Page 725

‘नीरजा’ के निर्माताओं के खिलाफ परिवार पहुंचा कोर्ट

0

राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाली फिल्म ‘नीरजा’ को लेकर निर्माता और नीरजा भनोत के परिवार के बीच टकराव और ज्यादा बढ़ गया है। भनोत परिवार ने आपराधिक साजिश का आरोप लगाते हुए फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ हरियाणा-पंजाब हाईकोर्ट में केस दायर किया है। इसमें परिवार की ओर से फिल्म के निर्माताओं पर अपने वादे से मुकरने और दोनों के बीच हुए करार का पालन न करने के आरोप लगाए गए हैं।

परिवार का कहना है कि सितम्बर 2013 में फिल्म के बनने से पहले फिल्म के निर्माताओं के साथ लिखित में इस बात को लेकर एग्रीमेंट साइन किया गया था कि रिलीज के बाद फिल्म को होने वाली कमाई का 10 प्रतिश्त हिस्सा परिवार के सदस्यों को दिया जाएगा। परिवार द्वारा दायर याचिका के मुताबिक, उस वक्त निर्माताओं ने परिवार को 7.5 लाख रुपये दिये थे। परिवार कहता है कि कंपनी तीन साल में उनको सिर्फ 24 लाख रुपये देना चाहती है, जिसे लेने से परिवार ने मना कर दिया और इस पेशकश को खारिज करते हुए कोर्ट का रुख किया।

परिवार का आरोप है कि फिल्म की टीम अनुबंध की शर्तों का पालन करने से मुकर रही है। परिवार ने अपनी याचिका में फिल्म का निर्माण करने वाली कंपनी और इसके मार्केटिंग राइट्स रखने वाली कॉरपोरेट कंपनी फॉक्स स्टार इंडिया को आरोपी बनाया है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म 21 करोड़ की लागत से बनी और अब तक 135 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।

अदालत ने इस मामले की सुनवाई जुलाई में करने का फैसला किया है, लेकिन अभी इसके लिए कोई तारीख तय नहीं हुई है। फिल्म निर्माताओं की ओर से भनोत परिवार के आरोपों को पहले ही खारिज किया जा चुका है। परिवार द्वारा कोर्ट में किए गए केस को लेकर कंपनी के प्रवक्ता का कहना है कि अभी तक उनको अदालत का कोई नोटिस नहीं मिला है। कंपनी के कानूनी जानकारों की टीम नोटिस मिलने के बाद अगले कदम के बारे में कोई फैसला करेगी। प्रवक्ता ने कहा कि हम कोर्ट का सम्मान करते हैं और चाहते हैं कि कोर्ट से हमें इंसाफ मिले।

बारिश से मसूरी में हालात खराब,भूस्खलन से एक युवती की मौत, शहर में लगे लंबे जाम

0

सोमवार सुबह कुछ घंटों की बारिश ने मसूरी में सड़कों का हाल बेहाल कर दिया है। हालत ये हो गये कि सारा शहर मानो थम सा गया। लोंग वीकेंड होने के कारण पहाड़ों की रानी में पर्यटकों की भी खासी भीड़ है जिसके चलते शहर में परेशानियां और बड़ ही गई हैं।

कुछ ही घंटों की बारिश ने शहर भर के बरसाती नालों को भर दिया है और और इनके बहने के कारण सड़कों पर मलबा और कचरा फैल गया है। कुछ इलाकों में तो मिट्टी खिसकने के कारण भूस्खलन तक हो गया है। धनौल्टी मसूरी बाईपास भूस्खलन के चलते घंटों बंद रहा। इसके कारण शहर भर में लंबे जाम लग गये। आम निवासियों के साथ साथ बड़ी संख्या में यहां पहुंचे पर्यटकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जिला प्रशासन ने जेसीबी की मदद से रास्ता खोलने का काम किया ताकी वाहनों की आवाजाही पर असर न पड़े।मसूरी एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है लेकिन साल दर साल बारिशों में जिस तरह से यहां परेशानियों का सैलाब आ जाता है उससे शहर की तैयारियों की कलई खुल जाती है। एसडीआरएफ को सुबह साढ़े तीन बजे काॅल मिली की मसूरी के बाहरी इलाके बासाघाट में एक घर की दीवार गिर गई है जिसके चलते 16 साल की दीपिका उसमें फंस गई।दीपिका को बचाने के लिये रेस्क्यू का काम  तुरंत शुरु कर दिया गया पर उसे बचाया न जा सका।

