शहरी विकास मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान समिति द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं के लिए वार्षिक जिला योजना वर्ष 2017-18 के लिए 6984.52 लाख रुपये की धनराशि का अनुमोदन किया गया।
मंगलवार को राजपुर रोड स्थित मंथन सभागार में आयोजित बैठक में जिला नियोजन समिति के सदस्यों द्वारा जानकारी दिया गया कि पिछले वर्ष लोनिवि को कुल अनुमोदित धनराशि का एक चौथाई हिस्सा चालू कार्यों को पूर्ण करने के लिए दिया गया। सदन में वर्ष 2017-18 में लोनिवि तथा जिला पंचायत को 50-50 प्रतिशत की धनराशि आवंटित करने की बात पर सदस्यों द्वारा आपत्ति दर्ज की गयी तथा सदन से सदस्यों द्वारा मांग की गयी कि विगत वर्ष की भांति लोनिवि को कुल अनुमोदित धनराशि का 1/4 दिया जाये। साथ ही शेष धनराशि जिला पंचायत विभाग की कार्यदायी संस्था जिला पंचायत को आंवटित कर दी जाये। सदस्यों द्वारा जिला पंचायत को आंवटित धनराशि को जिला पंचायत, नगर निगम तथा नगर पालिका परिषद के समस्त सदस्यों में बराबर-बराबर आंवटित करने की बात कही गयी।
नगर पालिका परिषद ऋषिकेश के सदस्य विकास तेवतिया के द्वारा सदन को अवगत कराया गया कि विगत वर्ष कुल अनुमोदित धनराशि का 1/4 लोनिवि को स्वीकृत होने के बावजूद एक करोड़ रुपये की धनराशि अतिरिक्त आंवटित की गयी थी। जिस पर सदस्यों द्वारा मांग की गयी कि लोनिवि को गत वर्ष दी गयी। एक करोड़ की अतिरिक्त धनराशि को लोनिवि के परिव्यय में से घटाकर उक्त धनराशि को नव-नियुक्त नामित सदस्यों में आंवटित कर दी जाये।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह, विधायक विकासनगर मुन्ना चैहान, सहसपुर सहदेव पुण्डीर, कैन्ट हरबंश कपूर, राजपुर खजानदास तथा रायपुर उमेश शर्मा (काऊ), जिलाधिकारी एस.ए मुरूगेसन, मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बीएस परमार सहित जिला पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए मिली 6984.52 लाख की राशि
हालीवुड की फिल्म जंगली में विद्युत जामवाल
एक सितंबर को रिलीज होने जा रही अजय देवगन की फिल्म ‘बादशाहो’ में मेन विलेन का रोल कर रहे विद्युत जंवाल अब हालीवुड की दुनिया का हिस्सा लेने जा रहे हैं। हालीवुड में हारर फिल्म ‘नाइटमेयर आन इल्म स्ट्रीट’ का निर्देशन करने वाले चुक रसेल की नई फिल्म में विद्युत जंवाल मुख्य भूमिका करेंगे।
ये फिल्म एडवेंचर फारमेट की फिल्म होगी, जिसमें उनके साथ एक हाथी की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस फिल्म का टाइटल जंगली रखा गया है। फिल्म बनाने वाली टीम ने इस बात का खंडन किया है कि ये फिल्म बालीवुड फिल्म ‘हाथी मेरे साथी’ का रीमेक है।
मिली जानकारी के अनुसार, रितेश शाह ने इसकी स्क्रिप्ट लिखी है और एक खास बात ये होगी कि ये फिल्म पूरी तरह से भारत में केरल के जंगलों में की जाएगी। फिल्म को अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी बनाया जाएगा। अक्तूबर से इसकी शूटिंग शुरू होगी और अगले साल गर्मियों के सीजन में ये फिल्म रिलीज की जाएगी।
ऋण नहीं चुकाने वालों को पीएनबी ने दी राहत
ग्राहकों की वित्तीय कठिनाइयों को दूर करने के लिए एकबारगी निपटान योजना (ओटीएस) को पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) की लागू किया है। इस योजना के अंतर्गत रियायती दरों पर अपना कर्ज चुका सकते है।
लीड बैंक अधिकारी बीएस मर्तोलिया ने बताया कि पंजाब नैशनल बैंक कृषि-गैर-कृषि क्षेत्र में ऋणकर्ताओ बैंक ऋण चुकाने में आ रही परेशानी को देखते हुए पीएनबी द्वारा कृषि एवं गैर कृषि गतिविधियों से जुड़े छोटे व मझौले स्तर के ऋणियों के लिए एक नयी समझौता पॉलिसी सीमित अवधि हेतु एक जुलाई 2017 से प्रारम्भ की गयी है। इस पॉलिसी के तहत 10 लाख रुपये तक बकाया के कृषि व गैर-कृषि, एनपीए खाते समझौते के लिए पात्र होंगे।
मर्तोलिया ने बताया कि इस पॉलिसी के तहत उपलब्ध प्रतिभूति को ध्यान में रखते हुए बकाया राशि के 40 प्रतिशत् तक समझौता किया जा सकता है एवं पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप देने के लिए इस संबंध में अधिकांश शक्तियां शाखा स्तर पर प्रदान की गई है। ऐसे खाते जिनमे ऋणी द्वारा जानबूझकर चूक की जा रही हो, इस पॉलिसी के अंतर्गत समझौते हेतु पात्र नहीं होंगे।
