Page 788

भाजपा नेता पर दुष्कर्म का आरोप

0

घर में अकेली रह रही महिला से भाजपा नेता ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं उसने महिला के माध्यम से युवक को स्थायी नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये भी हड़प लिए। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी नेता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही महिला के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी कब्जे में ले लिए गए। पीड़ि‍ता का मेडिकल कराने के साथ ही न्यायालय में बयान दर्ज कराए जा रहे हैं।

क्षेत्र के ही एक गांव में रहने वाली महिला ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि उसका पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। उसका घर गांव से दूर है। महिला के पड़ोसी का पुत्र सहकारिता विभाग में अस्थायी रूप से तैनात है। आरोप है कि भाजपा नेता श्रीपुर बिछुवा निवासी देवेंद्र चंद ने उसे विभाग में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा दिया।

एवज में उसने महिला के माध्यम से सात लाख रुपये भी ले लिए। बावजूद वह विभाग में स्थायी नहीं हो सका। इस पर उसने नेता से रुपये लौटाने को कहा तो वह टालता रहा। महिला का आरोप है कि दो दिन पूर्व जब वह घर पर अकेली थी तो दोपहर के समय भाजपा नेता जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से धमकी देकर चला गया।

आरोपी भाजपा नेता देवेंद्र चंद ने वर्ष 2012 में कांग्रेस के टिकट पर खटीमा विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा था। इस बार भी वह कांग्रेस से टिकट के दावेदारों में शामिल थे लेकिन टिकट न मिलने पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख का पति भी है।

भाजपा नेता देवेंद्र चंद के विरुद्ध भले ही कोतवाली में पहला बड़ा मामला दर्ज हुआ हो, लेकिन राजनीतिक रौब गांठकर चर्चाओं में रहने वाले चंद का विवादों से पुराना नाता है। प्रदेश की सत्ता में काबिज सरकार के एक मंत्री के बेहद करीबी माने जाने वाले चंद पर हाल ही में एक राइस मिलर से रंगदारी मांगने के अलावा कई अन्य गंभीर आरोप लगे। इससे पहले यहां तैनात रहे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से सत्ता का रौब दिखाने पर भी चंद का नाम चर्चा में रहा था।

ग्राफिक एरा में फहराया गया 111 फीट का तिरंगा

0

ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी मे अाज राज्य में सबसे ऊंचा तिरंगा फहराने वाला पहला संस्थान बना। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभारी) डॉ. धन सिंह रावत ग्राफिक एरा में यह विशाल तिरंगा सुबह दस बजे विश्वविद्यालय परिसर में फहराया।

cb1aa9ee-04c1-490d-a0d4-10e391b1c5a3

ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य भवन के सामने 111 फीट ऊंचाई वाले स्तम्भ पर यह तिरंगा फहराया जाएगा। 15 गुणा 21 फीट के आकार का यह ध्वज फहराने के लिए खास तौर से व्यवस्थाएं की गई। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की देशप्रेम व एकता की भावना को और सुदृंढ करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। छात्र-छात्राओं को राष्ट्र व राष्ट्रीय ध्वज के गौरव से जोड़ने और एकता व अखंडता के लिए कुछ भी कर गुजरने का ज़ज़्बा विकसित करने में मदद मिलेगी।

तो यहां से शुरु होगा राज्य में रेल निर्माण

0
उत्तराखंड में डबल इंजन लगते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट महत्वाकांक्षी चार धाम रेल नेटवर्क जल्द हकीकत बनने जा रहा है। राज्य की आर्थिकी के लिए यह अहम कदम होगा ही, साथ ही चार धाम को विश्व के धार्मिक पर्यटन सर्किट में भी ऊंचा दर्जा हासिल हो सकेगा। इस सिलसिले में केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु आगामी 13 व 14मई को चार धाम क्षेत्र का एरियल सर्वे करेंगे।
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम समेत तीन धामों को विश्व पर्यटन मानचित्र पर खास तवज्जो देने की मंशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जता चुके हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी और उनकी केंद्र सरकार ने अपने पहले रेल बजट में चारों धामों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का वायदा किया था। इस वायदे को धरातल पर उतारने का वक्त अब करीब आ रहा है। तकरीबन तीन साल बाद रेल मंत्रालय इस अहम प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर हुआ है। गौरतलब है कि राज्य में डबल इंजन लगने के बाद ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन प्रोजेक्ट की गति में तेजी आती दिख रही है। इस प्रोजेक्ट को चार धाम के साथ ही सामरिक लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। इस कड़ी में अब चार धामों को रेल नेटवर्क से जोडऩे की तैयारी भी शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री की विशेष रुचि देखते हुए रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को गति देने की ठान ली है।
एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि
  • प्रदेश के चार धाम को आपस में जोड़ने के लिए रेल सर्किट विकसित किया जायेगा।
  • रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु 13 मई को इसका शिलान्यास करेंगे।
  • इससे जोशीमठ, सोनप्रयाग भी रेल से जुडेंगे।
सीएम रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में पानीपत से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान शुरु किया गया था। इसके बाद वहां बेटियों का अनुपात 837 से 950 तक पहुंच गया है। उत्तराखंड में पिथौरागढ़ में बालिका अनुपात की स्थिति ठीक नहीं है इसलिए अधिकारियों को पिथौरागढ़ के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा जन जागरूकता जरूरी है तो जो भी कन्या भ्रूण हत्या में संलिप्त पाया जाएगा उस पर सख्त कार्यवाही की जाये।
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि अगले तीन वर्षों में हमारा लक्ष्य 500 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादित करने का है। वर्ष 2018 तक प्रदेश के सभी परिवारों को बिजली उपलब्ध करवा दी जाएगी। वर्तमान में 1 लाख 25 हजार परिवार ऐसे हैं जिन्हें मुख्य ग्रिड से बिजली पहुंचाना सम्भव नहीं हो पा रहा है। ऐसे परिवारों को आॅफ ग्रिड बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी।