अब गायक व संगीतकार बने ‘गली ब्वाय’ रणबीर

0

कुछ दिनों पहले रणबीर सिंह ने सचिन तेंदुलकर के साथ सुर में सुर मिलाए हैं। इस बार तो वे गाना कंपोज करने जा रहे हैं। जानकारी मिली है कि जोया अख्तर के निर्देशन में शुरू होने जा रही फिल्म ‘गली ब्वाय’ के लिए एक गाना रणबीर कंपोज करने वाले हैं। खबर के मुताबिक, वे इस गाने को अपनी आवाज में रिकॉर्ड भी करेंगे।

बताया जाता है कि फिल्म के स्टोरी सेशन में एक गाने की सिचुएशन को लेकर रणबीर सिंह के सुझाव जोया को इतने ज्यादा पसंद आए कि उन्होंने इसे कंपोज करने की जिम्मेदारी रणबीर सिंह को सौंप दी और रणबीर फौरन इसके लिए मान गए। इस फिल्म में रणबीर की जोड़ी आलिया भट्ट के साथ होगी। ये जोड़ी कई एड फिल्मों में साथ काम कर चुकी है, लेकिन पहली बार फिल्म के पर्दे पर नजर आएगी।

खबर ये भी है कि फिल्म का एक गाना आलिया की आवाज में भी होगा, जिसके लिए आलिया भट्ट ने अपनी सहमति दे दी है। जोया ने इस बात से भी मना नहीं किया है कि फिल्म का एक गाना रणबीर और आलिया मिलकर गा सकते हैं। ये म्यूजिकल फिल्म अगस्त से शुरू होने जा रही है और अगले साल मार्च में इसे रिलीज करने का प्लान है।

एयरटेल पोस्टपेड फ्री डाटा ऑफर तीन महीने और जारी

0

रिलायंस जियो के पिछले साल अक्टूबर में फ्री डाटा देने के क्रम की शुरुआत के बाद भारत में सभी प्रमुख दूरसंचार ऑपरेटरों ने भी अपने आकर्षक डाटा पैक पेश किए हैं। ऐसे में भारती एयरटेल ने अप्रैल में हॉलिडे सर्पराइजेज की पेशकश की थी जिसे अब तीन महीने के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। एयरटेल हॉलिडे सर्पराइजेज ऑफ़र अप्रैल में लाया गया था जिसके तहत पोस्टपेड ग्राहकों को तीन महीने के लिए मुफ्त में 30 जीबी(10 जीबी प्रति माह) 4 जी डेटा दिया गया। यह ऑफर 28 फरवरी से पहले बने एयरटेल के पोस्टपेड ग्राहकों के लिए था। यह विभिन्न पोस्टपेड योजनाओं पर भी लागू हुआ।
अब इसी को कंपनी ने तीन महीने तक आगे बढ़ा दिया है, जिसका मतलब है कि एयरटेल पोस्टपेड ग्राहक 1 जुलाई के बाद भी इस ऑफ़र का लाभ उठा सकते हैं और इसका लाभ सितंबर तक ले सकते हैं। एयरटेल ने अपने पोस्टपेड ग्राहकों को ई-मेल के माध्यम से यह जानकारी दी है।
इसके अलावा एयरटेल प्रीपेड ग्राहकों के लिए कुछ आकर्षक 4 जी डेटा प्लान लाया है। कंपनी के 244 के प्लान में प्रति दिन 1 जीबी 4 जी डेटा 70 दिनों तक मिलेगा। इसके अलावा कुछ सीमा के साथ एयरटेल-टू-एयरटेल कॉल मुफ्त मिलेगा।

विश्व बाॅडी बिल्डिंग चैम्पियनशीप में उत्तराखंड की भूमिका ने जीता मिस वर्ल्ड का खिताब

0

एक और भारतीय मिस वर्ल्ड बन चुकी है और इस मिस वर्ल्ड के पास लोगों को दिखाने के लिए अच्छी खासी मांसपेशियों भी है। जी हां बाॅडी बिल्डर भूमिका ने उत्तराखंड को एक नई उपाधि से नवाजा है।देहरादून की भूमिका शर्मा ने तीन श्रेणियों में सबसे अधिक अंक हासिल किए- व्यक्तिगत रूप से पोज़ करने में, बॉडी के प्रदर्शन में और अंत में उन्हें मिस वर्ल्ड का खिताब और वेनिस में पिछले सप्ताह हुए विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक का मेडल भी मिला है।