पॉलिसी के क्रियान्वयन के लिए बैंक द्वारा अपने ऋणियों को नोटिस भेजते हुए अवगत करा दिया गया है। अधिक जानकारी हेतु पीएनबी की किसी भी शाखा से संपर्क किया जा सकता है। पॉलिसी की शर्तों के अनुसार ऋणी को समझौता राशि का 25 प्रतिशत तत्काल जमा करना होगा एवं शेष राशि समझौता स्वीकृत होने के 45 दिनो के भीतर जमा करनी होगी, बैंक आशा करता है कि प्रदेश की जनता द्वारा अधिक से अधिक संख्या में इस समझौता पॉलिसी में निहित छूट का लाभ लिया जाएगा। जिस से क्षेत्र के गरीब किसानो व छोटे एवं मझौले उद्यमियों को ऋण मुक्त होने में सहायता मिलेगी।
देश में चल रहे सांम्प्रदायिक ब्रांड को बंद करे भाजपा-संघ: हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा व आरएसएस को सांप्रदायिकता और भीड़ के जरिये हत्या की घटनाओं पर घेरा। उन्होंने पीएम के साम्प्रदायिकता भारत छोड़ो के नारे को हास्यापद बताया। उन्होंने कहा कि यह जब तक तथाकथित गौ रक्षक व हिंदु युवा वाहिनी जैसे संगठन धर्म आधारित घृणा के प्रचार के लिए भीड़ हत्या को माध्यम बना रहे हैं तब तक प्रधानमंत्री का यह कथन मजाक मात्र है। इसके लिए सबसे पहले भाजपा और संघ परिवार को अपने साम्प्रदायिक ब्रांडों को बंद करना चाहिए।
मंगलवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साम्प्रदायिकता भारत छोड़ो कथन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने साम्प्रदायिकता का यह जिन्न खड़ा किया है। उसे बोतलों में बंद करना उन्हीं का दायित्व है। हरीश रावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों को दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का ज्ञान कराने के नाम पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम व आधुनिक भारत के निर्माण के इतिहास को तोड़-मरोड़ कर दिखाने का काम किया गया है। जिसकी वह कड़ी निंदा करते हैं और वह इसका जमकर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व जवाहर लाल नेहरू को महापुरुष नहीं मानती है, जबकि संघ सांप्रदायिकता आधारित सोच के ध्वज वाहकों को स्वामी विवेकानंद के समकक्ष रखा जा रहा है।
प्रदेश भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि देहरादून में पिछले दिनों हुए एक कार्यक्रम को उन्होंने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथू राम गौड़से को सर्मर्पित बताया है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में भारत-चीन सीमा विवाद, कश्मीर, लगातार हो रही किसानों की आत्महत्याएं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई। इस संबंध में ऐसा कोई प्रस्ताव भी सामने नहीं आया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह भाजपा के हुए इस सम्मेलन में बेबस दिखे हैं। जो कि काम करने की स्वतंत्रता मांग रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की आत्महत्याओं को सुसाइड नोट के साथ जोड़ने के कथन को दुभाग्र्यपूर्ण व अमानवीय बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब तक प्रदेश वासियों की भावनओं पर खरी नहीं उतरी है। जब से त्रिवेंद्र सरकार बनी है तब से विकास कार्य ठप पड़ गए है। पूरे प्रदेश में निराशा का माहौल है।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में उत्तराखंड को आस
केन्द्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में उत्तराखंड को खासी आस जगी है कि यहां के किसी एक सांसद को मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है। 2014 के चुनाव में उत्तराखंड ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत की पत्नी रेणुका रावत को बुरी तरह पराजित किया, जिनके जीतने की पुरजोर उम्मीद बताई जा रही थी। यहीं के देहात से चुनाव लड़े हरीश रावत को भी अच्छी खासी पटकनी दी गई। परिणाम यह रहा कि हरीश रावत विधानसभा तक में नहीं पहुंच पाए।
