Page 684

आयोग ने लगाई टिहरी के डीएम-एसएसपी को फटकार

0

राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने टिहरी में नाबालिग बहनों को बंधक बनाने के मामले में लीपापोती करने पर डीएम व एसएसपी को फटकार लगाई। इसके साथ ही आयोग ने नाबालिग बहनों को बंधक बनाने के आरोपी डॉक्टर दंपति को शीघ्र गिरफ्तार करने को कहा।

शनिवार को जारी प्रेस बयान में आयोग सदस्य शैलेंद्र शेखर करगेती ने कहा कि, ‘बाल कल्याण समिति ने डॉ. ललित जैन व उनकी पत्नी डॉ. सुचित जैन के नई टिहरी स्थित आवास से दो नाबालिग बहनों को मुक्त कराया था। दोनों बहनों ने अपने बयान में बताया कि दंपति उनसे घर का काम करवाने के साथ मारते-पीटते भी थे।’

मीडिया में रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने डॉक्टर दंपति पर मुकदमा को दर्ज कर दिया, लेकिन उनकी गिरफ्तारी से परहेज किया जा रहा है। टिहरी के डीएम व एसएसपी को समझना होगा कि यह बेहद गंभीर मामला है। इस प्रकरण में कोताही बरतना किसी भी सूरत में न्यायोचित नहीं है। आयोग ने श्रम अधिकारी टिहरी को भी प्रकरण का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई को कहा। उधर, एसएसपी विमला गुंज्याल ने कहा कि प्रकरण की विवेचना चल रही है और यह कार्रवाई पूरी होने के बाद गिरफ्तारी पर निर्णय ले लिया जाएगा।

पिता के पास नहीं लौटना चाहती पीडि़त बहनें
बल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य शैलेंद्र शेखर करगेती, सीमा डोरा, शारदा त्रिपाठी व बल कल्याण समिति की अध्यक्ष ने कविता शर्मा ने देहरादून स्थित बालिका सदन में पीडि़त बहनों से मुलाकात की। बातचीत में बहनों ने अपने पिता के पास वापस लौटने से इन्कार किया, वहीं उनके पिता ने भी दोनों बेटियों की देखभाल में खुद को असमर्थ बताया।

सुलझेगी पेंशनरों की समस्या: प्रकाश पंत

0

सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन ने वित्त मंत्री प्रकाश पंत का उनके आवास पर अभिनंदन किया। इस अवसर पर संगठन ने पेंशन संबंधी विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।

शनिवार को वित्तमंत्री पन्त के सरकारी आवास पर पहुंचे संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश की जनता को सरकार से बहुत आशाएं है। उनके मंत्री पद पर आसीन होने पर सभी पेशनर्स, वरिष्ठ नागरिकों में हर्ष है। सेवा निवृत राजकीय पेंशनर्स संगठन उत्तराखण्ड के पदाधिकारियों ने मंत्री प्रकाश पन्त से प्रदेश की योजनाओं और संगठन में सहयोग पर चर्चा की। पन्त ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनके सभी हितों को लेकर गंभीर है। उन्होंने संगठन को सहयोग देने का पूर्ण आश्वासन दिया।

इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आरएस परिहार, प्रदेश महामंत्री पीडी गुप्ता, प्रान्तीय संरक्षक जेबीएस पथनी, प्रान्तीय उपाध्यक्ष केडी शर्मा, हरभगवान टुटेजा, संतोष कुमार, नारायण सिंह राणा, पीसी लौशाली, मनवर सिंह गुसांई, ओपी टुटेजा, नंद किशोर शर्मा, जयनारायण, इन्दु मोहन गोसाई, केके पारस, एसआर जोशी, एसपी रतुड़ी, एसके त्यागी, बीएस चौहान, लक्ष्मी दत्त डोबाल, हरि प्रसाद डोबाल, बीआर नन्दा आदि मौजूद रहे।

हरैला का रंगारंग आघाज

0

नेपाल सीमा से लगे दिगालीचौड़ क्षेत्र,चम्पावत  के बिंडा तिवारी में दो दिवसीय हरेला महोत्सव का रंगारंग आगाज शनिवार से हुआ। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों व सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोहा।

हरेला महोत्सव का आगाज बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता ने किया। उन्होंने इस तरह के महोत्सव को उत्तराखंड देव भूमि की संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन का ध्वज वाहक बताया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत राप्रावि टुंडा बिष्ट व बीडी जोशी ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मां सरस्वती वंदना कर किया।

संतोष रशीला के नेतृत्व में रीठासाहिब से पहुंचे सरस्वती लोक कला दर्पण के कलाकारों ने जै नन्दा दुर्गा भवानी, हिट बसंती न्है जानू पहाड़ा, मन्नू दा फलैक्सी कर दे मेर मोबाइल में आदि गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शक दीर्घा में समा बांध दिया। इसके अलावा स्थानीय कलाकार सतीश चिल्कोटी, प्रकाश राय, ईश्वर कोहली आदेश ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मन मोहक प्रस्तुति दी।

