Page 685

दो दिन अौर भारी बारिश की संभावना

0

राज्य में रविवार और सोमवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को गढ़वाल मंडल के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को भले ही मौसम के तेवर कुछ नरम रहे, लेकिन दुश्वारियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

देर रात तक गढ़वाल मंडल में दो भवन ध्वस्त हो गए, जबकि कुमाऊं मंडल में उफनती नदियों में दो लोगों के बहने की सूचना है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सौ से ज्यादा संपर्क मार्ग अब भी बंद हैं। हालांकि चार धाम मार्गों पर यातायात सुचारू है, लेकिन बीच-बीच में पहाड़ से गिर रहा मलबा मुसीबत का सबब बन रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे मौसम का रुख नरम रहेगा, लेकिन 16 और 17 जुलाई को देहरादून के साथ ही चमोली में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

सूबे में रुक-रुक कर हो रही बारिश का दौर फिलहाल थम गया है। मैदानी क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप ने गर्मी और उमस का अहसास कराया। इसके बावजूद पहाड़ में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पौड़ी जिले में कोटद्वार के पास कोट ब्लॉक में एक मकान ढह गया। यहां रहने वाला परिवार बाल-बाल बच गया। अब उसने सुरक्षित स्थान पर शरण ली है जबकि इसी जिले के नैनीडांडा ब्लॉक में गौशाला गिरने से चार मवेशियों की मौत हो गई।

मौसम की बेरहमी के चलते कुमाऊं मंडल में भी हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं। नैनीताल जिले के लालकुआं में गौला नदी में डूबकर एक गुर्जर युवक लापता हो गया जबकि हल्द्वानी में नहर में बाइक सवार बह गया। उसका शव बरामद कर लिया गया है।

कीड़ा जड़ी के साथ पुलिस ने किया युवक को गिरफ्तार

0

उत्तराखंड की चमोली पुलिस ने 508 ग्राम कीड़ा जड़ी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस कीड़ा जड़ी की कीमत 7.30 लाख बतायी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चमोली, तृप्ती भट्ट ने बताया कि, ‘शुक्रवार की देर सांय को चमोली पुलिस जब बदरीनाथ हाईवे पर बिरही के समीप चेकिंग कर रही थी तो उन्हें ईराणी निवासी पुष्कर सिंह के पास से 508 ग्राम कीड़ा जड़ी (यारसा गंबू) बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 7.30 लाख रुपए है। युवक को वन अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

 

अल्मोड़ा में गंदे पानी की आपूर्ति से लोग परेशान

0

जिला अल्मोड़ा में जल संस्थान बारिश में नगर की जलापूर्ति सुचारु रखने में असफल साबित हो रहा है। कोसी नदी में बाढ़ के साथ आई सिल्ट के कारण साफ पानी उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।

शुक्रवार को भी लोगों के घरों में पानी नहीं आया, जहां आया भी वहां पानी पीने लायक नहीं था। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए धारे और नालों की शरण लेने को मजबूर होना पड़ा। माल रोड, जोशीखोला, ऑफीसर कालोनी, रानीधारा, खत्याड़ी, इंदिरा कॉलोनी समेत अनेक स्थानों के लोगों को पानी नहीं मिल पाया और उन्हें पानी की व्यवस्था के लिए धारे और नालों की ओर जाना पड़ा, हालांकि जल संस्थान अब स्थिति सामान्य होने की बात कर रहा है।

जल संस्थान के सहायक अभियंता मुकेश कुमार बताया कि, ‘नदी का पानी साफ हो गया है तथा सुबह से पंपिंग शुरू हो गर्इ है। सुबह से लगातार पानी की पंपिंग हो रही है और उसी अनुपात में वितरण भी प्रारम्भ कर दिया है अब लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा।’

 

सुनील राठी गैंग का सक्रिय सदस्य नरेन्द्र राठी देहरादून में गिरफ्तार

0

सुनीता, निवासी सुभाषनगर देहरादून द्वारा थाना क्लेमेन्टउन ने एक तहरीर दी कि उसके घर पर स्कारपियो गाडी में डी.के.मित्तल के साथ कुछ बदमाश आये व जबरन जमीन खाली करने के लिए धमकाने लगे एवं जान से मारने की नीयत से फायर किया। तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेन्टाउन पर मु.अ.स. 102/2017 धारा 307/354/354बी/307 भादवि पजीकृत किया गया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि डी.के.मित्तल की सुभाषनगर में जो प्रोपर्टी है उसमे सुनीता को प्रोपर्टी खाली करने के लिए सुनील राठी गैग को हायर किया हुआ है। सुनीता का परिचित सचिन शर्मा है इसी दौरान सचिन शर्मा को भी कुछ मोबाईल नम्बरो से धमकी आ रही थी, कि यह प्रोपर्टी सुनील राठी ने ली है इसे छोड दे नही तो जान से हाथ धोना पडेगा, जिस समन्ध मे थाना क्लेमेन्टाउन पर मु0अ0स0 110/2017 धारा 384/507 भादवि पंजीकृत किया गया।