इसी प्रकार नैनीताल ससदीय सीट पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के दमदार नेता भगत कोश्यारी ने केसी बाबा को हराकर जीत ली। उन्होंने भी अच्छे मत से यह सीट हासिल की। पौड़ी संसदीय सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी ने अपनी विजय पताका फहराई। वहीं, टिहरी संसदीय सीट पर महारानी माला राज लक्ष्मी ने अपना वर्चस्व बनाए रखा, जबकि अल्मोड़ा संसदीय सीट से अजय टम्टा ने अपनी कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी प्रदीप टम्टा को पराजित किया। बावजूद केवल अजय टम्टा ही कपड़ा राज्यमंत्री हैं,शेष अभी सांसद भी हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी बढ़ती उम्र के चलते स्वत: बाहर हो गए हैं, जबकि मुख्य मुकाबला डॉ रमेश पोखरियाल निशंक और भगत सिंह कोश्यारी के बीच आंका जा सकता है। हालांकि श्री कोश्यारी भी हीरक जयंती की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में कोश्यारी और डॉ निशंक में से एक को मंत्री बनाया जाना लगभग तय है। दोनों दिग्गजों की अपनी अलग-अलग छवि है, जहां कोश्यारी संगठन के महारथी हैं और हर क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता है। वहीं डॉ निशंक वाणी की सौम्यता और साहित्य के महारथी होने के कारण प्रदेश में लोकप्रिय हैं।
उत्तराखंड में कई बार प्रधानमंत्री ने डबल इंजन की चर्चा की थी और उत्तराखंड के विकास की बात कही थी। ऐसे में चार सांसदों में से किसे मंत्री दायित्व मिलेगा यह समय बताएगा पर इससे निश्चित रूप से इससे उत्तराखंड के विकास को गति मिलेगी।
आॅल वेदर रोड के लिए समय से करें भूमि अधिग्रहण: मुख्य सचिव
उत्तराखंड के मुख्य सचिव एस रामस्वामी ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम आॅल वेदर रोड के लिए भूमि अधिग्रहण एवं वन भूमि हस्तांतरण कार्यो को समय से पूरा करें। उन्होंने कहा कि आॅल वेदर रोड के निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाना है। इससें किसी प्रकार की हीलाहवाली व लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।
मुख्य सचिव ने बीआरओ, जिलाधिकारी एवं वनाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर आॅल वेदर रोड से जुडे़ कार्यो को गंभीरता से और समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को आठ अगस्त तक पूरा करने को कहा। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की माॅनिटरिंग के लिए जिलाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह के सोमवार को अपने स्तर से समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। बीआरओ के अधिकारियों का प्रोजेक्ट कार्यो में सहयोग न करने पर नाराजगी जाहिर करते हुए बीआरओ को जिलाधिकारियों से समन्वय बनाकर एलाॅइनमेंट एवं सर्वे कार्यो को पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आशीष जोशी ने वीसी में अवगत कराया कि चमोली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग चौडीकरण/विस्तारीकरण चारधाम आॅल वेदर रोड़ के लिए 143 किमी सड़क प्रस्तावित है। इसमें भूमि अधिग्रहण संबंधी 3डी का कार्य पूरा किया जा चुका है। फील्ड एलांइनमेंन्ट में कुछ विसंगतियां है, जिन्हें बीआरओ द्वारा ठीक किया जाना है, लेकिन बीआरओ सर्वे कार्यो के सत्यापन में सहयोग नहीं कर रहा है। मुख्य सचिव ने बीआरओ के अधिकारियों को एक सप्ताह का समय देते हुए एलाइनमेंट कार्यो कार्यो को पूरा करने के निर्देश दिए।
अवैध खनन रोकने के लिए पीएसी तैनात
यमुना नदी के विभिन्न घाटों अवैध खनन को रोकने के लिए पर एक प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई है। पीएसी के जवान अब दिन रात यमुना नदी में जाने वाले विभिन्न रास्तों पर अवैध खनन पर नजर रखेंगे।
कोतवाल विकासनगर एसएस नेगी की मांग पर एसएसपी देहरादून ने अवैध खनन रोकने के लिए एक प्लाटून पीएसी कोतवाली पुलिस को दी है। शक्ति नहर पुल नंबर एक के पास सुबह से लेकर रात तक छह पीएसी के जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे।
कोतवाल ने बताया कि जवानों को एक घाट से दूसरे घाट पर लगातार रोटेट किया जाएगा। वहीं, पीएसी के जवानों के साथ एक-एक जवान कोतवाली का भी तैनात किया गया है।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने के बावजूद यमुना नदी पर लगातार खनन जारी है। इसे रोकने के लिए पुलिस ने विभिन्न घाटों को जाने वाले रास्तों पर खाइयां खोदीं, लेकिन खनन पर लगाम कसने में कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
