Page 779

अबाकारी नीति पर सरकार पर जमकर बरसी इंदिरा हृदयेश

0

सरकार की नई आबकारी नीति पर शुक्रवार को कांग्रेस की नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हदयेश ने प्रेस वार्ता कर जमकर हमला बोला। बता दें कि नई आबकारी नीति के तहत पहाड़ी जिलों में शराब के ठेकों को सुबह 12 बजे से सांय 6 बजे तक खोलने के आदेश दिये गये है। जिस पर आज इंदिरा ह्रदयेश ने इसका विरोध करते हुए सरकार को अपने इस फैसले को बदलने के लिए कहा है।

खंडूरी सरकार का हवाला देकर इंदिरा ह्रदयेश ने कहा कि खंडूरी सरकार में भी शराब के ठेकों पर समय निर्धारित किया गया था लेकिन भारी विरोध के कारण उन्हें ये फैसला बदलना पड़ा। इसी तरह त्रिवेंद्र सरकार को भी अपना ये फैसला बदलना होगा। उन्होनें आगे कहा कि सरकार के इस फैसले से जहां एक ओर तस्करी बढ़ जाएगी, वही दूसरी ओर आर्थिक रूप से भी पहाड़ के लोगों पर बोझ पड़ेगा।

वहीं एनएच- 74 घोटाले में इंदिरा ह्रदयेश ने त्रिवेंद्र सरकार पर बड़े लोगों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होनें अब तक सीबीआई द्वारा एनएच – 74 की जांच शुरू न की जाने को लेकर भी सरकार की नीयत को कटघडे में खड़ा किया।

अब देखना होगा कि विपक्ष के इन आरोपों के बाद क्या सराकार अपनी आबकारी नीति में पुन:मंथन कर कोई संशोधन करेगी ?

 

19 मई से दून में शुरु हुआ तीन दिवसीय देवभूमि मास्टर बैडमिंटन लीग

0

जेपी बैडमिंटन एकेडमी, बंजारावाला, देहरादून मेें आज देवभूमि क्लब और जे.पी. बेडमिंटन एकेडमी ने 19 मई से शुरु होकर 21 मई 2017 तक आयोजित होने वाली मास्टर लीग प्रतियोगिता का शुभारम्भ शहरी विकास मंत्री, मदन कौशिक के हाथों से किया गया। उदघाटन समारोह की अध्यक्षता उत्तरांचल बैडमिंटन एशोसियेशन के प्रदेशाध्यक्ष ए.डी.जी अशोक कुमार ने की।

प्रतियोगिता में देश की आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिनमेें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, चण्डीगढ के अलावा तीन टीमें उत्तराखण्ड से हैं। इस प्रतियोगिता में अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हरजीत सिंह, विक्रम भसीन, रामलखन, एस.के. पटेल सहित कई खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं जो कि देश का नाम बैडमिंटन में रोशन कर चुके हैं। यह मास्टर लीग चण्डीगढ़ के बाद अब उत्तराखण्ड में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता के दौरान उभरते हुए खिलाड़ियों को नयी -नयी तकनीक के हैड्स देखने को मिलेंगे और नया हुनर सीखने को मिलेगा।

बताया गया कि इस प्रतियोगिता को कराने का मुख्य उद्देश्य बैडमिंटन की ग्रोथ को बढ़ाना है तथा उम्मीद जताई कि अगर इस प्रयोग में सफल रहे तो भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिता कराई जायेगी।

प्रतियोगिता का पहला मैच डबल्स टीम में पंजाब और उत्तराखण्ड(ए) की टीम के बीच खेला गया, जिसमें पंजाब की टीम उत्तराखंड (ए) की टीम को 6-1 से हराकर विजेता रही। दूसरा मैच चंडीगढ़ तथा उत्तराखंड(बी) के बीच खेला गया जिसमें उत्तराखंड की टीम चंडीगढ़ को 4-3 से हराकर विजेता रही।

इस अवसर पर देहरादून जिला बैडमिंटन एशोसियेशन के अध्यक्ष एस.सी. विमरमानी, आयोजक सचिव, वरिष्ठ अधिवक्ता  कमल विरमानी,  राजेश निझावन, धर्मेन्द्र जुनेजा, जिला बैडमिंटन एशोेसियेशन के कार्यकारी अध्यक्ष संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष दिनेश सहगल व जे.पी. बैडमिंटन एकेडमी के डायरेक्टर रतन लाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

