क्रिसमस के रंग में रंगा शहर, सोमवार को चर्चों में होगी प्रार्थना

0
551

देहरादून। रंग-बिरंगी रोशनी में नहाए द्रोणनगरी में प्रभु यीशु के जन्म के इंतजार में हर कोई बेसब्र है। मसीही समुदाय के लोग कैरल गाकर घंटाघर समेत विभिन्न जगहों पर प्रभु का संदेश बांट रहे थे। रात 12 बजते ही चर्च में घंटे बजते ही शहर में क्रिसमस का जश्न मनाया जाने लगा।

बेसब्री से इस पल का इंतजार कर रहे मसीही समाज के लोगों में उल्लास का संचार हो गया। सप्तरंगी रोशनी में नहाए शहर के तमाम चर्चों में जमा लोग एक-दूसरे को बधाई देने लगे। सोशल मीडिया भी शुभकामनाओं का दौर चल गया। चर्चों में विशेष प्रार्थना हुई और केक काटा गया। पादरियों ने प्रभु का संदेश लोगों को दिया। कहा कि हमें प्रभु यीशु के जीवन से मिले संदेशों को आत्मसात करना चाहिए। इसके अलावा लोगों ने बधाई गीत ‘आया प्रभु आया, प्यारा प्रभु आया’, ‘प्रभु आया प्रेम का संदेश लाया’ आदि गाकर खुशी मनाई। चर्च के साथ घरों में भी लोगों ने केक काटने के साथ ठंड में कॉफी समेत अन्य पेय पदार्थों की सिप से क्रिसमस का लुत्फ उठाया।
बीते कई दिनों से शहर में क्रिसमस की तैयारी जोर-शोर से चल रही थी। सेंट जॉन्स चर्च, सेंट फ्रांसिस चर्च, मॉरीसन मेमोरियल चर्च, सेंट थॉमस चर्च आदि के साथ ईसाई समुदाय के लोगों के घर भी रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग हैं। सोमवार को कान्वेंट रोड स्थित सेंट फ्रांसिस चर्च के साथ अन्य में हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस का पर्व मनाया जाएगा। हर जगह मेले जैसा माहौल होगा।
बालक यीशु के जन्म से पहले जो आकाशवाणी हुई थी, उसमें कहा गया था कि बालक यीशु के जन्म के समय एक सितारा आसमान में चमकेगा। यह सितारा जहां जाकर रुक जाएगा, उस स्थान पर ही शांति के मसीहा का जन्म होगा। इसलिए क्रिसमस पर सितारा (स्टार) को घर पर सजाना शुभ माना जाता है।