इसी दौरान थाना प्रेमनगर से भी सूचना प्राप्त हुई कि सुनील राठी जेल से अपने परिवार के सदस्यों के साथ देहरादून में विवादित प्रोपर्टी पर हाथ डालकर अपने भय से मोटा मुनाफा कमा रहा है, मामले की संवेनशीलता को देखते हुए ने एसएसपी क्षेत्रआधिकारी नेहरू कलोनी के नेतृत्व में तत्काल, थाना प्रभारी क्लेमेन्टाउन एवं एस.ओ.जी के साथ सयुक्त रूप से एक टीम तैयार की गयी है। टीम को सूचना प्राप्त हुई कि सुनील राठी गैग का सक्रिय सदस्य नरेन्द्र राठी जो आज सहारनपुर से देहरादून की तरफ आ रहा है टीम द्वारा सयुक्त रूप से चैकिग कर आशारोडी से नरेन्द्र राठी को मय वैगनार कार में 1 तमन्चा, 315 बोर, 1 जिन्दा कारतूस,एक मोबाईल फोन व सिम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त नरेन्द्र राठी के पूछताछ के आधार पर उक्त घटना में सम्मलित अन्य अभियुक्तो नरेन्द्र, नवदीप, विपिन व आकाश चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है।

अभियुक्तगणो से पूछताछ की गयी तो पता चला कि डी.के. मित्तल, निवासी क्लेमेन्टाउन की सुभाषनगर में करोडो की जमीन है जिस पर सुनीता नाम की महिला वर्षो से काबिज है। देवी मित्तल ने सुनीता को इस जमीन से हटाने के लिए नवदीप राठी से सम्पर्क किया जिसने अपने साथी को इस काम में शामिल किया। इनकी मुलाकात डी.के. मित्तल से करायी जिन्होने यह तय किया कि जमीन को हम खऱीदेगे जिसमे सुनील राठी की हिस्सा भी होगा। इस सम्बन्ध में नवदीप व नरेन्द्र राठी ने सुनील राठी से जेल मे सम्पर्क किया एवं देवी मित्तल से सौदा तय किया एंव दिनांक 06-07-2017 को सुनीता को जमीन से  हटाने के लिए गये डराया धमकाया एवं फायर किया।

प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने स्वामी चिदानन्द को भेंट की एलबम

0

प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने आध्यात्मिक गुरु व परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष, स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज से अमेरिका में मुलाकात कर ’भोले चले-भोले चले बम बम बम’ गाने की वीडियो सीडी भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वामी चिदानन्द सरस्वत महाराज ने कैलाश खेर के वीडियो ’भोले चले’ को कावड़ियों एवं शिव भक्तों को प्रेरणा व साहस प्रदान करने वाला बताया तथा वीडियो की सफलता के लिए साधुवाद दिया। उन्होने ’भोले चले’ वीडियो की सराहना करते हुए कहा कि यह भीतरी और बाह्य स्वच्छता के लिए बेहद जरूरी है।
दोनों विशिष्ट विभूतियों ने जल, जंगल और जमीन को प्रदूषण मुक्त करने तथा भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आरम्भ किए ’स्वच्छ भारत मिशन’ को और सकारात्मक बनाने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। कैलाश खेर को स्वच्छ भारत मिशन का नवरत्न नामित किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वामी ने बधाई दी एवं मोदी को इसके लिये धन्यवाद प्रेषित किया।

नकरौंदा में दहशत का सबब बन रहे ‘गजराज’

0

देहरादून के नकरौंदा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर के आगे विशालकाय हाथी आ गया।जानकारी के मुताबिक, गांव में सुबह पांच बजे दो हाथी घुस आए, इसके चलते घंटों स्थानीय लोगों की सांसे अटकी रही।

देहरादून के गुर्जर घाटी पर्यटक स्थल के पास आवासीय कॉलोनी में अचानक दो हाथी घुस आए। सुबह पांच बजे एक हाथी जब स्थानीय निवासी प्रकाश तिवारी के घर के बाहर खड़ा दिखाई दिया तो सभी घबरा गए। उन्होंने बताया कि सुबह कुत्ते अचानक बहुत तेज-तेज भौंकने लगे, उनका परिवार उठा तो बाहर विशालकाय हाथी को देख सब डर गए, बाहर एक बस भी खड़ी थी। लोगों को डर सताने लगा कि वह बस को तहस-नहस न कर दे, वहीं घर को भी नुकसान पहुंचाने का डर सताने लगा। इसके बाद वहां आसपास के लोग एकत्रित हो गए, लोगों ने शोर मचाकर हाथी को वहां से भगाया। 

