Page 636

कनाडा में भारतीय संस्कृति का ध्वज फहरा कर लौटे डॉ. पंड्या

0

डॉ. प्रणव पंड्या अपने दस दिवसीय कनाडा प्रवास से बुधवार देर सायं हरिद्वार लौटे। वे कनाडा के किंगस्टन शहर में आयोजित राष्ट्रीय यूथ कैम्प ‘जागो और जगाओ’ एवं विनिपेग शहर के 108 वेदीय गायत्री दीप महायज्ञ के संचालन के लिए गये थे।

अपने प्रवास की जानकारी में देते हुए डॉ. पंड्या ने बताया कि कनाडा के मूल निवासी एवं एनआरआई युवा जो वहीं पले-बढ़े हैं, भारतीयता के रंग में रंग रहे हैं। वे संस्कारों एवं पारिवारिक मूल्यों के विस्तार में जुटे हैं। साथ ही बच्चों में भारतीय संस्कृति के बीजारोपण के लिए चलाये जा रहे बाल संस्कारशाला को गति प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विगत 17 वर्षों से चलाये जा रहे अमेरिका, कनाडा सहित यूरोपीय देशों के युवाओं को रचनात्मक दिशा देते हुए भारतीय संस्कृति के प्रति रुझान पैदा किया जा रहा है, जो अब एक अच्छी स्थिति में दिखाई दे रही है।

डॉ पंड्या ने बताया कि इस प्रवास के दौरान मिल्टन, हैमिल्टन, मिसिसागा, मारखम, क्रामटन के विभिन्न विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में विशेष उद्बोधन हुए। इन सभी जगहों में युवाओं की संख्या ज्यादा रही। सभी ने एक मत से स्वीकारा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए भारतीय संस्कृति ही एक मात्र माध्यम है।
शांतिकुंज स्थित विदेश विभाग के अनुसार डॉ. पंड्या को प्रवास के दौरान काउंसलर जनरल ऑफ इण्डिया, प्रेस एवं इन्फॉर्मेंशन, कम्युनिटी वेलफेयर, इंडियन एम्बेसी के देवेन्द्र पाल सिंह, कंजरवेटिन पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मेम्बर ऑफ पार्लियामेंट नवल बजाज सहित दर्जन भर से अधिक संस्थानों ने विशेष रूप से सम्मानित किया। मानीटोगा प्रांत के मेंम्बर ऑफ पार्लियामेंट टेरी मुगड ने देवसंस्कृति विवि के सूत्रों को अपने प्रांत के युवाओं तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उनके प्रवास के दौरान देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, प्रो. विश्व प्रकाश त्रिपाठी, ओंकार पाटीदार, राजकुमार वैष्णव एवं छबिलाल गढ़िया शामिल रहे।

शुगर मिल टरबाइन से तांबा चोरी, बदमाशों और पुलिस के बीच फायरिंग

0

काशीपुर में बंद पड़ी चीनी मिल में चोरी के लिए घुसे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ में करीब चार घंटे तक गोलियां चली। इससे एक पुलिस कर्मी सहित दो लोग घायल हो गए। वहीं बदमाश टर्बाइन से एक टन से अधिक तांबा लेकर फरार हो गए। काशीपुर चीनी मिल करीब पांच साल से बंद है। मिल में दो टरबाइन इलेक्ट्रिक प्लांट हैं। मिल की सुरक्षा के लिए वहां पुलिस चौकी भी बनाई गई है। बताया जा रहा है कि आधी रात के बाद करीब डेढ़ बजे टरबाइन इलेक्ट्रिक प्लांट में कुछ कटने की आवाज आने लगी। 

इस पर प्लांट के पास परिवार के सात रह रहे व्यक्ति ने पुलिस चौकी को सूचना दी। कुछ समय तक जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो उसने इसकी सूचना सीओ राजेश भट्ट को दी। इस पर सीओ कोतवाल व आइटीआइ थाना अधयक्ष सहित काफी संख्या में पुलिस कर्मी लेकर मौके पर करीब ढाई बजे पहुंचे तो पुलिस को देख बदमाश फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग करने लगी। करीब पांच बजे तक दोनों तरफ से फायरिंग हुई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ओर से करीब 36 राउंड गोलियां चलीं। इस गोलीबारी में धामपुर, बिजनौर निवासी यशपाल शर्मा पुत्र सुखदेव प्रसाद शर्मा के माथे पर छर्रा लगा। एक छर्रा उनके बांये हाथ को छूता हुआ निकल गया। यशपाल मिल में परिवार के साथ रहते हैं। एक पुलिस कर्मी को भी छर्रा लगा। 