उत्तराखंड हाईकोर्ट को मिलेंगे 3 नए जज

0
Nainital,high court,uttarakhand

उत्तराखंड हाइकोर्ट में जल्द ही तीन नए जज नियुक्त होने की उम्मीद है। संभावना है कि आने वाले सोमवार को न्यायाधीशों को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। नए न्यायाधीश बनने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज तिवारी, शरद शर्मा और लोकपाल सिंह के नाम शामिल हैं।

हाइकोर्ट में लंबे समय से न्यायाधीशों के चार पद रिक्त चल रहे थे। इन नियुक्तियों के बाद भी न्यायाधीश का एक पद खाली रहेगा। पहले हाइकोर्ट में न्यायाधीशों के नौ पद थे जिन्हें बाद में बढ़ाकर 11 कर दिया गया था। वर्तमान में मुख्य न्यायाधीश समेत कुल सात न्यायाधीश हैं।

जस्टिस धर्मवीर शर्मा का देहांत हो जाने, जस्टिस ब्रह्म सिंह वर्मा के रिटायर होने और जस्टिस तरुण अग्रवाल का तबादला हो जाने के बाद खाली पदों की संख्या चार हो गई थी।

शुरू हुई केदारनाथ के लिये हेलीकाॅप्टर सेवाऐं

0

लंबे इंतजार के बाद आकिरकार केदारनाथ के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। अभी, पांच कंपनियां यहां उड़ान भर रही हैं। इनके अलावा करीब 9 और कंपनिया डीजीसीए से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रही हैं। तीन जगहों से उड़ान भरने वाले हेलीकाप्टरों में प्रतियात्री किराया साढ़े छह हजार से साढ़े सात हजार रुपये तक तय किया गया है। साथ ही उड़ान के लिए सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

राज्य सरकार ने 14 हवाई कंपनियों को केदारनाथ के लिए उड़ान भरने की अनुमति दे दी थी, लेकिन डीजीसीए का ग्रीन सिग्नल न मिलने के कारण पेच फंसा हुआ था। रविवार को डीजीसीए की छह सदस्यीय दल ने पवन हंस, ट्रांस भारत, हिमालयन हेली, हेरिटेज एविएशन व ग्लोबल बैक्ट्रा के हेलीपैडों का निरीक्षण करने के बाद उड़ान भरने की अनुमति दे दी थी।

हवाई सेवाओं के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी सुरेंद्र सिंह पंवार के अनुसार इन सभी कंपनियों ने सोमवार दोपहर से अपनी सेवाएं देना शुरू कर दी हैं। शाम को मौसम की खराबी की वजह से दो घंटे हवाई सेवाएं ठप रहीं। पहले दिन 62 उड़ानों में 357 यात्रियों ने सफर किया। इसके अलावा डीजीसीए की टीम ने सोमवार को सुमित एविएशन, बजाज, आर्यन, सार, यूटीआर, पिनेकल, एरो, इंडोकॉप्टर और प्रीमियर हवाई कंपनियों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इन्हें भी उड़ान भरने की अनुमति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हवाई सेवाओं के किरायों की अगर बात करें तो दोनो तरफ का सफर तय करने के लिये