इसी बीच दूसरा हाथी जो वहां से कुछ दूरी पर खड़ा तो वह भी जंगल की ओर भाग गया। कर्मचारी नेता हरदेव रावत ने बताया कि, ‘नकरौंदा क्षेत्र में हाथियों का खतरा बढ़ता जा रहा है, बीती रात आठ बजे गांव में हाथी आ धमका था, जिसे ग्रामीणों ने ही खदेड़ा था।’ उन्होंने कहा कि, ‘बरसात में हाथियों के गांव में धमकने की घटनाएं बढ़ गई हैं, ‘इससे लोगों में दहशत है। हाथियों के डर से रात आठ बजे के बाद कोई घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर रहा है।’ 

पर्व जिसका पहला न्यौता भगवान को

0

पौराणिक परम्पराओं और धार्मिक मान्यताओं को आज भी खुद में संजोये हैं हरेला का पर्व,  इस पर्व को मनाने वाले ना सिर्फ अपने लिए बल्कि पुरे विश्व को हरियाली का संदेश देते हैं और शांति की कामना करते हैं इस पर्व की शुरुवात ही अनोखे ढंग से होती है पहला न्यौता भगवान के नाम पर रख कर पुजा अर्चना की जाती है उसके बाद क्षेत्र के लोग धूमधाम से इस पर्व को मनाते है कहां मनाते ये पर्व और कैसे आज हम आपको बताते हैं।

हरेला पर्व पर भीमताल में भव्य मेला कई दशकों से आज भी प्रचीन परंपरा को संजोए है। परंपरा के अनुसार हरेला मेला का शुभारंभ का पहला निमंत्रण पत्र आज भी भगवान हनुमान और शिव को दिया जाता है। मेला समिति द्वारा शुक्रवार को रामलीला मैदान के मंदिर में आमंत्रण भगवान को चढ़ाया गया। मान्यता है कि ऐसा करने से पूरे वर्ष भगवान की छत्र-छाया क्षेत्र में रहती है। इस बार मेले का आयोजन 16 से 21 जुलाई तक रहेगा। पूरे कुमाऊं में भीमताल और चंपावत ही एक ऐसा स्थान है जहां हरेला मेला होता है।

invitation

नौकुचियाताल निवासी पंडित रवींद्र कर्नाटक ने बताया कि भीमताल के मेले के इतिहास के बारे में कोई लिखित दस्तावेज नहीं है। पूर्वजों के के अनुसार हल्द्वानी नगरी मालदारों की नगरी के नाम से विख्यात थी यह वह शहर था जो कि अमीर लोगों कर नगरी कई जाती थी। यह वह समुदाय था जो कि हर त्यौहार को संपन्नता से मनाता था। इसी से लगे भीमताल में कास्तकार इनके संपर्क में आए पर संपन्न नहीं होने के कारण सर्व संमत्ति से यह निर्णय लिया कि एक ऐसा त्यौहार मनाएं जिसमें क्षेत्र के सभी लोग सम्मलित हों और यह मेला दूरदराज तक फैले। भीमताल में पूर्व में आणु ( वर्तमान में विकास भवन ) नामक स्थान धान की खेती के लिए प्रसिद्ध था। इस समय जब धान की रोपाई की जाती थी तो इसमें कई लोग सम्मिलित होते थे और इसी ने धीरे-धीरे मेले का स्वरूप ले लिया। पूर्व में हरेला मेला डाट के उपर स्थित हरेला खेत में मनाया जाता था और इस स्थान से आणु के हरे भरे खेत साफ दिखाई देते थे। वहीं चंपावत के दिगाली चौड़ समेत अन्य स्थानों में भी हरेला मेले का आयोजन किया जाता है।

यह पर्व वर्ष में तीन बार मनाया जाता है। प्रथम चैत्रमास की दशमी को, द्वितीय श्रावण संक्रांति तथा तीसरा आश्रि्वन के दशहरे को मनाया जाता है। यह पर्व कृषि व धन-धान्य का प्रतीक है। हरेला पर्व से दस दिन पूर्व दो टोकरियों में मिट्टी भरकर उसमें पांच या सात प्रकार के अनाज बोए जाते हैं। दसवें दिन हरेले की पूजा करने के बाद इन अनाजों से निकले पीले तृणों को सिर पर धारण किया जाता है। तथा इस पर्व में डीकरे,  शिव-पावर्ती की मूर्तियां बनाकर उनकी पूजा भी की जाती है।  डीकरे में शिव के संपूर्ण परिवार कार्तिक, शिव, नंदी, गणेश ,पार्वती, शिव के वाहन मूसक और बैल की मूर्तियां भी सम्मिलित की जाती हैं। कई सालों से भगवान को पहला आमंत्रण भेजने की परंपरा को मैं भी देख रहा हूं। कब से यह परंपरा प्रारंभ हुई इसकी जानकारी नहीं है। पर अपने आप में यह परंपरा आलौकिक है