पुलिस सुबह करीब छह बजे तक मिल की घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ने में जुटी रही, लेकिन बदमाश एक टन से अधिक तांबा लेकर भागने में सफल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों की संख्या नौ के करीब थी।

एसडीएम आफिस की नाक के नीचे बन रहे फर्जी प्रमाण पत्र

0

किच्छा में एसडीएम कार्यालय की नाक के नीचे एक जन आधार केंद्र में लंबे समय से फर्जी प्रमाण-पत्र बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। जन शिकायत के बाद एसडीएम ने छापा मारा तो हकीकत देखकर वह भी दंग रह गए। वहां मौजूद प्रमाण पत्रों को जब्त कर केंद्र संचालक को पुलिस के हवाले कर दिया। 

जनता को शासन द्वारा जारी किए जाने वाले प्रमाण-पत्र आसानी से मिल सकें इसके लिए शासन ने निजी संचालकों को भी जनाधार केंद्र आवंटित किए गए हैं। इसी तरह का एक केंद्र एसडीएम कार्यालय के प्रवेश द्वार के ठीक ऊपर सिद्धि विनायक कम्यूनिकेशन के नाम से चल रहा था। 

इस केंद्र से शासन की तय प्रक्रिया के तहत आधार, वोटर, निवास, आय व जाति प्रमाण पत्र बनाने का काम किया जा रहा था। एसडीएम एनसी दुर्गापाल के अनुसार बुधवार को कुछ लोगों ने इस केंद्र से शासन द्वारा जारी किए जाने वाले प्रमाण पत्रों को बदल कर फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने की शिकायत की। 

इस पर एसडीएम ने तत्काल अपनी टीम के साथ इस जनाधार केंद्र पर छापा मारा। वहां की कहानी देख वह दंग रह गए। बताया कि केंद्र में सबूत के तौर पर जो प्रमाण पत्र मिले उनमें एक आय प्रमाण पत्र अब्दुल सईद पुत्र अब्दुल शकूर वार्ड नं आठ को प्रशासन द्वारा नियत प्राधिकारी द्वारा दो हजार का जारी किया गया है, पर इस केंद्र द्वारा इसे फर्जी तरीके से बदलकर 1700 रुपये का कर दिया गया है।  

एसडीएम एन सी दुर्गापाल के अनुसार फर्जी प्रमाण पत्रों के इस खेल में जिस व्यक्ति के नाम प्रशासन ने आईडी जारी की है, वह एक प्रधान का बेटा है। वहीं संचालक एक जल संस्थान कर्मी का बेटा है। खेल में राजस्व विभाग के एक पटवारी का बेटा भी शामिल होने की जानकारी मिली है। विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान

0

सडक सुरक्षा को लेकर देहरादून पुलिस ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एसएसपी निवेदिता कुकरेती कुमार ने केन्द्रीय विद्यालय सालावाला, के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओँ को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने तथा यातायात नियमों के प्रति अपने अभिभावकों व अन्य परिचितों को जागरूक करने की अपील की गई उनके द्वारा बताया गया कि वाहन चलाते समय हमेशा सजग रहे क्योंकि छोटी सी लापरवाही आपके तथा दूसरों के जीवन के लिए दुखदायी हो सकती है, हमेशा वाहन चलाते समय हेल्मेट का प्रयोग करें क्योंकि यह आपकी अपनी सुऱक्षा है, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे वाहन न चलायें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग कदापि न करें।

WhatsApp Image 2017-08-03 at 19.32.03

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं द्वारा एसएसपी महोदया से यातायात नियमों व सडक सुरक्षा को लेकर संवाद किया गया, इसके उपरान्त मैक्स अस्पताल के आर्थोपैडिक सर्जन डॉ. कोचर द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान दी जाने वाली फस्र्ट एड, गोल्डन ऑवर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं अध्यापकगण भी मौजूद रहे।

टपकेश्वर शोभायात्रा डायवर्ट प्लान

0

टपकेश्वर शोभायात्रा डायवर्ट प्लान

1- शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से झण्डा बाजार के अन्दर पूर्णतः प्रवेश तक पटेलनगर मण्डी की तरफ से सहारनपुर चौक को आने वाले हल्के वाहन भण्डारी बाग से अन्दर ही अन्दर गऊघाट पर निकल कर गन्तव्य मार्ग को प्रिन्स की तरफ जा सकेगें तथा कांवली रोड़ से सहारनपुर की तरफ आने वाला यातायात बल्लीवाला से डायवर्ट कर बल्लूपुर की तरफ भेजा जायेगा।

