Page 642

वेब सीरीज में सैफ के साथ राधिका आप्टे

0

सैफ अली खान के साथ राधिका आप्टे इन दिनों निखिल आडवाणी की प्रोडक्शन कंपनी में बन रही फिल्म बाजार में काम कर रही हैं। अब खबर आ रही है कि बाजार के बाद सैफ अली खान के साथ राधिका आप्टे एक बार फिर काम करेंगी, लेकिन इस बार ये जोड़ी एक वेब सीरीज के लिए एक होने जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, नेटफिल्क्स कंपनी द्वारा बनाई जाने वाली थ्रिलर सीरिज स्केयर्ड गेम्स में ये दोनों कलाकार मुख्य भूमिकाएं निभाने के लिए तैयार हो गए हैं। सैफ अली खान पहली बार बेव सीरिज से जुड़ने जा रहे हैं, जबकि राधिका अतीत में कई सीरिज कर चुकी हैं।

सैफ-राधिका की जोड़ी भारत के मशहूर उपन्यासकार विक्रम चंद्रा द्वारा लिखित उपन्यास पर आधारित है, जिसका टाइटल स्केयर्ड गेम्स है। राधिका आप्टे इन दिनों अक्षय कुमार के साथ बन रही फिल्म पैडमैन को लेकर भी चर्चा में हैं। इस फिल्म में वे अक्षय कुमार की पत्नी का रोल कर रही हैं। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट प्रोडक्शन का काम जारी है। 

उद्योगों के लिए उत्तराखंड में बेहतर माहौलः सीएम

0

उत्तराखंड में उद्यम स्थापित करने और संचालित करने के लिए सरकार बेहतर माहौल मुहैया करा रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को नागपुर में राज्य में निवेश के सम्बन्ध में विदर्भ इण्डस्ट्रियल एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना तथा व्यवसाय के लिए सुगम वातावरण बनाने के लिए भारत सरकार की ‘ईज ऑफ डूईंग बिजनेस’ नीति के तहत काम कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की 2016 की रैंकिंग में उत्तराखण्ड हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान और देश में प्रथम 10 राज्यों में शामिल है। राज्य ने सुधार क्षेत्रों में 10 में से 07 क्षेत्रों में शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की है।
मंगलवार को नागुपर में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ‘उत्तराखण्ड एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन व्यवस्था’ लागू है। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत प्राप्त आवेदनों के निस्तारण एवं निगरानी के लिए राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय प्राधिकृत समिति और जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला प्राधिकृत समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि एकल खिड़की व्यवस्था के तहत राज्य एवं जिला प्राधिकृत समिति सभी निर्णयों लेने में पूर्णतः सक्षम है। 10 करोड़ रूपये तक की परियोजनाओं के प्रस्तावों पर जिला स्तर पर ही सभी स्वीकृतियां सुनिश्चित कराई जाती हैं। उद्यमियों की सुविधाओं हेतु उद्योग निदेशालय स्तर पर इन्वेस्टर फैसिलिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है। राज्य में स्टार्टअप के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ‘उत्तराखण्ड राज्य के स्टार्ट-अप नीति-2017’ बनाई गई है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य में पूंजी निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए एमएसएमई नीति स्वीकृत की गई है। बड़े उद्यमों के लिए अलग से ‘मेगा इण्डस्ट्रियल एण्ड इन्वेस्टमेंट पालिसी’ तथा ‘मेगा टैक्सटाइल पार्क पालिसी’ लागू की गई है। इसके अलावा, एक्सकार्ट फार्म, काशीपुर में नालेज हब, प्रदूषण रहित उद्योग की स्थापना तथा भारत सरकार के सहयोग से सितारगंज में 40 एकड़ भूमि पार्क की स्थापना का कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने एसोसिएशन के सदस्यों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार अपनी नीतियों के साथ-साथ निवेशकों के लिए संस्थागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार संस्कृति ग्राम विकसित करने के लिए योजना बना रही है, जिससे पर्यटकों को राज्य की विशेषताओं, संस्कृति, रहन-सहन एवं पारम्परिक पोषाकों तथा शिल्प की झलक एक स्थान पर मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य के कई क्षेत्रों में कलस्टर विकास की प्रबल सम्भावनाएं है। कृषि आधारित उद्योग, ईको-टूरिज्म, साहसिक खेलों, बागवानी, आरोग्य केन्द्र, औषधीय तथा सुगंधित पौंध आधारित उद्योग, फूलों की खेती, जैविक उत्पादों की खेती आदि की स्थापना से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
विदर्भ इण्डस्ट्रियल एसोशियेशन ने एग्रो, पर्यटन, प्लास्टिक तथा पैकेजिंग उद्योगों की स्थापना में निवेश की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर विदर्भ इण्डस्ट्रियल एसोशियेशन के अध्यक्ष अतुल पाण्डे, उपाध्यक्ष सुरेश राठी, मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार डॉ. केएस पंवार, अपर निदेशक उद्योग एससी नौटीयाल, विशेष कार्याधिकारी मुख्यमंत्री अभय रावत, अर्नस्ट एंड यंग के कन्सल्टेंट कनन विजय उपस्थित रहे।