बंद पड़ी सड़कों को तत्काल करें चालू: डीएम

0

जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेसन ने लोनिवि को जिले में बन्द पड़े सड़क मार्गों को तत्काल चालू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने तथा मानसूनकाल में समस्त निर्माण खण्डों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये, ताकि किसी भी प्रकार के छोटे-मोटे निर्माण कार्याें को पूर्ण किया जा सके।

जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेसन की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में वर्तमान में मानसूनकाल में अतिवृष्टि, भूस्खलन, जलभराव व इत्यादि घटनाओं को देखते हुए लो.नि.वि, पीएमजीएसवाई, एन.एच. तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

मुरूगेसन ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बारिश से कई क्षेत्रों में हुए जल भराव, छोटे-मोटे लीकेज को तात्कालिक रूप से दुरुस्थ करने एवं बरसात को देखते हुए अलर्ट रहते हुए कार्य करने को कहा। उन्होंने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र के उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए बारिश से क्षतिग्रस्त हुए सम्पर्क मार्ग तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्थ करने हेतु सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लो.नि.वि, एन.एच. तथा पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को शहर में अवैध रूप से फूटपाथ, नालियों के ऊपर निर्माण तथा किए गए अतिक्रमण को नगर निगम/नगर पालिका से समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे अवैध निर्माण को चिन्हिकरण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि अवैध निर्माण कार्यों को ध्वस्त करते हुए सड़क मार्ग को अतिक्रमणमुक्त किया जा सके। 

प्रदेश में 50 हजार पद रिक्त, हाथ पर हाथ धरे बैठी है सरकार: रघुनाथ

0

उत्तराखंड जनसंघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में सरकारी व अर्द्ध सरकारी संस्थानों में विभिन्न श्रेणी के लगभग 50 हजार से अधिक पद रिक्त हैं, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि आंकड़ों के आधार पर राजस्व विभाग में 3061, सिंचाई विभाग में 1534, खाद्य आपूर्ति में 384, शिक्षा में 14500, सचिवालय प्रशासन विभाग में 450, समाज कल्याण में 350, लोक निर्माण विभाग में 687, गृह (पुलिस) 1240, औद्योगिक विकास विभाग में 219, परिवहन 80, सहकारिता 250, पावर ट्रांसमिशन 647 एंव इसके साथ-साथ पशुपालन, कृषि, वित्त, विधानसभा, पर्यटन, वन, ऊर्जा, इत्यादि विभागों में हजारों पद रिक्त पड़े हैं।

रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि एक तरफ सरकार 100 दिन पूरे होने पर जश्न मना रही है, जबकि उपलब्धि के नाम पर शून्य है, वहीं बेरोजगार और किसान सरकार का मातम मना रहे हैं। प्रदेश सरकार ने जिन युवाओं से नौकरी का वादा किया था उसके कारण भाजपा आज सत्ता में आयी, लेकिन बेरोजगार सड़कों पर हैं और हाथ पर हाथ धरे बैठा है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्थायी पदों के सापेक्ष स्थायी नियुक्ति एवं अस्थायी पदों पर आउट सोर्स व अन्य प्रक्रिया के तहत युवाओं में रोजगार का रास्ता खोलना चाहिए। उत्तराखंड, प्रदेश का पहला राज्य बन गया है जहां पलायन रोकने को आयोग का गठन किया गया तथा भर्तियों के लिए कमेटी का गठन किया गया है।

रघुनाथ सिंह ने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए जल्दी ही प्रभावी कदम नही उठाए गए और पदों को भरने के लिए कार्रवार्इ नहीं की गर्इ तो मोर्चा सड़कों पर उतरकर आन्दोलन करेगा।

केंद्र की योजना में फर्जीवाड़ा, जांच के आदेश

0

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की योजना ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ में फर्जीवाड़े की बातें सामने आई हैं। योजना के तहत दो लाख रुपये दिलाने के नाम पर कुछ लोगों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को झांसा देकर फार्म भरवाएं और लाखों की ठगी कर ली।

मामले की शिकायत केंद्र सरकार तक पहुंची तो प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय ने राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है। इस मामले में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की निदेशक विम्मी सचदेवा रमन ने जिलाधिकारी दून को पूरे प्रकरण की जांच करने को कहा है। इसके बाद जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की ओर से संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत लाभार्थियों को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद का प्रावधान है, लेकिन केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की आड़ में कुछ लोग फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।