23 लाख के पुराने नोट पकडे़

0

एक हजार व पांच सौ के पुराने नोट बदलने की फिराक में घूम रहे तीन युवक एनआरआइ के झांसे में फंस गए। उन्होंने एसओजी कर्मी को एनआरआइ समझकर पुराने नोट बदलने की गलती की। इससे तीनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए युवकों में से दो के पास से करीब 23 लाख रूपये पुरानी करेंसी बरामद हुई है। यह घटना काशीपुर की है।

सूत्रों के मुताबिक मुरादाबाद (उप्र) जिले के ठाकुरद्वारा, ग्राम बैलजुड़ी व मिस्सरवाला के तीन युवक पुराने नोट बदलने के चक्कर में पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए दो युवकों से करीब 23 लाख की पुरानी करेंसी बरामद हुई है।

रिजर्व बैंक ने एनआरआइ लोगों को पुरानी करेंसी बदलने के लिए 31 जुलाई तक समय दिया है। इसलिए दोनों युवक किसी एनआरआइ की तलाश में थे। सूत्रों के मुताबिक एक एसओजी कर्मी इनमें से एक युवक से एनआरआइ बनकर मिला। इस पर उसने एसओजी कर्मी को अपने साथियों से भेंट कराई। जब उन्होंने एनआरआइ को पुराने नोट बदलने के लिए दिए तो पुलिस ने तीनों को उठा लिया।

पुलिस ने युवकों को गंगे बाबा रोड स्थित एक मकान से पकड़ा है। सीओ राजेश भट्ट का कहना है कि इस तरह के केस में आरबीआइ एक्ट के तहत सेक्शन चार और पांच में कार्रवाई की जाती है। अभी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से संपर्क किया गया है। उनको कैश दे दिया जाएगा। साथ ही इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की सलाह के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

एएनएम नियुक्ति का रास्ता साफ

0

हाई कोर्ट ने एएनएम भर्ती मामले प्रकरण पर सरकार की ओर से जारी नियुक्ति प्रक्रिया जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तीन पद रिक्त रखने को कहा है। हरिद्वार निवासी अर्चना व अन्य ने विशेष अपील दायर कर एकलपीठ के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें सिर्फ विज्ञान वर्ग के अभ्यर्थियों का ही एएनएम पदों पर चयन करने के आदेश दिए थे। जबकि अपीलकर्ता का कहना था वह भी उत्तराखंड नर्सेज एंड मिडवाइफ काउंसिल में पंजीकृत है।

याचिका का विरोध करते हुए मुख्य स्थायी अधिवक्ता परेश त्रिपाठी कहा कि एएनएम सेवा नियमावली-1997 में उल्लेख है कि विज्ञान संवर्ग से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण ही एएनएम पदों के लिए योग्य होंगे। इसलिए राज्य सरकार की कार्रवाई वैधानिक है।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति केएम जोसफ व न्यायमूर्ति वीके बिष्ट की खंडपीठ ने मामले को सुनने के बाद तीन पद रिक्त रखते हुए नियुक्ति प्रक्रिया जारी रखने का आदेश पारित किया। यहां उल्लेखनीय कि राज्य में एएनएम के 440 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं।

खनन पट्टों को निरस्त करने का आदेश खारिज

0

कांग्रेस सरकार में चार जिलों में जारी खनन पट्टों को निरस्त करने के भाजपा सरकार के शासनादेश को हाई कोर्ट, नैनीताल ने रद कर दिया है। साथ ही कोर्ट ने इस शासनादेश को पूरे राज्य में प्रभावी बनाने संबंधी शासनादेश के क्रियान्वयन पर रोक भी लगा दी है। कोर्ट के इस निर्णय से सरकार को करारा झटका लगा है।

सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल व ऊधमसिंह नगर में खनन व भंडारण के लाइसेंस को निरस्त करने के साथ ही चुनाव आचार संहिता से 15 दिन पहले जारी 44 खनन पट्टों को निरस्त कर दिया था। एमएस इंटरप्राइजेज की ओर से याचिका दायर कर कहा गया है कि सरकार द्वारा पहली मई को खनन, भंडारण के लाइसेंस निरस्त कर दिए, जबकि नौ मई को शासन द्वारा समस्त पट्टों को स्थगित कर दिया।

याचिकाकर्ता का कहना था कि सरकार का फैसला असंवैधानिक और राजनीति से प्रेरित है। बिना सुनवाई का मौका दिए पट्टे निरस्त किए गए। याचिकाकर्ताओं की ओर से पूर्व महाधिवक्ता वीबीएस नेगी ने जबकि सरकार की ओर महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर द्वारा पैरवी की गई। न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधांशु धुलिया की एकलपीठ ने मामले को सुनने के बाद पहली मई को जारी शासनादेश निरस्त कर दिया।

