Page 647

देव भूमि में पनप रहा देह व्यापार

0

उत्तराखण्ड की शांत वादियों में अपराधिक गतिविधियां तेज होती जा रही है। देह व्यापार के गोरखधंधे ने उत्तराखण्ड देव भूमि को दागदार बना दिया है। लगातार उजागर होती देहव्यापार की गतिविधियों से जहां पुलिस सकते में हैं वहीं इस व्यापार से जुडे लोगों की पहुंच ऊँचे रसूक रखने वालों तक है। बाजपुर में उजागर हुए देहव्यापार के कारोबार से जनपद पुलिस चौकन्नी हो गयी है, पुलिस ने बाजपुर के एक होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला को हिरासत में लेने के साथ ही होटल मालिक व मैनेजर को गिरफ्तार किया।

कोतवाल वीडी उनियाल ने बताया कि, ‘मुखबिर सूचना पर नैनीताल-बाजपुरमार्ग पर बरहैनी,कीरत फैमिली होटल में छापा मारा गया। होटल मालिक मलकीत सिंह निवासी, नई कालोनी हजीरा व होटल मैनेजर रोहित,  निवासी टांडा बंजारा मंदिर के पीछे बाजपुर को एक युवती के साथ रंगरेलियां मनाते रंगेहाथ दबोचे गयें।

इसके बाद युवती व दोनों आरोपियों को पुलिस कोतवाली ले गई। जहां मामला दर्ज किया गया, युवती को महिला पुलिस संरक्षण में रखा गया है। पकड़ी गई युवती पश्चिम बंगाल की निवासी है। उसे बाजपुर की किसी रूपा नामक महिला ने अनैतिक कार्य करवाने के यहां बुलाया था। पुलिस अब रैकेट संचालक महिला की खोजबीन में जुट गई है।

जवान ने छेड़ी महिला तो ये हुआ हाल

0

चीन सीमा से सटे भारतीय पड़ाव गुंजी में तैनात पंजाब रेजीमेंट के एक जवान को गांव की महिला से छेड़खानी महंगी पड़ी। आक्रोशित महिलाओं ने जवान को पकड़कर चेहरे पर कालिख पोती और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, इस मामले में महिलाओं ने पुलिस थाने में तहरीर दी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुंजी गांव की ग्राम प्रधान अर्चना गुंज्याल ने बताया कि, ‘क्षेत्र में इस समय पारंपरिक पूजा-अर्चना का दौर चल रहा है, इसके तहत एक परंपरा महिलाओं के रात को नहाने और कपड़े धोने की है।’ गत रात करीब पौने दस बजे आसपास की महिलाएं नहाने के बाद कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान पंजाब रेजीमेंट का एक जवान एक दुकान पर सिगरेट खरीदने के बहाने पहुंचा और एक महिला से छेड़खानी करने लगा। शोर सुनकर साथ कपड़े धो रही महिलाओं ने उसे दबोच लिया।

जवान, महिलाओं को धक्का देकर भागने में सफल रहा, लेकिन महिलाओं ने उसका चेहरा पहचान लिया था। इस जवान को गुंजी के मलीना क्षेत्र में देख महिलाओं ने उसे दबोच लिया, उसके चेहरे पर कालिख पोत जूतों की माला पहना कर घुमाया। महिलाएं जवान को गुंजी पुलिस थाने तक खींच कर लाईं और पुलिस कर्मियों के सुपुर्द किया। इस मामले में महिलाओं ने जवान के खिलाफ तहरीर भी दी है।

इस मामले में थाना प्रभारी के थाना क्षेत्र से बाहर होने के कारण स्थानीय पुलिस कोई अधिकृत जानकारी देने से बच रही है। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अजय जोशी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में विभागीय कर्मचारियों की ओर से कोई सूचना अभी तक नहीं मिली है। ग्रामीणों ने जरूर इस बात की सूचना दी है।