जिले में निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए मिली 6984.52 लाख की राशि

0

शहरी विकास मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान समिति द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं के लिए वार्षिक जिला योजना वर्ष 2017-18 के लिए 6984.52 लाख रुपये की धनराशि का अनुमोदन किया गया।
मंगलवार को राजपुर रोड स्थित मंथन सभागार में आयोजित बैठक में जिला नियोजन समिति के सदस्यों द्वारा जानकारी दिया गया कि पिछले वर्ष लोनिवि को कुल अनुमोदित धनराशि का एक चौथाई हिस्सा चालू कार्यों को पूर्ण करने के लिए दिया गया। सदन में वर्ष 2017-18 में लोनिवि तथा जिला पंचायत को 50-50 प्रतिशत की धनराशि आवंटित करने की बात पर सदस्यों द्वारा आपत्ति दर्ज की गयी तथा सदन से सदस्यों द्वारा मांग की गयी कि विगत वर्ष की भांति लोनिवि को कुल अनुमोदित धनराशि का 1/4 दिया जाये। साथ ही शेष धनराशि जिला पंचायत विभाग की कार्यदायी संस्था जिला पंचायत को आंवटित कर दी जाये। सदस्यों द्वारा जिला पंचायत को आंवटित धनराशि को जिला पंचायत, नगर निगम तथा नगर पालिका परिषद के समस्त सदस्यों में बराबर-बराबर आंवटित करने की बात कही गयी।
नगर पालिका परिषद ऋषिकेश के सदस्य विकास तेवतिया के द्वारा सदन को अवगत कराया गया कि विगत वर्ष कुल अनुमोदित धनराशि का 1/4 लोनिवि को स्वीकृत होने के बावजूद एक करोड़ रुपये की धनराशि अतिरिक्त आंवटित की गयी थी। जिस पर सदस्यों द्वारा मांग की गयी कि लोनिवि को गत वर्ष दी गयी। एक करोड़ की अतिरिक्त धनराशि को लोनिवि के परिव्यय में से घटाकर उक्त धनराशि को नव-नियुक्त नामित सदस्यों में आंवटित कर दी जाये।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह, विधायक विकासनगर मुन्ना चैहान, सहसपुर सहदेव पुण्डीर, कैन्ट हरबंश कपूर, राजपुर खजानदास तथा रायपुर उमेश शर्मा (काऊ), जिलाधिकारी एस.ए मुरूगेसन, मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बीएस परमार सहित जिला पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हालीवुड की फिल्म जंगली में विद्युत जामवाल

0

एक सितंबर को रिलीज होने जा रही अजय देवगन की फिल्म ‘बादशाहो’ में मेन विलेन का रोल कर रहे विद्युत जंवाल अब हालीवुड की दुनिया का हिस्सा लेने जा रहे हैं। हालीवुड में हारर फिल्म ‘नाइटमेयर आन इल्म स्ट्रीट’ का निर्देशन करने वाले चुक रसेल की नई फिल्म में विद्युत जंवाल मुख्य भूमिका करेंगे।

ये फिल्म एडवेंचर फारमेट की फिल्म होगी, जिसमें उनके साथ एक हाथी की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस फिल्म का टाइटल जंगली रखा गया है। फिल्म बनाने वाली टीम ने इस बात का खंडन किया है कि ये फिल्म बालीवुड फिल्म ‘हाथी मेरे साथी’ का रीमेक है।

मिली जानकारी के अनुसार, रितेश शाह ने इसकी स्क्रिप्ट लिखी है और एक खास बात ये होगी कि ये फिल्म पूरी तरह से भारत में केरल के जंगलों में की जाएगी। फिल्म को अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी बनाया जाएगा। अक्तूबर से इसकी शूटिंग शुरू होगी और अगले साल गर्मियों के सीजन में ये फिल्म रिलीज की जाएगी। 

ऋण नहीं चुकाने वालों को पीएनबी ने दी राहत

0

ग्राहकों की वित्तीय कठिनाइयों को दूर करने के लिए एकबारगी निपटान योजना (ओटीएस) को पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) की लागू किया है। इस योजना के अंतर्गत रियायती दरों पर अपना कर्ज चुका सकते है।

लीड बैंक अधिकारी बीएस मर्तोलिया ने बताया कि पंजाब नैशनल बैंक कृषि-गैर-कृषि क्षेत्र में ऋणकर्ताओ बैंक ऋण चुकाने में आ रही परेशानी को देखते हुए पीएनबी द्वारा कृषि एवं गैर कृषि गतिविधियों से जुड़े छोटे व मझौले स्तर के ऋणियों के लिए एक नयी समझौता पॉलिसी सीमित अवधि हेतु एक जुलाई 2017 से प्रारम्भ की गयी है। इस पॉलिसी के तहत 10 लाख रुपये तक बकाया के कृषि व गैर-कृषि, एनपीए खाते समझौते के लिए पात्र होंगे।
मर्तोलिया ने बताया कि इस पॉलिसी के तहत उपलब्ध प्रतिभूति को ध्यान में रखते हुए बकाया राशि के 40 प्रतिशत् तक समझौता किया जा सकता है एवं पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप देने के लिए इस संबंध में अधिकांश शक्तियां शाखा स्तर पर प्रदान की गई है। ऐसे खाते जिनमे ऋणी द्वारा जानबूझकर चूक की जा रही हो, इस पॉलिसी के अंतर्गत समझौते हेतु पात्र नहीं होंगे।
पॉलिसी के क्रियान्वयन के लिए बैंक द्वारा अपने ऋणियों को नोटिस भेजते हुए अवगत करा दिया गया है। अधिक जानकारी हेतु पीएनबी की किसी भी शाखा से संपर्क किया जा सकता है। पॉलिसी की शर्तों के अनुसार ऋणी को समझौता राशि का 25 प्रतिशत तत्काल जमा करना होगा एवं शेष राशि समझौता स्वीकृत होने के 45 दिनो के भीतर जमा करनी होगी, बैंक आशा करता है कि प्रदेश की जनता द्वारा अधिक से अधिक संख्या में इस समझौता पॉलिसी में निहित छूट का लाभ लिया जाएगा। जिस से क्षेत्र के गरीब किसानो व छोटे एवं मझौले उद्यमियों को ऋण मुक्त होने में सहायता मिलेगी। 

देश में चल रहे सांम्प्रदायिक ब्रांड को बंद करे भाजपा-संघ: हरीश रावत

0

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा व आरएसएस को सांप्रदायिकता और भीड़ के जरिये हत्या की घटनाओं पर घेरा। उन्होंने पीएम के साम्प्रदायिकता भारत छोड़ो के नारे को हास्यापद बताया। उन्होंने कहा कि यह जब तक तथाकथित गौ रक्षक व हिंदु युवा वाहिनी जैसे संगठन धर्म आधारित घृणा के प्रचार के लिए भीड़ हत्या को माध्यम बना रहे हैं तब तक प्रधानमंत्री का यह कथन मजाक मात्र है। इसके लिए सबसे पहले भाजपा और संघ परिवार को अपने साम्प्रदायिक ब्रांडों को बंद करना चाहिए।

मंगलवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साम्प्रदायिकता भारत छोड़ो कथन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने साम्प्रदायिकता का यह जिन्न खड़ा किया है। उसे बोतलों में बंद करना उन्हीं का दायित्व है। हरीश रावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों को दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का ज्ञान कराने के नाम पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम व आधुनिक भारत के निर्माण के इतिहास को तोड़-मरोड़ कर दिखाने का काम किया गया है। जिसकी वह कड़ी निंदा करते हैं और वह इसका जमकर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व जवाहर लाल नेहरू को महापुरुष नहीं मानती है, जबकि संघ सांप्रदायिकता आधारित सोच के ध्वज वाहकों को स्वामी विवेकानंद के समकक्ष रखा जा रहा है।
प्रदेश भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि देहरादून में पिछले दिनों हुए एक कार्यक्रम को उन्होंने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथू राम गौड़से को सर्मर्पित बताया है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में भारत-चीन सीमा विवाद, कश्मीर, लगातार हो रही किसानों की आत्महत्याएं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई। इस संबंध में ऐसा कोई प्रस्ताव भी सामने नहीं आया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह भाजपा के हुए इस सम्मेलन में बेबस दिखे हैं। जो कि काम करने की स्वतंत्रता मांग रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की आत्महत्याओं को सुसाइड नोट के साथ जोड़ने के कथन को दुभाग्र्यपूर्ण व अमानवीय बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब तक प्रदेश वासियों की भावनओं पर खरी नहीं उतरी है। जब से त्रिवेंद्र सरकार बनी है तब से विकास कार्य ठप पड़ गए है। पूरे प्रदेश में निराशा का माहौल है।

केन्द्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में उत्तराखंड को आस

0

केन्द्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में उत्तराखंड को खासी आस जगी है कि यहां के किसी एक सांसद को मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है। 2014 के चुनाव में उत्तराखंड ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत की पत्नी रेणुका रावत को बुरी तरह पराजित किया, जिनके जीतने की पुरजोर उम्मीद बताई जा रही थी। यहीं के देहात से चुनाव लड़े हरीश रावत को भी अच्छी खासी पटकनी दी गई। परिणाम यह रहा कि हरीश रावत विधानसभा तक में नहीं पहुंच पाए।

इसी प्रकार नैनीताल ससदीय सीट पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के दमदार नेता भगत कोश्यारी ने केसी बाबा को हराकर जीत ली। उन्होंने भी अच्छे मत से यह सीट हासिल की। पौड़ी संसदीय सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी ने अपनी विजय पताका फहराई। वहीं, टिहरी संसदीय सीट पर महारानी माला राज लक्ष्मी ने अपना वर्चस्व बनाए रखा, जबकि अल्मोड़ा संसदीय सीट से अजय टम्टा ने अपनी कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी प्रदीप टम्टा को पराजित किया। बावजूद केवल अजय टम्टा ही कपड़ा राज्यमंत्री हैं,शेष अभी सांसद भी हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी बढ़ती उम्र के चलते स्वत: बाहर हो गए हैं, जबकि मुख्य मुकाबला डॉ रमेश पोखरियाल निशंक और भगत सिंह कोश्यारी के बीच आंका जा सकता है। हालांकि श्री कोश्यारी भी हीरक जयंती की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में कोश्यारी और डॉ निशंक में से एक को मंत्री बनाया जाना लगभग तय है। दोनों दिग्गजों की अपनी अलग-अलग छवि है, जहां कोश्यारी संगठन के महारथी हैं और हर क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता है। वहीं डॉ निशंक वाणी की सौम्यता और साहित्य के महारथी होने के कारण प्रदेश में लोकप्रिय हैं।
उत्तराखंड में कई बार प्रधानमंत्री ने डबल इंजन की चर्चा की थी और उत्तराखंड के विकास की बात कही थी। ऐसे में चार सांसदों में से किसे मंत्री दायित्व मिलेगा यह समय बताएगा पर इससे निश्चित रूप से इससे उत्तराखंड के विकास को गति मिलेगी। 