चीन के करीब पुहंचा भारत

0

पिथौरागढ़ जिले का सीमांत गांव दुक्तू। शीतकाल के चार महीने बर्फ से लकदक रहने वाले इस गांव के लोग ठंड शुरू होते ही परिवार, राशन और मवेशियों को लेकर 78 किमी नीचे धारचूला घाटी आ जाते हैं। गर्मियां शुरू होते फिर शुरू होता है इनका माइग्रेशन। ये वापस आकर गांव को फिर गुलजार कर देते हैं, लेकिन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवान दुक्तू गांव के अपने कैंपों में ही डटे रहते हैं।

ग्रामीण हों या जवान उन्हें अभी पखवाड़ा भर पहले तक यहां पहुंचने के लिए सोबला से पहाड़ की पगडंडियों पर 46 किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ती थी, लेकिन अब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर बसे इस गांव तक सड़क पहुंच गई है। यह गांव चीन की ज्ञानिमा मंडी के करीब है।

न्यू सोबला-दारमा मार्ग का निर्माण कठिन चुनौती रही है पर भारतीय इंजीनियरों के हौसले ने देश को सामरिक दृष्टि से बड़ी कामयाबी दिला दी है। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि तिब्बती मंडी ताकलाकोट के बाद चीन ने अपना दूसरा बड़ा सामरिक ठिकाना ज्ञानिमा मंडी के पास बना रखा है।

न्यूजपोस्ट टीम जब दुक्तू गांव पहुंची तो ग्रामीण खुशी से झूम उठे। वजह बड़ी दिलचस्प है। ग्रामीणों के अपने नाते-रिश्तेदारों के अलावा अभी तक यहां आइटीबीपी व सेना के जवान ही पहुंचते देखे हैं। शायद बाहरी दुनियां(इनके क्षेत्र के बाहर के लोग) से पहली बार कोई पहुंचा। इसकी झलक बातचीत में क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज नगन्याल के उत्साह ने भी दे दिया। वे बोल पड़े। यहां सड़क पहुंची तो देश की खुशबू भी पहुंचेगी इसका आभास हो गया। आज आप लोग आए हैं तो कल पर्यटक भी आएंगे। जवानों को साजो सामान कंधों पर ढोकर पैदल नहीं आना पड़ेगा। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग से पहले इस मार्ग का निर्माण हो जाने से भारत की चीन सीमा तक दोतरफा पहुंच हो गई है।

इस क्षेत्र का अंतिम गांव है बिदांग। अब जनशून्य हो गया है। आबादी इससे पहले के गांव दांतू, तिदांग, मार्चा और सीपू में रहती है। यहां तक रोड कटिंग में भारतीय इंजीनियरों की मेहनत देखने लायक है। दावा है कि 20 से 25 दिनों में वाहन जाने लायक कच्ची सड़क बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगी। कम चुनौतियां नहीं थीं यहां तक पहुंचने में।

इस सड़क का निर्माण केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधीन है, जिसने 2013 की आपदा की कठिन चुनौती के बाद भी हिम्मत नहीं हारी। 2005 में दारमा घाटी के रास्ते चीन सीमा तक सड़क का सपना देखा गया था। 2011 में काम शुरू हुआ। 2013 की आपदा में दो वर्ष तक काम बंद करना पड़ा। फिर 2015 के अंतिम तीन महीने से निर्माण कार्य ने गति पकड़ी।

केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सिराज अहमद के मुताबिक अभी सीमांत गांव दुक्तू स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कैंप तक कच्ची सड़क पूरी हो गई है।  फेज एक में सड़क कटिंग का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। 2018 तक इस सड़क पर बड़े वाहनों की आवाजाही हो सकेगी, लेकिन पक्की सड़क तैयार होने में अभी और वक्त लग सकता है।

