृजित व दूसरे विकल्पों पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।

स्वजल कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश प्रभारी बृजेश बनकोटी के नेतृत्व में पेयजल मंत्री प्रकाश पंत को ज्ञापन सौंपा। कहा कि स्वजल कर्मचारियों की सेवाओं को समाप्त किए जाने की साजिश रची जा रही है। पहले भी कई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं। संघ संरक्षक वीरेंद्र भट्ट, महामंत्री अरविंद पयाल ने कहा कि स्वजल को ही पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत ग्रामीण स्वच्छता के लिए स्थायी कार्यदायी संस्था घोषित किया जाए। कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए।
पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि अभी स्वजल का कोई स्थायी ढांचा नहीं है। ऐसे में तत्काल नियमितीकरण किया जाना संभव नहीं है। कोशिश की जा रही है कि सभी कर्मचारियों को विभागीय संविदा पर लिया जा सके। वहीं स्वजल कर्मचारियों को शहरी विकास में शामिल किए जाने की तैयारी है। शहरों को खुले में शौच से मुक्त किए जाने की दिशा में योजना चलाई जा रही है। इस प्रोजेक्ट में स्वजल कर्मचारियों के पुराने अनुभव का लाभ लिया जाएगा। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में अरविंद पयाल, अनुभा रावत, हर्षमणी पंत, आलोक सेमवाल, उर्मिला पडियार, मंजू जोशी, एससी पांडे आदि मौजूद रहे। 

प्रदेश की चार क्रिकेट एसोसिएशनों के साथ सीएम करेंगे बैठक

0

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य क्रिकेट को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से पूर्ण मान्यता दिलाने के लिये मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आगामी 15 अक्टूबर को प्रदेश की चार क्रिकेट एसोसिएशनों को बैठक के लिए बुलाया है। यह जानकारी बुधवार को उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन (यूसीए) के सचिव दिव्य नौटियाल ने दी।

दिव्य नौटियाल ने बताया कि पिछले 17 वर्षों से उत्तराखंड राज्य क्रिकेट को बीसीसीआई से मान्यता का मामला लटका हुआ है। वर्ष 2009 एवं 2016 में बीसीसीआई ने मान्यता के मामले को सुलझाने के लिये प्रदेश की चारों एसोसिएशनों उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन, यूनाइटेड क्रिकेट एसोसिएशन एवं उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन को बुलाया था, लेकिन मान्यता का मामला हल नहीं हो पाया था।
यूसीए सचिव दिव्य नौटियाल ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा बुलाई गई बैठक में पूर्ण मान्यता का लंबित मुद्दा हल होगा और उत्तराखंड राज्य क्रिकेट को बीसीसीआई से पूर्ण मान्यता प्राप्त होगी। उत्तराखंड राज्य क्रिकेट को बीसीसीआई से पूर्ण सदस्यता दिलाने के बाबत मुख्यमंत्री बुलाई गई बैठक का उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन ने स्वागत किया है। नौटियाल ने आगामी 24 अक्टूबर को प्रदेश में आयोजित हो रहे रणजी ट्राफी मैच के लिये यूसीए की ओर से हर प्रकार की मदद व सहयोग का एलान किया है। 

दीपावली से पहले मिल सकती है छात्रवृत्ति की धनराशि

0

देहरादून। प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने बुधवार को विधानसभा स्थित सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान आर्य ने शासन एवं निदेशालय के अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत छात्र-छात्राओं को मिलने वाली छात्रवृत्ति की धनराशि दीपावली पर्व से पूर्व ही जिला समाज कल्याण अधिकारियों को अवमुक्त कर दी जाय, ताकि छात्रवृत्ति की धनराशि एक पखवाड़े के भीतर छात्र-छात्राओं के खाते में पहुंच जाय।