आॅल वेदर रोड के लिए समय से करें भूमि अधिग्रहण: मुख्य सचिव

0

उत्तराखंड के मुख्य सचिव एस रामस्वामी ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम आॅल वेदर रोड के लिए भूमि अधिग्रहण एवं वन भूमि हस्तांतरण कार्यो को समय से पूरा करें। उन्होंने कहा कि आॅल वेदर रोड के निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाना है। इससें किसी प्रकार की हीलाहवाली व लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।

मुख्य सचिव ने बीआरओ, जिलाधिकारी एवं वनाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर आॅल वेदर रोड से जुडे़ कार्यो को गंभीरता से और समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को आठ अगस्त तक पूरा करने को कहा। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की माॅनिटरिंग के लिए जिलाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह के सोमवार को अपने स्तर से समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। बीआरओ के अधिकारियों का प्रोजेक्ट कार्यो में सहयोग न करने पर नाराजगी जाहिर करते हुए बीआरओ को जिलाधिकारियों से समन्वय बनाकर एलाॅइनमेंट एवं सर्वे कार्यो को पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आशीष जोशी ने वीसी में अवगत कराया कि चमोली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग चौडीकरण/विस्तारीकरण चारधाम आॅल वेदर रोड़ के लिए 143 किमी सड़क प्रस्तावित है। इसमें भूमि अधिग्रहण संबंधी 3डी का कार्य पूरा किया जा चुका है। फील्ड एलांइनमेंन्ट में कुछ विसंगतियां है, जिन्हें बीआरओ द्वारा ठीक किया जाना है, लेकिन बीआरओ सर्वे कार्यो के सत्यापन में सहयोग नहीं कर रहा है। मुख्य सचिव ने बीआरओ के अधिकारियों को एक सप्ताह का समय देते हुए एलाइनमेंट कार्यो कार्यो को पूरा करने के निर्देश दिए। 

अवैध खनन रोकने के लिए पीएसी तैनात

0

यमुना नदी के विभिन्न घाटों अवैध खनन को रोकने के लिए पर एक प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई है। पीएसी के जवान अब दिन रात यमुना नदी में जाने वाले विभिन्न रास्तों पर अवैध खनन पर नजर रखेंगे।

कोतवाल विकासनगर एसएस नेगी की मांग पर एसएसपी देहरादून ने अवैध खनन रोकने के लिए एक प्लाटून पीएसी कोतवाली पुलिस को दी है। शक्ति नहर पुल नंबर एक के पास सुबह से लेकर रात तक छह पीएसी के जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे।
कोतवाल ने बताया कि जवानों को एक घाट से दूसरे घाट पर लगातार रोटेट किया जाएगा। वहीं, पीएसी के जवानों के साथ एक-एक जवान कोतवाली का भी तैनात किया गया है।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने के बावजूद यमुना नदी पर लगातार खनन जारी है। इसे रोकने के लिए पुलिस ने विभिन्न घाटों को जाने वाले रास्तों पर खाइयां खोदीं, लेकिन खनन पर लगाम कसने में कोई सफलता हाथ नहीं लगी। 

पढ़ाई को लेकर तनाव से छात्र ने की आत्महत्या

0

थाना बसंत विहार के उमेदपुर क्षेत्र में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मृतक की पहचान विशाल कुमार (17) पुत्र सुभाष कुमार निवासी हरिजन बस्ती उमेदपुर के रूप में हुई।

पूछताछ पर परिजनों ने बताया कि मृतक विशाल दत्ता इंटर कॉलेज में 11वीं क्लास का छात्र था। वह कुछ समय से पढ़ाई को लेकर तनाव में चल रहा था। जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भर परिजनों के अनुरोध पर तथा जिलाधिकारी के लिखित आदेश पर बिना पोस्टमार्टम के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।