इंश्योरेंस के पैसों के लिए पत्नी की हत्या

0
 कर्ज में डूबे युवक ने पत्नी के बीमे की रकम हड़पने के लिए अपने साथी के साथ मिलकर जीवनसंगिनी को ही मौत के घाट उतार दिया। शातिर दिमाग युवक ने घटना को हादसे का रूप देने के लिए शव को जीने के नीचे डाल दिया। शुरुआती पूछताछ में ही पुलिस ने घटना का खुलासा कर दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर खून से सना अंगोछा और लोहे का सब्बल बरामद कर लिया। मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिला रामपुर (यूपी) के गांव जुलूस नगर, के सुरेश यादव ने दो साल पहले यहां मुंडिया पिस्तौर देहात में मकान बनाया था। वह यहां परिवार सहित रहता है और पास ही स्थित एक्सरे टेक्नीशियन के यहां नौकरी करता है। बुधवार को वह ड्यूटी पर और बच्चे स्कूल गए थे, घर में उसकी पत्नी गीता यादव (32) अकेली थी। दोपहर 12 बजे बाद जब बच्चे स्कूल से लौटे तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था।
काफी देर खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पड़ोसियों को बताया। किसी ने पड़ोस के मकान के पीछे से कूदकर अंदर जाकर देखा तो गीता का खून से लथपथ शव बाथरूम के पास जीने के नीचे फर्श पर पड़ा था। लोगों ने उसके पति को बुलाया और पुलिस भी पहुंच गई। मौका देखकर यही माना जा रहा था कि सीढ़ियों से गिरकर ही गीता की मौत हुई है। एसओजी, पुलिस और फोरेंसिक टीम इंचार्ज डा. दयाल शरण शर्मा ने मौके की पड़ताल की तो मामला कुछ और लगा। डा. शर्मा ने बताया कि सिर पर भारी वस्तु मारकर महिला की हत्या की गई  है। पति से पूछताछ में बयान संदिग्ध लगने लगे तो पुलिस उसे कोतवाली ले आई। इस बीच एसएसपी डा. सदानंद दाते, एएसपी डा. जगदीश चंद यहां पहुंच गए। शुरुआती पूछताछ में ही सुरेश टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
एएसपी डा. जगदीश चंद ने बताया कि बुधवार साढे़ 11 बजे सुरेश यादव चकरपुर निवासी दोस्त अजीत के साथ दुकान से घर गया।  इस दौरान पत्नी गीता यादव से पैसों को लेकर उसका विवाद हो गया। योजना के तहत सुरेश के साथी अजीत ने दुपट्टे से गीता का गला दबाने की कोशिश की। इस पर गीता और सुरेश के बीच हाथापाई भी हुई। कब्जे मेें नहीं आने पर सुरेश ने गीता के सिर पर लोहे के सब्बल से वार कर दिया। गीता वहीं ढेर हो गई। उसके बाद सुरेश और अजीत ने गीता पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। लोग इसे हादसा मानें, इसके लिए शव को जीने के नीचे डाल दिया। उसके बाद सुरेश और अजीत पीछे दीवार कूदकर चले गए। सुरेश फिर दुकान पर पहुंच गया।
पुलिस ने मकान के पीछे दूसरे मकान स्वामी के सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले तो उसमें घर से दो व्यक्ति जाते हुए देखे गए हैं। सीसीटीवी फुटेज से ही पता चला कि सुरेश सुबह को जो शर्ट और पैंट पहने था, दोपहर में उससे अलग ही पहने हुए था। सुरेश ने दुकान में अपने दोस्त अजीत के साथ टांडा रामपुर जाने की बात कही थी, यह बात भी गलत साबित हो गई, क्योंकि वह दोस्त के साथ घर आया था। कड़ी पूछताछ में सुरेश और अजीत ने घटना को कबूल कर लिया।
पुलिस का कहना है कि अपने भाई के इलाज में सुरेश करीब 12 लाख रुपये का कर्जदार हो गया था। सुरेश की पत्नी की करीब 50 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी है। पॉलिसी हड़पने और कर्ज उतारने के लिए उसने यह कदम उठाया। देर रात 11 बजे पुलिस ने मृतका के पिता महेश यादव की तहरीर पर सुरेश और अजीत के खिलाफ धारा 302 और 201 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नहीं थम रहा गुलदार का आतंक,वन दरोगा को ही बनाया निवाला

ऋषिकेश के रायवाला में राजाजी पार्क की मोतीचूर रेंज में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिन प्रतिदिन गुलदार के हमले बढ़ते जा रहे हैं। इस बार गुलदार ने अपना निवाला चीला रेंज में तैनात आनंद सिंह को बनाया है। गुरुवार देर रात करीब 9:00 बजे वन दरोगा आनंद सिंह ड्यूटी के बाद अपने घर सत्यनारायण कॉलोनी में आये, उसके बाद वो किसी काम के लिए घर से बाहर गए लेकिन जब काफी देर तक घर वापस नही आये तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की,बाद में पुराने सौग नदी के पास अानन्द सिंह का क्षत विक्षत शव मिला जिसके बाद वन विभाग ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी, घटना से पूरा  परिवार स्तब्ध है। आनंद पवार के घर में उनकी पत्नी उनका एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की इसी साल नवम्बर में शादी होनी थी। पिता के मृत्यु की खबर मिलने के बाद से ही परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और वो मांग कर रहे है की गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ना चाहिए।

