Page 728

कोश्यारी ने योगी को चुनौती देकर डाम कोठी पुल का कार्य बंद कराया

0

नैनीताल सीट से भाजपा सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुली चुनौती देते हुए डाम कोठी के निकट चल रहे पुल के काम को बंद करा दिया है। पुल का निर्माण उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग करवा रहा है।विदित हो कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी ने डाम कोठी के बगल में गुजर रही गंगा की छोटी धारा को गंगनहर में डालने के लिए उसका विस्तार किया था। विस्तारीकरण के साथ ही डामकोठी के ठीक सामने गेस्ट हाउस व घाट बनाने के लिए यूपी सरकार ने सौ करोड़ रुपये भी आवंटित कर दिए थे। विस्तारीकरण का कार्य विगत दो वर्षों से किया जा रहा है। फिलहाल डाम कोठी व गेस्ट हाउस को जोड़ने वाले पैदल पुल का निर्माण हो रहा है जिसका लगभग साठ प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री भगत दा शुक्रवार को डामकोठी पहुंचे और उन्होंने निर्माण के संबंध में जानकारी ली। भगत दा ने यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बुलाया। इसके बाद उन्होंने बिना अनुमति काम न करने की हिदायत देते हुए काम को बंद करवा दिया। पूर्व मुख्यमंत्री का कहना था कि आए दिन वीआईपी डामकोठी में आकर ठहरते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। मामला गंभीर होने के कारण उन्होंने तुरंत काम को बंद करवा दिया।
यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने फटकार लगने के बाद काम को तत्काल रोक दिया। उन्होंने अपने आलाअधिकारियों को इस बाबत जानकारी दे दी है। अब यूपी सरकार के अगले कदम के बाद ही निर्माण कार्य पर कोई फैसला हो पाएगा। वहीं सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि काम को अधिक दिनों तक नहीं रोका जा सकता। भूमि उत्तर प्रदेश सरकार की है, इस कारण उत्तराखण्ड से अनुमति की आवश्यकता नहीं है।

पहाड़ के इस कस्बे में खुला सिनेमा हाॅल, पहली फिल्म लगी ट्यूबलाइट

0

उत्तराखंड के एक कस्बे में पहली बार सिनेमा हॉल खुला है। कई लोग ऐसे थे जो पहली दफा सिनेमा हॉल में फिल्म देखने गए। खास बात यह है कि यहां लगने वाली पहली फिल्म सलमान खान की ट्यूबलाइट रही। फिल्म को लोगों ने काफी पसंद भी किया।

नगर पालिका टिहरी ने बौराड़ी में सिनेमा हॉल का संचालन शुरू कर दिया है। पहले दिन यहां सिने अभिनेता सलमान खान की ट्यूबलाइट फिल्म दिखाई गई। फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ जुटी। बौराड़ी में दो साल पहले नगर पालिका ने सिनेमा हॉल का संचालन शुरू किया था, लेकिन कुछ तकनीकी खामियों के चलते यह आठ माह बाद बंद हो गया था। नगर पालिका ने फिर से इसका संचालन शुरू करने की तैयारी की। इसमें 50 लाख की लागत से साउंड सिस्टम, मैटिंग की गई। शुक्रवार से इसका संचालन भी शुरू हो गया। पालिका अध्यक्ष उमेशचरण गुसाईं ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुभारंभ किया।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नई टिहरी में अब तक सिनेमा हॉल नहीं था। यह सिनेमा हॉल लोगों का मनोरंजन का एक बेहतर साधन होगा। साथ ही पालिका की आय भी बढ़ेगी। सिनेमा हॉल यूएफओ डिजीटल टेक्नोलॉजी वाला है। बताया किया यहां सेटालाइट सर्वर के माध्यम से उच्च गुणवत्ता की फिल्म दिखाई जाएगी। सिनेमा हॉल में आगे की सीट का टिकट 70 तथा पीछे की सीट 100 रुपये तय किया गया है।