गौरतलब है कि छात्रवृत्ति योजनाओं में घोटाले की वजह से सत्यापन कार्य चल रहा था। जिसके कारण गत चार माह से छात्रों की छात्रवृत्ति रोकी गई थी। पात्र छात्रों की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए समाज कल्याण मंत्री ने छात्रवृत्ति अवमुक्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। आर्य ने विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत दी जाने वाली पेंशन की धनराशि को भी दीपावली पर्व से पूर्व अवमुक्त करने के निर्देश दिये।
बहुउद्देशीय शिविर संचालन की समीक्षा करते हुए आर्य ने निर्देश दिये कि प्रत्येक जनपद में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन जिला मुख्यालय की बजाय जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में किया जाय, ताकि अन्तिम छोर पर बैठे हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे बहुउद्देशीय शिविरों के जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजन पर समाज कल्याण अधिकारी को सहयोग प्रदान करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान आर्य ने आश्रम पद्धति विद्यालयों में अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को मिलने वाले भोजन भत्ते में वृद्धि करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को कोचिंग देने के लिए पूर्व की भाॅति कोचिंग सेंटर हेतु निविदा आमंत्रित की जाय। समाज कल्याण मंत्री ने अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण को निर्देश दिये कि जिन जिला समाज कल्याण अधिकारियों ने स्थानान्तरण आदेश जारी होने के बाद सम्बन्धित जिलों में अपनी योगदान आख्या नहीं दी है। यदि वे अब भी एक माह के भीतर अपनी योगदान आख्या सम्बन्धित जिलों में नहीं देते हैं तो उन जिला समाज कल्याण अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाय। 

पत्र के जरिए भाजपा सरकार पर कांग्रेस का प्रहार

0

देहरादून। प्रदेश में सत्ता से बेदखल कांग्रेस जनता के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए प्रदेश सरकार को घेरने के लिए सियासी कदम बढ़ाने शुरू कर दी है। इसी कदम के तहत लंबे समय से आन्दोलनरत ग्राम प्रधान संगठन की मांगों को पूरा करने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पत्र के माध्यम से परेड़ ग्राउण्ड देहरादून में लम्बे समय से आन्दोलनरत प्रदेश के ग्राम प्रधान संगठन की ओर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह का ध्यान आकृर्षित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के ग्राम प्रधान अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं तथा उनकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। लेकिन सरकार द्वारा आमरण अनशन पर बैठे पंचायत प्रतिनिधियों की सुध नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार का असली चेहरा सामने आने लगा है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड के आन्दोलनरत ग्राम प्रधान संगठन के बीच जाकर प्रसन्ना मिली है। क्योंकि ग्राम प्रधान संगठन की मांगे न्यायोचित हैं तथा मैं राज्य सरकार से उनकी न्यायोचित मांगों को पूरा करने की अपेक्षा करता हूं।
उन्होंने कहा कि 14 वें वित्त एवं राज्य वित्त से ग्राम पंचायतों को पूर्व में आवंटित धनराशि के स्वरूप में परिवर्तन किया गया है, जिससे पंचायतों के माध्यम से होने वाले विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्राम प्रधान संगठन द्वारा पंचायतों को आवंटित धनराशि के स्वरूप को पूर्व की भांति यथावत रखे जाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि उनकी यह मांग पूर्ण रूप से जायज है तथा ग्राम पंचायतों को 14वें वित्त एवं राज्य वित्त से आवंटित धनराशि का स्वरूप पूर्व की भांति यथावत रखा जाना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने यह भी कहा कि राज्य का पंचायतीराज अधिनियम जो विधानसभा से पारित हो चुका है तथा आतिथि तक लागू नहीं किया गया है।
ग्राम प्रधान संगठन विधानसभा में पारित पंचायतीराज अधिनियम को शीघ्र लागू किये जाने की मांग कर रहा है तथा मैं समझता हूं कि उनकी यह मांग पूरी तरह से न्यायोचित है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर के नगर निकायों के सीमा विस्तार का फैसला लिया गया है जिसमें सम्बन्धित क्षेत्र की जनता एवं पंचायत प्रतिनिधियों की राय को शामिल नहीं किया गया है।
उन्होंने पूर्व में नगर निकायों के सीमा विस्तार का मामला विधानसभा में उठा था तथा सरकार द्वारा सदन को आस्वस्थ किया गया था कि सीमा विस्तार में पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जायेगा, लेकिन सीमा विस्तार में सरकार द्वारा पंचायतों को विश्वास में लिये बिना अग्रिम कार्रवाई की गई है, सीमा विस्तार में पंचायतों के प्रतिनिधियों की सहमति ली जानी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उत्तराखण्ड ग्राम प्रधान संगठन की सभी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाय।