“भूमिका ने कहा कि “भारतीय टीम में कुल 27 सदस्य थे। मैं अकेली महिला बॉडी बिल्डर थी मैंने सभी तीन राउंड में पर्याप्त अंक हासिल किए और देश को गर्व महसूस करवाया है। चैंपियनशिप ने विभिन्न देशों के 50 प्रतियोगियों ने भाग लिया।

10_04_2016-08loc-r14

लेकिन बाॅडी बिल्डिंग उनकी मूल पसंद नहीं थी उनके माता-पिता-हंसा मनरल शर्मा, जो भारतीय महिला वेटलिफ्टिंग टीम के प्रमुख कोच और एक कारोबारी विश्वविजय शर्मा, चाहते थे कि वे शूटर बनें, लेकिन भाग्य ने उनके लिए कुछ और ही सोच रखा था।तीन साल पहले नई दिल्ली में एक शूटिंग के दौरान, एक बाॅडी बिल्डर कोच के साथ मुलाकात का मौका मिलने से इस 21 साल की लड़की के जीवन को बदल कर रख दिया। इस मुलाकात के बाद उन्होंने शूटिंग छोड़ कर, बाॅडी बिल्डिंग को चुना और उसके बाद नियमित रूप से पदक जीतने लगी।

अपने माता पिता की इकलौती औलाद होने के बाद भूमिका के लिए अपने माता-पिता को बाॅडी बिल्डिंग के लिए जाने की अनुमति लेना बिल्कुल आसान नहीं था।शुरुआती मनमुटाव के बाद, उसके माता-पिता ने अंततः उन्हें अपने जुनून को जारी रखने के लिए मंजूरी दे दी। उनकी मां उनके समय-सारिणी पर नजर रखती थी और समय-समय पर अपनी बेटी से आवश्यक चीजें शेयर करती रहती थी।इसके साथ ही उनके कोच, भूपेंद्र शर्मा ने सुनिश्चित किया कि वह हमेशा प्रभावशाली रहे।

वह एक दिन में सात घंटे तक जिम में एक सज़ा को मानते हुए एक्सरसाइज करती थी। भूमिका अब बाॅडी बिल्डिंग के लिए मिस यूनिवर्स खिताब में अपनी जगह निर्धारित कर चुकी है। भूमिका उत्तराखंड की एकमात्र महिला बॉडी बिल्डर है जिन्होंने राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में एक जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि “मैं इस वर्ष दिसंबर में आयोजित होने वाली मिस यूनिवर्स चैम्पियनशिप के लिए कड़ी मेहनत कर रही हूं”।

यूनाइटेड किंगडम के राष्ट्रीय एमेच्योर बॉडी-बिल्डर्स एसोसिएशन (एनएबीबीए) द्वारा आयोजित, मिस एंड मिस्टर यूनिवर्स खिताब के लिए 60 देशों के बॉडी बिल्डर भाग लेंगे।

बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे सैंकड़ों अस्पताल

0
A patient waits outside a doctor's clinic at a residential area in Mumbai December 24, 2012. REUTERS/Danish Siddiqui

उधमसिंह नगर के काशीपुर में सैकड़ों निजी अस्पताल चल रहे हैं, मगर सीएमओ कार्यालय में सिर्फ 26 निजी अस्पताल पंजीकृत हैं। इसका खुलासा सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचना से हुआ। पंजीकृत न कराने वाले अस्पताल संचालक मरीजों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। यही नहीं, अस्पतालों में अंट्रेंड लोग काम भी कर रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि 26 अस्पतालों को छोड़कर सभी अस्पताल बिना पंजीयन के चल रहे हैं। इन अस्पतालों में अंट्रेंड लोग मरीजों को इंजेक्शन लगा रहे हैं और रोगों से संबंधित जांच भी रह रहे हैं। ऐसे में मरीजों का सही तरीके से इलाज नहीं हो पा रहा है। पंजीकृत न होने से झोलाछाप डॉक्टर मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने के मामले में आए दिन किसी न किसी अस्पताल में हंगामा होता रहता है। क्लीनिकल स्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीयन जरूरी है। स्थायी पंजीयन तब होता है, जब अस्पताल पूरे मानक पर खरा उतरता है। पांच साल के लिए पंजीयन होता है और हर साल नवीनीकरण कराया जाता है। खास बात यह है कि एक्ट तो बन गए, मगर पंजीयन न कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का नोटिफिकेशन नहीं हुआ है। एक भी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में अस्पताल में मनमानी तरीके से इलाज किया जा रहा है। एक्ट के तहत पंजीयन होने पर अस्पतालों में ट्रेंड लोगों को काम के लिए रखा जाएगा। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