सांसद वरुण गांधी परिवार सहित पहुंचे मसूरी

0

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी आज सपरिवार सहित अपने पहाड़ों की रानी मसूरी पहुंचे। हालांकि इस दौरान वरुण मीडिया से अपने को दूर रखा। भाजपा सांसद वरुण गांधी शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे वे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। जहां से सड़क मार्ग से पौने चार बजे लंढौर कैंट स्थित होटल व्यावसायी संजय नारंग के निजी आवास बोतल बैंक पहुंचे। मसूरी जाने के दौरन वरुण को लंढौर कैंट स्थित मलिंगार के पास जाम का सामना करना पड़ा।
वरुण के आने की सूचना मिलते ही नारंग के आवास पर मीडिया कर्मी भी पहुंच गये लेकिन उन्होंने इस दौरान बातचीत न करके केवल अभिवादन किया। जानकारी के मुताबिक सांसद वरुण परिवार के साथ मसूरी घूमने आए हैं और सोमवार को वे यहां से वापस लौट जाएंगे।

बीएसएनएल ने पेश की कड़ी चुनौती

0

कड़ी बाजारी प्रतिस्पर्धा और इंटरनेट के युग में सरकारी टेलीकाम कंपनी बीएसएनएल की ओर से लोगों को बेहद सस्ती दरों पर इंटरनेट प्लान की सौगात दी गई है और अन्य टेलीकाॅम कंपनियों को कड़ी चुनौती भी। कंपनी ने बीएसएनएल चैक्का योजना के तहत ग्राहकों को मात्र 444 रुपये में तीन माह के लिए चार जीबी डाटा प्रतिदिन उपलब्ध कराएगी। साथ ही, कई अन्य आकर्षक योजनाएं कंपनी की ओर से निकाली गई हैं।

उत्तराखंड दूरसंचार परिमंडल के संयुक्त महाप्रबंधक ने बताया कि बीएसएनएल ने लोगों को इंटरनेट सेवा से जोडने के लिए बेहद किफायती दरों में इंटरनेट योजना निकाली है। उन्होंने बताया कि 444 रुपये में तीन माह के लिए चार जीबी डाटा प्रतिदिन और 333 में तीन माह के लिए तीन जीबी डाटा प्रतिदिन मिलेगा। साथ ही, फुल व अतिरिक्त टॉक टाइम की भी योजनाएं निकाली गई हैं। इसमें 60 रुपये में 60, 110 में 115, 210 में 220, 290 रुपये में 310 का अतिरिक्त टॉक टाइम मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बड़े टॉक टाइम पैक में 310, 510, 610, 1010, 1510, 2010 रुपये में 10 प्रतिशत व 3100, 5100 रुपये में 20 प्रतिशत का अतिरिक्त टॉक टाइम दिया जाएगा।

युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान

0

घर में परिजनों से हुई कहासुनी के बाद युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना लक्सर के गांव मोहम्मदपुर निवासी तेलूराम की बेटी किरण (19) की गुरुवार की रात में घर में परिजनों से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खाकर खुद को कमरे में बंद कर लिया।

परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन न खोलने पर उसे तोड़ दिया। तेलूराम ने देखा कि किरण पलंग पर अचेत अवस्था में पड़ी है और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन परिवार के लोग किरण को उपचार के लिए ज्वालापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया घर में कहासुनी के बाद युवती ने जहरीला पदार्थ खाया था।

ग्रीन हरिद्वार के लिए साढ़े तीन लाख पौधे रोपे जाएंगे: डीएम

0

जिलाधिकारी दीपक रावत ने शुक्रवार को ऋषिकुल मैदान में वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि ग्रीन हरिद्वार बनाने के लिए वर्षाकाल में साढ़े तीन लाख पौधे लगाये जायेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि पौध रोपण के साथ ही उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निर्धारित की जायेगी। वृक्षारोपण में संख्याबल की अपेक्षा गुणवत्ता पर अधिक ध्यान दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि जो संस्थाएं वृक्षारोपण करेगी उसकी देखभाल भी करेगी। उन्होंने कहा कि ईको टास्क फोर्स के माध्यम से एचआरडीए भी वृक्षारोपण कर रही है। आज ऋषिकुल मैदान में 40 वृक्षों का रोपण किया गया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट जय भारत सिंह ने भी वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि ऋषिकुल मैदान एवं उसके आस-पास इससे पूर्व भी 375 पौधों का रोपण किया गया।
वृक्षारोपण के पश्चात जिलाधिकारी ने ऋषिकुल विद्यापीठ एवं ऋषिकुल मैदान का भी निरीक्षण किया। विद्यापीठ के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य महेश जोशी से विद्यापीठ की व्यवस्थाओं, स्टाफ एवं छात्र संख्या एवं शैक्षणिक गतिविधयों के बारे में जानकारी ली।