उच्च हिमालय क्षेत्र होने के कारण थाना प्रभारी व थाने से संचार संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। पुलिस इस प्रकरण की जांच करेगी। दूसरी ओर सेना के एक अधिकारी ने कहा कि जवान के इस कृत्य की जांच की जा रही है। उधर ग्रामीणों का कहना है कि गुंजी में सेना और अद्र्धसैनिक बलों के जवान वर्षों से तैनात हैं, लेकिन आज तक ऐसी घटना सामने नहीं आई। इस तरह की हरकत करने वाले जवान पर कार्रवाई होनी चाहिए।

चाय बनाने वाले की बेटी बनना चाहती है पीसीएस

0
कुमाऊं विश्वविद्यालय की बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा में बीएसवी कन्या महाविद्यालय की छात्रा रवीना ने 75.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय टॉप किया है। मौहल्ला गुजरातियान निवासी रवीना के पिता सुनील कुमार चाय की दुकान चलाते हैं। रवीना पीसीएस अफसर बनकर देश सेवा करना चाहती है।

रवीना ने कक्षा छह से इंटरमीडिएट तकी की परीक्षा जीजीआईसी से की है। वह कक्षा में उसने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए प्रथम और द्वीतीय वर्ष में भी वह महाविद्यालय में नंबर वन पर रही है। रवीना पांच बहनों में दूसरे नंबर की है। अपने पिता की मेहनत से उसे प्रेरणा मिली। उसकी माता मंजू देवी गृहणी है।

कुविवि में बीए की परीक्षा में राधे हरि स्नात्कोत्तर महाविद्यालय काशीपुर की छात्रा राखी 73.53 प्रतिशत अंक लाकर विवि स्तर पर पांचवें स्थान पर रहीं। जसपुर के मोहल्ला नत्था सिंह निवासी राखी के पिता विपिन अग्रवाल सेल्समैन हैं। माता अनिता अग्रवाल ग्रहणी है। राखी की तमन्ना प्रशासनिक अधिकारी बनने की है। बीएसवी कन्या महाविद्यालय की छात्रा रिया भारद्वाज ने बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा में 72.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कुविवि स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त किया। उनके पिता गौरा फार्म निवासी सूर्य प्रकाश शर्मा कृषि कार्य करते हैं। माता सुनीता देवी गृहणी है। रिया प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती है।

बीएसवी कन्या महाविद्यालय की छात्रा वर्षा ने कुविवि की बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा में 72.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सातवां स्थान प्राप्त किया। मोहल्ला गुजरातियान निवासी वर्षा के पिता शिवअवतार टायर पंक्चर जोड़ने की दुकान पर काम करते है, जबकि माता रीता देवी ग्रहणी है।

वर्षा शिक्षिका बनकर सरकार के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाना चाहती हैं। उसने हाईस्कूल इंटरमीडिएट की परीक्षा भी प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण की थी। उधर, इसी महाविद्यालय की छात्रा नेहा चौहान ने 72.40 प्रतिशत अंक प्राप्त करके विश्वविद्यालय में आठवां स्थान प्राप्त किया है।

ऋषिकेश में बढ़ रहा स्मैक करोबार

तीर्थ नगरी ऋषिकेश में लगातार नशे के कारोबार बढ़ता जा रहा है, बड़ी सख्या में युवा पीढ़ी इस दलदल में फस्ती जा रही है। इस कारोबार को रोकने के लिए ऋषिकेश पुलिस अब और सख्ती से काम कर रही है इसी कड़ी में तीर्थनगरी पुलिस को उस वक़्त कामयाबी हाथ लगी जब चेकिंग के दौरान पुलिस के हाथों दो स्मेक तस्कर धरे गए।

आपको बता दे पिछले कई दिनों से पुलिस को स्मैक तस्करों की तलाश थी, लगातार सूचना मिलने के बावजूद तस्कर पुलिस के हाथों से दूर थे लेकिन ऋषिकेष पुलिस अधीक्षक द्वारा नशे के विरुद्ध में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस को सीमा डेंटल कॉलेज के सामने बिना नंबर की पल्सर बाइक दिखी, जिसके बाद दो युवक स्मैक की तस्करी करते हुए पकड़े गए।

दोनों के पास से 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई जिसकी कीमत बाजार में 25 हजार बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, मामले की जांच कर रहे अधिकारी हेमंत खंडूरी ने बताता की दोनों आरोपी पिछले कई समय से स्मैक की तस्करी कर रहे थे, फिलहाल इन्हें हिरासत में लिया गया है उसके बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएग

 

रिजल्ट सुधारने को लगेगी प्रधानाचार्यों की ‘पाठशाला’

0

सरकारी स्कूलों की हालात सुधारने को शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। सबसे पहले स्कूलों की कमान संभालने वाले प्रधानाचार्यों को रिजल्ट सुधारने के लिए पाठशालाएं लगाई जाएंगी। इसमें शासकीय और अशासकीय स्कूलों के प्रधानाचार्यों को अलग-अलग क्लास दी जाएगी। इसके लिए दो अगस्त और चार अगस्त का समय निर्धारित किया गया है।

उत्तराखंड में अन्य बोर्ड की तुलना में प्रदेश बोर्ड के परिणाम काफी निम्न रहता है। परीक्षाओं में निजी स्कूलों के बच्चे बेहतर रिजल्ट देने में सरकारी स्कूल से आगे रहते हैं। जिस वजह से हर बार शिक्षा विभाग पर सवाल खड़े होते रहे हैं। सरकार के अच्छे-खासे बजट खर्च करने के बाबजूद सरकारी स्कूलों के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने इस साल सत्र के शुरुआत में ही रिजल्ट सुधारने को लेकर स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ मिलकर योजनाओं पर काम करने का फैसला लिया है। योजना का आगाज दो अगस्त से होगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एसबी जोशी सबसे पहले शासकीय स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ मिलकर रिजल्ट सुधारने को लेकर उठाए जाने वाले कदम को लेकर मंथन करेंगे। इसके अलावा बैठक में स्कूलों की परेशानियां, स्कूलों के हालात सुधारने, आंतरिक परीक्षाएं, छात्रवृत्ति को लेकर, बोर्ड परीक्षाओं को लेेकर भी बैठक में विचार-विमर्श करेंगे। शासकीय स्कूलों के अलावा अशासकीय स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ भी रिजल्ट को सुधारने को लेकर जरूरी कदम उठाने पर बातचीत की जाएगी।

गजब: वेतनमान यूजीसी का, मानकों को भूली आयुर्वेद यूनिवर्सिटी

0

उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के विभिनन पदों पर भर्ती के लिए निकाली गई विज्ञप्ति में नया विवाद खड़ा हो गया है। यूनिवर्सिटी में विज्ञापित असिस्टेंट एसोसिएट व प्रोफेसर के पदों पर वेतनमान तो यूजीसी का रखा गया है लेकिन मानक अलग-अलग रखे गए हैं। बीते साल की विज्ञप्ति के हिसाब से उम्र सीमा में भी बदलाव किया गया है। जिससे आवेदकों में भारी रोष व्याप्त है।

यूनिवर्सिटी के शैक्षिक और चिकित्सालय संवर्ग के पदों पर एक बार फिर शुरू होने जा रही नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे हैं। यूनिवर्सिटी के मुख्य परिसर, देहरादून, ऋषिकुल, गुरुकुल परिसर हरिद्वार में भर्ती प्रक्रिया के लिए जारी की गई विज्ञप्ति में असिस्टेंट और प्रोफेसर पदों के लिए वेतनमान तो यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन के नियमों पर रखा गया लेकिन मानकों के मामले में नियमों को अनदेखा किया जा रहा है। आयुर्वेद यूनिवर्सिटी ने शैक्षिक, तकनीकी व नर्सिंग संवर्ग सहित विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी की है। इसके तहत शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक पदों पर भर्ती होनी है। जारी की गई विज्ञप्ति में कोड संख्या एक से 18 तक विज्ञापित असिस्टेंट, एसोसिएट व प्रोफेसर के पदों को दिया जानेवाला वेतनमान तो यूजीसी का है पर मानक नहीं, जबकि पद कोड संख्या 19 से 23 पर विज्ञापित बायोटेक्नोलॉजी, सेल्युलर एंड मॉलीक्यूलर बायोलॉजी, ह्यूमन एंड आयुर्वेदिक बायोलॉजी, क्लिनिकल फार्माकोलॉजी व फायटोकेमिस्ट्री जैसे पदों पर यूजीसी के मानक अपनाए गए है। एक ही विज्ञापन में वेतनमान तो सभी पदों पर यूजीसी के अनुसार दिया जाएगा लेकिन मानकों में विभिन्नता है.. यानी सहूलियत के हिसाब से मानक बना दिए गए।
आरक्षण के रोस्टर में भी पुरानी विज्ञप्ति और नई विज्ञप्ति में भिन्नता है यानी पिछली बार जिस अभ्यर्थी ने प्रोफेसर काय चिकित्सा, असिस्टेंट प्रोफेसर फीजियोलॉजी के लिए सामान्य श्रेणी में आवेदन किया था, इस विज्ञापन में उसे आरक्षित कोटे में डाल दिया। खास बात यह इन पदों के लिए तय उम्र सीमा को भी बदल दिया गया। आवेदकों ने आरोप लगाया कि यह कदम योग्य अभ्यर्थी आवेदन करने से ही वंचित रह जाएं इस मंशा से उठाया गया हैं।
विज्ञापन में मजेदार यह है कि अस्पताल में स्टाफ नर्स, पंचकर्म थेरेपिस्ट आदि तो 42 साल तक की उम्र के चलेंगे लेकिन चिकित्साधिकारी यानि डॉक्टर 35 साल की उम्र सीमा का ही चलेगा, यानी नर्स (2 साल की डिप्लोमा वाली) बुजुर्ग हो तो कोई बात नहीं पर डाक्टर जवान चाहिए जबकि एक चिकित्सक को पढ़ते लिखते ही 35 साल हो जाते हैं।
पिछले वर्ष के विज्ञापन में इन सभी पदों पर एक समान यूजीसी के वेतनमान के अनुसार योग्यता और अधिकतम उम्र सीमा रखी गई थी। असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए अधिकतम उम्र सीमा 45 साल थी जिसे नई विज्ञप्ति में घटा कर 40 साल कर दिया है, यानी 40 से 45 साल की उम्र के आवेदक इन पदों पर आवेदन करने से ही वंचित रह जाएंगे। पिछले वर्ष के विज्ञापन में एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के विज्ञापित पदों में यूजीसी के मानकों के अनुरूप अधिकतम उम्र सीमा निर्धारित नहीं की गई थी। जबकि इस साल यह भी निर्धारित की गई है। आवेदकों ने पूरे मामले को यूनिवर्सिटी द्वारा सोची समझी योजना करार दिया। मामले में आवेदकों ने न्यायालय की शरण में जाने की बात कही है।

दून पुलिस ने महिला क्रिकेटर ‘मानसी जोशी’ को किया सम्मानित

0

भारतीय किक्रेट टीम की स्टार खिलाडी “मानसी जोशी ” जी के सम्मान समारोह का कार्यक्रम आज पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित किया गया जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा मानसी जोशी व उनके कोच विरेन्द्र सिंह रौतेला को का स्वागत किया गया। उसके पश्चात विभिन्न स्कूलों से आये बच्चों द्वारा मानसी जोशी जी से प्रश्न पूछे गये जिनका उनके द्वारा उत्तर दिया गया व उनके द्वारा सभी सुन्दर दून के वासियों से अपील की गयी कि “सडक को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें ,यातायात नियमों का पालन करें, जीवन अनमोल है सडक पर सावधानी पूर्वक वाहन चलाए, नशा छोडें, राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें व दून पुलिस द्वारा चलाये जा रहे नशा विरोधी अभियान से जुडे”
इसके पश्चात पुलिस लाइन देहरादून के प्रांगण में मानसी जोशी जी द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून , पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाईन/सदर/नगर व विभिन्न स्कूलों से आये छात्र-छात्रा व रिकू्ट महिला आरक्षी मौजूद थे।