2- प्रिन्स की ओर से सहारनपुर चौक की तरफ आने वाले हल्के वाहन लकड़मण्डी से अन्दर जाकर भण्डारी चौक पर बाहर निकलकर गन्तव्य मार्ग को जा सकेगें । गन्तव्य मार्ग पर जाने वाली नगर बसो को शोभायात्रा के बीच मे तत्समय रोक कर स्थिति के अनुसार गन्तव्य मार्ग पर भेजा जायेगा।

3- शोभायात्रा झण्डा बाजार में पूर्णतः प्रवेश के बाद यातायात सामान्य किया जायेगा।

4- शोभायात्रा चकराता रोड़ अंसारी मार्ग पर बाहर मुख्य मार्ग पर निकलने पर घण्टाघर से चकराता रोड़ जाने वाला यातायात टैगोर विला से विपरीत रूट पे जायेगा एवं बिन्दाल से घण्टाघर आने वाला यातायात बिन्दाल पुल से चौकी की तरफ कैन्ट की ओर जायेगा।

7- शोभायात्रा बिन्दाल पुल से चौकी की तरफ प्रवेश करने पर कैन्ट की तरफ से बिन्दाल आने वाला ट्रैफिक पो.ओ. से दिलाराम की तरफ से डायवर्ट रहेगा।

8- पो.ओ. पास करने के बाद कैन्ट से बिन्दाल जाने वाला ट्रैफिक सामान्य रहेगा।

9- शोभायात्रा पो.ओ. से घंघोड़ा की तरफ जाने की स्थिति में एक तरफ ट्रैफिक चलता रहेगा।

10- शोभायात्रा 10:00 बजे आरम्भ होकर 15:00 बजे घंटाघर पंहुचेगी, परिस्थितियों के अनुसार समय में आशिंक संशोधन हो सकता है।

20 मिनट से ज्यादा बिजली कटी तो अधिकारियों को उतरना पड़ेगा सड़कों पर

0
government acts tough on offciers

20 मिनट से अधिक समय तक बिजली शट-डाउन होने की हालत में अधिशासी अभियन्ता के खुद इलाके में हाजिरी लगानी होगी।इसके साथ ही अवर अभियन्ता और सहायक अभियन्ता को भी अधिकांश समय फील्ड में गुजराना होगा, ताकि बिजली समस्याओं और शिकायतों का तुरंत हल निकल सके। उत्तराखण्ड पाॅवर कॅारपोरेशन की समीक्षा करते हुए सचिव ऊर्जा श्रीमती राधिका झा ने इन फैसलों के बारे में जानकारी दी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से बिजली वितरण में लगातार आ रही दिक्कतों के चलते खुद मुख्यमंत्री ने विभागके आला अधिकारियों की क्साल ली थी। राधिका झा ने कहा कि

  • विभागीय अधिकारियों की परफोर्मिंग रेटिंग(एसीआर) मुख्यतः विद्युत उपलब्धता, राजस्व वसूली तथा ए.टी. एण्ड सी. हानि जैसे मानकों पर होगी।
  • इन मानकों पर आधारित सालाना टारगेट सर्किलवार गठित होंगे।
  • प्रबन्धन निदेशक व निदेशक सहित सभी अधिकारियों को रोस्टर बनाकर नियमित रूप से अपने इलाकों का दौरा करने को कहा गया है।
  • खराब पड़े फीडरों में तत्काल सुधार लाया जाए, जिससे बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
  • विद्युतीकरण की जद से बाहर 64 गांवों तक बिजली की आपूर्ति अक्टूबर 2017 तक आवश्यक रूप से पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक के दौरान विद्युत आपूर्ति  के आधार पर जिलों के रेटिंग में मसूरी, पौडी अव्वल और लक्सर, लण्डौर व गदरपुर फिस्सडी पाये गये है। इसी प्रकार ए.टी. एण्ड सी. हानि सबसे ज्यादा रूडकी(शहरी), विकासनगर और लक्सर से पाई गई। जबकि हरिद्वार(ग्रामीण), देहरादून व कोटद्वार डिविजनों में यह न्यूनतम रही। विभाग के अधिकारियों को किसी भी प्रकार की प्लैनड शटडाउन के बारे में पूर्व सूचना अखबारों के ं जरिये लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिये गये हैं।