मोहनपुरा में जल्द ही खुलेगा पुलिस चेक पोस्ट

0

रुड़की। रुड़की क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों के मद्देनजर जल्द ही मोहनपुरा में एक चेक पोस्ट खुलने जा रहा है। मोहनपुरा में चेक पोस्ट खुलने से आसपास के लोगों को बहुत फायदा होगा और साथ ही साथ अपराधियों पर भी अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा।

मोहनपुरा क्षेत्र में चेक पोस्ट खुलने से लोगों को बहुत राहत मिलने के आसार हैं और अपनी परेशानियों को लेकर आसपास के लोग पुलिस के पास जा सकते हैं। कुछ दिनों पहले ऐडीजीपी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों की बैठक कर निर्देश दिए थे कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए और क्षेत्रवासियों की परेशानियों को देखते हुए नई चौकियां और चेक पोस्ट खोले जाएं। जल्द ही सिविल लाइन और मंगलोर थाने के बीच में मोहनपुरा पुलिस चेक पोस्ट खुलने जा रहा है। इस संबंध में सीओ स्वप्न किशोर सिंह का कहना है कि यह चेक पोस्ट खुलने से लोगों को बहुत राहत मिलेगी। किसी व्यक्ति को कोई परेशानी है या सूचना देनी है तो वहां संपर्क कर सकता है, जिसका समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। साथ ही पुलिस का पूरा प्रयास होगा कि अपराध पर पूरी तरह से शिकंजा कसा जाए।

हड़ताल पर बैठी आशाओं की हालत बिगड़ी, एक सीएचसी में भर्ती

0

विकासनगर,  सितम्बर माह के प्रथम सप्ताह से ही नियत मानदेय की मांग को लेकर आंदोलन कर रही आशा कार्यकर्ताएं तीन दिन से भूख हड़ताल पर हैं। बुधवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी आशाओं की हालत बिगड़ गयी। ज्यादा हालत बिगड़ने पर एक आशा को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

सोमवार को आशा कार्यकर्ताओं ने धरने को अनिश्चतकालीन भूख हड़ताल में बदला था, भूख हड़ताल पर बैठी सावित्री चौहान, आफरोज, गोमती जोशी, किरन कश्यप, आबिदा व प्रभा रानी की बुधवार को हालत बिगड़ गयी, चिकित्सकों ने परीक्षण कर आशा कार्यकर्ता आबिदा को सीएचसी में भर्ती कराया। धरने पर बैठीं आशाओं ने कहा कि सरकार द्वारा नियत मानदेय संबंधी शासनादेश जारी होने के बाद ही भूख हड़ताल समाप्त की जाएगी।

आंदोलनरत आशा कार्यकर्ताओं ने कहा सरकार ने एक माह तक उनके सब्र की परीक्षा ली है। अब उन्होंने फैसला कर लिया है कि सरकार के वादों के आगे समर्पण नहीं किया जाएगा। कहा कि आशाओं के साथ भेदभाव करके सरकार अपने दोहरे चरित्र को बयां कर रही है। एक ओर सरकार महिला सशक्तीकरण के माध्यम से समाज की अंतिम महिला को आत्मनिर्भर बनाने का दावा कर रही है वहीं दूसरी ओर सरकारी व्यवस्था के तहत कार्य कर रही आशाओं का आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है।

 