सीएम ने केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री से की मुलाकात

0

शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से उत्तराखंड से सम्बन्धित मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य के आंगनबाडी केन्द्रों में तीन वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों में कुपोषण एवं रक्ताल्पता की कमी को रोकने के लिए आरयूटीएफ के पैकेट को परीक्षण के रूप में प्रयोग किए जाने का अनुरोध किया।
इस मौके पर मेनका गांधी ने कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्रों में तीन माह तक हर बच्चें को 30 आरयूटीएफ के पैकेट घर में उपलब्ध कराए जाए, इससे तीन माह के भीतर कुपोषण से ग्रसित बच्चा पूर्ण स्वस्थ्य हो जाएगा। उन्होंनें बताया कि इस आहार को स्थानीय मोटा अनाज जैसे- मंडवा/रागी, चोलाई, बाजरा, सोयाबीन से बनाया जाता हैं इसमें कैल्शियम, प्रोटीन, आयरन की मात्रा बहुत अधिक होती है, कुपोषण को दूर करने के लिए इन अनाजों की आवश्यकता मांग बढ़ने से पहाड़ी अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से कहा कि आरयूटीएफ को उत्तराखंड सरकार द्वारा कुपोषित बच्चों के लिए स्पेशल मिशन के तौर पर शीघ्र लागू किया जाए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी को इस विषय में उत्तराखंड सरकार केे अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए जाने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी ने मुख्यमंत्री से कहा कि ‘उत्तराखण्ड गोवंश अधिनियम, 2007’ में कुछ कानूनी प्रावधान सम्मिलित होने सेे वंचित रहे गए हैं। इसके लिए कानूनी प्रावधान में आवश्यक संशोधन करते हुए उत्तराखंड में गोवंश संरक्षण अधिनियम बनाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय पर विधि विशेषज्ञों से पूर्ण परीक्षण कर आवश्यक कार्रवार्इ की जाएगी। केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी गौशालाओं में उपलब्ध गोबर से गमले बनाए जा रहे हैं। इन गमलों का उपयोग छोटे पौधों को सीधे जमीन में रोपने से पौधा खराब नहीं होता है क्योंकि वन विभाग द्वारा छोटे पौधों को काले प्लास्टिक की थैलियों सहित रोप दिया जाता है। गोबर से बने गमलों का इस्तेमाल करने में आसान होगा।

भारत को नेपाल से जोड़ने वाला झूलापुल तीन दिन रहेगा बंद

0
SONY DSC

भारत और नेपाल के अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक में नेपाल में 28 जून को होने वाले चुनाव को लेकर भारत-नेपाल को जोड़ने वाले झूला पुल को तीन दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर दोनों देशों के बीच मिलजुल कर तस्करी रोकने का भी निर्णय लिया गया।

आज यहां तहसील सभागार में जिलाधिकारी पिथौरागढ़ सी. रविशंकर की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक में 28 जून को नेपाल में होने वाले चुनाव को देखते हुए नेपाल के दार्चुला और बैतड़ी जिलों के प्रशासन ने भारतीय प्रशासन से सहयोग मांगा। नेपाल प्रशासन की मांग के अनुसार भारत-नेपाल को जोड़ने वाले झूला पुलों को 26 जून की प्रातः से 28 जून की सायं तक बंद रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में दोनों देशों की पारंपरिक मित्रता पर चर्चा करते हुए सीमा पर अवैध गतिविधियों को रोकने का फैसला लिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से तस्करी, मानव तस्करी, वन्य जीवों के अंगों की तस्करी पर मिलजुल कर कार्य करने पर चर्चा हुई। जिसके लिए दोनों देशों के प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों के बीच लगातार संवाद रखने, सूचनाओं का आदान-प्रदान करने पर सहमति बनी। मानसून काल में आपदा में भी एक-दूसरे को सहयोग करने का निर्णय लिया गया।
इस मौके पर भारत और नेपाल के प्रशासनिक अधिकारियों ने ऐला, ऐलागाड़ और मलगाड़ में काली नदी पर स्वीकृत पुलों के स्थल का निरीक्षण किया। तीनों स्थानों पर शीघ्र झुला पुलों के निर्माण के लिए अभियंताओं को निर्देशित किया गया। बैठक में धारचूला के एसडीएम आरके पांडेय, सीओ पुलिस विमल कुमार, कोतवाल ध्याण सिंह, एसएसबी के अधिकारी तथा नेपाल में दार्चुला के सीडीओ बासु प्रसाद कोईराला सहित पुलिस, वन, निर्माण विभाग के अभियंता और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