सरकार और शासन की ये कोशिश तो सही दिशा में है लेकिन इसका फायदा लोगों को तब ही मिल पायेगा जब अधिकारियो की जवाबदेही तय करने के लिये तंत्र सही तरह से काम करे।

मुख्य डाकघर में हो रहा आधार कार्ड का शुद्धिकरण

0

यदि आपके आधार कार्ड में आपका नाम ठीक नहीं है, पता परिवर्तन कराना है अथवा जन्म तिथि ठीक करानी है तो आपको दर-दर भटकने की जरूरत नहीं है। इसके लिए सरकार ने मुख्य डाक घर में विशेष प्रबंधन किया है। आधार कार्ड स्वामी को समय निकालना होगा और मुख्य डाकघर पहुंचकर अपना टोकन लेना होगा। इसके बाद शुद्धीकरण किया जाएगा।

सच तो यह है कि आधार कार्ड उन लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं, जो अपना पता परिवर्तन, नाम परिवर्तन अथवा कुछ कराना चाहते हैं। मुख्य डाक घर में पिछले 15 जुलाई से जन्म तिथि में परिवर्तन, नाम में परिवर्तन अथवा पते में परिवर्तन अन्य किसी व्यवस्था में परिवर्तन चाहते हैं को दुरुस्त कराने की व्यवस्था की गई है। मुख्य डाकघर को इस व्यवस्था के लिए अधिकृत किया गया है तथा इसके लिए डाक घर द्वारा पांच कर्मचारियों की जिम्मेदारी लगाई गई है।

महज 25 रुपए के स्टाम्प अथवा टोकेन लेने के बाद आपके आधार कार्ड की कमियां दूर की जा सकेंगी लेकिन इसके लिए आधार कार्ड के स्वामी को स्वयं आना होगा। उसके बाद भी कई बार आधार कार्ड शुद्ध नहीं हो पा रहा है। इसका कारण आधार कार्ड सम्बंधी व्यवस्था का हाथों की अंगुलियों के निशान नहीं ले पाना है।
डाकघर विभाग द्वारा आधार कार्ड व्यवस्था के लिए 18 प्रमाण मांगे गए हैं, इनमें पासपोर्ट, पेन कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी परिचय पत्र और सेवापत्र, शैक्षणिक संस्थान द्वारा जारी प्रमाण पत्र शस्त्र लाइसेंस, फोटो युक्त एटीएम कार्ड, फोटो युक्त क्रेडिट कार्ड, पेंशन फोटो कार्ड, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण कार्ड जरूरी है।जन्म प्रमाणपत्र सुधारीकरण के लिए भी जन्म प्रमाण पत्र, एसएलसी बुक, पासपोर्ट, टीसी, पैन कार्ड समेत नौ प्रमाण चाहिए। इसी प्रकार पासपोर्ट के लिए 35 प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से आधार कार्ड में सुधारीकरण हो सकेगा।
डाक विभाग के वरिष्ठ पोस्ट मास्टर जेपी सेमवाल 20 फरवरी 2016 से कार्यरत हैं। उनका कहना है कि डाक विभाग में 15 जुलाई से सुधारीकरण का कार्य प्रारंभ है, इसके लिए विभाग द्वारा पांच कर्मचारियों को योजित किया गया है। जेपी सेमवाल के अनुसार लगभग 50-60 व्यक्ति प्रतिदिन सुधारीकरण के लिए आते हैं, जिन मामलों मे तकनीकी खामियां होती हैं उनको छोड़कर शेष मामलों को सुधारीकरण कर उन्हें आधार कार्ड उपलब्ध करा दिया जाता है। सेमवाल ने माना कि कई बार तकनीकी खामियों व आधार कार्ड बनाने के पैकेज में खामियां होने के कारण लोग असंतुष्ट होकर जाते हैं अन्यथा सबको संतुष्ट कर भेजा जाता है। आधार जो आम आदमी के लिए आवश्यक है चुस्त-दुरुस्त रहे इसका पूरा प्रबंधन किया जाता है। उन्होंने कहा कि महज 25 रुपये का स्टाम्प अथवा टोकेन लेकर व्यक्ति अपना आधार कार्ड दुरुस्त करवा सकते हैं। पोस्ट ऑफिस इसके लिए निरंतर प्रयासरत है।