डीएवी के प्रिसिंपल डा.भसीन ने चार के खिलाफ किया गबन का मुकदमा

0

रविवार को कोतवाली डालनवाला पर वादी डॉ0 देवेंद्र भसीन, प्राचार्य D.A.V. (PG) कॉलेज द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें उनके द्वारा

  • तत्कालीन प्राचार्य डॉक्टर दिनेश कुमार
  • डॉक्टर रंजना रावत
  • छात्रवृत्ति प्रभारी पीयूष भटनागर
  • आर0के0 सिंह

अन्य के विरुद्ध अनुसूचित जाति के छात्रों की छात्रवृत्ति की धनराशि, जो कि समाज कल्याण विभाग देहरादून द्वारा प्रदत की गई थी, को लेकर धोखाधड़ी व कूटरचना से 02 करोड़ 36 लाख ₹ गबन करने के संबंध आरोप लगाये गए थे, जिसमे बाद जांच थाना डालनवाला पर मुकदमा अपराध संख्या 183/17 धारा 420/ 409/467/468 /471 भादवि बनाम डॉ0 दिनेश कुमार व अन्य के विरुद्ध पंजीकृत किया गया। जिसकी जांच प्रचलित है।

शराब ठेके के विरोध में युवक ने खाया जहर

0

कनखल थाना क्षेत्र में शराब के ठेके के विरोध में धरने पर बैठे ग्राम मिस्सरपुर निवासी गुलशन सैनी ने ठेके के विरोध में जहर खा लिया। गुलशन को गंभीर हालत में रामकृष्ण मिशन चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। युवक ने जिस समय जहर खाया उस समय हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद मौके पर मौजूद थे। युवक घर के पास शराब का ठेका खोले से परेशान था।

जगजीतपुर स्थित ठेके को ग्राम मिस्सरपुर में खोल दिया था, तभी से युवक शराब ठेका खोले जाने का विरोध कर रहा था। युवक ने जहर खाने से पूर्व सुसाइड नोट भी तैयार कर लिया था। घटना से पूर्व पुलिस धरना दे रहे लोगों को मनाने भी पहुंची थी, इसी बीच युवक व पुलिस के बीच कहासुनी हो गई और युवक ने जहर खा लिया। युवक को तत्काल स्थानीय रामकृष्ण मिशन चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

वहीं, हरिद्वार ग्रामीण से विधायक स्वामी यतीश्वरानंद का कहना है कि शराब का ठेका गलत खोला गया है। ठेके को हटाने के लिए युवक लगातार अनुरोध करता चला आ रहा था। उन्होंने कहा कि प्रशासन के ठेकेदार से मिले होने के कारण ठेका नहीं हटाया जा रहा था, जो घटित हुआ उसके लिए अधिकारी दोषी हैं। वहीं घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष है। 

नंदा देवी लोकजात की तैयारियां शुरू

0

चमोली जिले के सिद्धपीठ कुरुड़ से आगामी अगस्त से शुरू होने वाली नंदा देवी लोकजात यात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को कुरुड़ में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लोकजात यात्रा के संचालन के लिये संचालन समिति का गठन किया गया। जिसमें पंकज गौड़ अध्यक्ष, गुड्डी देवी उपाध्यक्ष, सत्या प्रसाद गौड़ कोषाध्यक्ष, राकेश गौड़ व पंकज गौड़ सचिव, प्रकाश गौड़, सुरेंद्र बिष्ट, सुनील कुमार, संरक्षक कमलेश गौड़ तथा देवकी देवी, भवान सिंह, पूनम देवी, संगीता, नंदी व मंशाराम को सक्रीय सदस्य चुना गया। इस दौरान लोकजात यात्रा से पूर्व आयोजित होने वाले मेले के संचालन के लिये स्वागत समिति, अनुशासन समिति, स्वच्छता समिति, व्यवस्थ समिति, यातायात व व्यापार समिति और सांस्कृति समिति का भी गठन किया गया।
नव निर्वाचित मेला अध्यक्ष पंकज गौड़ ने कहा कि नंदा देवी लोकजात आयोजन से पूर्व 13 अगस्त से कुरुड़ मंदिर में देवी की विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही यहां मंदिर में मेले का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें पूजा अनुष्ठानों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।