उत्तराखंड में अब मनरेगा का खुलेगा घोटाला

0

 एनएच 74 घोटाले की जांच की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई कि एक और घोटाले की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने राज्यपाल को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की गुहार लगाई है।

गरीबों को रोजगार मिल सके, इसके लिए मनरेगा योजना चलाई जा रही है। मगर यहां तो मजदूरी में घोटाले के आरोप लगने लगे हैं। ग्राम बरखेड़ापांडे के कुछ लोगों ने बैंक खाते व जॉब कार्डों की छाया प्रतियों के साथ राज्यपाल को शिकायती पत्र भेजकर कहा है कि प्रधान ने उनके बैंक खाते खुलवाए हैं। साथ ही कुछ चेक बुक पर हस्ताक्षर कराकर अपने पास रख लिए हैं। मनरेगा में जॉब कार्ड भी बनवाए गए हैं। जब भी प्रधान से मनरेगा में काम मांगा तो योजना आने पर काम देने की बात कहकर बैरंग लौटा देते थे। जॉब कार्ड में किसी प्रकार की उपस्थिति या मजदूरी की धनराशि अंकित नहीं की गई है। मनरेगा में काम तो मिला ही नहीं है, जबकि प्रधान ने कार्य फर्जी दर्शाकर बैंक खाते में मजदूरी की धनराशि डलवाकर निकाल ली। खाते की पासबुक में एंट्री कराने बैंक गए तो पता चला कि उनके खाते में रुपये डाले गए और निकाले गए हैं। जब इस मामले में प्रधान से पूछा गया तो उन्होंने मामले को शांत रखने की धमकी दी। उन्होंने राज्यपाल से मामले की जांच कर प्रधान के खिलाफ कार्रवाई कराने की गुहार लगाई है।

प्रीतम सिंह ने भाजपा को याद दिलाये विजन डाक्यूमेंट के वादे

0

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को  सरकार के 100 दिन पूरे होने पर पत्र लिखकर भाजपा के चुनावी दृष्टि पत्र की याद दिलाई है। उन्होंने दृष्टि पत्र में किए गए वायदों के मुताबिक किसानों के कृषि ऋण माफ करने और उन्हें आधे दामों पर बिजली मुहैया कराने की मांग की है।
पत्र में चिंता जताते हुए कहा गया कि आज सबसे अधिक उपेक्षा अन्नदाता की हो रही है। उत्पाद का उचित मूल्य न मिलने, समय पर खाद-बीज न मिलने तथा बिजली व सिंचाई सुविधा की परेशानी के कारण किसान लगातार कर्ज के बोझ से दबता जा रहा है। फसल का उचित मूल्य न मिलने से किसान बैंकों का कर्जा नहीं लौटा पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देशभर में आंदोलनरत किसान अपेक्षा कर रहे हैं कि केंद्र सरकार उनकी समस्याओं का निदान करेगी, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। किसानों की आत्महत्या से अभी तक अछूती देवभूमि उत्तराखंड को भी बीती 16 जून को शर्मसार होना पड़ा है। देवभूमि में किसानों की आत्महत्या का सिलसिला आगे न बढ़े, इसके लिए राज्य सरकार को यथाशीघ्र समाधान तलाश करना होगा।
पत्र में कहा गया कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की किसानों की अलग-अलग समस्याएं हैं। उनका अलग-अलग समाधान होना चाहिए। उन्होंने उत्तरप्रदेश एवं पंजाब की तरह उत्तराखंड में भी किसानों का ऋण माफ करने, कृषि कार्य के लिए बिजली आधे दामों पर उपलब्ध कराने, फसलों का समर्थन मूल्य घोषित कर लागत से डेढ़ गुना दाम पर किसानों के उत्पाद खरीदने, किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान करने, मृतक किसान सुरेंद्र सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।
उधर कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन बलवीर सिंह रावत ने पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह रावत के आत्महत्या करने को दुखद करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिलों में जिलाधिकारी और सैनिक कल्याण अधिकारी पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से नहीं कर रहे हैं। राजस्व विभाग महेंद्र सिंह की म्यूटेशन संबंधी समस्या का समाधान करता तो उन्हें आत्महत्या को विवश न होना पड़ता। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाही नहीं हुई तो पूर्व सैनिक सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे।