Page 645

छापे के दौरान डीएम के तेवर सख्त

0

डीएम को भी झूठ बोल रहे हो, झूठ बोलने पर मुझे गुस्सा आता है। कुछ इस तेवर के साथ हरिद्वार, जिलाधिकारी दीपक रावत ने मंगलवार को तहसील परिसर में वेंडरों को दिखाये। एक स्टांप वेंडर के यहां अचानक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने कांउटर और दुकान के भीतर रखे सभी स्टांप को कब्जे में लेने के आदेश दे दिये। स्टांप की गिनती की जा रही है, स्टांप की संख्या में कमी पाये जाने पर कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दे दिये हैं।

मंगलवार को तहसील दिवस पर आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक रावत तहसील परिसर में पहुंचे। कार्यक्रम में जाने से पूर्व जिलाधिकारी ने तहसील गेट के पास एक स्टांप वेंडर के बस्ते पर पहुंचकर औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। स्टांप वेंडर से सभी स्टांप दिखाने को कहा। वेंडर को रजिस्ट्रर दिखाने को कहा गया। डीएम ने जब स्टांप वेंडर को अलमारी और दूसरे स्थान पर रखे स्टांप को दिखाने को कहा तो वेंडर ने कुछ इधर-उधर की बात करने लगा। इस बात पर डीएम ने कहा कि तुम डीएम से भी झूठ बोल रहे हो। झूठ बोलने पर मुझे गुस्सा आता है। डीएम के इन तेवरों को देख तहसील परिसर में हडकंप मच गया। सभी वेंडरों ने अपने बस्तों को बंद कर दिया।

डीएम रावत और सिटी मजिस्ट्रेट जय भारत सिंह व प्रशासन की पूरी टीम वेंडर के स्टांप की तलाश करने लगी। बस्ते और सभी दुकान में रखे सभी स्टांप को प्रशासन की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए डीएम दीपक रावत ने बताया कि, ‘करीब एक माह पूर्व तहसील का निरीक्षण किया था, सभी वेंडरों को नाम और स्टांप की संख्या को बोर्ड पर लिखने के आदेश दिये थे। जनता की शिकायत है कि स्टांप नहीं मिल रहे है, इसी के चलते निरीक्षण किया गया है। सभी स्टांप का रजिस्ट्रर से मिलान किया जा रहा है। यदि कमी पाई गई तो लाईसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।’

पंजाब पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले को पकड़ा

0

पंजाब पुलिस ने जालन्धर से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले व्यक्ति को नई टिहरी से पकड़ा है। आरोपी राजकुमार नई टिहरी में अपने परिवार के साथ छिपकर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, जालंधर के डिवीजन-एक थाना में 10 जून को राजकुमार के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद से पुलिस ने उसका फोन सर्विलांस पर लगाया था। सर्विलांस के आधार पर मंगलवार को जालंधर पुलिस नई टिहरी पहुंची और आरोपी को दबोच लिया।

जालंधर के व्यापारी सुरजीत, मनदीप, अनिल, रणवीर आदि ने मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाली टिहरी में जालंधर पुलिस राजकुमार को पंजाब ले जाने की औपचारिकताएं पूरी कर रही है। जालंधर पुलिस के मुताबिक आरोपी ने व्यापारियों से सब्जी उधार लेकर करोड़ों रुपये का चूना लगा चुका था। चार साल से व्यापारी उससे पैसे लेने के लिए चक्कर काट रहे थे, इस बीच वह शहर छोड़कर भाग गया था। 

हत्यारोपी को आजीवन कारावास की सजा

0

जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप पंत की अदालत ने सोमवार को हुसैनपुरा पटियाला पंजाब निवासी रेशम सिंह को अपने साले गुरुजीत सिंह की हत्या के मामले में दोषी पाते हुए आजीवन कारावास तथा अर्थदंड से दंडित किया है।

अभियोजन पक्ष की ओर से मामले की पैरवी करने वाले सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप बद्रवाल ने बताया कि अभियुक्त रेशम सिंह अपने साले गुरुजीत सिंह को 24 अगस्त 2011 को मोटर साइकिल से हेमकुंड साहिब यात्रा के बहाने हत्या करने के लिए लाया था। मुलजिम रेशम सिंह ने 25 अगस्त को कर्णप्रयाग के पास बद्रीनाथ मार्ग पर चाकू से आठ वार कर गुरुजीत सिंह की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव व चाकू को झाड़ियों में फेंक दिया गया।

26 अगस्त को वन विभाग के कर्मियों द्वारा झाड़ियों में शव होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस द्वारा शव बरामद किया गया जिसकी शिनाख्त मृतक के कपड़ो और फोटो से मृतक के पिता हरवंश सिंह द्वारा की गई। पुलिस ने मामले की छानबीन कर मामले को जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में पेश किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में विचारण के बाद मामले में रेशम सिंह को गुरुजीत सिंह की हत्या का दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है तथा अर्थदंड से भी दंडित किया गया है। 

समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर उठाए सवाल

0

जहां एक तरफ बीजेपी प्रदेश में अपने कामों की चर्चा करती थक नही रही तो वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने बीजेपी सरकार के छह महीने पूरे होने पर जमकर निशाना साधना शुरू कर दिया है। ऋषिकेष स्थित प्रेस भवन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्य्क्ष कुलदीप सिंह रावत द्वारा प्रेस वार्ता की गई जिसमें उन्होंने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने वादों पर खरी नही उतरी।

सरकार को 6 महीने होने वाले है लेकिन अभी तक सरकार ने कोई काम नही किया है अगर ऐसा ही चलता रहा तो प्रदेश की स्थिति काफी खराब हो जाएगी- यदि सरकार इस तरह करती रही तो सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन करेंगे, उन्होंने बताया की 9 अगस्त से हम “भाजपा भगाओ प्रदेश बचाओ” आंदोलन करेंगे।

 

तालाब में मिली लाश से हडकम्प

0

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित एक तालाब से युवक का शव बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर हत्या के बाद शव तालाब में फेंक दिया गया। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है, सुबह पुलिस को ट्रांजिट कैंप शिव नगर में झील के सामने स्थित तालाब में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। इस पर एसएचओ एमपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

इस बीच ट्रांजिट कैंप के कुछ लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने युवक की शिनाख्त चंद्रपाल, निवासी कुटिया, थाना केमरी, रामपुर के रूप में की। यह युवक ट्रांजिट कैंप में रहकर सिडकुल औद्योगिक आस्थान में काम करता था। उसकी बहन व अन्य रिश्तेदार भी वहां रहते है।

सोमवार सुबह वह सबसे मिलने के बाद फैक्ट्री गया था। इसके बाद आज उसका शव बरामद हुआ, सूचना पर परिजन भी वहां पहुच गए थे। मृतक का शरीर नीला पड़ गया था, माना जा रहा है गला दबा कर उसकी हत्या की गईं है। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

अब जीपीएस के जरिये रखी जायेगी स्वच्छ उत्तराखंड पर नजर

0
government to check cleanliness through app

प्रदेश में अब स्वच्छता अभियान की निगरानी मोबाइल एप और जीपीएस सिस्टम के जरिये की जाएगी। इसके लिए बीएसएनएल और शहरी विकास निदेशालय के बीच अनुबंध किया जाएगा। इसके तहत कूड़ा उठान और इसे डंप करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन देख कर भी सफाई की स्थिति का पता चल सकेगा।

योजना के पहले चरण में सभी छह नगर निगमों देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, काशीपुर और हल्द्वानी तथा सात प्रथम श्रेणी के नगरों नैनीताल, मसूरी, ऋषिकेश, रामनगर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा व पौड़ी को प्रयोग के तौर पर रखा जाएगा। इस व्यवस्था के अंतर्गत

  • नगर की सफाई व्यवस्था की कंप्यूटर डैश बोर्ड व जीपीएस के माध्यम से निगरानी की जाएगी
  • सफाई कर्मचारी मोबाइल से फोटो खींच कर सफाई की स्थिति अपलोड करेंगे
  • शहरों में यह सुविधा नागरिकों को भी दी जाएगी
  • इसके तहत सफाई वाहन कहां-कहां गए, इसकी जानकारी भी रखी जाएगी
  • सफाई वाहन के लॉग बुक को भी क्रास चैक किया जाएगा

देश की ही तरह राज्य में भी सरकार की कार्यशैली में ज्यादा से ज्यादा तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के कवायद चल रही है। मुख्यमंत्री ने भी अधिकारियों को तकनीक का इस्तेमाल कर गुणवत्ता और काम के समय में तेजी लाने को कहा है। ऐसे में इस तरह का ऐप्प जरूर कारगर साबित होगा। लेकिन इन सभी की पूरी कामयाबी का दारोमदार इस बात पर निर्भर करता है कि राज्य की आम जनता सफाई रखने में सरकार का कितना साथ देती है।

दून में बीएसएनएल की वाई-फाई सेवा शुरू

0

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) उत्तराखंड परिमंडल ने देहरादून में वाई-फाई सेवा शुरू कर दी है। फिलहाल राज्य के अलग-अलग शहरों में 20 स्थानों पर सेवा के लिए उपकरण स्थापित किए गए हैं, जल्द 40 और स्थानों पर उपकरण लगाए जाएंगे। इस सेवा का लाभ बीएसएनएल के प्रीपेड, पोस्टपेड, मोबाइल एवं ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं के साथ ही अन्य ऑपरेटरों के मोबाइल उपभोक्ता भी ले सकते हैं।

मंगलवार को विंडलास कॉम्प्लेक्स स्थित मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बीएसएनएल के सीजीएम महक सिंह ने बताया कि उपभोक्ता इस सेवा के तहत 4जी प्लस की गति से इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकते हैं। बीएसएनएल ने 20 स्थानों पर वाई-फाई उपकरण स्थापित किए हैं। इनमें देहरादून में सात, अल्मोड़ा में तीन, हरिद्वार में तीन, नैनीताल में दो, नई टिहरी में दो और श्रीनगर गढ़वाल में तीन संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

देहरादून में इंजीनियर एन्क्लेव, आइटीबीपी, सुभाष नगर, नेहरू कालोनी, बंजारावाला, राजीव नगर व जौलीग्रांट में वाई फाई सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही उपभोक्ता इन वाई-फाई के कवरेज क्षेत्र में आएंगे तो उन्हें तीन विकल्प दिखाई देंगे, बीएसएनएल वाई फाई, बीएसएनएल 4जी प्लस और बीएसएनएल ब्रॉडफाई। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता अनुसार कोई भी एक विकल्प चुनकर इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकता है। इन 20 स्थानों के अतिरिक्त उत्तराखंड में 40 और स्थानों पर भी वाई-फाई सेवा शुरू की जाएगी।

सीजीएम ने जानकारी दी कि बीएसएनएल ने लैंडलाइन व ब्रॉडबैंड सेवाओं में लैंडलाइन 49 और ब्रॉडबैंड 249 प्लान की अवधि 30 सितम्बर तक बढ़ा दी है। नए लैंडलाइन व ब्रॉडबैंड संयोजनों पर स्थापना शुल्क एक वर्ष तक नहीं लिया जाएगा। ब्रॉडबैंड में यदि कोई उपभोक्ता 675 रुपये या इससे अधिक प्रतिमाह का प्लान लेता है और बीएसएनएल से 1500 रुपये का वाई-फाई मॉडम खरीदता है तो उस उपभोक्ता को मॉडम की कीमत वापस कर दी जाएगी। यह 50 रुपये प्रतिमाह की किश्तों में तीस माह तक वापस की जाएगी।

साथ ही, मंगलवार से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लैंडलाइन पर मिलने वाली नि:शुल्क कॉल की संख्या दोगुनी कर दी गई है। लैंडलाइन में एक नया प्लान लैंडलाइन 299 नाम से शुरू किया जा चुका है। इसके तहत 299 रुपये प्रतिमाह शुल्क लिया जाएगा और किसी भी नेटवर्क पर 250 कॉल नि:शुल्क दी जाएगी। इसके बाद किसी भी नेटवर्क पर प्रति कॉल शुल्क 1.20 रुपये होगा।