आरटीआइ कार्यकर्ता आसिम अजहर ने स्वास्थ्य विभाग से पंजीकृत सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों की सूचना मांगी तो अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अविनाश खन्ना ने उपलब्ध कराई सूचना में जिला रजिस्ट्रीकरण प्राधिकरण के तहत 26 अस्पताल पंजीकृत हैं। इनमें आठ स्थायी पंजीकृत हैं। बाकी अनंतिम हैं।

आपातकालीन सेवा 108 में लगे वाहन अब दम तोड़ने लगे

0

जनता को तत्काल उपचार दिलाने के लिए चलाई गई 108 चिकित्सा वाहन सुविधा खुद बीमार नजर आ रही है। मानकों से अधिक चल चुके वाहन रास्ते में ही खराब होने लगे हैं। रोगियों को बीच रास्ते से वाहन बुक कर अस्पताल तक पहुंचना पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला रविवार को बेरीनाग तहसील में देखने मिला। गर्भवती को लेने जा रही 108 एंबुलेंस रास्ते में ही खराब हो गई और गर्भवती कहारती रही। बाद में गर्भवती की हालत बिगड़ने लगी तो निजी वाहन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार शाम चार बजे राईआगर क्षेत्र में गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों ने 108 चिकित्सा सेवा को कॉल किया। कॉल आते ही चिकित्सा वाहन बेरीनाग से आठ किमी दूर राईआगर के लिए निकला। बेरीनाग से मात्र तीन किमी दूर बना बैंड के पास एंबुलेंस खराब हो गई।
उधर, खराब पड़ा 108 चिकित्सा वाहन अब तक साढ़े तीन लाख किमी चल चुका है। पर्वतीय क्षेत्र में दो लाख किमी चलने के बाद वाहन अनफिट घोषित किया जाता है। सरकार साढ़े तीन लाख किमी चल चुके बूढ़े वाहनों से लोगों को त्वरित उपचार देने का दावा कर रही है। आए दिन 108 चिकित्सा वाहन के खराब होने से रोगियों को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है। व्यवस्था का संचालन कर रही जेवीके कंपनी द्वारा वाहनों के रखरखाव के लिए कोई खर्च नहीं दिया जा रहा है।
108 वाहन में कार्य करने वाले कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। पूर्व विधायक एवं कांग्रेसी नेता नारायण राम आर्य ने कहा है कि सौ दिन पूरे होने का जश्न मना रही प्रदेश की भाजपा सरकार को जन स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं है।

धमाके से दहल उठा गांव

0

सितारगंज के बाराकोली रेंज के जंगल से सटे शक्तिफार्म के अर्विंदनगर में तड़के हुए तेज धमाके के बाद ग्रामीण दहल गए। इसकी चपेट में एक कुत्ता आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार रात को भी गांव से कुछ दूरी पर विस्फोट हुआ था। आशंका जताई जा रही है जंगली जानवरों के शिकार के बनाए गए बम से धमाका हुआ।

ग्राम अरविन्दनगर में रविवार की तड़के जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकले। इस दौरान कैलाश हालदार पुत्र शैलेंद्र का पालतू कुत्ता दरवाजे के निकट खून से लथपथ जमीन में तड़प रहा था। कुत्ते का मुंह वाला हिस्सा पूरी तरह फट चुका था। ग्राम प्रधान भवतोष आचार्य ने इसकी सूचना चौकी प्रभारी आरसी तिवारी को दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। भवतोष आचार्य ने बताया कि घटनास्थल के धागा, कागज मिला है। उन्होंने कहा कि शनिवार की रात भी गांव से कुछ दूरी पर धमाका हुआ था। दो दिन में दो धमाके होने के बाद ग्रामीण चिंताग्रस्त है। उन्होंने संभावना जताई कि वन्य जीवों का शिकार करने के लिए देसी बम बनाए जा रहे हैं। शक्तिफार्म चौकी प्रभारी आरसी तिवारी ने बताया कि बम के धमाके से कुत्ते की मौत हुई है। उनका कहना है कि इस तरह के बम जंगली जानवरों के शिकार के लिए बनाए जाते हैं। साथ ही जंगली जानवरों को भगाने के लिए प्रयोग किए जाते हैं। बाराकोली रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार ने बताया कि किसी भी प्रकार के बम का प्रयोग जंगल में करना गैरकानूनी है। उन्होंने बताया कि इसकी जांच कराई जा रही है।

केदारनाथ में गर्मी से हुए लोग बेहाल!!!