देहरादून में झमाझम बारिश, स्कूलों में छुट्टी घोषित

0

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने शुक्रवार को जिले के कक्षा एक से बारह तक के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को बन्द रखने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, जिले में गुरुवार दोपहर बाद से एक बार फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश से देहरादून तर बतर हो उठा, शहर के कई इलाकों में पानी भर गया, लोगों को बारिश के दौरान बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद लगभग सवा तीन बजे देहरादून में झमाझम बारिश शुरू हुई जो लगभग एक घंटे तक चली। कुछ देर के लिए बारिश बंद हो गई। साढ़े छह बजे के बाद बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश फिर से शुरू हो गई। जिसके चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून ने उत्तराखण्ड में शुक्रवार को कहीं-कहीं विशेषकर देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, नैनीताल, उधम सिंह नगर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है, लिहाजा सतर्क रहने की जरूरत है।

जल्द दूर होगी शिक्षकों की कमीः अजय भट्ट

0

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में शिक्षकों की कमी शीध्र दूर होगी। साथ ही चौखुटिया को शीघ्र ही सेना के हवाई पट्टी की बड़ी सौगात मिलेगी। हवाई पट्टी तैयार हो जाने के बाद विकास के दृष्टि से यहां की दिशा व दशा बदल सकती है। सामरिक एवं पर्यटन के लिहाज से हवाई पट्टी का निर्माण उपयुक्त है। इसकी सभी प्रारंभिक औपचारिकता करीब-करीब पूर्ण हो चुकी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हवाई पट्टी बनने से प्रभावित होने वाले काश्तकारों को उनकी भूमि का कई गुना अधिक मुआवजा मिलेगा तथा रोजगार के अवसर पर भी सुलभ होंगे।उन्होंने प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को कांग्रेस सरकार की देन बताया। कहा कि भाजपा सरकार शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर गंभीर है। नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। शीघ्र ही विद्यालयों को शिक्षक मिल जाएंगे। 

अजय भट्ट ने सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की कमी को दूर करने के लिए सेना के 200 रिटायर्ड डाक्टर नियुक्त करने जा रही है। कहा कि शीघ्र ही अल्मोड़ा में मेडिकल कालेज शुरू हो जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए आम लोगों से भी आगे आने का आह्वान किया।

दोस्त बनाकर विदेशी को ठगा

0

विदेशी नागरिक को दोस्त बनाकर उससे हजारों की नगदी व मोबाइल ठग लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित विदेशी ने मामले की शिकायत नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से की है। पुलिस ने तहरीर के आधर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विदेशी नागरिक पाउ, स्पेन के निवासी, 31 जुलाई को हरिद्वार घूमने के लिए आया था। जोकि शिवमूर्ति गली स्थित प्रेम विहार धर्मशाला में ठहरा था। बताया जा रहा है कि बीते दिन वह ऋषिकेश जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। इसी दौरान विदेशी को वहां पर एक युवक मिला, जिसने परिचय के जरिए उसके साथ दोस्ती कर ली।

युवक ने विदेशी को अपना नाम सुलम बताते हुए उसको इतना यकीन दिला दिया कि विदेशी को उस पर काफी भरोसा हो गया। विदेशी ने सुलम को कहा कि उसको ऋषिकेश घूमने जाने के लिए किराये पर एक बाइक चाहिए। जिस पर सुलम ने विदेशी को यकीन दिला दिया कि वह उसको किराये पर बाइक दिला देगा।

उसने साजिश के तहत विदेशी का झांसा दिया कि अगर वह उसके साथ जाएगा, तो बाइक स्वामी उसको देखकर ज्यादा पैसा मांगेगा। इसलिए उसको रेलवे स्टेशन के पास ही छोड़कर विदेशी से 8 हजार रूपये और बाइक का फोटो खिंचकर उसको दिखाने के लिए उसका मोबाइल मांग कर ले गया। लेकिन घण्टों इंतजार करने पर भी सुलम नहीं पहुंचा तो विदेशी ने उसकी तलाश की, मगर उसका कही पता नहीं चला।

विदेशी को इस बात का पता चल चुका था कि वह ठगी का शिकार बन गया है। बताया जा रहा हैं कि जिसकी जानकारी विदेशी ने आसपास के लोगों को दी। जिन्होंने विदेशी को नगर कोतवाली जाकर शिकायत करने के लिए भेज दिया। विदेशी ने अज्ञात युवक के खिलाफ हजारों की नगदी व मोबाइल की ठगी करने के संबंध में तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित विदेशी की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।