कांवड़ मेले की सोमवार से पुलिस की असली अग्नि परीक्षा शुरू होगी। हरियाणा क्षेत्र के कांवड़ियों के लौटने का सिलसिला शुरू होगा तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश से डाक कांवड़ वाहन आएंगे। इसमें दुपहिया वाहन अधिक रहते हैं। अब तक हाईवे ठीक चल रहा है लेकिन सोमवार से इस पर दबाव बढ़ने का अनुमान है। कांवड़ मेले के शुरुआती दिनों में पैदल कांवड़ियों की भीड़ रहती है। अंतिम दिनों डाक कांवड़ शुरू होती है। पहले हरियाणा, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, पंजाब, राजस्थान आदि क्षेत्रों से कांवड़ियों आते हैं। सोमवार से इनकी वापसी का क्रम शुरू होगा। सोमवार से ही पश्चिम यूपी क्षेत्र से डाक कांवड़ियों के आने का सिलसिला आरंभ होगा। यहां से आने वाले कांवड़िये पुरा महादेव मंदिर में जल चढ़ाने जाते हैं। ऐसे में सोमवार व मंगलवार को हरिद्वार में भारी भीड़ रहने का अनुमान है। एक ओर जाने वालों की कतार रहेगी तो दूसरी ओर आने वाले रहेंगे। अब तक हाईवे करीब-करीब ठीक तरीके से चला है। सब कुछ पुलिस के ट्रैफिक प्लान के अनुसार चल रहा है, लेकिन सोमवार से हाईवे पर भी दबाव बढ़ जाएगा। पुलिस की असली परीक्षा शुरू होगी तो आम शहरवासियों को भी परेशानी झेलनी होगी।
दून में मलबा आने से आधा दर्जन मार्ग बंद
देहरादून, जिले में कई जगहों पर मलबा आने से आधा दर्जन सड़क मार्ग बन्द हो गए हैं, जिसे खोलने के लिए जेसीबी द्वारा कार्य चालू है।
आपात केन्द्र के लोनिविप्रा खण्ड देहरादून के अन्तर्गत कार्लीगाड सरोना मोटर मार्ग, एलकेडी मोटर मार्ग, हाथीबड़कला मालसी मोटर मार्ग बन्द हैं। पीएमजीएसवाई सिंचाई खण्ड देहरादून सहस्त्रधारा चामासारी मोटर मार्ग, मालदेवता मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं। मार्ग खोलने का कार्य जेसीबी द्वारा गतिमान है।
उधर, अधिशासी निदेशक आपदा न्यूनीकरण एवं प्रबन्धन केन्द्र डाॅ. पीयूष रौतेला ने जानकारी दी है कि, ‘जिले में 17 जुलाई देहरादून, उत्तकाशी व चमोली जनपदों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की सम्भावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबन्धन सम्बन्धित समस्त सेवाओं को तत्पर रखने जाने के साथ किसी भी आपदा की स्थिति में प्रतिवादन का उच्च स्तर बनाए रखने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करने को कहा।’
नियमों की धज्जियां उड़ा रहे कांवड़िये
कांवड़ मेले में कांवड़िये तमाम नियम कानून की धज्जियां उड़ाकर सफर कर रहे हैं, जिससे हरिद्वार शहर में अव्यवस्था फैल रही है। शिवभक्त जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं। एक बाइक पर जहां दो आदमी बैठकर यात्रा करते हैं, वहीं कांवड़िये एक बाइक पर चार-पांच लोग एक साथ बैठकर सफर कर रहे हैं। ट्रैक्टर, ट्रक व अन्य वाहन भी ओवरलोड होकर गंतव्यों को प्रस्थान कर रहे हैं।
कांवड़ मेले का चरम काल शुरू हो गया है। लाखों की संख्या में पैदल कांवड़िये अपने गंतव्यों को रवाना हो चुके हैं। शहर में डाक कांवड़ियों का प्रवेश होने के साथ ही नियम कानून की धज्जियां उड़नी शुरू हो गर्इ है। शहर में दूर-दूर तक बाइक, हजारों छोटे-बड़े वाहन दिखाई दे रहे हैं। कांवड़िये नियम कानून ताक पर रखकर एक बाइक पर चार-पांच सवारी बैठाकर सफर रहे हैं। कांवड़िये हेलमेट लगाने तक की जहमत नहीं उठा रहे हैं।
चार पहिया वाहनों की स्थिति तो और भी खतरनाक है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में 40-50 लोग बैठकर जल लेने आ रहे हैं। ट्रक, टैंपो, छोटा हाथी, कार आदि की स्थिति भी यही दिखाई पड़ रही है। जिसे जहां जगह मिल रही है वह वहीं बैठकर यात्रा कर रहा है। एसपी सिटी ममता बोहरा का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान किया जा रहा है।
नशे की जद में सरोवर नगरी की लड़कियां