  • नारायणकोटि-केदारनाथ (आना जाना):  7500
  • फाटा-केदारनाथ (आना जाना) : 7000
  • सोनप्रयाग-केदारनाथ (आना जाना): 6500
  • नारायणकोटि-केदारनाथ: 4000
  • केदारनाथ-नारायण कोटि: 3000
  • फाटा-केदारनाथ: 4000
  • केदारनाथ-फाटा: 3000
  • सोनप्रयाग-केदारनाथ: 3500
  • केदारनाथ-सोनप्रयाग: 3000

हवाई सफर से केदार बाबा के धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्री अगर वीआइपी दर्शन करने चाहेंगे तो उन्हें 2100 रुपये प्रतियात्री अलग से देने होंगे। हेली कंपनियां अपने किराये के साथ इसे जोड़ेंगी और बाद में यह हिस्सा मंदिर समिति को दिया जाएगा। पिछले साल यह राशि 1100 रुपये थी।

ऋषिकेश के गंगा तटों पर बुद्ध पूर्णिमा के स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु

आज बुद्ध पूर्णिमा है जिसके चलते ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर श्रद्धालुओं का ताँता लगा हुआ है। आज दान पुण्य और गंगा स्नान कि परम्परा है। आज के दिन गंगा स्नानं का विशेष महत्व होता है। माना जाता है की आज के दिन गंगा माँ में डुबकी लगाने से सारे कष्ठ दूर हो जाते है और पूण्य की प्राप्ति होती है और बहुत से श्रद्धालु आज गंगा घाट में पूजा भी करते है।

विदेशी श्रद्धालु  बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर बड़ी संख्या में दूर दूर से आते हैं और ऐसी ही एक श्रद्धालु मैटी ने कहा की -मुझे काफी ख़ुशी होती है लोगो में आस्था को देखकर और एक अलग तरह की एनर्जी है जो मुझे गंगा की ओर खींच लाती है। मैंने भी आज के दिन डुबकी लगयी और पूण्य कमाया।यहां हजारों लोग गंगा में आस्था की डुबकी लगा कर पुण्य का लाभ कमाँ रहे है। गंगा घाट में श्रद्धालुओं के भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुरे इंतज़ाम किये है ताकि किसी भी तरह की हताहत न हो सके।

खास बात ये रही की बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर विदेशी श्रद्धालुओं में भी काफी उत्साह नजर आया। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर ऋषिकेश में जगह जगह कार्यक्रम हुए और सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए रूट डाइवर्ट किया गया,जिसके चलते बाहरी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। बुध पूर्णिमा के अवसर पर दूर-दूर से आए श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने तीर्थ नगरी आते है जिससे तीर्थनगरी में भीड़ बढ़ जाती है। भीड़-भाड़ से जाम जैसी समस्या बढ़ती है जिससे निजाजत दिलाने के लिए कोतवाली पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है ,जो सिर्फ बुध पूर्णिमा के दिन ही रहेगा।

यहां देखें गंगा तटों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं का तांताः

आने वाले 10 दिन में राज्य में बारिश की चेतावनी

0

आने वाले दिनों में उत्तराखंड का मौसम करवट बदल सकता है। उत्तरकाशी व चमोली में ओलावृष्टि हुई, जबकि पिथौरागढ़ में बारिश, ओलावृष्टि के साथ ही हिमालय की ऊंची चोटियों पर स्नोफाल हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अगले 10 दिन तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और थंडर स्टार्म (गरज-चमक के साथ वर्षा, अंधड़ और ओलावृष्टि) की संभावना है। 12 व 13 मई को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के भी आसार हैं। मौसम के इस रंग से मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिलेने का आसार है।

राज्य में इन दिनों मौसम का रंग बदला-बदला हैं। पहाड़ों में बारिश के बाद कुछ सुकून है तो मैदानी इलाके तपिश से उबल रहे हैं। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। रही-सही कसर गर्म हवा के थपेड़े यानि लू पूरी कर दे रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में उमड़े बादलों ने कई जगह बारिश व ओलावृष्टि अवश्य दे डाली। उत्तरकाशी और चमोली जिले में कुछ स्थानों पर ओले गिरे तो कुछह जगह हल्की बारिश पड़ीं। पिथौरागढ़ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ ही जोरदार बौछारें पड़ीं। नतीजतन, इन जिलों में मौसम खुशनुमा हो चला है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार से अगले 10 दिन राज्य में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं, जिससे पारे के लिहाज से सुकून रहेगा।

उत्तराखण्ड पुलिस की सिटी पेट्रोल यूनिट को नेशनल लेवल पर मिली पहचान

0

फेडरेशन आॅफ इंडिया चैंबर्स आफॅ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) नई दिल्ली ने उत्तराखण्ड पुलिस की सिटी पेट्रोल यूनिट को सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबन्धन (रोड सेफ्टी एंड ट्रैफिक मेनेडमेंट) के क्षेत्र में किये गये सराहनीय कार्यों के लिये दिनांक 25 मई 2017 को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह सम्माम निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी, सिटी पेट्रोल यूनिट लेंगी।