गौरतलब है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से आदमखोर गुलदार सक्रिय है जो अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। जहां एक तरफ ग्रामीणों में गुलदार को लेकर काफी ज्यादा आक्रोश है, तो वही राजाजी नेशनल पार्क के डायरेक्टर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि जल्द ही वन विभाग इस आदमखोर गुलदार को पकड़ने के लिए कार्यवाही करेगा और हमले में मारे गए वन दरोगा इसका उचित मुआवजा दिया जाएगा।

राजाजी पार्क से सटे हुए इस क्षेत्र में पिछले दो सालो से गुलदार का आतंक बना हुआ है । दो सालो में तीन गुलदार भी वन महकमे द्वारा अपने पिंजड़े में कैद किये जा चुके है मगर उसके बावजूद भी अब तक कई लोग गुलदार के हमले में मारे जा चुके है। बावजूद इसके पार्क महकमा अब तक महज पेट्रोलिंग के दावे कर हाथ पे हाथ धरे हुए बैठा हुआ है। यहाँ सवाल यह भी खड़ा उठता है की जब गुलदार के हमलों से विभाग खुद अपने लोगों की सुरक्षा नहीं कर पा रहा तो स्थानीय लोग उनसे क्या उम्मीद करें।

ले.जनरल बीएस नेगी ने सीमांत क्षेत्र का किया दौरा

0

सेना की मध्य कमान के प्रमुख ले.जनरल बीएस नेगी ने गुरुवार को सीमांत क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने सेना अधिकारियों से पिथौरागढ़ क्षेत्र में की गई आपरेशनल एवं प्रशासनिक तैयारियों की जानकारियां ली। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया। सीमांत क्षेत्र में पहुंचे ले.जनरल बीएस नेगी का सेना के अधिकारियों ने स्वागत किया।

ले.जनरल नेगी ने सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों से मुलाकात की और राष्ट्र के लिए उनके समर्पण भाव की सराहना करते हुए संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए हर वक्त तैयार रहने को कहा।गौरतलब है कि उत्तराखंड के अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं को देखते हुए केंद्र सरकार और सेना के लिये राज्य अहम हो गया है। सरकार सीमा पर अपनी पकड़ मजबूत करने के इरादे से सीमाओं के आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा मे काम कर रही है।

तो अब जैकी दादा देगें उत्तराखंड आने का न्यौता

0
उत्तराखण्ड में अब पर्यटकों को फिल्म अभिनेता जैकी श्रोफ आमंत्रित करेंगे, जिसके लिए प्रदेश सरकार ने विशेष वेबसाईट बनाकर पर्यटकों को लुभाने के लिए प्रचार प्रसार किया है। रुद्रपुर में एक कार्यक्रम के दौरान जैकी श्रोफ ने बताया कि उत्तराखण्ड उनकी पहले से ही पसंदीदा जगहों मे से रहा है और उनको अब उत्तराखण्ड के लिए काम करने का मौका मिल रहा हो जो उनके लिए काफी अहम है।
अपने फिल्मी अंदाज में जैकी ने जहां कार्यक्रम में चार चांद लगाये वहीं प्रदेश में फिल्मों को बढ़वा देने की भी बात कहीं, वहीं उत्तराखण्ड में पर्यटन को बढावा देने और प्रदेश के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार प्रसार हो सके इसके लिए सुबे के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि “इस बार रिकाॅर्ड तोड़ जहां चार धाम यात्रा मेंं यात्रियों की संख्या बड़ी है वहीं महत्वपूर्ण पर्यटक स्थलों का प्रचार प्रसार कर विश्वपटल पर उन्हे उतारने के प्रयास किये जाएंगे, जिसके लिए फिल्मी हस्तियों की भी मदद ली जाएगी।”
राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये इस से पहले भी सरकारें मशहूर हसित्यों का सहारा ले चुकी हैं। इसमे प्रमुख हैं अमिताभ बच्चन, विराट कोहली, कैलाश खेर आदि। लेकिन बढ़ा सवाल ये है कि इन सितारों के कहने पर पर्यटक शायद राज्य की तरफ अपना रुख कर भी लें मगर पर्यटकों को अगर यहां आने पर सुविधाऐं नहीं मिली तो शायद इन सितारों की सारी मेहनत बेकार चली जाये। इसलिये सरकार के लिये ये भी ज़रूरी है कि वो प्रचार के साथ साथ पर्यटन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के सुधार पर ध्यान दे।