आधा किलो कीड़ा जड़ी के साथ एक गिरफ्तार

0
keedajadi smuggler arrested

चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने आधा किलो कीड़ा जड़ी के साथ एक नेपाली को गिरफ्तार किया गया। पकड़ी गई कीड़ा जड़ी कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 7 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई।

पुलिस अधीक्षक चमोली तृप्ति भट्ट ने बताया कि जनपद में अवैध कार्यों के विरुध चलाये जा रहे अभियान के तहत मंगलवार की सुबह नियमित चेकिंग के दौरान नेपाली मूल के मान सिंह के पास से आधा किलो कीड़ा जड़ी बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 7 लाख 30 हजार के आसपास है। बताया कि पकड़े गये आरोपी पर वन अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। 

संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत

0
student died in suspicious condition

मंगलवार को समय 08:45 बजे विपिन आहूवालिया, प्रशासनिक अधिकारी, यूनिसन वर्ल्ड स्कूल द्वारा थाना राजपुर को सूचना दी की उनके स्कूल के होस्टल में रहने वाली एक लड़की, जिसका नाम मानवी अग्रवाल पुत्री वीरेंद्र सिंह अग्रवाल निवासी कृष्णा नगर वार्ड नंबर- 02 कपिलवस्तु, नेपाल हाल- यूनिसन वर्ल्ड स्कूल राजपुर, उम्र 14 वर्ष, सवेरे व्यायाम के दौरान बेहोश हो गई। जिसे स्कूल स्टाफ द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल उपचार हेतु मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां दौराने उपचार उसकी मृत्यु हो गयी।

पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम  कार्यवाही की जाएगी।

एक ही दिन में दो परीक्षाएं, छात्र परेशान

0
same exam dates leave students in mess

एक ही दिन में दो परीक्षाएं होने से अभ्यर्थी असमंजस में हैं। आवेदन करने वाले किस परीक्षा में शामिल हों और किसे छोड़े इस बात को लेकर काफी परेशान हैं, जबकि भविष्य के लिहाज से दोनों ही परीक्षाएं महत्वपूर्ण हैं। यदि तिथि में बदलाव न हुआ तो कई अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित हो जाएंगे।
कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड (आईआईएफटी) की प्रवेश परीक्षा इस बार एक ही दिन पड़ रही है। आईआईएफटी ने 26 नवंबर को प्रवेश परीक्षा कराने की घोषणा की है, जबकि कैट की प्रवेश परीक्षा भी इसी दिन होनी है। ऐसा पहली बार है जब मैनेजमेंट की दो राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं एक ही दिन हो रही हैं। इससे छात्र परेशान हैं कि कौन सी परीक्षा में बैठें।
आईआईएफटी अपने दिल्ली और कोलकाता कैंपस में दाखिले के लिए एंट्रेंस एग्जाम कराता है। जबकि कैट के जरिए समस्त आईआईएम के अलावा कई बड़े बिजनेस स्कूलों में प्रवेश का मौका मिलता है। गत वर्षों में आईआईएफटी अपनी परीक्षा पहले कराता था। उसके एक सप्ताह बाद कैट होता था। पिछली बार कैट दिसंबर में हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए आईआईएफटी ने 26 नवंबर को परीक्षा की तिथि घोषित की थी। कैट की आयोजन समिति ने भी परीक्षा इसी दिन रख दी।
करियर लॉन्चर के निदेशक अमित मित्तल ने बताया कि मैनेजमेंट के छात्रों के लिए यह दोनों ही परीक्षा महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों ने आईआईएफटी और कैट प्रशासन को ई-मेल किया है। इसमें परीक्षा की तिथि में बदलाव की मांग की गई है। संभवत: आईआईएफटी प्रशासन परीक्षा की तिथि में बदलाव करेगा क्योंकि आईआईएफटी के परीक्षा केंद्र कम होते हैं, जबकि कैट के परीक्षा केंद्र अपेक्षाकृत ज्यादा होते हैं।