बरसात में हादसों की बाढ, चार की मौत

0

बरसात के चलते हादसों की बाढ भी शुरु हो गयी है। लगातार हो रहे हादसों में अब तक कई लोगों की जान चली गयी है, पिथौरागढ़ से मुनस्यारी जा रही एक कार कालामुनी-बेटूलीधार के बीच अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।

दुर्घटना बीती रात करीब दस बजे की है, हादसे की जानकारी आज सुबह चार बजे मिली। पुलिस के अनुसार, एक कार (यूके 05 डीए 2252) बीती रात पिथौरागढ़ से मुनस्यारी जा रही थी, थल मुनस्यारी मार्ग में सर्वाधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में बेटुलिधार से लगभग दो किमी दूर कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

accident

हादसे में कार सवार प्रेम राम, मंजू देवी, देवकी देवी और लक्ष्मण सिंह नितवाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा चालक गणेश राम और जनक राम बस्ती गंभीर रूप से घायल हुए है। घटना की जानकारी घायलों द्वारा सड़क में आने के बाद लोगों को दी गई। सुचना के बाद पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को सीएसी मुनस्यारी रेफर किया गया है।

भूस्खलन प्रभावित गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, दी राहत राशि

0

भूस्खलन से प्रभावित सिल्ला गांव पहुंच कर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गांव का हाल जाना। इस मौके पर उन्होंने सभी नौ प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार एक लाख एक हजार नौ सौ रुपये की धनराशि प्रदान की।

जिलाधिकारी देहरादून को 24 घंटे के भीतर प्रभावित गांव के पुर्नवास की रिपोर्ट और कृषि हानि का आकलन तैयार करने के साथ ही प्रभावितों के विस्थापन की योजना बनाने के निर्देश दिए।
शनिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत प्रभावित गांव के निरीक्षण के लिए गए। उन्होंने जिलाधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र के यातायात संपर्क मार्ग और कनेक्टिविटी को शीघ्र सुचारु किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरखेत में नदी के तटबंध की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि नदी का बहाव ग्रामीण क्षेत्र को हानि न पहुंचा सके। पैदल मार्ग से अधिकारियों के साथ सिल्ला गांव पहुंचे मुख्यमंत्री ने बुर्जुगों, बच्चों, महिलाओं और लगभग प्रत्येक ग्रामीण से उनके खाने-पीने, राशन, कपड़े, रहने की व्यवस्था आदि की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें फूड पैकेटस समय से उपलब्ध करा दिए गए हैं। वे लोग फिलहाल अपने संबंधियों के घरों में रह रहे है और प्रशासन से सहायता प्राप्त हो रही है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगो से कहा कि यह अत्यन्त दुख की बात है कि हाल ही की भारी वर्षा तथा भूस्खलन से गांव में पशु तथा भवनों की हानि हुई है, लेकिन शुक्र है कि कोई जन हानि नही हुई है। राज्य सरकार पूरी तरह से पीड़ितों के साथ है और प्रभावितों की पूरी मदद करेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ विधायक गणेश जोशी भी मौदूद थे।

उलझता जा रहा लापता सिख तीर्थयात्रियों की गुमशुदगी का मामला

0

गोपेश्वर, चमोली जिले के हेमकुंड साहेब के मुख्य पड़ाव गोविंदघाट से इनोवा कार सहित लापता आठ सिख तीर्थ यात्रियों की गुमशुदगी का मामला उलझता ही चला जा रहा हैं। शनिवार को इनोवा कार चालक महंगा सिंह का आधार कार्ड ऋ़षिकेश शिवपुरी के पास एक कूड़ा उठाने वाले को मिलने की बात चमोली पुलिस कर रही है।

वहीं, दूसरी ओर पुलिस की सर्च टीम ने शुक्रवार को इनोवा कार के कुछ अंश तथा दो पगड़ी गोविंदघाट से पीछे टंया पुल के पास बरामद की है। टंया पुल और ऋषिकेश के बीच की दूरी लगभग तीन से साढ़े 300 किमी के आसपास है। ऐसे में आधार कार्ड का शिव पुरी ऋषिकेश के पास मिलना मामले में संदेह की स्थिति उत्पन्न कर रहा है।

इधर, पुलिस अधीक्षक चमोली तृप्ती भट्ट ने किसी भी प्रकार से संदेश से इंकार करते हुए आधार कार्ड के अलकनंदा में बहकर शिवपुरी तक पहुंचने की बात कही है।

 

सड़क के अभाव में बीमार महिला ने रास्ते में तोड़ा दम

0

उत्तराखंड के जनपद चमोली के विकास खंड घाट के सुदुरवर्ती गांव कनौल की एक बीमार महिला ने सड़क के अभाव में अस्पताल लाते हुए रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