पढ़ाई को लेकर तनाव से छात्र ने की आत्महत्या
थाना बसंत विहार के उमेदपुर क्षेत्र में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मृतक की पहचान विशाल कुमार (17) पुत्र सुभाष कुमार निवासी हरिजन बस्ती उमेदपुर के रूप में हुई।
पूछताछ पर परिजनों ने बताया कि मृतक विशाल दत्ता इंटर कॉलेज में 11वीं क्लास का छात्र था। वह कुछ समय से पढ़ाई को लेकर तनाव में चल रहा था। जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भर परिजनों के अनुरोध पर तथा जिलाधिकारी के लिखित आदेश पर बिना पोस्टमार्टम के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शो बाजी की लाइट अब वाहनों का कटायेगी चालान
उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने वाहनों में लगाई गई आंखों को चौंधयाने वाली अतिरिक्त लाइटों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। वाहनों में कम्पनी से लगकर आई लाइट से इतर अतिरिक्त कैसी भी लाइट पर प्रतिबंध लगाया गया है। न्यायालय को याचिकाकर्ता सशांक उपाध्याय ने जनहित याचिका के माध्यम से बताया कि सड़क पर जब आम लोग गाड़ी चलाते हैं तो कुछ वाहन चालक तेज लाइट वाले वाहन लेकर आते हैं जिससे आम लोगों को दिखना बन्द हो जाता है और इससे कई हादसे होते हैं । वाहनों में शोरूम के बाहर से लगाए जाने वाली अतिरिक्त हैलोजिन समेत अन्य लाइटों को मुख्य न्यायाधीश के.एम.जोसफ और न्यायमूर्ति आलोक सिंह की खंडपीठ ने तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश जारी किए हैं । याचिकाकर्ता अधिवक्ता सशांक उपाध्याय की जनहित याचिका को सुनते हुए मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने रात के समय सड़क में तेज अतिरिक्त लाइट लगाए हुए वाहन से होने वाले हादसों को आधार माना । नयायालय ने ऐसे वाहनों को रोकने के लिए सचिव ट्रांसपोर्ट व कानून परिपालन एजेंसी को इसपर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं । न्यायालय ने सरकार से वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत शिक्षित करने को कहा है । न्यायालय ने वाहन चालकों को लो बीम पर चलने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए भी कहा है ।
पतंग उड़ाने के दौरान छत से गिरे बच्चे की मौत
पतंग उड़ाने के दौरान छत से गिरे बच्चे की अस्पताल में मौत हो गई, मासूम छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, मासूम के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर मृत बच्चे को दो दिन तक मशीन पर रखकर उन्हें ठगने का आरोप लगाया है। बिठोरिया नंबर-एक के नारायण नगर निवासी हिमांशु आर्य मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। हिमांशु की पत्नी नीमा आशा कार्यकत्री है। उनका सबसे छोटा बेटा कार्तिक, नेशनल पब्लिक स्कूल, कुसुमखेड़ा में पांचवीं कक्षा का छात्र था।
रविवार की सुबह कुसुमखेड़ा चौराहे के समीप एक घर की छत पर दोस्तों के साथ पतंग उड़ाने के दौरान वह छह से गिर गया था। परिजनों ने घायलावस्था में उसे समीप के अस्पताल लेकर पहुंचे, गंभीर हालत देखते हुए अस्पताल ने बच्चे को रेफर कर दिया था। इसके बाद परिजनों ने बच्चे को मुखानी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक बच्चे को आइसीयू में मशीनों में रखकर उन्हें मिलने तक नहीं दिया गया। सोमवार रात परिजनों के हंगामा पर बच्चे को मृत घोषित किया गया।
वहीं, मंगलवार सुबह लोगों को कार्तिक की मौत की खबर मिली तो घर पर जमावड़ा लगा। क्षेत्रवासियों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज के नाम पर गरीब परिवार के आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है। लोगों का आरोप है कि बच्चे की मौत हादसे के कुछ देर बाद ही हो चुकी थी। इसके बावजूद अस्पताल ने बच्चे के इलाज के नाम पर परिवार वालों से 40 हजार रुपये लिए।





























