1

समुद्र तल से साढ़े तीन हजार मीटर ऊंचाई पर बसे केदारनाथ धाम का मौसम अक्सर ठंडा रहता है। लेकिन आप यह जानकार चौंक जाएंगे की इस ठंडे इलाके में भी तीर्थयात्री गरमी से हांफने लगे हैं।

बीते शनिवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में काफी गर्मी हुई। इसका असर केदारनाथ धाम में भी देखने को मिला। यहां अचानक तापमान में उछाल आ गया। दोपहर डेढ़ बजे केदारनाथ में 31 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि शाम साढ़े छह बजे केदारनाथ का तापमान 15.5 डिग्री तक गिर गया। शनिवार को केदारनाथ में सुबह से ही तेज धूप खिली रही। धूप के कारण केदारनाथ में यात्रियों के साथ ही यहां रहने वाले कर्मचारियों को गर्मी का अहसास हुआ।

केदारनाथ पुनर्निर्माण में जुटे निम के देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि यहां तापमान मापने के यंत्र में लगाए गए हैं। इसमें शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। वहीं रुद्रप्रयाग में भी पारा काफी अधिक रहा। रुद्रप्रयाग में दोपहर 39 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि केदारनाथ में तापमान रिकार्ड करने के लिए निम के पास मौसम और तापमान मापक यंत्र है, जिसकी मदद से उन्हें केदारनाथ के तापमान की जानकारी मिलती है। बता दें कि इस समय चारधाम यात्रा चरम पर है। केदारनाथ धाम में आपदा के बाद रिकार्ड यात्री दर्शन कर चुके हैं।

उत्तराखंड में एक और किसान ने की कर्ज से तंग आकर आत्महत्या

0

प्रदेश में कर्ज में डूबे काश्तकारों के आत्महत्या करने की कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है। खटीमा के कंचनपुरी गांव के 45 वर्षीय काश्तकार रामअवतार पुत्र रामप्रसाद ने शनिवार की रात पेड़ पर गमछे से फंदा लगाकर जान दे दी। प्रदेश में कर्ज में डूबे काश्तकार द्वारा आत्महत्या करने का यह दूसरा मामला है। इसके बाद प्रशासनिक अमले में खलबली मची हुई है।हांलाकि अबी प्रशासन ने किसान की आत्महत्या की वजह कर्ज होने की पुष्टी नहीं की है।

कंचनपुर गांव का किसान रामअवतार शनिवार रात खेत में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकला था। दो दिन पूर्व उसे बैंक से नोटिस जारी किया गया था। राम अवतार पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एक लाख 97 हजार व बैंक ऑफ बड़ौदा का पौने दो लाख रुपये कृषि ऋण बकाया था। इसको लेकर वह तनाव में चल रहा था।

शनिवार की रात उसने अपने ही खेत में यूके लिप्टिस के पेड़ पर फंदा लगाकर और उस पर झूलकर अपनी जान दे दी। मृतक की 7 पुत्रियां वह एक बेटा है। इस घटना से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि राम अवतार के पास ढाई एकड़ जमीन थी, जिससे उसके परिवार की आजीविका चलती थी।

गौरतलब है कि 17 जून को  पिथौरागढ़ के बेरीनाग तहसील के पुरानाथल गांव के सरतोला तोक निवासी सुरेंद्र सिंह ने कर्ज के चलते उसने जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी।  घटना के बाद ग्रामीणों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेरीनाग में ऋण माफी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।

मुख्यमंत्री रावत ने किसान की मौत का संज्ञान लेते हुये दुःख व्यक्त किया अौर साथ ही सीएम ने मजिस्ट्रेट जाँच के आदेश दिए। ऊधमसिंह नगर जनपद की पुलिस ने किसान की मौत को पारिवारिक कलह क़रार दिया था।