स्मैक नैनीताल के लड़कों को बर्बाद तो कर ही रहा था अब लड़कियां भी इसके चपेट में आ गई हैं। पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि नामी संस्थानों में पढ़ रही छात्राएं नशा कर रही हैं। स्मैक लिए हर रोज 300 रुपये की जरूरत के लिए वह कुछ भी करने का तैयार हो जाती हैं। डहरिया में एक महिला स्मैक सप्लाई का धंधा कर रही है, एक संस्थान की 15 फीसदी छात्राएं भी पुलिस के रडार पर हैं। हीरानगर पुलिस ने चार दिन पहले स्मैक पी रहे युवकों का पीछा किया था, उनके साथ एक लड़की पांच फीट ऊंची दीवार फांदकर चली गई थी।
पुलिस ने दूसरे दिन उसी लड़की को टेंपो में स्मैक पीते पकड़ लिया, उसके साथ दो किशोर भी थे। पूछताछ करने पर लड़की ने बताया कि वह 11वीं में पढ़ती है। एक दिन डहरिया की एक महिला ने उसे बुलाया और स्मैक देकर कहा कि थोड़ा लो, मजा आएगा। छात्रा के अनुसार पहली बार स्मैक पीने में काफी मजा आया, नींद भी अच्छी आई। इसके बाद उसकी स्मैक पीने वाले किशोरों से दोस्ती हो गई। दो महीने में हालत ऐसी हो गई कि अब वह बिना चरस के नहीं रह सकती। छात्रा के अनुसार नशे की तलब होने पर शरीर में टूटन होने लगती है, खाना अच्छा नहीं लगता है।
विधानसभा और सचिवालय बनेंगे अभेद्य किले
उत्तर प्रदेश की विधानसभा में विस्फोटक मिलने के बाद उत्तराखंड विधानसभा एवं सचिवालय की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। ऐसी फूल प्रूफ व्यवस्था बनाई जा रही है ताकि गैर जानकारी में परिंदा भी पर न मार सके। इसके लिए विधानसभा का हर कोना सीसीटीवी कैमरा से सजाया जा रहा है ताकि कैमरे की नजर में हर गतिविधि रहे। व्यवस्था यहां तक की जा रही है कि वाहनों के प्रवेश पर भी सख्ती रूख अपनाया जाएगा।
नई व्यवस्था के अनुसार अब विधानसभा में केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही विधानसभा में नियमित पास के जरिए आने वालों की एंट्री को भी बायोमेट्रिक से जोड़ी जाएगी। इसके लिए विधानसभा द्वारा व्यवस्था की जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल द्वारा विधानसभा सभा एवं प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक में इस आशय के एक निर्देश दिए गए थे। इसी संदर्भ में विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा का औचक निरीक्षण भी किया ताकि कमियां उनकी जानकारी में आ सकें। यही कारण है कि उन्होंने विधानसभा सुरक्षा को दुरुस्त करने के लिए अहम कदम उठाने के निर्देश दिए थे। कर्मचारियों के अलावा अन्य व्यक्ति जो नियमित रूप से विधानसभा आते हैं और जिनका वार्षिक पास बनता है उन लोगों की भी बायोमीट्रिक एंट्री की जाएगी।
विधानसभा सचिव जगदीश चंद ने कहा कि सचिवालय सुरक्षा को लेकर पहले से ही नियम बने हैं,अब इन्हें सख्ती से लागू किया जाएगा। इसी कड़ी में सचिवालय को भी विधानसभा जैसा ही अभेद्य बनाया जाएगा ताकि अवांछित तत्व सचिवालय में प्रवेश न कर सकें। उत्तराखंड सचिवालय प्रशासन अपने कार्मिकों के अलावा अन्य विभागों के कार्मिकों, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश के मानक सख्त कर रहा है। पत्रकारों के प्रवेश के लिए भी पुरानी व्यवस्था को बदलने की कार्यवाही शुरू हो गई है।
मेडिकल में सरप्राइज सीटों पर भी मिलेगा राज्य के होनहारों को दाखिला
अगर आप नीट परीक्षा की बाधा पार कर चुके हैं और एमबीबीएस की सीट पर दाखिले की दौड़ में शामिल हैं, तो यह खबर आपके लिए है। अभ्यर्थियों को एमबीबीएस की राज्य कोटे की तय सीट से अलग भी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का तोहफा मिल सकता है। बीते वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो आल इंडिया कोटे की सीट खाली रहने पर स्टेट कोटे में तब्दील हुई हैं यानी इस बार भी सरप्राइज सीटों पर दाखिले की पूरी गुंजाइश है।
उत्तराखंड में तीन सरकारी मेडिकल कॉलेज है। इनमें श्रीनगर व हल्द्वानी में एमबीबीएस की 100-100 सीट हैं, जबकि दून मेडिकल कॉलेज में 150 सीट। इनमें 15 प्रतिशत ऑल इंडिया जबकि शेष राज्य कोटा है लेकिन अगर पिछले वर्ष के आंकड़ों पर गौर करें तो ऑल इंडिया कोटे की खाली सीटों का लाभ स्टेट कोटे पर दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों को मिला था। यहां अतिरिक्त सीट पर एडमीशन किए गए।