उल्लेखनीय है कि देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों एवं अर्द्ध सैनिक बलों (सीएपीएफ) से प्राप्त 133 इंट्रियों में से फिक्की स्मार्ट पुलिस पुरस्कार के जूरी सदस्यों ने उत्तराखण्ड पुलिस की सिटी पेट्रोल यूनिट को इस पुरस्कार के लिए चुना है।

उत्तराखण्ड राज्य के देहरादून, हरिद्वार,रुद्रपुर एवं हल्दानी में स्ट्रीट क्राइम व यातायात प्रबन्धन के लिये सिटी पेट्रोल यूनिट कार्यरत हैं, आम जनता इस विशेष बल के कार्यों की काफी सराहना कर रही है।

11 मई को प्रीतम संभालेंगे प्रदेश कांग्रेस की कमान

0

कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह 11 मई को कांग्रेस भवन पहुंचकर पार्टी की कमान संभालेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद वह पहली बार कांग्रेस भवन आयेंगे व पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद एक बार फिर प्रदेश के कांग्रेस कार्यालय पर ढोल व नगाड़ों की आवाज सुनाई देगी।  प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि पीसीसी चीफ प्रीतम के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है।

विधानसभा चुनाव में हार के बाद कार्यकर्ताओं में जो निराशा का माहौल बना हुआ था वह इस फैसले से दूर करने का प्रयास किया गया है। आपकों बता दें कि प्रीतम सिंह को अध्यक्ष बनाने से पहले किसी को भनक तक नहीं लगी थी।माना जा रहा है कि किशोर उपाध्याय को किसी विशेष रणनीति के तहत ही हटाया गया है। इसके साथ ही प्रीतम को अध्यक्ष बनाने का श्रेय भी किसी भी सदस्य को लेने का मौका नहीं दिया गया क्योंकि अगर इसकी भनक पहले लग गई होती तो शायद हाईकमान को निर्णय लेने में उलझन हो सकती थी।

अब प्रीतम सिंह के सामने बड़ी चुनौती यह है कि करारी हार के बाद कार्यकर्ताओं जो मनोबल गिरा हुआ है उसे उत्साह में बदलना। कार्यकर्ताओं में जोश व उत्साह भरने के लिए ही नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नगर निगम देहरादून से जुलूस के साथ प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पर आयेाजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जायेगा। स्वागत समरोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों सहित प्रदेश भर से भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

एनएच-87 बनाने में 14 हजार से ज्यादा पेड़ों को देनी होगी कुर्बानी

0

डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने सोमवार को एनएचएआई, कार्यदायी संस्थाओं, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में एनएच-87 (रामपुर से काठगोदाम), नैनीताल हाईवे और एनएच-74 के चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा की। जिले में एनएच-87, नैनीताल हाईवे के चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि एनएच-87 की जद में आने वाली वन भूमि पर एनएचएआई द्वारा चिहिन्त किए गए 14469 हरे पेड़ों का कटान कार्य जल्द शुरू कर दिया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम रुद्रपुर और किच्छा, वन विभाग, वन निगम, एनएचएआई, विद्युत विभाग और जल संस्थान के अधिकारी संयुक्त रूप से दो दिनों के भीतर वन क्षेत्र का निरीक्षण कर चिन्हित पेड़ों के कटान की योजना बनाएं, ताकि जिले में एनएच-87 पर जल्द ही कार्य शुरू किया जा सके।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक अजय विश्नोई ने बताया कि 14469 में से 3558 पेड़ों का एक करोड़ 75 लाख रुपये का भुगतान एनएचएआई ने वन विभाग को कर दिया है। इस पर डीएम ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वन विभाग शेष 10911 पेड़ों के भुगतान की डिमांड बनाकर 15 मई तक एनएचएआई को उपलब्ध करा दें ताकि एनएचआई द्वारा जल्द ही भुगतान किया जा सके।

ईई विद्युत विनोद कुमार को निर्देश दिए कि एनएच-87 की जद में आने वाली भूमि के अंतर्गत विद्युत विभाग की जिन योजनाओं पर काम चल रहा है उन पर रोका जाए। बता दें कि एनएच-87, नैनीताल हाईवे के चौड़ीकरण में जनपद की कुल 30.3728 हेक्टेयर भूमि आ रही है, जिसमें से 0.2796 हेक्टेयर प्राइवेट भूमि है, जबकि 30.0932 हेक्टेयर सरकारी भूमि है।