कनौल गांव की केसरी देवी पत्नी स्व. केदार सिंह की शुक्रवार की सांय को पेट में दर्द होने लगा, जो धीरे-धीरे बढ़ता ही चला गया। कनौल गांव में सड़क नहीं होने के कारण उनके पुत्र जसपाल सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ कुर्सी की डोली बना कर अपनी मां को कंधे पर रखकर घाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट में उपचार के लिए लाने लगे। कनौल गांव से मुख्य सड़क मार्ग 12 किमी दूर है, पैदल मार्ग की भी हालत बुरी है। ये दोनों युवक किसी तरह से उन्हें चिकित्सालय लाने का प्रयास कर रहे थे कि रास्ते में मछीगाड के पास महिला ने दम तोड़ दिया और उसे फिर मृत अवस्था में घर वापस ले गये।

सड़क बनी होती तो बच जाती जान
कनौल गांव जो कि मुख्य सड़क मार्ग से 12 किमी दूर है। यहां आने जाने वाला पैदल मार्ग भी खस्ता हालत में है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता गबर सिंह ने बताया कि ग्रामीण सड़क की मांग को लेकर एक लंबे समय से शासन प्रशासन से गुहार लगा रहे है लेकिन अभी तक सड़क बनने की दिशा में कोई कार्य नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनके गांव में सड़क बनी होती तो केसरी देवी की जान बच सकती थी।

 

लहरों में बह रहे कांवड़िये को एसडीआरएफ के जवान ने बचाया

0

हरिद्वार में गंगा में डुबकी लगाने के दौरान एक कांवड़िया गंगा की लहरों में फंस गया। जिसे एसडीआरएफ और पुलिस ने बाहर निकाल लिया।

बताया जा रहा है कि कांवड़िया गंगा में डुबकी लगाने आया था इस दौरान लहरों की चपेट में आकर गंगा में डूब गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि यह शिवभक्त गंगा में ही डूबता चला गया। यह देख आस-पास खड़े लोगों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया, तभी गंगा घाट पर तैनात एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों ने गंगा में छलांग लगा दी। घटना हरिद्वार के कांगड़ा घाट की है।

बताया जा रहा है कि एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बचा लिया गया। जिससे वहां उपस्थित भक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई। बतादें कि कांवड़ मेले के चलते हरिद्वार में इस समय भक्तों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है, वहीं बारिश के कारण गंगा उफान पर हैं। जिसके चलते आए दिन नदियों में डूबने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

 

एक अौर अन्नदाता की मौत

0

अन्नदाता आत्महत्या करने को मजबूर है और सरकार आत्महत्याओं पर जांच करते नहीं थक रही है, यह हाल उधमसिंहनगर जिले का है जहां अब तक चार किसान आत्महत्या कर चुके है। वहीं ताजा मामला खटिमा का सामने आया है जहां किसान को बैंक से कर्ज अदायगी के लिए फोन आना ही मौत का कारण बन गया।

बैंक कर्ज के तकादे से प्रतापपुर के एक किसान को हार्ट अटैक पड़ गया, अस्‍पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। कर्ज के तकादे से प्रतापपुर के किसान भजन सिंह को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। परिजनों ने बताया की वसूली के लिए संग्रह अमीन ने शुक्रवार की शाम को फोन किया था, इसके बाद रात दो बजे उन्हें अटैक पड़ गया। बरेली अस्पताल ले जाते समय किसान ने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया।

किसान के ऊपर 20 लाख रुपये का बैंक ऋण बताया जा रहा है। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने चार लाख रुपये के लिए आरसी भी काटी है। इसके बाद से किसान तनाव में चल रहा था। वहीं, प्रशासन ने ऐसी घटना की जानकारी होने से इन्‍कार किया है।

आफत की बारिश, दो मासूमों की डूब कर मौत

0

पहाड़ों की बारिश से उफान पर आई परवीन नदी का पानी नौसर गांव, खटीमा में घुस गया है। इसमें दो मासूमों की डूब कर मौत हो गई। बाढ़ से बेहाल ग्रामीणों में इस घटना से कोहराम मच गया।

शुक्रवार की शाम को गांव के रहने वाले अनिल मसीह का 14 वर्षीय पुत्र वंश, अंश, पुत्री रोशनी अपने मौसा गुरदासपुर पंजाब निवासी पीटर के पुत्र साहिल व 12 वर्षीय पुत्री पूजा के साथ खेल रहे थे।

इस दौरान गांव में धीरे-धीरे बाढ़ का पानी भरने लगा। पानी में खेलते बच्चों को गड्ढे में भरे पानी का अंदाज नहीं लगा, इसी दौरान सभी बच्चे डूबने लगे। जैसे-तैसे रोशनी पानी से बाहर आई, उसने हो-हल्ला किया। जिससे आस-पास के लोग घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े।

उन्होंने डूब रहे बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वंश व पूजा की मौत हो चुकी थी, जबकि साहिल को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया। जहां उसकी चिंताजनक बनी हुई है। एसडीएम विजयनाथ शुक्ल ने बताया कि घटना की जानकारी के लिए क्षेत्रीय पटवारी को भेजा गया है।