एमबीबीएस के दाखिले को मुकाबला इस साल भी कड़ा है। सरकारी व गैर सरकारी कॉलेजों में दाखिले को सैकड़ों दावेदार हैं लेकिन, उसमें विकल्प बेहद सीमित हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों की ओर बाहरी अभ्यर्थियों के कम रुझान को देखते हुए इस बार भी ऑल इंडिया की सीटें रिक्त रहने की संभावना है। इसका फायदा राज्य के अभ्यर्थियों को होगा। मेडिकल परीक्षा के विशेषज्ञ बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी का कहना है कि ऑल इंडिया काउंसिलिंग में रिक्त रहने पर सीट राज्य कोटे में भरी जाती है। वर्ष 2014 में आठ और 2015 में 15 सीट वापस हुई थी। गत वर्ष भी करीब 20 सीटों पर ऐसा ही हुआ। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बाहरी अभ्यर्थियों का यहां के कॉलेजों में रुझान कम होता है। इसका फायदा राज्य के अभ्यर्थियों को हो सकता है।
27 लोगों के खाते से बिना एटीएम कार्ड उड़ाए लाखों रुपये, हरकत में आई पुलिस
देहरादून में साइबर क्राइम का अब तक का सबसे बड़ा मामला सामने आया है। किसी ने शहर के अलग-अलग इलाकों के 27 लोगों के अलग-अलग बैंकों के खातों से लाखों रुपये उड़ा दिए। इसके बाद से पुलिस भी सकते में आ गई है।एटीएम कार्ड का डाटा चुराकर, खातों में सेंध लगाने के शहर में अब तक के सबसे बड़े मामले में साइबर क्रिमिनल्स ने अलग-अलग बैंकों के दर्जनों खाताधारकों के लाखों रुपयों पर हाथ साफ कर दिया।
शनिवार रात तक 27 एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी थीं, जिनमें करीब नौ लाख रुपए उड़ाए गए हैं। अलग-अलग थानों में शिकायत आने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।देर रात तक मिली जानकारी के मुताबिक थाना नेहरू कॉलोनी मेें सर्वाधिक 22, डालनवाला में तीन, सिटी कोतवाली में एक एफआईआर दर्ज हो चुकी थीं। एटीएम कार्ड क्लोनिंग के जरिए डाटा चुराकर वारदात अंजाम दी गई है। सभी खातों से कैश जयपुर (राजस्थान) के अलग-अलग एटीएम से निकाले गए हैं। जिनके खातों से कैश निकाले गए हैं उनके एटीएम कार्ड उन्हीं के पास हैं। वारदात का शिकार बने सभी पीड़ित थाना नेहरू कॉलोनी, डालनवाला, रायपुर और शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले है।
पुलिस को आशंका है कि अभी और मामले सामने आ सकते हैं। फिलहाल, एसएसपी ने एसओजी और साइबर थाने की संयुक्त टीम गठित कर उन्हें जयपुर भेज दिया है।
खातों से 2500 रुपये से लेकर 80000 रुपये तक की नगदी निकाली गईं हैं। सबसे ज्यादा मामले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाताधारकों के हैं। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, आईडीबीआई, आईसीआईसीआई के खाताधारक भी शिकार बने हैं। पीड़ितों के मुताबिक शुक्रवार देर रात पांच लोगों ने उनके खातों से कैश निकाले जाने की सूचना नेहरू कालोनी थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने आदतन इसे नजरअंदाज कर दिया। शनिवार को भी कई लोग नेहरू कॉलोनी थाने में इस तरह की शिकायतें लेकर पहुंचे। थाने में सुनवाई नहीं हुई तो कई लोग शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी ने सवाल किया तो पुलिस को होश आया।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीजेपी ने बनाये 12 दल
भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में राष्ट्रपति चुनाव के मतदान के लिए बनाई गई रणनीति। 5-5 विधायकों के 12 दल बनाए गए। प्रत्येक दल में एक टीम लीडर और 4 सदस्य। भाजपा के 57 विधायकों के आलावा 2 निर्दलीय विधायकों और एक मनोनीत विधायक को भी शामिल किया गया । हालांकि मनोनीत विधायक को राष्ट्रपति चुनाव में मत का अधिकार नहीं है । नैतिक समर्थन के लिए मनोनीत विधायक भी मतदान के दौरान रहेंगे मौजूद। भाजपा नेताओं के मुताबिक ये रणनीति मतदान के दौरान आपसी तालमेल के लिए बनाई गई है लेकिन समझा जा रहा है कि क्रॉस वोटिंग की किसी भी संभावना को ख़त्म करने के लिए भाजपा ने ये 12 दल बनाए हैं।