अब शिक्षकों को बिना आधार कार्ड नहीं मिलेगा वेतन

0
आधार कार्ड

देहरादून। यदि आप अध्यापक हैं और आधार कार्ड नहीं बना पाए हैं तो बनवा लें। अब बगैर आधार शिक्षकों को वेतन नहीं मिलेगा। शिक्षा महानिदेशक ने सभी शिक्षकों के आधार कार्ड का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा कैप्टन आलोक शेखर तिवारी ने सर्व शिक्षा अभियान के सभागार में निदेशालय, सर्व शिक्षा, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान व एससीईआरटी के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि शिक्षकों व छात्रों के आधार नंबर संबंधी शत प्रतिशत विवरण केंद्र सरकार की वेबसाइट/पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 नवंबर तक सभी शिक्षकों के आधार कार्ड का विवरण पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाए। जिन शिक्षकों का आधार नंबर उपलब्ध नहीं होगा, उनका वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से जिन चार योजनाओं में धनराशि प्राप्त नहीं हुई है उनमें 14वें वित्त आयोग में धनराशि की मांग के लिए शिक्षा विभाग की ओर से एक नोट मुख्य सचिव के माध्यम से सीएम के समक्ष पेश किया जाएगा। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों, जिनका चिन्हीकरण सहायता उपकरण के लिए किया गया है उन्हें उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश उन्होंने सर्व शिक्षा के अपर परियोजना निदेशक को निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य का जेंडर गैप राष्ट्रीय औसत से अधिक है। इस पर चिंता जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि संबंधित डाटा में कोई त्रुटि है तो उस पर वर्कआउट करके डाटा अपडेट कर लिया जाए। स्टूडेंट डाटा बेस एमआइएस से संबंधित जिन 2411 विद्यालयों द्वारा डाटा फीड नहीं किया गया है, उनके खंड शिक्षा अधिकारी व विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को पत्र के माध्यम से डाटा 30 अक्टूबर तक फीड करने के निर्देश देने को कहा है।

केदारनाथ में सारा अली खान का लुक

0

अभिषेक कपूर के निर्देशन में बन रही फिल्म केदारनाथ से फिल्मी परदे पर कदम रखने जा रही सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान के इस फिल्म से जुड़े पहले लुक मीडिया में रिलीज हुए हैं।

sara ali

इन लुक्स में सारा अली खान अलग ही अंदाज में नजर आ रही हैं। हाल ही में राजधानी देहरादून के पास इस फिल्म का पहला शेड्यूल हुआ, जिसमे सारा के साथ फिल्म के हीरो सुशांत सिंह राजपूत ने भी हिस्सा लिया।

अब अगले महीने मुंबई में फिल्म का अगला शेड्यूल शुरु होगा, जिसके बाद फिल्म की यूनिट अमेरिका जाकर एक शेड्यूल करेगी। इस फिल्म को अगले साल अप्रैल में रिलीज किया जाएगा।

धार्मिक धारावाहिक में होगी जूही की आवाज

0

जूही चावला जल्द ही आने वाले एक नए टीवी शो में अपनी आवाज देंगी। मिली जानकारी के अनुसार, जल्दी ही शुरु होने जा रहे धार्मिक धारावाहिक ‘शरणम-सफर’ एक विश्वास का में सूत्रधार के तौर पर जूही चावला का स्वर सुनाई देगा। इस शो में देश के अलग अलग धार्मिक स्थलों पर होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर जानकारी होगी।

जूही चावला पहली बार किसी सीरियल से जुड़ने जा रही हैं। इस शो के अलावा जूही चावला के बारे में खबर है कि वे अपने बिजनेस पार्टनर और कई फिल्मों में हीरो रहे शाहरुख खान की नई फिल्म में मेहमान भूमिका करेंगी। उनकी ये मेहमान भूमिका आनंद एल राय की फिल्म के लिए होगी।

हाल ही में जूही चावला को परदे पर शबाना आजमी के साथ फिल्म ‘चाक एंड डस्टर’ में देखा गया था, जिसमें वे एक स्कूल टीचर के रोल में थी। फिल्मों के अलावा जूही चावला ने पहले मोबाइल टावर से होने वाले खतरों को लेकर अभियान चलाया और कुछ दिनों पहले वे प्लास्टिक बैग को बैन करने की एक मुहिम का हिस्सा बनी थीं।

पीएम का उत्तराखंड दौरा 20 को, सीएम ने उच्चाधिकारियों के साथ की बैठक

0

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिवालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 अक्टूबर को केदारनाथ धाम के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों एवं वहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा के संबंध में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री दौरे को लेकर सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। सुरक्षा एवं परिवहन को लेकर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। मुख्य सचिव एस. रामास्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास प्रस्तावित है।

साथ ही आदि शंकराचार्य की समाधि के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। बैठक में डीजीपी अनिल रतूड़ी, प्रमुख सचिव आनंद बर्धन, श्रीमती राधा रतूड़ी, सचिव प्रोटोकाल हरबंस सिंह चुघ, सचिव मुख्यमंत्री श्रीमती राधिका झा, सचिव पर्यटन आर.मीनाक्षी सुंदरम, सचिव वन अरविंद सिंह ह्यांकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।