जन शिकायतों के निस्तारण के लिए लगेगा शिविर
आम जनता की शिकायतों को सुनकर त्वरित निस्तारण के लिए रुद्रपुर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शिविर लगाया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी प्रताप सिंह शाह ने बताया कि शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, समस्त विभागो के तहसील एवं विकास खण्ड स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे। ताकि शिविरों में आने वाली अधिकतर शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जा सकें।
ये शिविर 18 जुलाई को तहसील गदरपुर, 25 जुलाई को तहसील खटीमा, 01 अगस्त को तहसील काशीपुर, 16 अगस्त को तहसील सितारगंज, 22 अगस्त को तहसील बाजपुर, 29 अगस्त को तहसील किच्छा व 05 सितम्बर को तहसील जसपुर में तहसील दिवस/बहुउद्देशीय शिविरो का आयोजन प्रातः 10 बजे से किया जाएगा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती इन दो “भुलियों” की कहानी
दुनिया में बहुत कम लोगों को मौका मिलता है कि उनकी बनाई हुई रचना को उन्हीं के पसंदीदा कलाकार के जीवन में जगह मिले। लेकिन देहरादून की दो तान्याओं के साथ ये सुखद सपना सच हो गया। तान्या कोटनाला औऱ तान्या सिंह का ब्रेन चाइल्ड है “भुली” नाम का चित्रों का संग्रह।
एक ही नाम शेयर करने वाली देहारदून में पली बड़ी इन दोनों लड़कियों के बीच नाम के साथ-साथ देहरादून भी एक काॅमन फैक्टर है। हांलाकि दोनों की पढ़ाई की पृष्ठभूमि अलग है, पर अपनी जन्म भूमि के लिये कुछ खास करने की चाह दोनों में ही थी औऱ इसी चाह ने इरादा बन कर “भुली” को जन्म दिया।
न्यूजपोस्ट से बात करते हुए तान्या कोटनाला बताती हैं कि, “2015 में निफ्ट से पढ़ाई पूरी कर, जब में देहरादून आई तो मैने देखा कि उत्तराखंड में संस्कृति की झलक के पास वे प्लाटफाॅर्म नही है जो होना चाहिये। हमारे लिये ‘भुली’ एक सोच है, एक तरीका जिससे पहाड़ की संस्कृती और कला को देश दुनिया के नक्शे पर पहुंचाया जा सके।”

शुरुआती दिनों में तानया काॅलेज के रिसर्च पेपरों के लिये इलस्ट्रेशन बनाती थी। इसी दौरान उन्होंने लाल और नीले रंग मे एक पहाड़ी लड़की का चित्र बनाया और यहीं से शुरुआत हुई भुली की। ‘भुली’ का अर्थ, पहाड़ी बोली में छोटी बहन होता है।
वहीं इस जोड़ी की दूसरी सदस्य हैं तान्या सिंह। पेशे से न्यूट्रीशनिस्ट तान्या ने महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम किया है। भुली के चित्रों को तान्या कि किताब में भी देखा जा सकता है, तान्या कहती हैं कि, “इस समय हमारा फोकस महिला विकास, महिला स्वास्थ्य और महिला उद्यमियों को बढावा देने पर है। इसके साथ-साथ हम ऐसे प्रोडक्ट तैयार करना चाहते हैं जो बाजार में सही फिट बैठे। हमारा मकसद ऐसा कंटेंट तैयार करना है जिससे पहाड़ के लोगों को और खासतौर पर महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाया जा सके”
भले ही भुली कुछ महीनों पुराना ही हो, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय मंच पर इसने अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में एमस्टर्ड्रम के प्रसिद्ध मैडम टुसेड वैक्स संग्रहालय में मशहूर हाॅलिवुड अभिनेता जार्ज क्लूनी के पुतले के हाथों में भुली की कला ने जगह बनाई। उत्तराखंड में पलायन को लेकर लंबे समय से बहस चली आ रही है। चुनावों में ये एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा भी बनता है और चुनावों के बाद ये महज सोशल मीडिया और बहस का मुद्दा बनकर रह जाता है। अगर सही मायने में पलायन को रोकना है तो राज्य के युवाओं को आगे आकर और कई ‘भुली’ जैसे माॅडल तैयार करने होंगे जिससे पहाड़ों को एक अलग पहचान मिल सके।




























































